समाचार 01 फ़ोटो 01
महिला की मौत के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने आशीर्वाद हॉस्पिटल किया सील, मरीज जिला अस्पताल शिफ्ट
अनूपपुर
जिला मुख्यालय स्थित आशीर्वाद हॉस्पिटल में महिला मरीज की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर अनूपपुर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और आवश्यक जांच के बाद अस्पताल को सील करने के बाद जांच प्रारंभ कर दी गई।
मामले के अनुसार, जिला चिकित्सालय में भर्ती एक महिला मरीज को उपचार के लिए आशीर्वाद हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हुए।अस्पताल पर यह आरोप लगा था की अस्पताल में मरीजों का उपचार उन चिकित्सकों के नाम पर किया जा रहा था, जो उस समय अस्पताल में मौजूद नहीं थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अल्का तिवारी भी मौके पर पहुंचीं और अस्पताल प्रबंधन से संचालन, चिकित्सकों की उपलब्धता तथा अन्य जरूरी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मांगी।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील करने की कार्यवाही की गई।
अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेजा जा रहा है। प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
फिलहाल महिला की मौत के साथ ही अस्पताल के संचालन और वहां चिकित्सकों की उपलब्धता से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन किया गया है या नहीं।
समाचार 02 फ़ोटो 02
श्रद्धा और लोकपरंपरा के साथ हुआ कजलियों का विसर्जन, कजलियों के साथ हुआ भेंट-मिलन, सुख-समृद्धि की कामना
*मां नर्मदा तट पर जीवंत हुई सदियों पुरानी लोक संस्कृति*
अमरकंटक। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में भाद्रपद कृष्ण पक्ष प्रतिपदा के पावन अवसर पर कजलियों का पारंपरिक एवं धार्मिक रीति-विधान के साथ विसर्जन किया गया। कजलियों के विसर्जन के साथ ही अमरकंटक में लोक आस्था, सनातन परंपरा, पारिवारिक मंगलकामना और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला। पतित पावनी पुण्यसलिला मां नर्मदा के पावन तट पर श्रद्धालुओं द्वारा कजलियों का विसर्जन किए जाने से घाटों का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और लोकगीतों से गुंजायमान रहा।
कजलियों के इस पारंपरिक पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। घरों में निर्धारित परंपरा के अनुसार बोई गई कजलियों को सहेजकर उनका विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। पूजन के दौरान दीप प्रज्वलित कर ईश्वर एवं मां नर्मदा का स्मरण किया गया तथा परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, आरोग्य, यश, दीर्घायु और मंगलमय भविष्य की कामना की गई।
पूजन-अर्चन के पश्चात श्रद्धालु कजलियों को लेकर अमरकंटक के विभिन्न पवित्र जलस्थलों की ओर पहुंचे। कोटि तीर्थ घाट, रामघाट, पुष्कर बांध घाट, बांधा घाट तथा अरंडी संगम घाट सहित अन्य पवित्र स्थलों पर श्रद्धालुओं ने कजलियों का पारंपरिक विधि से पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक जल में विसर्जित किया।
मां नर्मदा के तट पर कजलियों का विसर्जन करते समय श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा को साक्षी मानकर अपने एवं अपने परिवार के कल्याण की प्रार्थना की। अनेक श्रद्धालुओं ने कजलियों को मां नर्मदा मंदिर एवं अन्य देवी-देवताओं के चरणों में अर्पित कर मंगलकामना की।
पवित्र घाटों पर महिलाओं द्वारा पारंपरिक ढंग से कजलियों का पूजन, परस्पर भेंट-मिलन, शुभकामनाओं का आदान-प्रदान और मां नर्मदा में विसर्जन का दृश्य अमरकंटक की समृद्ध लोकसंस्कृति को जीवंत करता नजर आया।
समाचार 03 फ़ोटो 03
धारदार हथियार से महिला की निर्मम हत्या, आरोपी ने 30 बार किए वार, पुलिस जांच में जुटी, पुत्र गिरफ्तार
शहडोल
पपौंध थाना क्षेत्र के गांजर मलैचा टोला में 60 वर्षीय बेवा महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। महिला के शरीर पर धारदार हथियार से करीब 30 वार के निशान मिले हैं। घटना के समय महिला के साथ उसका एक पुत्र घर में मौजूद था। पुलिस ने पूछताछ के लिए पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या का खुलासा नहीं किया है और न ही पुत्र को आरोपी बताया है।
मृतका की पहचान सुहाग रानी सिंह, पति स्वर्गीय बुद्धसेन सिंह गोड़, उम्र 60 वर्ष, निवासी गांजर मलैचा टोला, थाना पपौंध के रूप में हुई है। बताया गया कि महिला के तीन पुत्र हैं और पति की पहले ही मौत हो चुकी है। तीनों पुत्र घर से दूर रहते हैं। करीब दो सप्ताह पहले महिला की तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद उसने ससुराल में रह रहे अपने एक पुत्र को जानकारी दी थी। पुत्र मां का इलाज कराने के लिए उसके घर पहुंचा था और घटना के समय वह उसके साथ मौजूद था।
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी अगले दिन उस समय हुई, जब हल्का पटवारी सरकारी कार्य से महिला के घर पहुंचे। वहां महिला का पुत्र मौजूद था। उसने पटवारी को बताया कि उसकी मां की मौत हो गई है। पटवारी ने घर के अंदर जाकर देखा तो महिला मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद पटवारी ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पपौंध पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
समाचार 04 फ़ोटो 04
लगातार बारिश से नदी नाले उफान पर, पुल के ऊपर बह रहा है पानी, कई गांव का संपर्क टूटा, लोगो की बढ़ी परेशानी
शहडोल
जैतपुर क्षेत्र में हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। लगातार बारिश से कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हुआ है। वहीं, जैतपुर क्षेत्र से छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला प्रमुख भीतरी मार्ग भी पानी के तेज बहाव के कारण बंद हो गया है। रसमोहनी के पास स्थित कुंनुक नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण सुबह से ही इस मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया।
यह मार्ग रसमोहनी से अमाहा-बरगामा होते हुए भाटिया और आगे छत्तीसगढ़ को जोड़ता है। क्षेत्र में बारिश के कारण कुंनुक नदी का जलस्तर बढ़ गया और पुल के ऊपर पानी पहुंच गया। पानी का बहाव लगातार बना हुआ है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है।
इसी तरह बोकरामार से भाटिया जाने वाले मार्ग पर स्थित छोटी नदी के रपटा के ऊपर से भी पानी बह रहा है। पानी आने के कारण यहां भी आवागमन बंद कर दिया गया है। रपटा और पुल के ऊपर तेज बहाव के बीच से गुजरना बेहद खतरनाक हो सकता है। अचानक जलस्तर बढ़ने पर वाहन या व्यक्ति पानी के तेज बहाव में बह सकता है।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया है। कुंनुक नदी के पुल के दोनों ओर पुलिसकर्मियों को लगाया गया है और मार्ग को बंद करा दिया गया है, ताकि लोग पानी के बीच से निकलने का प्रयास न करें। जैतपुर थाना प्रभारी समीर खान ने लोगों से अपील की है कि नदी, पुल और रपटा के ऊपर पानी बहने की स्थिति में उसे पार न करें। उन्होंने लोगों से सुरक्षित रहने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।
लगातार बारिश के बीच बाणसागर बांध में भी जलभराव करीब 99 प्रतिशत पहुंच गया है। रविवार को बांध के छह गेट खोल दिए है। ऐसे में निचले क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
बाणसागर बांध के 6 गेट खुले, सोन नदी में छोड़ा जा रहा 2454 क्यूमेक्स पानी, बढ़ाई सतर्कता
शहडोल
बाणसागर बांध के अपस्ट्रीम क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा एवं जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा आज दोपहर 12 बजे बाणसागर बांध के 6 रेडियल गेट खोल दिए गए हैं। सभी 6 रेडियल गेट 2-2 मीटर खोले गए हैं, जिसके माध्यम से स्पिलवे से लगभग 2454 क्यूमेक्स जल सोन नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज प्रातः 6 बजे बाणसागर जलाशय का जलस्तर 341.58 मीटर दर्ज किया गया था, जो बांध के पूर्ण जल भराव स्तर (FRL) 341.64 मीटर से मात्र 0.06 मीटर कम है। कैचमेंट क्षेत्र में वर्षा की सक्रियता एवं जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जलस्तर में वृद्धि एवं गेट खोले जाने के मद्देनजर कार्यपालन यंत्री, बाणसागर बांध द्वारा ब्यौहारी क्षेत्र के ग्राम ओदारी, रीहा, पबेह, उजराबरा, चमुहा, विजयसोता, तेंदुहा, जमुनी, चितरासी एवं हरतला के निवासियों से विशेष सतर्कता बरतने एवं सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
जल संसाधन विभाग एवं मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संभावित जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोगों से नदी, नाले एवं जलाशय के आसपास जाने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
समाचार 06 फोटो 06
हाथी दो घरों में तोड़फोड़ कर फसलों को पहुंचाया नुकसान, कलेक्टर ने लिया जायजा
अनूपपुर
दो हाथियों का समूह वन परिक्षेत्र जैतहरी के ग्राम पंचायत एवं वन बीट गोबरी के जंगल में दिनभर बिताने बाद शाम से ही चलना प्रारंभ कर, ग्राम पंचायत पंगना के जल्दाटोला,पगनाकछरा,ग्राम पंचायत गोबरी के बेलियाकछरा,ग्राम पंचायत छुलहा के बेलिया से देर रात तिपान नदी,अनूपपुर-जैतहरी रेलवे लाईन एवं मुख्य मार्ग को पार करते हुए अमगवां के गोहाटोला से वन परिक्षेत्र,थाना अनूपपुर के ग्राम पंचायत एवं वन बीट सोनमौहरी के जंगल में पहुंचकर दिन में विश्राम कर रहे हैं। हाथियों द्वारा रात में विचरण दौरान बेलिया एवं अमगवां के दो ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ कर घर के अंदर रखे खाने की सामग्रियों को के साथ अनेकों किसानों के खेतों में लगे विभिन्न तरह की फसलों को रात भर अपना आहार बनाया है।
अनूपपुर कलेक्टर रत्नाकर झा ने ग्राम पंचायत एवं वन बीट सोनमौहरी के बांस एवं मिश्रित प्लांटेशन में विचरण कर रहे दो हाथियों के प्रत्यक्ष दर्शन कर अवलोकन करते हुए वन अधिकारियों को हाथियों के विचरण पर निरंतर सतत निगरानी रखते हुए विचरण क्षेत्र के ग्रामीणों को समय पर सूचित करने के निर्देश दिए इस दौरान अनूपपुर वन मंडल अधिकारी डेविड बेंकटराव चनाप, वन परिक्षेत्राधिकारी जैतहरी विवेक मिश्रा,परि,सहायक अनूपपुर विजय सोनवानी,परि,सहायक जैतहरी रिचर्ड रेगी राव,वन्यजीव संरक्षक अनूपपुर शशिधर अग्रवाल के साथ वन विभाग के वनरक्षक एवं सुरक्षाश्रमिक उपस्थित रहे।
समाचार 06 फ़ोटो 06
डब्लू डब्लू एफ इंडिया के सेंट्रल इंडिया लैंडस्केप द्वारा आयोजित की गई मीडिया कार्यशाला पर उठे सवाल
उमरिया
बांधवगढ़ में डब्लू डब्लू एफ इंडिया के सेंट्रल इंडिया लैंडस्केप द्वारा आयोजित की जा रही मीडिया कार्यशाला को लेकर मीडिया जगत में आमंत्रण और चयन के आधार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एमपीटी व्हाइट टाइगर फारेस्ट लॉज में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला में बांधवगढ़ के परिदृश्य, वन्यजीव संरक्षण, क्षेत्रीय मुद्दों तथा हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा और विचारों के आदान-प्रदान की जानकारी दी जानी थी। लेकिन संस्था के द्वारा कराई गई मीडिया कार्यशाला महज दिखावा साबित हो रही है। इसके पीछे की असली वजह संस्था के द्वारा लाखों के अनुदान और सामग्रियों का बंदरबांट करना प्रतीत हो रहा है।
आयोजकों द्वारा जारी आमंत्रण में मीडिया से जुड़े पेशेवरों को कार्यशाला में आमंत्रित किए जाने की बात कही गई है। ऐसे में सवाल यह है कि स्थानीय स्तर पर लंबे समय से वन्यजीव और बांधवगढ़ से जुड़े विषयों पर निरंतर रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों के चयन के लिए क्या कोई निर्धारित मापदंड तय किया गया है। बांधवगढ़ जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण वन्यजीव क्षेत्र में मीडिया की भूमिका केवल समाचार संकलन तक सीमित नहीं है। स्थानीय पत्रकार वर्षों से क्षेत्र की समस्याओं, वन्यजीव संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष और प्रशासनिक गतिविधियों को सामने लाते रहे हैं। ऐसे में कार्यशाला में सहभागिता के लिए पत्रकारों का चयन किस आधार पर किया गया, यह स्पष्ट किया जाना प्रासंगिक होगा।
विशेष रूप से यह भी जानना जरूरी है कि क्या कार्यशाला के लिए स्थानीय मीडिया संस्थानों और लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय वरिष्ठ पत्रकारों को आमंत्रित करने के लिए कोई सूची या मानदंड निर्धारित किया गया था। यदि ऐसा कोई मानदंड है तो उसे सार्वजनिक किए जाने से चयन प्रक्रिया को लेकर उठने वाले सवालों का समाधान हो सकता है।
समाचार 07
राष्ट्रीय खेल दिवस में तीन दिवसीय खेल आयोजन
उमरिया
