होटल के सामने विवाद मामले में ससुराल छिपा आरोपी गिरफ्तार, चेक बाउंस मामले में 6 माह का कारावास


शहडोल/उमरिया

सोहागपुर थाना क्षेत्र के पाली रोड स्थित एक होटल के सामने 26 जुलाई को हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना में आकाश पाठक सहित उसके कुछ साथी घायल हुए थे। आकाश को गंभीर चोटें आने के बाद मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में धाराएं बढ़ाई थीं।

पुलिस के अनुसार, होटल के सामने खड़े कुछ लोगों के पास वाहन का टायर लगने से पत्थर उछलकर चला गया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि सोहागपुर निवासी कुछ युवकों ने आकाश पाठक और उसके साथियों को घेरकर जमकर मारपीट की, जिसमें आकाश गंभीर रूप से घायल हुआ।

मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया था। मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद आकाश को आई गंभीर चोटों के आधार पर प्रकरण में गैर जमानती धाराएं भी बढ़ाई गईं। पुलिस ने मामले में 15 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

मुखबिर की सूचना पर अब्दुल हमीद उर्फ लल्लू खान पिता बरकत खान, निवासी वार्ड नंबर-3 सोहागपुर को ग्राम पटसी से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी अपने ससुराल में जाकर छिपा हुआ था। 

*चेक अनादरण मामले में 6 माह का कारावास*

उमरिया में मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा उमरिया से ग्राम अमड़ी निवासी नरेश बैगा द्वारा डेयरी केसीसी के तहत 1,8,000रू0 का ऋण लिया गया था। ऋण की अदायगी के लिए उनके द्वारा बैंक के पक्ष में 1,20,054रू0 का चेक दिया गया, जो अपर्याप्त निधि के कारण अनादरित हो गया। चेक अनादरित होने के बाद बैंक द्वारा परक्राम्य लिखित अधिनियम की धारा 138 के तहत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया। प्रकरण की सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने आरोपी नरेश बैगा को छह माह के साधारण कारावास की सजा सुनाई तथा 1,59,369रू0 की प्रतिकर राशि अदा करने का आदेश दिया। 

ज्वेलर्स दुकान व सूने घर मे चोरी, 5 लाख का सामान पार, 8 जुआड़ी गिरफ्तार, 4 लाख का सामान जब्त


शहडोल

जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। पिछले दो दिनों में चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया। एक घटना में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई, जबकि दूसरी वारदात में ज्वैलरी दुकान का ताला तोड़कर चांदी के जेवर चोरी किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों घटनाओं में पांच लाख रुपये से अधिक की चोरी होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार पहली घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 में रावेंद्र सिंह के घर हुई। बताया गया कि परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था और मकान कई घंटे से सूना था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो उन्होंने परिवार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे और अंदर सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी पुलिस को दी।

इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

वहीं दूसरी घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के अमझोर बस स्टैंड स्थित ज्वैलरी दुकान में हुई। पुलिस के मुताबिक रात के समय बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चांदी के जेवर चोरी कर लिए। दुकान संचालक के अनुसार भगवान गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियों सहित करीब 160 ग्राम चांदी के जेवर चोरी हुए हैं।

*जुआं फड़ से 8 जुआड़ी गिरफ्तार, 4 लाख का सामान जब्त*


शहडोल जिले के अमलाई थाना पुलिस ने बीते रात लुकमपुर रोड स्थित बिछिया जंगल के किनारे चल रहे बड़े जुआ फड़ पर दबिश देकर छह जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने फड़ से 30 हजार 200 रुपये नकद, चार मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन सहित चार लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है। मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुकमपुर रोड स्थित बिछिया जंगल के पास जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अमलाई भूपेंद्र मणि पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान छह लोगों को पकड़ लिया गया और मौके से नकदी सहित वाहन व मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत गौतम, उत्तम कहार, अमित चौहान, सुनील कुमार राव, दीपक चतुर्वेदी और अतीक अंसारी उर्फ जुल्ली के रूप में बताई है। वहीं, अब्दुल रहमान और अनिल मंडल की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत संगठित अपराध का मामला दर्ज किया है।

बांध, सरोवर और तालाब हुए लबालब, झमाझम बारिश से गायत्री सरोवर का पानी पहुंचा सड़क पर, आवागमन बाधित


अनूपपुर

अमरकंटक में अषाढ़ से लेकर श्रावण मास तक हुई झमाझम एवं मूसलाधार बारिश ने नगर के बांधों, सरोवरों और तालाबों को जल से इस कदर भर दिया है कि मानो प्रकृति ने स्वयं इनके आंचल में जल की अक्षय संपदा उड़ेल दी हो। नगर क्षेत्र के अधिकांश जलस्रोत पूरी तरह लबालब हैं और अनेक स्थानों पर पानी निर्धारित क्षमता की सीमा तक पहुंच चुका है।

लगातार हुई बारिश का प्रभाव गायत्री सरोवर पर भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सरोवर के पूरी तरह भर जाने के कारण माई की बगिया से गणेश धूना, होलीडे होम एवं जैन मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग के एक हिस्से में लगभग दो से तीन फीट तक वर्षाजल भर गया है। पानी की गहराई अधिक होने तथा सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाने के कारण इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद हो गई है।

अमरकंटक में पुष्कर बांध, गायत्री सरोवर, सावित्री सरोवर, माधव सरोवर, लक्ष्मी सरोवर, विवेकानंद सरोवर, आरंडी संगम सरोवर एवं बराती नाला पर निर्मित बांध पूरी तरह भर चुके हैं। इसी प्रकार नर्मदा मंदिर के समीप स्थित इंद्र दमन तालाब, मार्कंडेय आश्रम का तालाब तथा बटे कृष्णा आश्रम का तालाब भी पानी से लबालब हो गए हैं।

माई की बगिया, गणेश धूना, होलीडे होम, जैन मंदिर एवं नर्मदा परिक्रमा वासियों के बाहरी मार्ग पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है। लगभग दो से तीन फीट पानी भरे होने के कारण सड़क का स्वरूप स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है। यह मार्ग नगर के लिए महत्वपूर्ण वैकल्पिक एवं बाईपास मार्ग के रूप में उपयोग किया जाता है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget