समाचार 01 फ़ोटो 01
नगर परिषद के ऐतिहासिक रानी तालाब को मिला नया स्वरूप, सौंदर्यीकरण से बढ़ी नगर की सुंदरता
अनूपपुर
नगर परिषद जैतहरी में विकास कार्यों को नई गति देने के साथ ही नगर की ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित और सुसज्जित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 12, 13, 14 एवं 15 के मध्य स्थित ऐतिहासिक रानी तालाब का व्यापक सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण कराया गया है। नगर परिषद जैतहरी द्वारा एम.बी. पावर के सहयोग से कराए गए इस कार्य के बाद रानी तालाब अब नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आने लगा है।
रानी तालाब के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत नवीन घाट का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही तालाब के चारों ओर पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं तथा आकर्षक डिजाइनर लैंप लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। इन कार्यों से न केवल तालाब की सुंदरता में वृद्धि हुई है, बल्कि आसपास के क्षेत्र को भी एक नया और व्यवस्थित स्वरूप मिला है। शाम के समय आकर्षक रोशनी से तालाब का दृश्य और भी मनमोहक दिखाई देगा। इससे नगरवासियों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा, जहां वे परिवार के साथ समय बिता सकेंगे।
इस उपलब्धि पर नगर परिषद अध्यक्ष उमंग अनिल गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जैतहरी की ऐतिहासिक धरोहर को नए स्वरूप में नगरवासियों को समर्पित करना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है। विकास का अर्थ केवल सड़कों, नालियों और भवनों का निर्माण करना नहीं है, बल्कि अपनी ऐतिहासिक विरासत को संजोना, सार्वजनिक स्थलों को सुंदर बनाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर नगर तैयार करना भी है। नगर परिषद प्रयासों से जैतहरी के गली-गली, मोहल्ले-मोहल्ले में विकास कार्यों को गति मिल रही है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
किसानों-मजदूरों की समस्याओं को लेकर निर्णायक संघर्ष का ऐलान, मुआवजा एवं मजदूरों के अधिकारों की उठी जोरदार मांग
अनूपपुर
लूट, शोषण, अन्याय एवं मजदूर-किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आगामी 5 नवंबर को जैतहरी में आयोजित होने वाले आंदोलन की तैयारी को लेकर ग्राम कुसुमहाई में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में किसानों एवं मजदूरों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में जंगली हाथियों एवं अन्य वन्यजीवों द्वारा किसानों की जान-माल तथा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने मांग की कि वन्यजीवों के हमलों से होने वाली जनहानि, संपत्ति एवं फसल नुकसान का शत-प्रतिशत मुआवजा पीड़ितों को दिया जाए। साथ ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया राजस्व विभाग के बजाय वन विभाग के माध्यम से कराए जाने पर जोर दिया गया, ताकि पीड़ित किसानों को समय पर राहत मिल सके।
बैठक को संबोधित करते हुए संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू के अध्यक्ष कामरेड जुगुल किशोर राठौर ने किसानों एवं मजदूरों की समस्याओं पर निर्णायक लड़ाई लड़ने की अपील की। उन्होंने मोजर बेयर पावर प्लांट जैतहरी प्रबंधन द्वारा वेतन एवं अन्य सुविधाएं देने के मामले में स्थानीय मजदूरों और प्रदेश के बाहर से आए मजदूरों के बीच किए जा रहे कथित भेदभाव को समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समान काम करने वाले सभी मजदूरों को समान वेतन एवं सुविधाएं मिलनी चाहिए तथा मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में जी राम जी योजना के अंतर्गत कार्य करने वाले श्रमिकों को समय पर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
समाचार 03 फ़ोटो 03
सुरक्षित बचपन अभियान के तहत संस्कार लॉ कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
अनूपपुर
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत संस्कार लॉ कॉलेज अनूपपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। अभियान 1 से 6 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जिला न्यायाधीश श्रीकृष्ण डागलिया द्वारा बच्चों के अधिकारों, संरक्षण से संबंधित प्रभावी विधिक प्रावधानों तथा पॉक्सो अधिनियम की जानकारी प्रदान की गई।
जिला न्यायाधीश विधि डागलिया द्वारा विद्यार्थियों को मानव तस्करी एवं वाणिज्यिक यौन शोषण पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना, 2015 तथा नाबालिग बच्चों के मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण के लिए विधिक सेवाएं योजना, 2024 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बच्चों के संरक्षण एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेश पटेल द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक सलाह एवं मध्यस्थता के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य आनंद कुमार द्विवेदी, सहायक प्राध्यापक अनुराग पाल, पुष्पेंद्र कुमार पटेल, विद्यासागर माझी, केवल चंद गोस्वामी, गरिमा मिश्रा, सरिता चौरसिया सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समाचार 04 फ़ोटो 04
घर के बाहर सो रही किशोरी को उठा ले गया तेंदुआ, झाड़ियों में मिला शव, वन विभाग जांच में जुटी
शहडोल
ब्यौहारी क्षेत्र में तेंदुआ एक 15 साल की लड़की को उठाकर ले गया। सुबह घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में उसका शव मिला। जब घर वालों ने तलाश की तो लड़की का शव घर से 300 मीटर दूर झाड़ियां में पड़ा हुआ मिला।
घर के बाहर बरामदे में बहन के साथ घर के बाहर सो रही थी। दरवाजा खुला हुआ था। सुबह जब वो नहीं दिखी तो तलाश की गई। तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। तगावर गांव की निवासी सरस्वती सिंह गोंड बहन के साथ घर के बाहर बनी परछी में सो रही थी। इनकी मां अंदर के कमरे में थी। सुबह जब बहन उठी तो सरस्वती बिस्तर पर नहीं थी। उसने अपनी मां को बताया और दोनों ने आसपास तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर एक कंबल दिखाई दिया और खोजबीन के बाद झाड़ियों में सरस्वती का शव निकला। बता दें कि सरस्वती अपनी मां और बहन के साथ रहती थी।।जबकि उसके पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। अब परिवार को वन विभाग द्वारा नियमों को मुताबिक दी जाने वाली सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल देखने को मिल रहा है। वन विभाग की टीम के साथ साथ पुलिस अगर ग्रामीण भी तेंदुए की तलाश में जुटे हुए हैं। आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को इस बात की चिंता है कि कहीं तेंदुआ आबादी वाले इलाके में दोबारा हमला ना कर दे।