खेल और युवा कल्याण विभाग से प्राप्त निर्देश के तारतम्य में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय खेल आयोजन 28 अगस्त से प्रारंभ हुए । जिला प्रशिक्षण केन्द्र तथा हाकी फीडर सेंटर के खिलाडियों के मध्य मैत्री मैच का आयोजन किया गया जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाडियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। खेल आयोजनो के क्रम में 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जन्म जयंती हर्षोउल्लास से मनाई गई। इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी आलोक कुमार शर्मा ने ध्यानचंद जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। अति. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी बच्चे अच्छा खेलते हुए पढाई पर भी ध्यान दें । खेल विभाग की ओर से हाकी फीडर सेंटर के खिलाडियों को हाकी एवं बॉल तथा हैण्डबॉल खिलाडियों को हैण्डबॉल उनके प्रशिक्षक संजय सिंह लोधी, आकाश बर्मन, दुर्गेश साहू को प्रदान की गई।
समाचार 08
जिला अस्पताल पहुंची जिला पंचायत सीईओ
अनूपपुर
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी शनिवार को देर शाम मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान- 2026 के तहत जिला चिकित्सालय अनूपपुर की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का रिव्यू करने जिला चिकित्सालय पहुंच गई। उन्होंने लंबित शिकायतो का रिव्यू कर शिकायत का निराकरण आवेदकों की समस्याओं का निराकरण कर शिकायत को संतुष्टि पूर्वक बंद कराने के निर्देश दिए। जिला चिकित्सालय में सीएम हेल्पलाइन के नोडल अधिकारी डॉ आर के वर्मा, सिविल सर्जन डॉ एस आर परस्ते सहित सर्व संबंधित उपस्थित रहे।
समाचार 09
नदी में फंसे 6 लोगों में 4 को सुरक्षित निकाला
शहडोल
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ब्यौहारी अर्चना मिश्रा ने बताया कि सुखाड़ नदी में 6 लोगों के फंसे होने की सूचना प्राप्त होने पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य प्रारंभ किया। रेस्क्यू टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। वहीं शेष 2 लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू कार्य लगातार जारी है।बरेस्क्यू कार्य की कलेक्टर पार्थ जायसवाल, पुलिस अधीक्षक श्री संजय अग्रवाल तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा क्षण-प्रतिक्षण निगरानी की जा रही है।
समाचार 10
अवैध भंडारण रेत को किया गया नष्ट
शहडोल
कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशन में तथा खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य के मार्गदर्शन मे आज खनिज विभाग द्वारा पुलिस विभाग के सहयोग से संयुक्त रूप से तहसील ब्योहारी अंतर्गत ग्राम बोड्डीहा मे गौशाला के पास 150 घन मीटर(लगभग 50 ट्रेक्टर ट्राली ) खनिज रेत का शासकीय भूमि में अवैध भंडारण पाए जाने पर जेसीबी मशीन के माध्यम से मिट्टी मिलाकर विनिष्टिकरण किया गया। इसके अतिरिक्त, उक्त क्षेत्र में खनिज परिवहन मार्ग मे गड्ढा खुदवाकर उसे अवरुद्ध किया गया। विभाग द्वारा ब्योहारी तहसील अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों पर खनिजों के अवैध उत्खनन,परिवहन एवम भण्डारण की सतत रूप से जांच की जा रही है।
समाचार 11
जन विश्वास अभियान के तहत सीईओ ने लिया जायजा
अनूपपुर
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान- 2026 के अंतर्गत नगर परिषद जैतहरी मे आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन कर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी ने इसके पश्चात ग्राम पंचायत गोबरी, गोरेला, झांईताल का भ्रमण कर ग्राम पंचायत में दस्तावेजों संधारण, साफ सफाई तथा उपलब्ध आवश्यक संसाधनों आदि का निरीक्षण कर जायजा लिया गया। भ्रमण के दौरान नल जल योजना के कार्यो, विद्युत बिल व निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा पौधारोपण कार्य का जायजा लिया गया उन्होंने ग्रामीण जनों से चर्चा कर विकास कार्यों की जानकारी ली।
समाचार 12
शिविर में आम जनों की सुनी गई समस्याएं
उमरिया
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत उमरिया के शहरी क्षेत्र में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर राखी सहाय ने उमरिया नगर के विभिन्न वार्डो का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जनहितकारी योजनाओं के लाभ तथा लोगों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के उददेश्य से उमरिया के रानी दुर्गावती भवन में शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में कलेक्टर ने लोगो की समसयाएं सुनी तथा विभागीय अधिकारियों को समुचित कार्यवाही के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उददेश्य जनता का विश्वास प्राप्त करना और सुशासन देना है।
