दारा सेना पर क्योंझर जेल के बाहर भड़काऊ नारे लगाने का आरोप निराधार और सबसे बड़ा झूठ - मुकेश जैन

*ओड़िशा सरकार दारा सेना पर लगाया गया आरोप निराधार ही नहीं हास्यापद*


नई दिल्ली

 *न्यू दिल्ली से पत्रकार ऊषा माहना*

दारा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश जैन ने सर्वोच्च न्यायालय के मीडिया पार्क में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमें आज विश्वास था कि नये भारत के शिल्पकार विश्वकर्मा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन पर ओड़िशा को भी दारा भाई की रिहाई की बड़ी खबर मिलेगी। किन्तु हम सबको निराशा हुई जब ओड़िशा सरकार के सजा माफी बोर्ड ने सर्वोच्च न्यायालय को बताया कि हम दारा सिंह को रिहा नहीं करेंगे, क्यों कि 15 अगस्त को 200-250 दारा सेना के कार्यकर्ताओं ने क्योंझर जिला जेल के बाहर भड़काऊ नारे बाजी की। 

श्री जैन ने सर्वोच्च न्यायालय में दिये सजा माफी बोर्ड के लिखित बयान को सबसे बड़ा झूठ बताया। यह उसी प्रकार का नया झूठ है जो पिछले ढाई साल में ओड़िशा सरकार 15 बार सर्वोच्च न्यायालय में बोल चुकी है कि हमें दारा भाई को रिहा करने के लिए 2 सप्ताह का समय दे दीजिये। जिसमें वकील की बिमारी का बहाना बनाकर भी सर्वोच्च न्यायालय को गुमराह किया गया। 

पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए धर्मरक्षक दारा सिंह के वकील ए पी सिंह ने कहा कि ओड़िशा सरकार दारा सेना पर लगाया गया आरोप निराधार ही नहीं हास्यापद भी है। भारतीय दण्ड विधान की धारा 55 आजीवन कारावास के कैदियों को 14 साल से पहले रिहा करने का आदेश देती है। नये कानून नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 474 भी आजीवन कारावास के कैदियों को सात साल की सजा काटने के बाद छोड़ सकने का आदेश देती है। यहां तक कि फांसी की सजा माफ करके आजीवन कारावास में बदले गये कैदी को भी 14 साल में छोडने का आदेश देती है। किन्तु गत् 26 साल 7 महीने से जेल में बन्द धर्मरक्षक श्री दारा सिंह अन्याय के शिकार है। हम 9 अक्तूबर की अगली सुनवाई में न केवल सजा माफी बोर्ड के झूठ का पर्दाफाश करेंगें बल्कि ओडिशा सरकार दारा सेना अध्यक्ष श्री मुकेश जैन पर एक ही कथित अपराध में 4-4 मुकदमें चलाकर किस प्रकार से संविधान के मूल अधिकार 20.2 का गला घोट रही हैं यह भी सर्वोच्च न्यायालय को बतायेंगे। 

ए पी सिंह ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए पत्रकारों को बताया कि कोरोना काल में जब सर्वोच्च न्यायालय ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पर रोक लगाई थी तो ओड़िशा पुलिस ने यह कह कर दारा सेना अध्यक्ष मुकेश जैन को गिरफ्तार कर लिया था कि उनके व्हाट्सअप से संदेश भेजा गया कि जगन्नाथ रथ यात्रा पर रोक लगाने वाले सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश शरद अरविन्द बोबड़े के घर पर दारा सेना उन्हें जूते मारने जायेगी। इस व्हाट्स अप संदेश के बाद जबकि सर्वोच्च न्यायालय ने रथ यात्रा पर से रोक हटा दी थी किन्तु ओड़िशा की तत्कालीन सरकार ने रथयात्रा होने के 15 दिन बाद बालेश्वर, भद्रक ओर कटक में दंगे होने की सम्भावना का सबसे बड़ा झूठ बोलकर मुकदमा दर्ज करके दारा सेना अध्यक्ष मुकेश जैन को दिल्ली से गिरफ्तार करके 14 महीने बालेश्वर जेल में डाल दिया। यहां तक कि दिल्ली हवाई अड्डे पर श्री जैन की हत्या की साजिश भी रची।

