यात्री से शराब पिलाकर लूट लिया नगदी व मोबाइल, तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


शहडोल

शहडोल रेलवे स्टेशन पर आगे जाने का साधन नहीं मिलने के दौरान मिले दो लोगों ने उसे मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद शराब दुकान से शराब खरीदवाई और रेलवे कॉलोनी के एक सुनसान खंडहर मकान में ले जाकर शराब पिलाई। यात्री के नशे में बेसुध होने पर उसक मोबाइल व नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। कोतवाली पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी संपत्ति बरामद कर ली है।

बिलासपुर जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र के निवासी विकास कोल पिता दिनेश कोल नागपुर-शहडोल ट्रेन से शहडोल पहुंचे थे। उन्हें अपने घर जाना था, लेकिन रात में आगे जाने का साधन नहीं मिलने के कारण वे रेलवे स्टेशन पर रुक गए। इसी दौरान स्टेशन के बाहर मिले दो लोगों ने उन्हें शराब दुकान ले जाकर शराब खरीदवाई। इसके बाद रेलवे कॉलोनी स्थित एक निर्जन खंडहर मकान में ले जाकर शराब पिलाई। और घटना को अंजाम दिया।

कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विकास लोधी उर्फ पोल (28), निवासी रेलवे कॉलोनी शहडोल, राज जायसवाल (19), निवासी ग्राम कुंदरी थाना सोहागपुर और सागर बर्मन (25), निवासी किरण टॉकीज के पास शहडोल को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

लखनोटी में तालाब के पास तीन शावकों के साथ दिखी बाघिन, ग्रामीणों में दहशत, मौके पर पहुँची वन विभाग की टीम


उमरिया 

मानपुर से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर ग्राम लखनोटी में शुक्रवार सुबह बाघिन और उसके तीन शावकों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव से लगे रिहायशी इलाके में बाघिन अपने शावकों के साथ विचरण करती दिखाई दी। आबादी के इतने करीब वन्यजीवों की मौजूदगी से ग्रामीण अपने परिवार और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण निस्तार के लिए गांव के समीप स्थित मछली तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर अचानक बाघिन और उसके तीन शावकों पर पड़ी। बाघिन का कुनबा देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बाघिन और शावकों की गतिविधियां स्थानीय निवासी दशरथ बैगा, बालकदास और रामबल सिंह के घरों के आसपास देखी गई हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, फिलहाल बाघिन द्वारा किसी मवेशी का शिकार किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन रिहायशी क्षेत्र में उसकी मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का वन अमला मौके पर पहुंच गया। वनकर्मियों ने बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उनके मूवमेंट की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पार्क प्रबंधन भी पूरे घटनाक्रम पर निगरानी बनाए हुए है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की व्यवस्था की जाए। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि इंसान और वन्यजीवों के बीच किसी तरह के संघर्ष की स्थिति उत्पन्न न हो।

मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के 9 नमूने जांच के लिए भेजे


अनूपपुर

कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन श्रीमती अलका तिवारी के मार्गदर्शन में कोतमा शहर के विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा कोतमा स्थित जैन नमकीन से नमकीन के दो नमूने, खोवा बर्फी एवं मलाई लड्डू, आजाद चौक स्थित मिठास प्रतिष्ठान से काजू बर्फी, पेड़ा एवं कलाकंद तथा हीरा स्वीट्स, आजाद चौक से हॉर्लिक्स बर्फी एवं चमचम के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं विनियम, 2011 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का विक्रय सुनिश्चित करने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget