समाचार 01 फ़ोटो 01
खेत पर काम कर रही वृद्धा ओर दो भालुओं ने किया हमला, घायल का मेडिकल कालेज में चल रहा है उपचार
अनूपपुर
वन परिक्षेत्र बिजुरी के बेलगांव बीट अंतर्गत निमहा गांव में खेत काम कर रही 60 वर्षीय वृद्धा पर दो भालुओ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल किए जाने पर, वन विभाग एवं परिजनों के द्वारा बिजुरी से जिला चिकित्सालय अनूपपुर से मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया जहां उपचार किया जा रहा है।
वन परिक्षेत्र, थाना बिजुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत बेनीबहरा के निमहा के वन कक्ष क्रमांक आर.एफ. 529 में मिले वनाधिकार भूमि पर किए जा रहे खेती मे 60 वर्षीया अमृतिया पाव पति मिलन पाव अकेले खेत में निदाई का काम कर रही थी, तभी वन क्षेत्र से आए दो भालुओ ने अचानक हमला कर हाथ एवं शरीर के अंगों में नाखून एवं मुंह से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, दोनों भालुओ के जंगल की ओर जाने पर वृद्धा खून से लथपथ हालात में हिम्मत कर अकेले ही एक किलोमीटर का रास्ता पैदल चल कर घर आकर घटना की जानकारी परिजनों को दिया, वनविभाग एवं परिजनो द्वारा बिजुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वन परिक्षेत्र अधिकारी बिजुरी पवन कुमार ताम्रकार, परिक्षेत्र सहायक कोठी बेसाहन सिंह आर्मो, बीट प्रभारी बेलगांव अनिल कुमार केवट के साथ वन अधिकारी/कर्मचारी अस्पताल पहुंचकर पीडिता से मुलाकात कर प्रारंभिक सहायता राशि प्रदाय की। ड्यूटी डॉक्टर द्वारा वृद्ध महिला की हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया, देर रात जिला चिकित्सालय में उपचार कर बेहतर उपचार हेतु उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया गया। वृद्धख का उपचार किया जा रहा है जिसकी हालत खतरे से बाहर होना बताया जा रहा है।
इनका कहना है।
खेत में काम कर रही वृद्धा पर दो भालुओ द्वारा हमला कर घायल किए जाने की घटना प्रकाश से आने पर, मैं स्वयं अस्पताल जाकर पीड़िता को देखकर, चिकित्सकों से उपचार से संबंधित बातचीत कर, पीड़िता के परिजनों को शासन के नियमानुसार प्रारंभिक सहायता राशि दी गई है।
*पवन कुमार ताम्रकार, वन परिक्षेत्र अधिकारी, बिजुरी*
समाचार 02 फोटो 02
ग्राम पंचायत में लटक रहा ताला, जरूरी कामों के लिए भटक रहे ग्रामीण, जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
अनूपपुर
जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत निमहा में पंचायत कार्यालय के दरवाजे पर ताला लटकने का मामला सामने आया है। पंचायत कार्यालय बंद रहने के कारण ग्रामीणों को अपने जरूरी पंचायत संबंधी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत कार्यालय में समय पर जिम्मेदार कर्मचारियों के मौजूद नहीं रहने से उन्हें कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है।
ग्रामीणों के लिए ग्राम पंचायत कार्यालय विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रमाण-पत्रों, पेंशन, आवास योजना, रोजगार संबंधी कार्यों सहित अन्य जरूरी कामों का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में कार्यालय के बंद मिलने से ग्रामीणों के काम प्रभावित हो रहे हैं। दूर-दराज से पंचायत कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को ताला देखकर निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
पंचायत कार्यालय में ताला लटकने से पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पंचायत कार्यालय निर्धारित समय पर नहीं खुलता है तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर पंचायत कार्यालय के नियमित संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत कार्यालय जनता की सुविधा के लिए बनाया गया है। यदि कार्यालय ही बंद रहेगा तो शासन की योजनाओं और पंचायत से जुड़े कार्यों का लाभ ग्रामीणों तक कैसे पहुंचेगा। ग्रामीणों ने जनपद पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों से पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करने तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है।
आपसे जानकारी प्राप्त हुई है कि ग्राम पंचायत में ताला लागा हैं फोटो भेजें पंचायत सचिव पर कार्यवाही करेंगे।
*रवि गोयल, सीईओ जनपद अनूपपुर*
समाचार 03 फ़ोटो 03
जिले में आंगनवाड़ी भर्ती में कथित फर्जीवाड़े की जांच की मांग, जाति एवं पात्रता संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन की मांग
*कलेक्टर व अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष की शिकायत*
अनूपपुर
जिले के कोतमा विधानसभा क्षेत्र एवं जनपद पंचायत अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत छूल्हाटोला के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-63, पकरियाटोला में वर्ष 2026 की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भर्ती को लेकर शिकायत सामने आई है। आवेदिका वर्षा बैगा पति राजबहादुर भरिया ने भर्ती प्रक्रिया में जाति एवं पात्रता संबंधी दस्तावेजों की जांच की मांग की है।
आवेदिका ने ग्राम पंचायत बदरा अंतर्गत शासकीय आईटीआई भवन में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास यात्रा कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर रत्नाकर झा तथा मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच कराने का अनुरोध किया।
शिकायत में आवेदिका ने आरोप लगाया है कि भर्ती प्रक्रिया में एक अभ्यर्थी को भारिया जाति के आधार पर पात्रता का लाभ दिए जाने की स्थिति बनी है। आवेदिका ने संबंधित अभ्यर्थी के जाति प्रमाण पत्र सहित निवास प्रमाण पत्र, आधार/पहचान दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सक्षम प्राधिकारी से सत्यापन कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा बैगा, भारिया, सहरिया अथवा अन्य विशेष जनजाति का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया है, तो यह भी जांच का विषय होना चाहिए कि प्रमाण पत्र किस रिकॉर्ड और आधार पर जारी किया गया। इसके लिए पुराने राजस्व अभिलेख, परिवार की जाति संबंधी प्रविष्टियां, वंशावली तथा पूर्व में जारी जाति प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने की मांग की गई है।
आवेदिका ने कहा है कि यदि जांच में किसी दस्तावेज में गलत जाति, गलत जानकारी अथवा भ्रामक तथ्य प्रस्तुत किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित अभ्यर्थी के साथ-साथ दस्तावेज जारी करने की प्रक्रिया की भी नियमानुसार जांच की जानी चाहिए।
शिकायत के साथ आवेदिका के पति राजबहादुर भरिया का शपथ पत्र भी प्रस्तुत किए जाने की बात कही गई है। शपथ पत्र में उन्होंने स्वयं को राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार भरिया (अ.ज.जा.) वर्ग का बताया है और आरोप लगाया है कि आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-63 में नियुक्ति पाने वाली साधना भरिया को भारिया जाति का मानकर नियुक्ति दी गई, जिसकी पात्रता की जांच आवश्यक है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की हुई मौत, ब्यौहारी जाने के लिए घर निकला था, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के छतैनी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना बीती रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान हिड़वाह निवासी भैय्या लाल सिंह पिता शिवचरण गोंड के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार छतैनी रेलवे ट्रैक पर युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना ट्रेन के चालक ने स्टेशन मास्टर और पुलिस को दी थी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान कराने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
परिजनों के मुताबिक भैय्या लाल एक दिन पहले घर से ब्यौहारी जाने की बात कहकर निकला था। बाद में शाम को उसने फोन कर बताया था कि वह अपने ससुराल में रुका हुआ है और सुबह घर लौट आएगा। इसके बाद वह छतैनी रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसको लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
ब्यौहारी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस युवक के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने की परिस्थितियों और हादसे की वजह की जांच कर रही है। परिजनों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। युवक वहां कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
जुआं फड़ में पुलिस का छापा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 7.43 लाख का मशरूका जब्त
शहडोल
गोहपारू थाना पुलिस ने सुनसान स्थान पर चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी के साथ छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 7 लाख 43 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुडवार के डोंगरी टोला स्थित सुनसान स्थान पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि चार आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके पर आरोपियों की तलाशी लेने के साथ जुआ फड़ की जांच की। इस दौरान उनके कब्जे से 13 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से छह मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। पुलिस के अनुसार नकदी और वाहनों समेत जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत करीब 7 लाख 43 हजार रुपये से अधिक है।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान जेसा नायक, सूरज प्रसाद, मोहम्मद मुबारक और महबूब खान के रूप में की है। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जुआ फड़ से कुछ लोगों के भागने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
पुराने विवाद को लेकर युवक पर चाकू से हमला, तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शहडोल
अमलाई थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। बाइक से पहुंचे तीन आरोपियों ने दुकान के पास खड़े युवक के गले पर चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना अमलाई थाना क्षेत्र के आलमगंज स्थित चिप हाउस के पास की है। युवक आशिक 40 दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान अरसद अंसारी अपने साथी भक्की कोल और योगेंद्र चौबे के साथ एक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि अरसद अंसारी का आशिक से पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर आरोपियों ने युवक को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों आरोपियों ने आशिक को दुकान के पास खड़ा देखा और उसके पास पहुंचकर चाकू से गले पर वार कर दिया। हमले में युवक घायल होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अमलाई भूपेंद्र मणि पांडे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने जांच के दौरान तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें घटना के कुछ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
स्वामित्व योजना से पटवारी रहेंगे विरत, कलमबंद आंदोलन की चेतावनी, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर
स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना को लेकर मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने सख्त रुख अपनाया है। संघ ने योजना के निष्पादन, ई केवाईसी, पंजीयन और व्यक्तिगत दायित्व वाले कार्यों से पटवारी संवर्ग को पूरी तरह अलग रखने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने स्पष्ट किया है कि 15 सितंबर 2026 से पटवारी स्वामित्व योजना में निष्पादक के कार्यदायित्वों से विरत रहेंगे।
पटवारी संघ ने राजस्व विभाग मंत्रालय, वल्लभ भवन के 2 अगस्त 2026 के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए राजस्व अमले को लंबित राशि का भुगतान यथाशीघ्र किया जाना चाहिए। संघ के अनुसार अनूपपुर जिले में स्वामित्व योजना के तहत प्रति ग्राम ₹7,500, 11वीं कृषि संगणना वर्ष 2020-21 तथा 6वीं लघु सिंचाई संगणना वर्ष 2017-18 का मानदेय अभी तक अप्राप्त है। संघ ने इन लंबित भुगतानों को तत्काल किए जाने की मांग की है।
संघ ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण नागरिकों को अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है और इससे ग्रामीणों को ऋण संबंधी सहायता मिल सकती है। पटवारी संघ योजना के उद्देश्य के विरोध में नहीं है, लेकिन योजना के निष्पादन एवं पंजीयन में पटवारियों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार बनाए जाने पर आपत्ति है।
ज्ञापन में संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 15 सितंबर से स्वामित्व योजना में निष्पादक के कार्यदायित्व से पटवारी विरत रहेंगे। यदि अत्यधिक दबाव बनाया गया तो प्रदेश स्तर पर कलमबंद आंदोलन किया जा सकता है। संघ ने आंदोलन की स्थिति में उत्पन्न होने वाली कठिनाइयों के लिए शासन को जिम्मेदार ठहराया है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
डिप्टी कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी 85 आवेदकों की समस्याएं
फोटो
उमरिया 15 सितंबर। साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज, प्रत्युष श्रीवास्तव, प्रिया अग्रवाल ने 85 आवेदकों की समस्याओं को सुना तथा आवेदनों के निराकरण के लिए आवेदन संबंधित विभाग की ओर प्रेषित किया तथा विभागीय अधिकारियों को समुचित कार्यवाही करनें के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मदन झारिया पठारीखुर्द ने भूमि की पुनः संयुक्त जांच कराने, रइसा खातून ग्राम मेढकी ने रास्ता खुलवाने, मुकेश बैगा ग्राम कछौहा ने वन अधिकार का पटटा दिलाने, रामचरण विश्वकर्मा कछरवार ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने, शिव कुमार विश्वकर्मा बचहा ने नामांतरण कराने, मुन्ना लाल सोधियां ने गरीबी रेखा मे नाम वृध्दावस्था पेंशन दिलाने, सुमित यादव ग्राम सेमरिया ने ग्राम पंचायत सचिव व्दारा शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी भुगतान नही किए जाने, पारस सिंह गहिराटोला ने घर के ऊपर से निकली 11 हजार केव्ही की बिजली लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने , अशोक कुमार बांधा ने शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन दिया। संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को प्रेषित कर समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
समाचार
रोगी कल्याण समिति की बैठक 16 को
उमरिया
कलेक्टर एवं अध्यक्ष रोगी कल्याण समिति राखी सहाय की अध्यक्षता में 16 सितंबर को रोगी कल्याण समिति अंतर्गत कार्यकारिणी समिति की बैठक दोपहर 12 बजे से जिला चिकित्सालय के सभागार में आयोजित की गई है। सिविल सर्जन ने संबंधित अधिकारियों से बैठक में उपस्थिति का अनुरोध किया है।