दारा सेना ने मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी से अनुरोध किया कि कैदियों को रिहा करने के कानून का पालन करते हुए धर्म रक्षक दारा सिंह को तत्काल रिहा करने का आदेश देने की कृपा करें।

समाचार 01 फ़ोटो 01

लकड़ी बीन रहे युवक पर, जंगल में भालू ने किया हमला, जिला अस्पताल में उपचार जारी

अनूपपुर

जिला मुख्यालय से 9 किलोमीटर दूर स्थित भोलगढ गांव के पिंजरहा धार जंगल में लकड़ी बीन रहे युवक पर, एक भालू ने हमला कर गम्भीर रूप से घायल करने पर, जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया है, जहाँ पर उपचार चल रहा है।

घटना के संबंध में बताया गया कि जिला मुख्यालय अनूपपुर से 9 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत बरबसपुर के भोलगढ गांव से लगे पिंजरहा धार के जंगल में 35 वर्षीय सुरेश धनुहार पिता राम स्वरूप धनुहार (बैगा) अपने पड़ोसी लाला धनुहार के साथ सूखी लकड़ी बीन रहा था, तभी अचानक एक जंगली भालू ने उसके पैर को मुंह से पकड़ कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, घर पहुंचने पर रमेश मैना एवं ग्रामीणों द्वारा जिला मुख्यालय अनूपपुर के वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल को सूचना दिए जाने पर, श्री अग्रवाल द्वारा वन परिक्षेत्र अधिकारी अनूपपुर स्वर्ण गौरव सिंह को घटना से अवगत कराते हुए वन बीट के वनरक्षक रोहित उपाध्याय के साथ 108 एंबुलेंस ना मिलने पर निजी तौर पर ऑटो वाहन से जिला चिकित्सालय लाकर ड्यूटी डॉक्टर को दिखाते हुए उपचार कराया, जिस पर उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कर चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है, जबकि दूसरा साथी लाला धनुहार भालू के दौड़ाने पर जंगल के अंदर दूसरी दिशा में भाग कर अपनी जान बचाई।

समाचार 02 फ़ोटो 02

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने किया श्रमदान एवं पौधारोपण

अनूपपुर

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर पवित्र नगरी अमरकंटक में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेला, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, वनमंडलाधिकारी डेविड व्यंकटराव चनाप,जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की।

अमरकंटक के रामघाट के दक्षिण तट पर आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विश्वविद्यालय एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर सामूहिक श्रमदान किया। सभी ने रामघाट के दक्षिणी तट पर स्वच्छता कार्य करते हुए कचरा एवं अपशिष्ट सामग्री एकत्रित की। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

श्रमदान के पश्चात रामघाट के दक्षिणी तट पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामघाट के दक्षिणी तट पर कुल 50 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर सहभागियों द्वारा साल के पौधों का रोपण किया गया। धुम्मा घटिया में 76 पौधों का रोपण, श्री नर्मदे हर सेवा न्यास में 250 पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री अहमद वसीम भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी तथा अन्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आयोजित गतिविधियों में सहभागिता की।

समाचार 03 फोटो 03

अमरकंटक में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाई संतान सप्तमी, भगवान विश्वकर्मा का हुआ विधिवत पूजन 

अनूपपुर

प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में सप्तमी तिथि पर संतान सप्तमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया गया। इसी दिन भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर निर्माण, शिल्प, तकनीकी एवं वाहन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि, सुरक्षा और कार्य में निरंतर प्रगति की कामना की।

संतान सप्तमी के अवसर पर अमरकंटक की महिलाओं ने संतान के सुख, स्वास्थ्य, दीर्घायु, उज्ज्वल भविष्य तथा परिवार में सुख-शांति की कामना से व्रत रखा। महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव एवं माता पार्वती का पूजन-अर्चन किया। पूजा के दौरान दीप प्रज्ज्वलित कर आरती, वंदना एवं प्रार्थना की गई तथा भगवान से संतान पर अपनी कृपा बनाए रखने की मंगलकामना की गई। कई स्थानों पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा सामग्री से शिव-पार्वती का पूजन कर व्रत का धार्मिक अनुष्ठान पूरा किया।

इसी क्रम में भगवान विश्वकर्मा जयंती पर अमरकंटक में निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों एवं ठेकेदारों, ऑटोमोबाइल सुधारकों, कारीगरों तथा तकनीकी कार्यों से जुड़े लोगों ने अपने कार्यस्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा एवं छायाचित्र स्थापित कर विधिवत पूजन किया।

पूजन के दौरान भवन निर्माण में उपयोग होने वाले औजारों, मशीनों, कल-पुर्जों, वाहनों, तकनीकी उपकरणों एवं कार्य-साधनों को भी स्वच्छ कर पूजा में शामिल किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की आरती एवं वंदना के साथ हवन-पूजन किया और प्रसाद का वितरण किया।

समाचार 04 फ़ोटो 04

चोरी के 1.20 लाख के 4 ट्रक के टायर जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

अनूपपुर

नरेन्द्र शर्मा पिता ओम प्रकाश शर्मा उम्र 54 साल नि० कालेज कालोनी वार्ड नं0 02 धनपुरी जिला शहडोल का रिपोर्ट किया कि, उसके ट्रक 12 चक्का नं0 MP 18 GA 3236 के 04 टायर रिम सहित कीमती करीब 1,20,000/- के सोडाफैक्ट्री पार्किंग से कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था रिपोर्ट पर थाना चचाई में अपराध क्र0 257/26 धारा 303 (2) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना दौरान प्राप्त साक्ष्य एवं माल बरामदगी के आधार पर उक्त टायरों की चोरी में राजा उर्फ देवेश यादव पिता शंभू यादव उम्र 26 साल, लालू उर्फ अनुज सिंह पिता ओम प्रकाश सिंह उम्र 23 वर्ष, अंकित दास पिता अरूण दास उम्र 26 वर्ष, छोटू उर्फ शेख नशरूद्दीन पिता शेख कमरुद्दीन उम्र 28 वर्ष सभी निवासी वार्ड नं0 03 गांधीनगर सोडाफैक्ट्री नगर परिषद बरगंवा थाना चचाई जिला अनूपपुर के व्दारा दिनांक 28 अगस्त 2026 एवं 02 सितंबर 2026 की रात्रि में मिलकर करना व टायरों को बेंचना एवं व्हील, पाना, राड जैक को छुपाकर रखना सबूत पाया गया है, जो थाना में अपराध क्र० 257/26 धारा 303(2), 3 (5) बीएनएस मामले में दिनांक 15/09/26 को उक्त आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना आरोपियों के परिजनों/दोस्तों को देते हुए न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया।

समाचार 05 फ़ोटो 05

बकेली में रच रहे भ्रष्टाचार का इतिहास, 6 लाख की क्रांकीट सड़क में नाले की मिट्टी युक्त रेत से निर्माण

*किनारे गड्ढा नुमा नाली खोदकर मोटाई का खेल*

उमरिया

पाली जनपद की बकेली ग्राम पंचायत में उसी पैसे से विकास नहीं, विनाश का इतिहास रचा जा रहा है। आंगनबाड़ी 03 से गोपाल बैगा के घर की ओर बन रही 6 लाख रुपये की क्रांकीट सड़क में रेत के नाम पर नाले की लाल-भूरी मिट्टी परोसी जा रही है, इंजीनियरिंग के सारे मानक पैरों तले रौंद दिए गए हैं और अब तो मोटाई में भी खेल किया जा रहा है। ग्राम पंचायत बकेली में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना से स्वीकृत क्रांकीट सड़क, स्वीकृति दिनांक 14/04/2026, लागत 6 लाख रुपये, आज भ्रष्टाचार की खुली प्रयोगशाला बन गई है।

