स्कूल बस व ऑटो की टक्कर, ऑटो चालक की हुई मौत, दो महिलाएं हुई घायल, अस्पताल में भर्ती


अनूपपुर

अमरकंटक थाना अंतगर्त अमरकंटक-ज्वालेश्वर मार्ग पर घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्वालेश्वर मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल बस और यात्रियों से भरे ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर में 50 वर्षीय ऑटो चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।

अमरकंटक के कपिल संगम निवासी 50 वर्षीय सतीश जायसवाल अपने ऑटो में सवारियां बैठाकर अमरकंटक से ज्वालेश्वर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पोड़की से अमरकंटक आ रही सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल बस से उनके ऑटो की सीधी भिड़ंत हो गई। जिसमे ऑटो चालक अमरकंटक के कपिल संगम निवासी 50 वर्षीय सतीश जायसवाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घायलों में 23 वर्षीय मीनाक्षी मरावी, निवासी टिकरी टोला, अमरकंटक और 55 वर्षीय ललिता कीर, निवासी पिपरिया, जिला नर्मदापुरम (होशंगाबाद) शामिल हैं।

दोनों घायल महिलाओं के पैर और हाथ की हड्डी टूटने की आशंका है। चोटों की गंभीरता एक्स-रे के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। स्कूल बस में सवार बच्चे और अन्य यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। टक्कर की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। 

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में बच्चे के बाल खींचने पर कर्मचारी को सीएमओ ने किया निलंबित


अनूपपुर

नगर पालिका परिषद जैतहरी में 15 अगस्त 2026 को आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान मिष्ठान वितरण के समय एक कर्मचारी द्वारा स्कूली बालक के बाल खींचने का वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो के सामने आने के बाद कर्मचारी के व्यवहार को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली और मामले ने तूल पकड़ लिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद जैतहरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की। जारी आदेश में उल्लेख किया गया कि वायरल वीडियो में कर्मचारी द्वारा एक बच्चे के बाल पकड़कर खींचते हुए देखा जा रहा है। इस कृत्य को मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अनुशासनहीनता एवं लापरवाही का द्योतक मानते हुए गंभीरता से लिया।

इसके बाद संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे सेवा से पृथक कर दिया गया। नगर पालिका की इस कार्रवाई के बाद सार्वजनिक कार्यक्रमों में कर्मचारियों के आचरण और अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।

लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे गरिमामय आयोजन में बच्चों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। नगर पालिका की कार्रवाई को इसी दिशा में एक सख्त कदम माना जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया महात्मा गांधी का अपमान, कांग्रेसियों ने साफ सफाई कर किया माल्यार्पण


अनूपपुर

स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर जहां पूरा देश राष्ट्रभक्ति और देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान व्यक्त कर रहा है, वहीं अनूपपुर के पुराने नगर पालिका भवन परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के प्रति कथित उपेक्षा का मामला सामने आया है।

स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर न तो नगर पालिका अध्यक्ष, न पार्षदों और न ही नगर पालिका प्रशासन की ओर से प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर किसी प्रकार का सम्मान, माल्यार्पण अथवा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राष्ट्रपिता की प्रतिमा की इस तरह अनदेखी ने नगरवासियों और सामाजिक नागरिकों की संवेदनाओं को आहत किया है।

नगरवासियों का कहना है की महापुरुषों को भी सम्मान मिलना चाहिए जिनके त्याग और संघर्ष के कारण भारत स्वतंत्र हुआ हैं। पुराने नगर पालिका भवन परिसर में स्थापित गांधी प्रतिमा की नियमित साफ-सफाई, रखरखाव और राष्ट्रीय पर्वों पर सम्मान की व्यवस्था नगर पालिका की जिम्मेदारी का हिस्सा होना चाहिए।

नगरपालिका के निर्वाचित सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी ने स्वतंत्रता दिवस पर गांधी प्रतिमा की उपेक्षा केवल एक प्रतिमा की अनदेखी नहीं, बल्कि उन मूल्यों और संवेदनाओं की अनदेखी व अपमान पर सवाल है, जिनके लिए महात्मा गांधी ने अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित किया था।

राष्टपिता की प्रतिमा उपेक्षा पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान व वरिष्ठ नेता आशीष त्रिपाठी ने जताई नाराजगी जताकर कहा की महापुरुषों का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। महापुरुष की प्रतिमा को स्वतंत्रता दिवस के दिन उपेक्षित छोड़ना अत्यंत पीड़ादायक है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान वरिष्ठ नेता आशीष त्रिपाठी व अन्य कांग्रेसियों ने स्वयं साफ-सफाई का सामान लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा की सम्मानपूर्वक सफाई की। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने “महात्मा गांधी की जय हो”, “आपका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा” जैसे नारों के साथ राष्ट्रपिता को नमन किया। नेताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, त्याग और राष्ट्रसेवा का संदेश आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget