लगातार हो रही बारिश से नदी का बढ़ा जलस्तर, पुल के ऊपर से बह रहा पानी, सुरक्षा के कारण सड़क मार्ग किया बंद


शहडोल

जिले में लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। गुरुवार सुबह देवलौंद थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव में बनास नदी उफान पर आ गई और पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। सूचना मिलते ही देवलौंद पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आवागमन रोकते हुए मार्ग को कुछ समय के लिए बंद करा दिया।

बनास नदी पर बना यह पुल शहडोल और सीधी जिले को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित है। इसी रास्ते से देवलौंद से ब्यौहारी सहित दोनों जिलों के बीच लोगों का आवागमन होता है। पुल के ऊपर पानी बहने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को रोक दिया। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण प्रशासन ने लोगों से पुल पार नहीं करने की अपील की है।

स्थिति की जानकारी मिलने पर तहसीलदार और देवलौंद थाना प्रभारी दिलीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि पुल के ऊपर पानी बहने के दौरान किसी भी स्थिति में इसे पार न करें। तेज बहाव के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बनास नदी का जलस्तर बढ़ा है। गुरुवार सुबह पुल के ऊपर पानी बहने लगा था, जिसके चलते तत्काल मार्ग बंद कराया गया। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है और जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। बनास नदी का पुल दो जिलों की सीमा को जोड़ता है। 

1 किमी सड़क के लिए तरस रहे ग्रामीण, कीचड़ से भरे रास्ते से स्कूल जाते हैं बच्चे, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की अनदेखी


शहडोल

बुढार जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भाटिया के डोंगरी टोला का रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है और इसी मुश्किल रास्ते से होकर मासूम बच्चे स्कूल जाने को मजबूर हैं। समस्या प्रशासन तक पहुंचाने के लिए इन बच्चों ने भी नया तरीका इजाद किया है। बच्चों ने खुद अपने बदहाल रास्ते का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, देखते ही देखते वीडियो सुर्खियों में आ गया। बच्चों की यह पहल सवाल खड़ा कर रही है कि जब छोटे-छोटे बच्चे अपनी आवाज खुद उठाने को मजबूर हैं, तो आखिर जिम्मेदारों की नजर कब इस सड़क पर पड़ेगी।

अंतर्गत ग्राम पंचायत भाटिया के डोंगरी टोला में सड़क की बदहाली ग्रामीणों के लिए लंबे समय से परेशानी का सबब बनी हुई है। मुख्य सड़क से महज करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बसे इस टोले तक पहुंचने के लिए आज भी ग्रामीणों को कच्चे और खराब रास्ते का सहारा लेना पड़ता है।

बारिश शुरू होते ही यही रास्ता कीचड़ और पानी से लबालब हो जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है। जिन हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, उन्हीं बच्चों को रोज कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल का सफर तय करना पड़ता है। कई बार रास्ते की हालत इतनी खराब हो जाती है कि दोपहिया वाहन तक निकलना मुश्किल हो जाता है।

मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए यह बदहाल रास्ता किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और प्रशासन से गुहार लगाई जा चुकी है। यहां तक कि अपनी मांग को लेकर ग्रामीण चुनाव बहिष्कार तक कर चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका।

तालाब में अधेड व नदी में अज्ञात युवक का मिला शव, का शव, पुलिस जांच में जुटी


अनूपपुर

जैतहरी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बैहार के गूझी गांव में एक अधेड का शव तीन दिन बाद तालाब में मृत स्थिति में मिलने की सूचना पर जैतहरी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जैतहरी थाना क्षेत्र से 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत बैहार के गूझी गांव में 3 दिन पूर्व 17 अगस्त से लापता 46 वर्षीय चंदू बैगा पिता बैसाखू बैगा निवासी ग्राम बैहार का शव तालाब में मृत स्थिति में मिलने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों द्वारा थाना जैतहरी को सूचित किए जाने पर पुलिस के द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कथन लेकर जैतहरी अस्पताल में पी,एम, हेतु भेजते हुए जांच प्रारंभ की।

ग्राम पंचायत के सरपंच सम्भर बैगा ने बताया कि चंदू बैगा 17 अप्रैल को पड़ोस के गूझी गांव में स्थित अपने खेत गया रहा जहां से वह वापस नहीं आने पर दो दिनों तक निरंतर परिजनों द्वारा खोजबीन की गई, दोपहर ग्रामीणों द्वारा गूझी गाव के तालाब में चंदू बैगा को मृत स्थिति में पानी के अंदर देखे जाने पर सूचना दी गई रही है जिससे संभावना व्यक्त की जा रही है कि चंदू बैगा की मौत तालाब में डूबने के कारण हो सकती है।

*घोरछत्र नदी में मिला अज्ञात युवक का शव*


उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हड़हा स्थित घोरछत्र नदी में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी के निचले हिस्से में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। प्राथमिक दृष्ट्या शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। शव जिस स्थान पर मिला है, वहां तक पहुंचना भी काफी मुश्किल बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नदी में डूबने से हुई होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के गांवों में लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मृतक कौन है और वह घोरछत्र नदी तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शव से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget