समाचार 01 फ़ोटो 01
ट्रेन में टीटीई का बैग हुआ चोरी, मामला हुआ दर्ज, रेलवे पुलिस चोरो की तलाश की शुरू
अनूपपुर
अनूपपुर रेलवे स्टेशन के पास बिलासपुर-चिरमिरी पैसेंजर ट्रेन संख्या 18257 के कोच S-3 में तैनात रहे बिलासपुर रेल मंडल के एक टीटीई का बैग चोरी हो होने की शिकायत टीटीई ने मामले की शिकायत जीआरपी से की शिकायत पर जीआरपी अनूपपुर चौकी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि टीटीई रविंद्र पांडे ड्यूटी पर तैनात थे और उनकी बर्थ नंबर 17 के पास रखा बैग चोरी हो गया। बैग चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद टीटीई ने मामले की शिकायत जीआरपी से शिकायत पर जीआरपी अनूपपुर चौकी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीटीई बिलासपुर रेल मंडल में पदस्थ हैं और ट्रेन संख्या 18257 में ड्यूटी कर रहे थे। ट्रेन के S-3 कोच में उनकी बर्थ नंबर 17 थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका बैग चोरी कर लिया। कुछ समय बाद जब टीटीई ने अपना बैग देखा तो वह वहां नहीं मिला। उन्होंने आसपास तलाश की और यात्रियों से भी जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना जीआरपी को दी। पुलिस अब ट्रेन के कोच में मौजूद यात्रियों और घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है। जीआरपी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैग किस समय चोरी हुआ और उस दौरान कौन-कौन से यात्री संबंधित कोच में मौजूद थे।
समाचार 02 फ़ोटो 02
लगातार बारिश से दो भाइयों का घर गिरा, सामान दबा मलबे के नीचे, क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग
अनूपपुर
जनपद अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत दैखल की पुरानी बस्ती में लगातार बारिश के कारण पिछले दिनों रात दो भाइयों का कच्चा मकान ढह गया। घटना में सुरेश केवट और लाला केवट के मकानों के अंदर रखा अनाज, बर्तन सहित गृहस्थी का अन्य सामान मलबे में दब गया। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
परिजनों के अनुसार, रात में अचानक मकान गिरने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य तत्काल घर से बाहर आ गए। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद दोनों परिवारों के सामने रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है। दोनों भाई स्थानीय स्तर पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
इसी ग्राम दैखल में जानकी केवट पति विक्रम केवट के घर की बाउंड्रीवाल भी धराशायी हो गई। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों की आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर आर्थिक सहायता एवं आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
घटना के बाद मौके पर पटवारी ने पहुंचकर सर्वे कार्य किया है। ग्राम पंचायत दैखल के सरपंच दिगम्बर सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में लगातार बारिश से कई मकानों और बाउंड्रीवाल के गिरने की सूचना मिली है। उन्होंने हल्का पटवारी को सभी जगह का मौका पंचनामा तैयार कर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावितों को क्षतिपूर्ति राशि मिल सके।
समाचार 03 फ़ोटो 03
ट्रैक्टर हादसे में एक कि हुई थी मौत, 3 घायल मामले में चालक के खिलाफ पुलिस ने किया मामला दर्ज
अनूपपुर
अनूपपुर कोतवाली क्षेत्र के सामतपुर-करहीवाह में 4 अगस्त को हुए ट्रैक्टर हादसे के मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दुर्घटना में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के 15 दिन बाद यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने जांच, घायलों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सामतपुर निवासी आरोपी चालक सूरज राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(A), 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
घटना 4 अगस्त की है। सामतपुर निवासी शांति चौधरी (36), सिमित्री बाई (60), नजर चौधरी (15), सीमा चौधरी (30), केमली बाई (52) और प्राची चौधरी (27) कुल छह लोग गांव के ही सूरज राठौर के ट्रैक्टर (क्रमांक MP 65 AA 0488) में सवार होकर उसके करहीवाह स्थित खेत में रोपा लगाने गए थे। काम खत्म होने के बाद सभी वापस घर लौट रहे थे।
चालक सूरज राठौर ने प्राची और शांति को अपनी बाईं ओर तथा नजर और सीमा को दाईं ओर इंजन की सीट पर बैठाया था। सिमित्री बाई और केमली बाई ट्रॉली में बैठी थीं। चश्मदीदों के अनुसार, चालक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार और लापरवाही से लहराते हुए चला रहा था। सीट पर बैठे लोगों ने उसे कई बार गति धीमी करने को कहा, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
छात्रावास के रसोई घर मे अचानक लगी आग, छात्राओं में मची अफरा-तफरी, दमकल ने पाया आग पर काबू
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के मऊ गांव स्थित शासकीय अनुसूचित जाति जूनियर कन्या छात्रावास की रसोई में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग से उठे धुएं को देखकर छात्राएं घबरा गईं और आनन-फानन में छात्रावास से बाहर निकल आईं। देखते ही देखते धुआं छात्रावास के कई कमरों तक पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में मदद की। घटना के समय छात्रावास में कोई शिक्षक या चौकीदार मौजूद नहीं था। बच्चों ने बताया कि मैडम मीटिंग में गई हैं।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस की डायल-112 सेवा और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मी नितेश सस्त्या और पायलट ललन प्रसाद पनिका मौके पर पहुंचे। इसके बाद दमकल वाहन की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा। इस दौरान छात्रावास में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और सुरक्षा के लिहाज से सभी छात्राओं को बाहर रखा गया।
पुलिसकर्मियों और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान किसी छात्रा के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने से रसोई में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का आकलन अभी नहीं किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग छात्रावास के रसोई घर से लगना सामने आया है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आग के लगने के कारणों का पता चल सकेगा।
समाचार 05 फोटो 05
लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता का होगा आयोजन, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का सुनहरा अवसर
शहडोल
मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग के अंतर्गत उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी द्वारा महान पार्श्व गायिका लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता का आयोजन विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी संभाग स्तर पर शहडोल में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन 10 सितंबर 2026 को महिला मंडल सभागार, कलेक्टर निवास के सामने, शहडोल में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली से प्रशिक्षित संभाग के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं रंगकर्मी-फिल्म अभिनेता पंकज दुबे को संस्कृति विभाग द्वारा इस कार्यक्रम का निर्देशक नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता का क्षेत्रीय संचालन उनकी संस्था संदेश नाट्य मंच (रंगमंडल), उमरिया द्वारा किया जाएगा।
प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर, दो वर्गों में आयोजित होगी। आयु का निर्धारण 1 जनवरी 2026 की स्थिति के अनुसार किया जाएगा। जूनियर वर्ग में 8 से 15 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 16 से 25 वर्ष आयु के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे।
दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 10,000, 5,000 एवं 3,000 रुपये पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
संभाग स्तर के विजेता प्रतिभागियों को इसके बाद सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में इंदौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तिथि प्रतिभागियों को समय रहते सूचित की जाएगी। राज्य स्तर पर सीनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः 25,000, 20,000 एवं 15,000 रुपये, जबकि जूनियर वर्ग में क्रमशः 21,000, 15,000 एवं 10,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे।
प्रतिभागी क्षेत्रीय सहयोगी एवं रंगकर्मी श्री प्रकाश राव से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। संपर्क नंबर: 88780 10024 ऑनलाइन फॉर्म/जानकारी हेतु ई-मेल: prao111224@gmail.com, आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
पानी से भरे नाले में फंसी बस, यात्रियों में मची अफरा तफरी, बड़ा हादसा टला
शहडोल
लगातार हो रही बारिश से जिले में नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन की ओर से लोगों को उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की सलाह दी गई है। इसके बावजूद एक बस चालक यात्रियों से भरी बस को तेज बहाव वाले नाले में उतारकर पार कराने लगा। नाले के बीच पहुंचते ही बस तकनीकी खराबी के चलते बंद हो गई। बस के पानी में फंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बस शहडोल से सिंहपुर होते हुए डिंडोरी की ओर जा रही थी। नाले में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। बीच में बस बंद होने के बाद यात्रियों की जान पर बन आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
मुख्यालय सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बारिश के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी-नाले उफान पर होने की स्थिति में उन्हें पार करने की कोशिश न करें। बस चालक की लापरवाही भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
सचिव पंचायत से लापता, राजनैतिक दल के मंच पर हमेशा रहते हैं उपलब्ध, पंचायत ने नही हो रहे काम, ग्रामीण परेशान
उमरिया
करकेली जनपद पंचायत के देवगवा खुर्द ग्राम पंचायत के सचिव भंडारी सिंह ने इसे अपनी मर्जी का दूसरा नाम दे दिया है। पूरे जिले की नजरें भाजपा के जिला स्तरीय कार्यक्रम पर टिकी थीं, तब मंच की पहली कतार में देवगवा खुर्द के सचिव साहब विराजमान थे और ठीक उसी वक्त उनके गांव में पंचायत भवन के दरवाजे पर सालों से लटका ताला अपनी कहानी खुद कह रहा था। ग्रामीणों का सीधा कहना है कि साहब ने आज तक पंचायत का रुख तक नहीं किया। महीने में एक दिन आना तो दूर, कभी-कभार भी दिखाई नहीं देते।
मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण कहता है की कोई शासकीय सेवक किसी राजनीतिक दल के मंच पर नहीं बैठ सकता, लेकिन सचिव भंडारी सिंह के लिए ये नियम सिर्फ कागजो पर हैं। यह पहला मौका नहीं है जब वे भाजपा और आरएस के कार्यक्रमों में मंचासीन दिखे हों। इससे पहले भी कई बार उनकी तस्वीरें मंचों से सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों ने तंग आकर इसकी लिखित शिकायत जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी तक पहुंचाई थी कि सचिव ड्यूटी नहीं करते और पूरा समय सियासत में देते हैं, लेकिन शिकायत के बाद न कोई जांच हुई, न कोई कार्रवाई। अब गांव में चर्चा है कि आवाज कमजोर है या फिर संरक्षण इतना मजबूत है कि नियम भी झुक जाते हैं।
सचिव को पंचायत के विकास से कोई मतलब नहीं है। उनकी पूरी दिलचस्पी ऊंचेहरा के प्रसिद्ध ज्वाला धाम में है। आरोप है कि वहां रोज लाखों रुपये का चढ़ावा आता है और उसका सीधा संचालन इन्ही के व्दारा किया जाता है, साथ ही उन पर ग्राम पंचायत ऊंचेहरा की सरकारी परिसंपत्तियों पर कब्जे के आरोप भी लगे हैं। जब अधिकारी ही पंचायत में पैर नहीं रखेगा तो आवास, शौचालय, पेंशन और नाली सड़क की फाइलें कौन देखेगा। इसी वजह से गांव के लोग सालों से दफ्तरों के चक्कर काटकर लौट आते हैं।
सरपंच और ग्रामीणों से बयान लेकर यह पता किया जाए कि पिछले एक साल में सचिव कितने दिन पंचायत आए। जनपद और जिला पंचायत की बैठकों का हाजरी रजिस्टर खंगाला जाए और यह भी देखा जाए कि एक सरकारी सेवक सरकारी ड्यूटी छोड़कर धार्मिक स्थल के संचालन में कैसे व्यस्त है। शिकायत हो चुकी है, मंच की तस्वीर सबूत है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
दो हाथी किसानों के फसल कर रहे हैं चौपट, कई घरों में की तोडफ़ोड़
अनूपपुर
एक बार फिर दो हाथियों का समूह कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ राज्य के मरवाही इलाके में विचरण करने बाद विगत 7 दिन पूर्व अनूपपुर जिले के जैतहरी इलाके में प्रवेश कर निरंतर विचरण कर रहे हैं जो साम रात होते ही वन क्षेत्र से लगे ग्रामीण खेतो में पहुंचकर ग्रामीणों के खेतों में लगी फसलों को नुकसान करने के साथ रात को अचानक घरों में पहुंचकर तोड़फोड़ कर रहे हैं जिससे ग्रामीण जन भयभीत एवं परेशान है वही वन विभाग का गश्ती दल हाथियों के विचरण पर निरंतर निगरानी रखते हुए आम जनों से सचेत एवं सतर्क रहने की बात कह रहे हैं।
जिले के ग्राम पंचायत एवं वन बीट चोलना के इलाके में प्रवेश कर विगत 7 दिनों से निरंतर विचरण कर रहे हैं दोनों हाथी खाने की तलाश में चोलना एवं धनगवां वन बीट के जंगल में ठहरने बाद भूख लगने पर दिन के समय ही जंगल से निकलकर जंगल से लगे ग्रामीणों के खेतों में लगी धान की फसल को खाकर अपना पेट भर रहे हैं तथा रात होते ही आसपास के ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर ग्रामीण जनों के कच्चे मकानो में खाने की तलाश करते हैं, 30 से अधिक किसानों के खेतों में लगे फसलों को इन हाथियों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया है, टकहुली में एक घर में तोड़फोड़ करते सुबह होते ही ग्राम पंचायत पचौहा के पाठबाबा के जंगल दिन में ठहरे हुए हैं, शुक्रवार की शाम 4 बजे ही से ही जंगल से निकल कर ग्रामीणों के खेतों में लगी फसलों को अपना आहार बना रहे हैं।
समाचार 09
मेडिकल कॉलेज परिसर में महुआ का पेड़ गिरा
शहडोल
मेडिकल कॉलेज परिसर शहडोल में एक भारी-भरकम महुआ का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ी एक कार दब गई। पेड़ गिरने की घटना से मेडिकल कॉलेज के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा में तैनात गार्ड मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पेड़ के नीचे कार दबने से वाहन को नुकसान पहुंचा है, हालांकि घटना में किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई।
समाचार 10
पीकप बाइक की टक्कर, युवक की हुई मौत
उमरिया
जिला मुख्यालय रमपुरी तिराहे के पास मोटरसाइकिल और पीकप वाहन MP 20 ZQ 4180 के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि मोटरसाइकिल सवार की जान चली गई। रमपुरी तिराहे के पास स्थित अली कार पार्लर और उसके सामने बगल में पड़ी रिक्त जमीन पर कारों को धोने के बाद खड़ा किया जाता है, जिससे तिराहे के पास आने-जाने वाले वाहन चालकों को सड़क की स्थिति और सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा नही लग पाने से हादसा होता है। तिराहे के पास वाहनों के खड़े होने और आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कार्यवाही की मांग की है
समाचार 11
खाद्य प्रतिष्ठानों से लिये गए 29 नमूने
अनूपपुर
कलेक्टर रत्नाकर झा पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा ने जिले के कोतमा, बिजुरी, जैतहरी, अनूपपुर, अमरकंटक में 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न मिठाई की दुकानों, खोबा विक्रेता व अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दूध एवं मावा, घी, मिठाई, दूध एवं खोवे से बनी विभिन्न प्रकार की मिठाईयॉ, छैना के रसगुल्ले, बेसन के लड्डू आदि के लगभग 29 नमूनों को संग्रहीत किया गया। संग्रहीत नमूनों की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इस दौरान खाद्य विक्रेताओं को खाद्य सामग्री ढंककर रखने, स्वच्छता पूर्वक और गुणवत्तापूर्ण मिठाईयों का विक्रय करने के निर्देश दिए। विक्रेताओं को हिदायत दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जायेगी।