बोलेरो से 2.26 लाख का 302 लीटर अवैध शराब को पुलिस ने वाहन सहित किया जब्त, 2 आरोपी फरार, मामला दर्ज


अनूपपुर

थाना जैतहरी पुलिस द्वारा अवैध शराब के परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जप्त की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 302.520 लीटर अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,26,476/- है, तथा महिंद्रा बोलेरो वाहन जप्त किया गया। मामले में आरोपी राजा सिंधी एवं अज्ञात चालक के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

थाना जैतहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की बोलेरो S6 वाहन में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब अनूपपुर की ओर से जैतहरी लाई जा रही है। थाना जैतहरी पुलिस टीम द्वारा डायल-112 स्टाफ एवं चालक के साथ मुखबिर द्वारा बताए स्थान बेलिया फाटक पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान अनूपपुर की ओर से एक ट्रक के पीछे एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन आती दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन धीमा होने पर चालक की बगल वाली सीट पर राजा सिंधी बैठा हुआ दिखाई दिया।

इसके बाद अज्ञात चालक द्वारा वाहन को तेज गति से जैतहरी की ओर भगाया गया। पुलिस एवं डायल-112 वाहन द्वारा पीछा किए जाने पर बोलेरो चालक अमन होटल के बगल से पीछे के रास्ते में वाहन लेकर घुस गया। कुछ दूरी पर चालक एवं राजा सिंधी अंधेरे का फायदा उठाकर बोलेरो वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस टीम बिना नंबर की बोलेरो वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में कार्टूनों के अंदर 8 PM, मैक डॉवेल्स, रॉयल स्टैग, मैजिक मूमेंट, बोल्ट बीयर, गोवा ब्रांड सहित विभिन्न कंपनियों की अंग्रेजी शराब पाई गई। जप्त शराब की कुल मात्रा 302.520 लीटर तथा अनुमानित कीमत ₹2,26,476/- एवं बोलेरो वाहन कीमती 10 लाख पाई गई। अवैध शराब एवं बोलेरो वाहन को जप्त कर कर लिया।




होटल के सामने विवाद मामले में ससुराल छिपा आरोपी गिरफ्तार, चेक बाउंस मामले में 6 माह का कारावास


शहडोल/उमरिया

सोहागपुर थाना क्षेत्र के पाली रोड स्थित एक होटल के सामने 26 जुलाई को हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना में आकाश पाठक सहित उसके कुछ साथी घायल हुए थे। आकाश को गंभीर चोटें आने के बाद मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में धाराएं बढ़ाई थीं।

पुलिस के अनुसार, होटल के सामने खड़े कुछ लोगों के पास वाहन का टायर लगने से पत्थर उछलकर चला गया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि सोहागपुर निवासी कुछ युवकों ने आकाश पाठक और उसके साथियों को घेरकर जमकर मारपीट की, जिसमें आकाश गंभीर रूप से घायल हुआ।

मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया था। मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद आकाश को आई गंभीर चोटों के आधार पर प्रकरण में गैर जमानती धाराएं भी बढ़ाई गईं। पुलिस ने मामले में 15 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

मुखबिर की सूचना पर अब्दुल हमीद उर्फ लल्लू खान पिता बरकत खान, निवासी वार्ड नंबर-3 सोहागपुर को ग्राम पटसी से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी अपने ससुराल में जाकर छिपा हुआ था। 

*चेक अनादरण मामले में 6 माह का कारावास*

उमरिया में मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा उमरिया से ग्राम अमड़ी निवासी नरेश बैगा द्वारा डेयरी केसीसी के तहत 1,8,000रू0 का ऋण लिया गया था। ऋण की अदायगी के लिए उनके द्वारा बैंक के पक्ष में 1,20,054रू0 का चेक दिया गया, जो अपर्याप्त निधि के कारण अनादरित हो गया। चेक अनादरित होने के बाद बैंक द्वारा परक्राम्य लिखित अधिनियम की धारा 138 के तहत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया। प्रकरण की सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने आरोपी नरेश बैगा को छह माह के साधारण कारावास की सजा सुनाई तथा 1,59,369रू0 की प्रतिकर राशि अदा करने का आदेश दिया। 

ज्वेलर्स दुकान व सूने घर मे चोरी, 5 लाख का सामान पार, 8 जुआड़ी गिरफ्तार, 4 लाख का सामान जब्त


शहडोल

जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। पिछले दो दिनों में चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया। एक घटना में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई, जबकि दूसरी वारदात में ज्वैलरी दुकान का ताला तोड़कर चांदी के जेवर चोरी किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों घटनाओं में पांच लाख रुपये से अधिक की चोरी होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार पहली घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 में रावेंद्र सिंह के घर हुई। बताया गया कि परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था और मकान कई घंटे से सूना था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो उन्होंने परिवार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे और अंदर सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी पुलिस को दी।

इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

वहीं दूसरी घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के अमझोर बस स्टैंड स्थित ज्वैलरी दुकान में हुई। पुलिस के मुताबिक रात के समय बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चांदी के जेवर चोरी कर लिए। दुकान संचालक के अनुसार भगवान गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियों सहित करीब 160 ग्राम चांदी के जेवर चोरी हुए हैं।

*जुआं फड़ से 8 जुआड़ी गिरफ्तार, 4 लाख का सामान जब्त*


शहडोल जिले के अमलाई थाना पुलिस ने बीते रात लुकमपुर रोड स्थित बिछिया जंगल के किनारे चल रहे बड़े जुआ फड़ पर दबिश देकर छह जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने फड़ से 30 हजार 200 रुपये नकद, चार मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन सहित चार लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है। मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुकमपुर रोड स्थित बिछिया जंगल के पास जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अमलाई भूपेंद्र मणि पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान छह लोगों को पकड़ लिया गया और मौके से नकदी सहित वाहन व मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत गौतम, उत्तम कहार, अमित चौहान, सुनील कुमार राव, दीपक चतुर्वेदी और अतीक अंसारी उर्फ जुल्ली के रूप में बताई है। वहीं, अब्दुल रहमान और अनिल मंडल की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत संगठित अपराध का मामला दर्ज किया है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget