समाचार 01 फ़ोटो 01
चक्कर आने से सड़क पर गिरे अधेड़ के ऊपर चढ़ा कार का पहिया, हुई मौत, कार चालक हुआ फरार
अनूपपुर
जैतहरी थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन से सटे मुख्य बाजार क्षेत्र में टहल रहे 58 वर्षीय महेश गुप्ता को अचानक चक्कर आया और वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे की ओर बैक हो रही एक कार का पिछला पहिया उनके सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
महेश गुप्ता वार्ड क्रमांक 7 निवासी बाबूलाल गुप्ता के पुत्र जो हार्डवेयर की दुकान संचालित करते थे। घर से टहलने के लिए निकले थे। बताया गया कि जिस स्थान पर वे गिरे, उससे कुछ ही दूरी पर एक कार चालक वाहन को पीछे कर रहा था। चालक ने साइड मिरर देखे बिना कार बैक कर दी। इसी दौरान कार का पिछला पहिया महेश गुप्ता के सीने पर चढ़ गया।
कार चालक को पहले लगा कि वाहन के पीछे कोई बड़ा अवरोध आ गया है। नीचे उतरकर देखने पर महेश गुप्ता बेहोशी की हालत में पड़े मिले। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उठाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के पहुंचने के बाद कार चालक उन्हें और उनके परिजनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टर हिमांशु पांडेय ने प्राथमिक जांच के बाद महेश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचाने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौप दिया है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में सीने पर टायर चढ़ने को मौत की वजह माना जा रहा है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है व फरार कार चालक की तलाश में जुटी गई है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
करोड़ों की नल-जल योजना पर सवाल, पिछले साल बह चुके स्टॉप डैम वाली जगह पर तकनीकी खामियों के बीच निर्माण जारी
अनूपपुर
नगर पालिका परिषद पसान क्षेत्र के 18 वार्डों के हर घर तक नल के माध्यम से पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित करोड़ों रुपये की नल-जल योजना निर्माण की धीमी गति और तकनीकी खामियों के चलते सवालों के घेरे में आ गई है। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना का कार्य नागपुर की सेंट्रल इंडिया लिमिटेड कंपनी द्वारा किया जा रहा है। योजना के तहत क्षेत्र की जीवनदायिनी केवई नदी पर स्टॉप डैम का निर्माण कर जल संग्रहण तथा पाइपलाइन के माध्यम से नगर के 18 वार्डों में जलापूर्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना को नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है, लेकिन वर्तमान कार्य की गति को देखकर समय सीमा में कार्य पूरा होने को लेकर भी आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं।
गंभीर सवाल यह है कि केवई नदी के प्रवाह पर बनाया जा रहा स्टॉप डैम पिछले वर्ष नदी के तेज बहाव में क्षतिग्रस्त होकर धराशायी हो चुका है। इसके बावजूद इस वर्ष भी कथित तौर पर आवश्यक तकनीकी सुधार और नदी के प्रवाह को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए बिना निर्माण कार्य जारी रहने के आरोप लग रहे हैं।
नागरिकों को उम्मीद है कि इस योजना के माध्यम से उन्हें नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। लेकिन यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता हुआ और स्टॉप डैम ही सुरक्षित नहीं रहा तो पूरी जलापूर्ति योजना का उद्देश्य प्रभावित हो सकता है। लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग द्वारा निर्माणाधीन स्टॉप डैम का स्वतंत्र तकनीकी निरीक्षण कराया जाए। पिछले वर्ष डैम के क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा वर्तमान निर्माण में उन कमियों को दूर किया गया है या नहीं, इसका तकनीकी सत्यापन कराया जाए।
परियोजना को नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। समय सीमा नजदीक आने के बावजूद निर्माण कार्य की धीमी गति और तकनीकी तैयारियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि कार्य इसी रफ्तार से चलता रहा तो निर्धारित समय में योजना पूरी होना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अब देखना यह होगा कि मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन इस मामले में संज्ञान लेकर निर्माण की जाँच कब तक कराती है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
गड्ढे में भरे पानी मे नहाने गए दो भाई की डूबने से हुई मौत, परिवार में शोक का माहौल
शहडोल
अमलाई थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट के पास दफाई में दर्दनाक हादसा हो गया। तालाबनुमा गड्ढे में नहाने उतरे दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची अमलाई पुलिस ने दोनों बच्चों के शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।
पुरानी अमराडंडी निवासी विक्रम सिंह गोंड के बेटे विवेक सिंह गोंड 14 वर्ष और बारिश सिंह गोंड 10 वर्ष खेलते-खेलते दफाई स्थित पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गए। दोनों नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान विवेक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को बचाने के प्रयास में बारिश भी पानी में उतर गया, लेकिन वह भी गहराई में जाकर डूब गया।
आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को पानी से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की जानकारी घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
ट्रक व बाइक की टक्कर से एक की हुई मौत, ड्राइवर ट्रक छोड़कर हुआ फरार
शहडोल
खैरहा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेंद्रा गेट के समीप सोमवार को सड़क पर दौड़ती रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बाइक और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार खैरहा निवासी मोहम्मद मकबूल (लगभग 55 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण बताई जा रही है कि हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही खैरहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
राजेंद्रा गेट और आसपास के मार्ग से कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों की आवाजाही से कई दुर्घटना हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर लंबे समय से चिंता जताई जाती रही है। सवाल यह है कि यदि लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है तो यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे। कोयला परिवहन से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों पर सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं हो सकती। एसईसीएल और परिवहन व्यवस्था से जुड़े संबंधित पक्षों की भूमिका पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
ट्रक ने तीन गाय को कुचला, हुई मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने दी कार्यवाही न होने पर चक्काजाम की चेतावानी
शहडोल
अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले स्टेट हाईवे स्थित बटुरा मुख्य मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन गायों की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। बेकाबू रफ्तार का यह तांडव देख स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में भारी जनआक्रोश है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों और बटुरा उपसरपंच ने बताया कि यह भीषण हादसा ट्रांसपोर्ट वाहनों की बेलगाम रफ्तार और घोर लापरवाही का नतीजा है। ग्रामीणों के अनुसार, देर रात ट्रांसपोर्ट के वाहन अमलाई थाना क्षेत्र के इस मुख्य मार्ग से बेहद खतरनाक गति में गुजरते हैं। बीती रात भी इसी अंधी रफ्तार ने तीन निर्दोष गौमाताओं की बलि ले ली।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर जमा हो गए। अमलाई थाना क्षेत्र के बटुरा में आक्रोशित ग्रामीणों और उपसरपंच ने साफ कर दिया है कि यदि पुलिस प्रशासन ने जिम्मेदार ट्रांसपोर्ट वाहन और दोषी चालक पर तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई नहीं की, तो वे शांत नहीं बैठेंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट रूप से जाहिर कर दिया है कि यदि मामले में तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्टेट हाईवे बटुरा पर उग्र प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन हो रहे इन हादसों पर लगाम लगाना बेहद जरूरी हो गया है, और यदि मार्ग बाधित होता है तो इसकी पूरी जवाबदेही स्थानीय अमलाई थाना पुलिस व प्रशासन की होगी।
समाचार 06 फ़ोटो 06
सावन सोमवार को उमड़ा आस्था का सैलाब, कांवड़ में नर्मदा जल लेकर ज्वालेश्वर धाम पहुंचे हजारों श्रद्धालु
अनूपपुर
मां नर्मदा की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक में श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को आस्था और शिवभक्ति का विराट दृश्य देखने को मिला। ब्रह्ममुहूर्त से ही अमरकंटक के प्रमुख घाटों, मंदिरों और शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। तड़के लगभग 3 बजे से ही स्नान, दर्शन, पूजन-अर्चन और जलाभिषेक का क्रम प्रारंभ हो गया था। चारों ओर “हर-हर महादेव”, “बोल बम”, “बम-बम भोले” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष गूंजते रहे।
मध्यप्रदेश विभिन्न क्षेत्रों व अन्य राज्यों से भारी संख्या में शिवभक्त कावड़िया अमरकंटक पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा उद्गम कुंड में पूजा-अर्चना कर पवित्र नर्मदा जल कांवड़ में धारण किया और भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए विभिन्न शिवधामों की ओर प्रस्थान किया।
ज्वालेश्वर धाम पहुंचने से पूर्व बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कोटि तीर्थ घाट, कुंड तथा रामघाट में आस्था की पुण्य डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालु मां नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचे और मां नर्मदा के दर्शन-पूजन किए। इसके पश्चात कांवड़ में पवित्र नर्मदा जल लेकर भगवान ज्वालेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए पैदल रवाना हुए।
मां नर्मदा मंदिर में भी सुबह से ही भक्त श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां नर्मदा के दर्शन एवं पूजन करते रहे। मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। ज्वालेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भगवान ज्वालेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भीड़ को देखते हुए पुलिस सुरक्षा बल तैनात रहा तथा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों शिवभक्त अमरकंटक पहुंचते हैं और यहां से नर्मदा जल लेकर विभिन्न शिवधामों में जलाभिषेक करते हैं।
समाचार 07 फ़ोटो 07
महिलाओं ने मनाया सावन महोत्सव, हरे परिधान पहनकर लिया झूले का आनंद
अनूपपुर
कोतमा में महिलाओं द्वारा सावन महोत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। नगर की समाजसेवी रमा गुप्ता द्वारा किए गए आयोजन में कोतमा के सभी वार्डों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने हरी साड़ी, चूड़ी एवं आकर्षक श्रृंगार कर सावन की रंगत बिखेरी।कार्यक्रम का संचालन एवं विशेष प्रस्तुति वंदना बरसैया के द्वारा किया जाता रहा। आयोजन की शुरुआत धार्मिक भजनों एवं सावन गीतों से शुरू हुई। इसके बाद महिलाओं ने डांस, विभिन्न प्रकार खेलों और हास्य कविता पाठ सहित कई मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिसर में लगाए गए झूले का भी महिलाओं ने जमकर आनंद उठाया। इस दौरान गीता सराफ, छाया सोनी, रेखा सराफ, सीमा ब्यौहार, हर्षा मोटवानी, प्रियंका ताम्रकार, राजकली सोनी, रूपा गुप्ता, दीप्ति जायसवाल, अर्चना गहोई, प्रीति ताम्रकार , किरण सोनी सहित अन्य महिलाएं शामिल रही।
सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हुए जमकर मस्ती की। आयोजन में शामिल महिलाओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को एक साथ मिलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
समाचार 08 फ़ोटो 08
ट्रैक्टर बाइक की टक्कर, स्कूल जा रही छात्रा घायल
उमरिया
चंदिया स्कूल में अध्ययनरत कक्षा ग्यारहवीं की दो छात्रा सड़क हादसे का शिकार गई। घटना चंदिया थाना अंतर्गत ग्राम सलैया की बताई जा रही है। ये दोनों छात्राओं को परिजन अपने दो पहिया वाहन से हाइवे तक छोड़ने जा रहे थे, इसी दौरान मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर आ गया, ट्रैक्टर से दो पहिया भीड़ गई, जिसमे ये दोनों छात्राएं गघायल हो गयी। हादसे में छात्राओं का पैर एवम शरीर मे कई जगह चोट पहुंची है, दोनों छात्राएं आरती यादव एवम मीना यादव ग्राम सलैया की निवासी हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से त्वरित 108 को जानकारी दी गई, एम्बुलेंस की मदद से दोनो छात्राओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद घायल एक छात्रा को मेडिकल कालेज शहडोल रेफर किया गया है, वही दूसरी छात्रा को मामूली चोट के कारण परिजन घर ले गए हैं।
समाचार 09
खाद के लिए किसान घंटों लाइन में, फिर भी नही मिल रहा खाद
उमरिया
खरीफ सीजन में फसलों को यूरिया की जरूरत के बीच जिला मुख्यालय स्थित मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) के भंडारण केंद्र में सोमवार सुबह से ही किसानों का सैलाब उमड़ पड़ा है। यूरिया खाद लेने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों किसान तड़के ही केंद्र पहुंच गए।देखते ही देखते गोदाम परिसर और बाहर किसानों की लंबी कतार लगी हुई है। हालात यह है कि किसानों की भीड़ के चलते पूरा परिसर खचाखच भरा हुआ है। घंटों लाइन में खड़े रहने के कारण बुजुर्ग और युवा किसान थककर परिसर में ही जमीन पर बैठ गए।कई किसान अपने नंबर का इंतजार करते-करते बेहद परेशान नजर आए किसानों का कहना है कि खाद वितरण की प्रक्रिया बेहद धीमी होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। खेतों में खड़ी फसलों को समय पर यूरिया नहीं मिलने से किसानों की चिंता बढ़ रही है।वहीं टोकन और पर्ची की प्रक्रिया में भी काफी समय लगने की बात किसान कह रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि केंद्र पर अतिरिक्त काउंटर और कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए, ताकि वितरण प्रक्रिया तेज हो और दूर-दराज से आए किसानों को खाद के लिए पूरा दिन कतार में न गुजारना पड़े।
समाचार 10
हर घर तिरंगा अभियान में निकाली गई तिरंगा रैली
उमरिया
स्वतंत्रता के अमृत संदेश को हर घर, हर गली और हर दिल तक पहुंचने के लिए जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान पूरे उत्साह जन भागीदारी और देश भाक्ति के वातावरण संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मप्र जन अभियान परिषद के तत्वाधान में तिरंगा रैली निकाली गई । कलेक्ट्रेट से प्रारंभ तिरंगा रैली का कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता ने नेतृत्व किया । रैली में अधिकारियों व विद्यार्थियों एवं जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं, स्व सहायता समूह की महिलाओं तथा एन एस एस के कैडर्स की सहभागिता रही । तिरंगा रैली कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरी। तिरंगा रैली के माध्यम से लोगो को इस अभियान को जन जन का उत्सव बनाने का संदेश दिया गया। भारत के राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर शासकीय एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में विशेष आयोजन होंगे।
समाचार 11
जिला जल स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न
उमरिया
कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में जिला जल स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता गतिविधियां नियमित तौर पर संचालित की जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से कचरों का घर घर से संग्रहण करने के लिए कचरा संग्रहण वाहन का उपयोग करनें तथा संग्रहित कचरे को नियत स्थान पर निष्पादन की प्रक्रिया सुनिश्चित करनें के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत व्यक्तिगत शौचालयों के लक्ष्य के विरूध्द शेष कार्यो को शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों के घरों में शौचालय निर्माण अनिवार्यतः कराने के निर्देश दिए गए । सामुदायिक स्वच्छता परिसर में पानी की अनिवार्यतः व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए साफ सफाई के साथ ही इसके सुचारू संचालन हेतु निर्देशित किया गया । कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी स्कूलों, आंगनबाडि़यो तथा छात्रावासों में स्थापित पानी की टंकियों की नियमित साफ सफाई कराएं तथा गोवर्धन योजना के तहत गौशालाओं में बायो गैस संयंत्र स्थापित कराएं ।