सुबह करीब 4 बजे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ब्यौहारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी और अन्य आधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस बारे में डीएफओ तरूणा वर्मा का कहना है कि घर में दरवाजा ना होना इस घटना की सबसे बड़ी वजह बन गया।
समाचार 05 फ़ोटो 05
यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी, 30 घायल, हादसे में स्कूली बच्चे, 10 की हालत गंभीर
शहडोल
ब्यौहारी में एक भीषण सड़क हादस देखने को मिला। यहां बुधवार की सुबह रीवा मार्ग पर एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। ये टक्कर बहुत जोरदार थी और इसमें 30 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं।
टक्कर की वजह से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। जो यात्री घायल हुए हैं, उसमें बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
इस हादसे से जुड़ी जो जानकारी सामने आ रही है। उसके मुताबिक दीपक कंपनी की यह बस शहडोल से ब्यौहारी जा रही थी। इसमें बड़ी संख्या में यात्री बैठे हुए थे। ये जैसे ही टिहकी यात्रा प्रतिक्षालय के पास पहुंची यहां सड़क के किनारे एक ट्रक खड़ा हुआ था। बस चालक की नजर ट्रक पर नहीं पड़ी और तेज रफ्तार में बस ट्रक में घुस गई। टक्कर के बाद मौके पर जमकर चीख पुकार मच गई। जो यात्री आगे बैठे हुए थे उन्हें गंभीर चोट आई है।
जो लोग घायल हुए हैं, उनमें कुछ स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। 10 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और इन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी चल रही है। जैसे ही घटना की जानकारी लगी अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बस में जो यात्री फंसे हुए थे उन्हें बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। इन्हें निजी और पुलिस वाहनों के जरिए ब्यौहारी अस्पताल पहुंचाया गया। सभी का इलाज किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
‘युवा संवाद’ का अराजकता मिटाओ, लोकतंत्र बचाओ का आयोजन, युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति किया जागरूक
उमरिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल के निर्देशानुसार एवं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष आशुतोष तिवारी तथा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पाली नीरज मुसाफिर राय के नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल पाली द्वारा ‘लोकतंत्र युवा संवाद’ अराजकता मिटाओ लोकतंत्र बचाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को लोकतंत्र की महत्ता, संवैधानिक मूल्यों एवं देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता विमल अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए लोकतंत्र में युवाओं एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को जागरूक नागरिक बनने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
पाली मंडल अध्यक्ष नीरज मुसाफिर राय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए लोकतंत्र के विभिन्न प्रकारों एवं उसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका को सरल शब्दों में समझाया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाएं रखीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन हिमांशु तिवारी द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं को लोकतंत्र के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने तथा राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया।
समाचार 07 फ़ोटो 07
जुआ फड़ से 8 आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज, 1.53 लाख का मशरूका जब्त
उमरिया
थाना नौरोजाबाद पुलिस द्वारा ग्राम कंचनपुर स्थित मुक्तिधाम के पीछे दबिश देकर ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 08 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कचनपुर स्थित मुक्तिधाम के पीछे कुछ व्यक्ति बल्ब की रोशनी में ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक एवं वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने मौके से जुआ खेल रहे 08 आरोपियों को पकड़कर आरोपियों के विरूद्ध 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया जाकर अग्रिम विधिसंगत कार्यवाही की गई।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 13,050 नगद, ताश के 52 पत्ते, बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP 54 MD 7911, यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल क्रमांक MP18 MF 1882, हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट, एक पावर बैंक एवं एलईडी बल्ब। इस प्रकार पुलिस द्वारा नगद राशि एवं तीन मोटरसाइकिलों सहित लगभग ₹1,53,050 का मशरूका जप्त किया गया।
समाचार 08 फ़ोटो 08
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने मिष्ठान प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
अनूपपुर
कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देशानुसार एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन अनूपपुर अलका तिवारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा अनूपपुर शहर के मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान महादेव स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से मगज लड्डू एवं कुंदा बर्फी के नमूने लिए गए। वहीं न्यू सुधा स्वीट्स अनूपपुर से छेना रसगुल्ला, कलाकंद, मिल्क केक एवं मगज लड्डू सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से तैयार करने और संग्रहित करने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
समाचार 09
अवैध रूप से उत्खनन करने पर दो बोरवेल मषीन जब्त
शहडोल
कलेक्टर पार्थ जायसवाल के मार्गदर्षन में प्रभारी तहसीलदार गैलेक्सी नागपुरे के नेतृत्व में ग्राम सेजहरी, पटवारी हल्का जगमल, तहसील ब्योहारी में दो ट्रकों को अवैध रूप से बोरवेल करते पाएं जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्यवाही की गई।