लखनोटी में तालाब के पास तीन शावकों के साथ दिखी बाघिन, ग्रामीणों में दहशत, मौके पर पहुँची वन विभाग की टीम
उमरिया
मानपुर से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर ग्राम लखनोटी में शुक्रवार सुबह बाघिन और उसके तीन शावकों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव से लगे रिहायशी इलाके में बाघिन अपने शावकों के साथ विचरण करती दिखाई दी। आबादी के इतने करीब वन्यजीवों की मौजूदगी से ग्रामीण अपने परिवार और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण निस्तार के लिए गांव के समीप स्थित मछली तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर अचानक बाघिन और उसके तीन शावकों पर पड़ी। बाघिन का कुनबा देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बाघिन और शावकों की गतिविधियां स्थानीय निवासी दशरथ बैगा, बालकदास और रामबल सिंह के घरों के आसपास देखी गई हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, फिलहाल बाघिन द्वारा किसी मवेशी का शिकार किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन रिहायशी क्षेत्र में उसकी मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का वन अमला मौके पर पहुंच गया। वनकर्मियों ने बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उनके मूवमेंट की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पार्क प्रबंधन भी पूरे घटनाक्रम पर निगरानी बनाए हुए है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की व्यवस्था की जाए। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि इंसान और वन्यजीवों के बीच किसी तरह के संघर्ष की स्थिति उत्पन्न न हो।