नियम कहता है कि क्रांकीट डालने के पहले पूरी सड़क को समतलीय करना अनिवार्य है, ताकि हर जगह एक समान 125 से 170 मिमी मोटी क्रांकीट पड़े। लेकिन बकेली में समतलीय करने का काम किया ही नहीं गया। सड़क के दोनों किनारे नाली नुमा गहरा गड्ढा खोद दिया गया है, ताकि किनारे से देखने पर क्रांकीट 6-7 इंच मोटी दिखे। बीच में जमीन ऊंची-नीची वैसी ही छोड़ दी गई और नाम के लिए 2-3 इंच पतली परत डाल दी गई। यह मोटाई नहीं, आंखों में धूल झोंकने का तरीका है। दो पहिया वाहन क्या, बैलगाड़ी का भी लोड ऐसी सड़क नहीं झेल पाएगी।

मौके पर जो रेत डंप है, वह रेत नहीं, धोखा है। पास के नाले-खेत से उठाई गई मिट्टी मिली, डस्ट भरी, लाल-भूरी, अवैध रेत जमीन पर बिखरी पड़ी है। बगल में अधपकी, धूल उड़ाती गिट्टी का ढेर है। इसी मटेरियल से क्रांकीट का घोल बनाया जा रहा है। M20 ग्रेड का तो सवाल ही नहीं उठता।

क्रांकीट सड़क में अनिवार्य 125 माइक्रोन की पॉलिथीन बिछाना, वाइब्रेटर से कम्पेक्शन करना, हर 3-4 मीटर पर 12.70 मिमी का एक्सपेंशन ज्वाइंट काटना और 14 से 28 दिन तक तराई करना अनिवार्य है, मगर कुछ नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने कलेक्टर उमरिया और सीईओ जनपद पाली से मांग की है कि सड़क की समतलीयकरण जांच, रेत-गिट्टी का लैब टेस्ट, कोर कटिंग से मोटाई की जांच, पंचायत दर्पण पर साफ दस्तावेज अपलोड और दोषियों से राशि वसूली कर एफआईआर दर्ज की जाए।

समाचार 06 फ़ोटो 06

निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सम्पन्न, महिलाओं, पुरुषों एवं 18 वर्ष से अधिक युवाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

उमरिया

मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, भोपाल के तत्वावधान में जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. मुकुल तिवारी के मार्गदर्शन में सघन जागरूकता अभियान एवं युवा टीम उमरिया द्वारा ग्राम पंचायत मालियागुड़ा में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समय पर स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में ग्रामीण महिलाओं, पुरुषों एवं 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान एचआईवी, बीपी, शुगर तथा एसटीआई / आरटीआई से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर जांच एवं परामर्श किया गया। स्वास्थ्य टीम द्वारा ग्रामीणों को संक्रमण से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया गया।

युवा टीम उमरिया के हिमांशु तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता समाज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक स्वास्थ्य जांच और सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है। सघन जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करने तथा जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, सही जानकारी और आवश्यक परामर्श स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को गांव तक पहुंचाने के इस प्रयास को उपयोगी बताया।

समाचार 07 फ़ोटो 07

गैस सिलेंडर की रिफलिंग की सूचना पर जांच करने पहुँची टीम से लोगो ने की धक्का-मुक्की किया अभद्र व्यवहार

शहडोल

सोहागपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित रिफिलिंग की सूचना पर जांच करने पहुंची जिला आपूर्ति विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, घर की जांच के दौरान 13 से अधिक सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला नोजल मिला। इसी दौरान घर में मौजूद लोगों ने टीम के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की और उन्हें घर से बाहर कर दिया।

विभागीय इंस्पेक्टर प्रदीप द्विवेदी के अनुसार, उन्हें गढ़ी निवासी रामजी गुप्ता के घर में गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घर की जांच शुरू की तो वहां बड़ी संख्या में सिलेंडर और रिफिलिंग करने का उपकरण नजर आया। इसी दौरान रामजी गुप्ता के कई भाई, उनकी पत्नियों समेत अन्य लोगों ने टीम के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ने पर विभागीय अधिकारियों ने सोहागपुर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद विभागीय टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई आगे बढ़ाई। हालांकि, प्रदीप द्विवेदी का कहना है कि जब तक पुलिस के साथ टीम दोबारा उस कमरे के अंदर पहुंची, तब तक वहां रखे सिलेंडर हटा दिए गए थे। उनके अनुसार, विभाग की टीम के बाहर निकलने के दौरान ही सिलेंडर वहां से हटाए गए।

जांच ने बताया की टीम के साथ हुई बदसलूकी और कार्रवाई में बाधा डालने को लेकर एफआईआर के लिए सोहागपुर थाने में शिकायत दी जाएगी। वहीं सोहागपुर टीआई आरपी रावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। अभी विभाग के अधिकारियों की ओर से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

समाचार 08 फोटो 08

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 104 यूनिट रक्त का हुआ संग्रहण

अनूपपुर

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर 17 सितंबर को जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक, मेला ग्राउंड अमरकंटक सहित जिला मुख्यालय में आयोजित शिविरों में स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों, युवाओं तथा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। विभिन्न शिविरों में कुल 104 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ में आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर रत्नाकर झा एवं प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार उपस्थित रहे। कलेक्टर एवं प्रभारी मंत्री ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व की जानकारी ली तथा स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों को आगे आकर इस सेवा कार्य में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।

शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से रक्त संग्रहण किया गया। रक्तदान करने वाले नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि रक्तदान के बाद उन्हें खुशी एवं संतोष का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

समाचार 09 फोटो 09

युवक की हत्या पर एसपी से हुई शिकायत

उमरिया

उमरिया थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम मजमानी खुर्द में युवक की हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणो ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पंहुचकर शिकायती पत्र सौंपा है।

बता दें ग्राम मजमानी खुर्द में बीते 08 सितम्बर से दीपक यादव नामक युवक लापता हो गया था, दो दिन बाद दीपक का शव गाँव में ही खेत में मिला जिसके बाद पुलिस मौके पर पंहुची और डॉग स्कॉइड एवं फॉरेसिक टीम के साथ मामले की जाँच शुरू की गई।

शुरूआती जाँच में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया लेकिन अभी तक पुलिस इस मामले में आरोपियों को गिरफ्ताऱ नहीं कर सकी है, हालांकि पुलिस इस मामले में हर एंगल से तफ्तीश में जुटी है दावा है शीघ्र सच्चाई सामने आयेगी।


नमो के जन्मदिवस पर दीपक जलाने की अपील, व्यक्ति वाद की ओर बढती भाजपा, कुछ नीतिगत सवाल- जिवेंद्र सिंह


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर दीपक जलाने की अपील भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा किया गया है, लेकिन सवाल यह है कि क्या राजनीतिक दलों की प्राथमिकता जनहित के मुद्दों पर चर्चा और जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय व्यक्ति केंद्रित आयोजनों तक सीमित होनी चाहिए...?

भाजपा लंबे समय से परिवारवाद और वंशवादी राजनीति का विरोध करती रही है। ऐसे में यह विचारणीय है कि किसी एक व्यक्ति के जन्मदिवस को संगठनात्मक स्तर पर इस तरह व्यापक रूप से मनाने की परंपरा क्या व्यक्ति-केंद्रित राजनीति को बढ़ावा नहीं देती...?

लोकतंत्र में नेताओं का सम्मान होना चाहिए, लेकिन व्यक्ति से बड़ा विचार, संगठन से बड़ा संविधान और राजनीति से बड़ा जनहित होना चाहिए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में लगभग हर बूथ पर पराजित हुए हैं जिससे कि बैक फुट में आ गए हैं दबाव बनाकर नरेंद्र मोदी के नाम पर दिया जलाने की अपील कार्यकर्ताओं से किया गया है।

देश के ज्वलंत मुद्दों पर  रोशनी डालिए जिन पर जनता जवाब चाहती है, पेपर लीक, बेरोज़गारी, स्कूल बंद होना,फीस में बढ़ोत्तरी, रेलवे का निजीकरण, खदानों का निजीकरण, बैंकों का प्राइवेटाइजेशन, अस्पताल में डॉक्टरों की कमी कैसे दूर होगी।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget