समाचार 01 फ़ोटो 01

गांजा तस्करों के खिलाफ 3 स्थानों पर कार्यवाई,  7.27 लाख का 14.88 किलो गाँजा जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

अनूपपुर

पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उड़ीसा राज्य से गांजा तस्कर मादक पदार्थ गांजा लेकर थाना जैतहरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम वेंकटनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करने के उद्देश्य से आने वाले हैं। एसपी ने अनूपपुर द्वारा गांजा तस्करों की धरपकड़ एवं मादक पदार्थ की बरामदगी हेतु टीम गठित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में थाना जैतहरी एवं पुलिस सहायता केन्द्र वेंकटनगर से कुल 03 टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों द्वारा तीन अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। ग्राम मुण्डा गढ़ियाटोला स्थित कचरा घर, गढ़ियाटोला जाने वाले रास्ते के किनारे, थाना जैतहरी। आमाडांड तिराहा यात्री प्रतीक्षालय, ग्राम आमाडांड, थाना जैतहरी। मुण्डा जरोधा टोला मेन रोड किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय, ग्राम मुण्डा।

कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से कुल 14.888 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त किया गया।गिरफ्तार आरोपियों में कैबल मुना पिता सिधेश्वर मुना, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम सिलेटपारा, थाना घंटापारा, जिला बौध (उड़ीसा) के कब्जे से 5.430 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,50,000/- जप्त की गई। रसीका दीप पिता हरि दीप, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम रिगांपारा, थाना घंटापारा, जिला बौध (उड़ीसा) के कब्जे से 6 किलो 543 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,27,150/- जप्त की गई। बिभार पिता टीकेधर बिभार, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम रेघामुण्डा, थाना घंटापारा, जिला बौध (उड़ीसा) के कब्जे से 2.915 किलोग्राम गांजा, पैकेट सहित जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,50,000/- जप्त की गई।

उपरोक्त तीनों आरोपियों का कृत्य धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दण्डनीय पाए जाने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना जैतहरी में पृथक-पृथक अपराध कायम किए गए हैं तथा प्रकरणों को विवेचना में लिया गया है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

स्टेट साइबर की टीम पहुँची जांच करने, अश्लील वीडियो वाले मामले ने एसपी ने पुलिसकर्मी को किया निलंबित

*नाबालिग से जुड़ा मामला*

अनूपपुर। 

नाबालिग बालिका से जुड़े अश्लील वीडियो पोस्ट करने के मामले में कार्रवाई के लिए जबलपुर से अनूपपुर पहुंची स्टेट साइबर सेल की टीम के साथ मौजूद प्रधान आरक्षक को पुलिस अधीक्षक अनूपपुर ने निलंबित कर दिया है। मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। वहीं, आरोपी के अपराध की जानकारी परिजनों को होने के बाद आत्महत्या की एक घटना सामने आने की जानकारी है।

थाना राज्य साइबर सेल जबलपुर में अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत धारा 67(बी) आईटी एक्ट एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 15 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले में कोमल सिंह पर नाबालिग बालिका से संबंधित अश्लील वीडियो पोस्ट करने का आरोप है। प्रकरण में जबलपुर पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की गई थी।

इसी मामले में स्टेट साइबर सेल जबलपुर से निरीक्षक सविता नीरज ठाकुर के नेतृत्व में टीम अनूपपुर पहुंची थी। टीम के साथ प्रधान आरक्षक क्रमांक 31 निरंजन खलखो भी मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान प्रधान आरक्षक के संबंध में शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अनूपपुर ने निष्पक्ष जांच के उद्देश्य से उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

सूत्र बताते है की आरोपी के अपराध से संबंधित जानकारी उसके परिजनों तक पहुंचने के बाद आत्महत्या की घटना सामने आई है। प्रथम दृष्टया आत्मग्लानि की संभावना व्यक्त की जा रही है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जांच जारी है। 

मामला नाबालिग बालिका से संबंधित होने के कारण पुलिस द्वारा प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्रवाई की जा रही है। साइबर अपराध से जुड़े इस प्रकरण में सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने और नाबालिग से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री के इस्तेमाल के आरोपों की जांच की जा रही है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से कर दी हत्या, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

शहडोल 

बुढ़ार थाना क्षेत्र के सरईकापा गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना देर शाम की बताई जा रही है। वारदात के बाद परिजनों ने आरोपी पति को एक कमरे में बंद कर दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।  बुढ़ार पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, सरईकापा निवासी काजल बैगा उम्र 23 वर्ष की उसके पति सुनील बैगा ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि सुनील ने काजल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार के लोगों ने आरोपी पति को कमरे में बंद कर दिया, ताकि वह मौके से भाग न सके। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी सुनील बैगा बाहर रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही गांव वापस लौटा था। ग्रामीणों के अनुसार, उसका व्यवहार सनकी बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

श्री नर्मदे हर सेवा न्यास की पहल से तैयार हो रही औषधीय पौधों की नर्सरी, किसानों को मिलेगी औषधीय खेती की नई दिशा

अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक में पर्यावरण संरक्षण, आयुर्वेदिक परंपरा के संवर्धन तथा ग्रामीण आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री नर्मदे हर सेवा न्यास द्वारा औषधीय पौधों की नर्सरी तैयार की जा रही है। न्यास के अध्यक्ष रामलाल रौतेल के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी नेतृत्व में यह कार्य निरंतर प्रगति पर है। इस अभिनव प्रयास का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों, विशेषकर किसानों और ग्रामीण परिवारों को औषधीय खेती के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें गुणवत्तायुक्त पौधे उपलब्ध कराकर स्वरोजगार एवं अतिरिक्त आय के अवसर प्रदान करना है।

न्यास की नर्सरी में अनेक महत्वपूर्ण औषधीय एवं उपयोगी पौधों के बीजों का रोपण कर व्यवस्थित रूप से पौध तैयार किए गए हैं। इनमें आंवला, हर्रा, बेल, अश्वगंधा, सिंदूर, तुलसी, मुनगा तथा अर्जुन जैसे बहुमूल्य औषधीय पौधे प्रमुख हैं। ये पौधे न केवल आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति में अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं।

न्यास के पदाधिकारियों ने बताया कि अमरकंटक क्षेत्र प्राकृतिक रूप से औषधीय वनस्पतियों की दृष्टि से समृद्ध है। यदि स्थानीय किसान वैज्ञानिक तरीके से औषधीय पौधों की खेती करें तो उन्हें कम लागत में बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त हो सकता है। इसी उद्देश्य से न्यास द्वारा चरणबद्ध तरीके से पौध वितरण, मार्गदर्शन तथा जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

समाचार 05 फ़ोटो 05

कुआं में गिरा युवक, गंभीर हालात में अस्पताल में चल रहा इलाज

अनूपपुर

जिला मुख्यालय से 6 किलोमीटर दूर स्थित कर्राटोला गांव में अचानक युवक खेत के कुआं में गिर जाने पर परिजनों एवं पड़ोसियों के द्वारा निकाल कर जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाकर भर्ती कराया जिसकी हालात नाजुक बनी हुई है।

घटना के संबंध में युवक के पिता जागेश्वर सिंह ने बताया की दोपहर में अपनी पत्नी एवं 18 वर्ष पुत्र उत्तम सिंह के साथ गांव से बाहर घर के पास खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक 18 वर्षीय पुत्र उत्तम सिंह कुआं में गिर गया, जिसके गिरने की आवाज आते ही मां देखकर हो हल्ला करने पर वह स्वयं एवं परिजनो तथा पड़ोसियों द्वारा उत्तम को कुंआ से बाहर निकाल कर मोटरसाइकिल से जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाकर  चिकित्सकों को दिखाते हुए उपचार हेतु भर्ती किया गया है, जिसकी दोपहर बाद तक स्थिति गंभीर बनी हुई है युवक का चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

खनिज विभाग की कार्यवाही, अवैध रेत परिवहन में 2 ट्रैक्टर व 1 हाइवा जब्त

 शहडोल। 

जिला खनिज विभाग की टीम लगातार अवैध रेत के भंडारण और परिवहन पर नजर रख रही है। इसी क्रम में ब्यौहारी तहसील क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रेत से भरे तीन वाहनों को जब्त किया गया है।

मध्यरात्रि में खनिज विभाग की टीम ने तहसील ब्यौहारी के ग्राम मैरटोला में पेट्रोल पंप के पास जांच की। इस दौरान हाईवा क्रमांक एम पी 17/ जेड एफ /1742 में करीब 28 घनमीटर खनिज रेत का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान वाहन चालक के पास रेत परिवहन के लिए आवश्यक अभिवहन पारपत्र (ETP) नहीं मिला। इसके बाद टीम ने वाहन को जब्त कर लिया।

हाईवा के स्वामी मृगेंद्र सिंह उर्फ चिक्कू, निवासी कंधवार, जिला सीधी बताए गए हैं। कार्रवाई के दौरान दो अन्य ट्रैक्टर भी खनिज रेत का परिवहन करते पाए गए। इनमें एक ट्रैक्टर का पंजीयन क्रमांक MP18ZK7247 है, जबकि दूसरा मैसी फर्ग्यूसन कंपनी का लाल रंग का ट्रैक्टर है, जिस पर नंबर दर्ज नहीं था।

खनिज विभाग ने तीनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाना ब्यौहारी परिसर में खड़ा कराया है। विभाग की ओर से बताया गया है कि सभी वाहनों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रकरणों को कलेक्टर न्यायालय, शहडोल में प्रस्तुत किया जाएगा।

समाचार 07 फ़ोटो 07

तहसीलदार, सीएमओ सहित 14 पीठासीन अधिकारियों पर कलेक्टर ने लगाया 9.5 हजार का जुर्माना

शहडोल

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट पार्थ जायसवाल ने मध्यप्रदेश लोक सेवाओ  के प्रदाय की गारंटी अधिनियम 2010 की धारा 5 (1) (2) के तहत सेवाओ के आवेदनो को बिना किसी पर्याप्त तथा युक्तियुक्त कारण से सेवा प्रदान करने में विलंब होने पर संबंधित अधिकारियो के विरूद्व 9500 रूपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है।

कलेक्टर ने प्रमाण पत्र न प्रदाय करने हेतु नगरपालिका अधिकारी धनपुरी अमित तिवारी, भूमि का सीमांकन संबंधित प्रकरण पर नायब तहसीलदार सोहागपुर श्यामलाल मोगरे, जन्म के 1 वर्ष के पश्चात पंजीयन के लिए अनुमति संबंधित हेतु दीपक पटेल तहसीलदार सोहागपुर, अविवादित नामान्तरण नहीं करने संबंधित हेतु नायब तहसीलदार जयसिंहनगर शनि द्विवेदी, मृत्य  प्रमाण पत्र संबंधित हेतु ग्राम पंचायत कुबरा के सचिव रामचरित साहू,  ग्राम पंचायत जैतपुर के सचिव प्रभुनाथ बैगा, संग्राम सिंह ग्राम पंचायत तेंदूडोल, ग्राम पंचायत धमनीकला के सचिव अरूण मिश्रा, ग्राम पंचायत मैरटोला के सचिव लक्ष्मण कोल, विवाह के पंजीयन संबंधित हेतु ग्राम पंचायत खैरहा अजय सिंह, रामकिशोर पटेल सचिव ग्राम पंचायत आखेटपुर पर जन्म प्रमाणपत्र समय पर नहीं उपलब्ध कराने पर, अनुज्ञप्ति का नवीनीकरण करने संबंधित सहायक संचालक उद्यानिकी झनक सिंह के विरूद्व 500-500 रूपये  का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है।

वही मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने संबंधित ग्राम पंचायत गोपालपुर के सचिव  के विरूद्व 1500 रूपये, जन्म प्रमाण पत्र प्रदाय  न करने पर नगरपालिका अधिकारी शहडोल निशांत सिंह के विरूद्व 2000 रूपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया। जारी आदेश में कहा गया है कि अधिरोपित अर्थदण्ड की राशि को संबंधित अधिकारी तीन दिवस के अंदर जमा कराने के लिए कहा गया है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

विश्व हाथी दिवस पर चित्रकला, निबंध, रंगोली व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता संपन्न, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

उमरिया 

बाँधवगढ़ में विश्व हाथी दिवस 2026 के अवसर पर 3 दिनों तक लगातार चलने वाले कार्यक्रमों के आयोजन के तृतीय दिन विश्व हाथी दिवस 12 अगस्त 2026 को आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम तथा "चित्रकला प्रतियोगिता", "निबंध प्रतियोगिता", " रंगोली प्रतियोगिता"  एवं "प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता" के विजेता हुए पुरस्कृत।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्य प्रदेश भोपाल डॉ समीता राजोरा के मार्गदर्शन मे, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में विश्व हाथी दिवस 2026 के अवसर पर तीन दिनों तक लगातार चलने वाले कार्यक्रमों के आयोजन का तृतीय दिवस पूर्ण हुआ। इको सेंटर ताला में मुख्य कार्यक्रम बहुत ही उत्साह तथा गरिमापूर्वक मनाया गया। 

बाँधवगढ़ में विश्व हाथी दिवस 2026 के अवसर पर क्षेत्र संचालक  के नेतृत्व  में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के इको सेंटर, ताला में हाथी संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र छात्राओं तथा समस्त पक्षों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए हाथियों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा तथा मानव-हाथी सह-अस्तित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों, विद्यार्थियों तथा शिक्षक - शिक्षिकाओं के स्वागत एवं पंजीयन से हुई। इसके पश्चात “Feed the Giants” गतिविधि के अंतर्गत इको सेंटर में उपस्थित कैंप हाथियों (सूर्या एवं रामा) को महावतों की देखरेख में अतिथियों एवं विद्यार्थियों द्वारा फल एवं गन्ना खिलाया गया तथा उनसे मित्रता की गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए हाथी संरक्षण विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा हाथी संरक्षण पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। साथ ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सभी 9 परिक्षेत्रों में आयोजित पेंटिंग, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समाचार 09

तिरंगा जनजागरूकता दिवस, घर-घर होंगे संपर्क

उमरिया

भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त तक जिले में “हर घर तिरंगा” अभियान-2026 का आयोजन किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में 13 अगस्त को हर घर तिरंगा जनजागरूकता दिवस, घर-घर संपर्क, नागरिकों से तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किए जाने के साथ ही ग्राम वार्ड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएगे । कार्यक्रम की जिम्मेदारी पंचायत, नगर निकाय, सभी विभाग की होगी।

समाचार 10

शाला भवन के लिए 53.50 लाख रूपये की स्वीकृति 

उमरिया

जिले में घुलघुली कोलमाइंस के समीप स्थित घुलघुली एवं ददरीटोला में नवीन शाला भवन के लिए एसईसीएल व्दारा 53.50 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है। यह कार्य सीएसआर मद से कराया जाएगा। कलेक्टर राखी सहाय तथा एसईसीएल जोहिला के एजीएम के मध्य आज भवन निर्माण कार्य के लिए एमओयू पर सहमति हुई। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर व्दारा भवन निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। एजेंसी व्दारा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

संजय पाठक व अन्य को भेजा 5 करोड़ का कानूनी नोटिस, बिना शर्त मांगे माफी

*सुप्रीम कोर्ट के आदेश को धोखाधड़ी व साजिश से जोड़कर भ्रामक उल्लेख कर प्रस्तुत किया*


कटनी

महेंद्र गोयनका की ओर से अधिवक्ता आर्यन उर्मलिया, अधिवक्ता, मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर ने न्यूज़ वेब पोर्टल yashbharat.com के मालिक/संपादक/प्रधान संपादक/प्रकाशक विधायक संजय सत्येंद्र पाठक एवं संवाददाता उषा पमनानी yasbharat.com को दिनांक 10 अगस्त 2026 को लीगल नोटिस जारी किया है। नोटिस में 8 अगस्त 2026 को प्रकाशित उस खबर पर आपत्ति दर्ज कराई गई है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के 7 अगस्त 2026 के आदेश का कथित रूप से गलत एवं भ्रामक उल्लेख करते हुए महेंद्र गोयनका को धोखाधड़ी एवं साजिश से जोड़कर प्रस्तुत किया गया।

लीगल नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित मामला SLP (C) No. 26908/2025 – Euro Pratik Ispat (India) Private Limited vs Geomin Industries Private Limited एवं अन्य से संबंधित है। सुप्रीम कोर्ट ने 7 अगस्त 2026 के अपने आदेश में संबंधित Commercial Court, Jabalpur को आदेश 39 नियम 1 & 2 CPC के अंतर्गत लंबित आवेदन पर दो माह के भीतर निर्णय लेने का निर्देश दिया है। साथ ही अंतरिम निर्देशों को आवेदन के निर्णय तक जारी रखने की बात कही गई है।

लीगल नोटिस का सबसे महत्वपूर्ण आधार यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में मामले के मेरिट पर कोई राय व्यक्त नहीं की है। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के पैरा 4 में स्पष्ट रूप से अभिलिखित है कि न्यायालय ने मामले के मेरिट पर कोई राय व्यक्त नहीं की है और Commercial Court अपने स्तर पर मामले का निर्णय करेगी। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के पैरा 5 में पक्षकारों के सभी अधिकार एवं दलीलें Commercial Court के समक्ष खुली रखी गई हैं।

इसके बावजूद विधायक संजय पाठक द्वारा संचालित न्यूज़ पोर्टल yashbharat.com द्वारा प्रकाशित खबर के शीर्षक में “धोखाधड़ी के आरोपी महेन्द्र गोयंका…”तथा खबर के भीतर महेंद्र गोयनका द्वारा “हर स्तर पर धोखाधड़ी और साजिश” किए जाने जैसे आरोपों को इस प्रकार प्रस्तुत किया गया, जिससे आम पाठक के बीच यह धारणा बनने की संभावना है कि सुप्रीम कोर्ट ने स्वयं महेंद्र गोयनका के विरुद्ध धोखाधड़ी या साजिश की कोई न्यायिक पुष्टि की है। नोटिस में इसे न्यायिक आदेश के वास्तविक प्रभाव से अलग और भ्रामक प्रस्तुतीकरण बताया गया है।

लीगल नोटिस में यह भी कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश में महेंद्र गोयनका के विरुद्ध धोखाधड़ी, ठगी, जालसाजी या साजिश की कोई न्यायिक finding दर्ज नहीं की गई है। न्यायालय ने विवाद के गुण-दोष पर निर्णय नहीं दिया है, बल्कि संबंधित आवेदन पर Commercial Court को निर्णय लेने के लिए कहा है।

*48 घंटे में खबर हटाने और बिना शर्त माफी की मांग।*

कानूनी नोटिस के माध्यम से Yashbharat.com से 48 घंटे के भीतर विवादित खबर को हटाने अथवा उसके प्रभाव को स्पष्ट रूप से सुधारने की मांग की गई है। इसके अलावा सोशल मीडिया पोस्ट, लिंक, री-पोस्ट, थंबनेल एवं अन्य डिजिटल सामग्री को हटाने तथा मूल खबर के समान प्रमुखता के साथ बिना शर्त माफी और स्पष्ट सुधार प्रकाशित करने की मांग की गई है।

नोटिस में यह भी मांग की गई है कि पोर्टल स्पष्ट रूप से बताए कि 7 अगस्त 2026 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश में महेंद्र गोयंका द्वारा धोखाधड़ी या साजिश किए जाने की कोई न्यायिक finding दर्ज नहीं की गई थी और पूर्व प्रकाशित खबर ने न्यायिक आदेश के प्रभाव को गलत अथवा भ्रामक रूप से प्रस्तुत किया था।

*₹5 करोड़ के हर्जाने की मांग*

मानहानि और प्रतिष्ठा को हुई कथित क्षति के लिए लीगल नोटिस में ₹5,00,00,000 (पांच करोड़ रुपये) के हर्जाने/क्षतिपूर्ति की मांग की गई है। नोटिस में कहा गया है कि डिजिटल माध्यम पर प्रकाशित सामग्री लगातार उपलब्ध रहने, शेयर होने और पुनर्प्रकाशित होने के कारण प्रतिष्ठा को होने वाली क्षति और बढ़ सकती है।

*कानूनी कार्रवाई की चेतावनी*

लीगल नोटिस में कहा गया है कि यदि निर्धारित 48 घंटे की अवधि में पूर्ण संतोषजनक अनुपालन नहीं किया जाता है, तो महेंद्र गोयनका को कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई करने का अधिकार होगा। इसमें मानहानि के लिए दीवानी कार्यवाही, लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आपराधिक कार्रवाई, उचित मामलों में अवमानना संबंधी कार्यवाही, आगे प्रकाशन पर रोक, सामग्री हटाने एवं अन्य वैधानिक राहत की मांग शामिल हो सकती है।

नोटिस के अंत में यह भी कहा गया है कि संबंधित खबर से जुड़े डिजिटल एवं दस्तावेजी साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए, जिसमें मूल खबर, उसके ड्राफ्ट, संपादकीय रिकॉर्ड, स्रोत सामग्री, ई-मेल/व्हाट्सऐप संचार, प्रकाशन एवं एडिटिंग लॉग, CMS रिकॉर्ड तथा सोशल मीडिया से संबंधित रिकॉर्ड शामिल हैं।

महेंद्र गोयनका की ओर से अधिवक्ता आर्यन उर्मलिया द्वारा जारी इस कानूनी नोटिस के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया है कि न्यायालय के आदेश की वास्तविक विषय-वस्तु और उसके कानूनी प्रभाव को सही रूप में प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है तथा किसी न्यायिक आदेश में दर्ज न किए गए निष्कर्षों को न्यायालय के नाम से प्रस्तुत करना गंभीर विषय है।

सूत्रों के अनुसार इसी प्रकार पूर्व में कोलकाता में दर्ज कराई गई एक झूठी एफआईआर के कारण विगत दिनों कोलकाता पुलिस द्वारा महेंद्र गोयनका को हिरासत में लिया गया था , उक्त प्रकरण में श्री गोयनका को कोलकाता के जिला न्यायालय से जमानत मिल चुकी है, परंतु उक्त झूठी FIR दर्ज करवाने वाले व्यक्ति की कंपनी की कुल वैल्यू 8 करोड़ है, परन्तु उक्त विषय पर भी महेंद्र गोयनका ने की 1000 करोड़ की धोखाधड़ी शीर्षक लिखवाकर समाचार प्रकाशित एवं प्रसारित कराये गये थे, जिसके संबंध मे उक्त बेबुनियाद समाचार प्रकाशित एवं प्रसारित करने वालों को पृथक से मानहानि का लीगल नोटिस भेजा जा रहा है।

जेल भरो आंदोलन को मिला व्यापक समर्थन, सैकड़ों किसान मजदूर एवं महिलाओं ने दी गिरफ्तारी

*मजदूरो को फिर से बंधुआ बनाने की साजिश*


अनूपपुर

संयुक्त ट्रेड यूनियन एवं संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आव्हान पर जिला मुख्यालय अनूपपुर में जेल भरो आंदोलन का व्यापक असर देखने को मिला। जेल भरो आंदोलन का नेतृत्व सीटू जिला समिति अनूपपुर, मध्यप्रदेश किसान सभा जिला समिति अनूपपुर,अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति अनूपपुर एवं आदिवासी एकता महासभा जिला समिति अनूपपुर के अगुआई में सैकड़ों के तादाद में गिरफ्तारी दी गई। गिरफ्तारी के पूर्व आमसभा का आयोजन किया गया।

आमसभा को महिला एवं किसान नेत्री कामरेड नीना शर्मा ने संबोधित करते हुए कहीं कि भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में आज देश में हर तरफ हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 42 श्रम कानून खत्म कर 4 लेबर कोड लाए। अब फैक्ट्री बंद करो, हड़ताल मत करो, 12 घंटे काम करो। मजदूर को फिर से बंधुआ बनाने की साजिश है। सारी सरकारी नौकरी ठेके और आउटसोर्स में बदल दी।अमेरिका से डील करके हमारी मंडी विदेशी माल के लिए खोल दी। डेयरी, सोयाबीन, मक्का सब बर्बाद। ऊपर से मनरेगा को कमजोर कर दिया। खेत मजदूर को भूखा मरने पर छोड़ दिया।

जल, जंगल, जमीन छीनी जा रही है। कॉरपोरेट को सब सौंप दिया। महंगाई, बेरोजगारी और अत्याचार बढ़े। महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ सत्ता की राजनीति हो रही है। बिना शर्त महिला आरक्षण लागू करवाने के लिए पिछले 17 दिन से हमारी बहनें जंतर मंतर पर बैठी हैं, पर सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।

व्यापमं, NEET, CUET, SSC... हर परीक्षा में घोटाला। होनहार छात्रों का हक मारा जा रहा है। जब छात्रों ने आवाज उठाई तो उन्हें कुचला गया। लेकिन बच्चों ने बता दिया कि तानाशाहों से मजाक-मजाक में भी लड़ा जाता है। अडानी-अम्बानी को मजबूत करने के लिए और 140 करोड़ जनता को बदहाल करने के लिए।

नेताओ ने कहा की साथियों, ये सरकार दमन करती है। पर न किसान झुका, न मजदूर झुका, न छात्र झुके, न महिलाएं झुकीं। इसलिए अब वक्त है - इस क्रूर और तानाशाह सरकार की मनमानी रोकने का। आगामी समय में लड़ाई और तेज करनी होगी। सैकड़ों कार्यकर्ता ने गिरफ्तारी दी और उन्हें पुलिस वाहन में ठूंस कर जेल भेजने की कार्यवाही की गई, और बिना शर्त के रिहा किया गया।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget