समाचार 01 फोटो 01
छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर खतरे का सफर, खोड़री नंबर 1–सुईडाड मार्ग से डामर गायब, आए दिन हादसे
*2030 तक रखरखाव, 2.36 किमी सड़क की डामर उखड़ी*
अनूपपुर
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कई बार सरकारी दावों की पोल खोल देती है। ऐसा ही मामला ग्राम खोड़री नंबर 1 से सुईडाड मार्ग का सामने आया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित लगभग 2.36 किलोमीटर लंबी यह सड़क वर्तमान में बेहद बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। छत्तीसगढ़ राज्य को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की पूरी डामर परत उखड़ चुकी है और जगह-जगह गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि पक्के मार्ग के बजाय यह उबड़-खाबड़ गिट्टी वाले रास्ते में तब्दील होती नजर आ रही है।
सड़क के किनारे लगे शासकीय सूचना बोर्ड पर दर्ज जानकारी के अनुसार इस मार्ग के संधारण एवं रखरखाव की अवधि 10 जून 2030 तक निर्धारित है। यानी सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी अभी समाप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद पूरी डामर परत उखड़ जाना संबंधित विभाग की निगरानी और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है आखिर जब वर्ष 2030 तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी तय है, तो फिर इसकी पूरी डामर परत गायब कैसे हो गई। जिम्मेदारअधिकारी क्या कर रहे हैं।
सड़क पर डामर पूरी तरह उखड़ने और गिट्टियां बाहर निकलने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क बेहद खतरनाक बन चुकी है। सड़क पर बिखरी गिट्टियां और उबड़-खाबड़ सतह वाहन चालकों के संतुलन को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
यह मामला केवल सड़क की बदहाली तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्माण गुणवत्ता, सरकारी धन के उपयोग और निर्धारित अवधि तक रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। आखिर इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और राहगीरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।
समाचार 02 फोटो 02
मोबाइल पर आया एक मैसेज और एसबीआई बैंक खाते से गायब हो गए 4.50 लाख रुपये, मामला दर्ज
अनूपपुर
जिले के राजनगर सेक्टर सी में वर्तमान में निवासरत दिनेश कुंवर 63वर्ष, पिता शिवजी कुंवर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के ग्राम हल्दी निवासी हैं। दिनेश कुंवर का भारतीय स्टेट बैंक की मनेन्द्रगढ़ शाखा में खाता है। शिकायत के अनुसार उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रकम कटने का संदेश आया। मोबाइल फोन पर यह संदेश देखा तो खाते से 4 लाख 50 हजार रुपये निकलने की जानकारी मिली।
यह रकम किसी सामान्य खरीदारी या उनके द्वारा किए गए भुगतान के बदले नहीं निकली थी। फरियादी ने अपने मोबाइल में एसबीआई के योनो ऐप को खोलकर ट्रांजेक्शन का विवरण देखा। वहां IMPS के माध्यम से 4 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई। लेनदेन के विवरण में IMPS TRANSFER TO 4698292162098 तथा IMPS/632314649916/UBIN-XX474-Arpan Ma/Transfer दर्ज था। फरियादी का कहना है कि उन्होंने न तो यह रकम किसी को भेजी और न ही इस लेनदेन की उन्हें कोई जानकारी थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। पुलिस अभिलेख के अनुसार, शिकायत के आधार पर 25 नवंबर 2026 को अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
इस मामले में केवल रकम ट्रांसफर होने की जानकारी पर्याप्त नहीं है। जांच के दौरान यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित IMPS लेनदेन किस माध्यम से अधिकृत हुआ, रकम प्राप्त करने वाले खाते का वास्तविक धारक कौन है, कथित धोखाधड़ी के पीछे कौन है, जांच के बाद सच सामने आएगा।
समाचार 03 फोटो 03
34 लाख की मरम्मत कार्य में खामियां उजागर, महाप्रबंधक ने लगाई फटकार, भुगतान रोकने की चेतावनी
अनूपपुर
एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र के कोतमा कालरी क्लब में करीब 34 लाख रुपये की लागत से कराए गए मरम्मत कार्य में सामने आई खामियों की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया है। महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए ठेकेदार से अधूरे एवं गुणवत्ता विहीन कार्य तत्काल दोबारा कराने को कहा है
बताया गया कि मरम्मत कार्य के बाद भी क्लब की छत से पानी टपकने, स्लैब में टूट-फूट, पुराने एंगलों को पेंट कर दोबारा लगाए जाने, बाथरूम के कार्य में खामियां तथा खिड़कियों में पुट्ठा लगाकर खानापूर्ति किए जाने जैसे मामले सामने आए थे। स्वीकृत एस्टीमेट के अनुरूप सामग्री लगाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए गए थे
मामले को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी ने एसओ सिविल विकास मल और ओवरसीज अमित को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि कोतमा कालरी क्लब का मरम्मत कार्य ठेकेदार से गुणवत्ता के साथ दोबारा कराया जाए। सीट-शीट में टाटा कंपनी की निर्धारित गुणवत्ता वाली सामग्री लगाने, पुराने एंगल हटाकर नए एंगल लगाने, बाथरूम का कार्य सही तरीके से कराने तथा अन्य अधूरे कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं खिड़कियों में पुट्ठा लगाकर की गई खानापूर्ति को भी दोबारा सही तरीके से कराने को कहा गया है
महाप्रबंधक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं मापदंड के अनुरूप नहीं कराया गया तो ठेकेदार सत्यम पाल का बकाया भुगतान रोका जाएगा साथ ही अनियमितता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाचार 04 फोटो 04
सीएमओ शिवांगी सिंह को जिला शहरी विकास अभिकरण में मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
अनूपपुर
जिले में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की महत्वाकांक्षी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन और प्रभावी मॉनिटरिंग को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किया है। इसके तहत नगर परिषद बरगवां (अमलाई) की मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवांगी सिंह बघेल को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ जिला शहरी विकास अभिकरण अनूपपुर में सहायक परियोजना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कार्यालय कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शिवांगी सिंह बघेल को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश पर्यंत तक अस्थायी रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश कलेक्टर के अनुमोदन एवं निर्देश पर अपर कलेक्टर द्वारा जारी किया गया है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की शासन द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन, सतत मॉनिटरिंग तथा आवश्यक प्रशासनिक सहयोग के उद्देश्य से यह अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इन योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत 2.0 एवं मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना प्रमुख रूप से शामिल हैं।
समाचार 05 फोटो 05
संभाग स्तरीय युवा उत्सव में 200 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा, लोकनृत्य व लोकगीत में शहडोल ने मारी बाजी
शहडोल
युवाओं की कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग शहडोल द्वारा जनपद पंचायत सोहागपुर के सभागार में संभाग स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में शहडोल संभाग के चार जिलों शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और डिंडोरी के लगभग 200 युवा कलाकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विधाओं में हुई प्रतियोगिताओं में कलाकारों ने अपनी कला और हुनर से दर्शकों का मन मोह लिया।
युवा उत्सव में नुक्कड़ नाटक, सामूहिक लोकगीत, सामूहिक लोकनृत्य, कविता लेखन और चित्रकला सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के माध्यम से आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं के समापन पर अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले युवा कलाकार राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शहडोल संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। संभाग स्तरीय युवा उत्सव के माध्यम से युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और अपनी कला को व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर मिला। आयोजन ने युवाओं में कला एवं संस्कृति के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।
समाचार 06 फोटो 06
बाल विवाह मुक्त समाज का संकल्प, पंचायत में गूंजा जागरूकता का संदेश, सैकड़ों लोग ने ली शपथ
उमरिया
कलेक्टर राखी सहाय एवं जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना पाली एवं युवा टीम उमरिया के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत गंजरी स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में इस विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में बाल विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करना, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा समाज को इस कुप्रथा के विरुद्ध एकजुट करना रहा।
कार्यक्रम में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक समस्या है। इसे समाप्त करने के लिए शासन-प्रशासन के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने कहा कि बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित रखने का संकल्प है। किसी भी बच्चे का बचपन समय से पहले विवाह की जिम्मेदारियों में नहीं बंधना चाहिए। बच्चों को अपने सपने देखने, शिक्षा प्राप्त करने और जीवन में आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो चुप न रहें, बल्कि संबंधित विभाग एवं प्रशासन को तत्काल सूचना दें।
समाचार 07 फोटो 07
पिकअप वाहनों से मवेशियों की संदिग्ध तस्करी का आरोप, शिवसेना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
शहडोल
अनूपपुर से जैतपुर एवं छोटी सीधी तक पिकअप वाहनों के माध्यम से मवेशियों के कथित अवैध परिवहन और पशु तस्करी की आशंका को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। इस संबंध में संगठन की ओर से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर संबंधित मार्गों पर संचालित पिकअप वाहनों, मवेशियों की लोडिंग-अनलोडिंग तथा रात के समय होने वाली गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
शिवसेना संभाग अध्यक्ष पवन पटेल के निर्देश पर जिला अध्यक्ष शिव चक्रवर्ती ने चौकी प्रभारी केशवाही के माध्यम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अनूपपुर क्षेत्र से जैतपुर एवं छोटी सीधी तक पिकअप वाहनों में नियमित रूप से मवेशियों का संदिग्ध परिवहन किया जा रहा है। संगठन ने इसे संभावित पशु तस्करी से जोड़ते हुए प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, लपटा से पिकअप वाहनों में मवेशियों को लोड कर चांदपुर, महोदा होते हुए फुनगा पहुंचाया जाता है। इसके बाद फुनगा तिराहा से बम्हनी, छिल्पा, मझौली और सकरा होते हुए गिरवा, मजीरा एवं केशवाही के रास्ते खाम्हीडोल तक ले जाने की बात कही गई है। यहां से भठिया होते हुए जैतपुर पहुंचकर मवेशियों को उतारे जाने की आशंका जताई गई है।
मवेशियों को उतारने के बाद पिकअप वाहन दोबारा लोड होकर चूहरी, लपरी और कुदरी के रास्ते छोटी सीधी पहुंचते हैं, जहां वाहनों को खाली कराया जाता है। मामले की निष्पक्ष जांच होने से कथित पशु तस्करी की वास्तविकता सामने आएगी और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
समाचार 08 फोटो 08
डायवर्सन शुल्क बाकी, तहसीलदार ने पेट्रोल पंप की संपत्ति कुर्क कर की सीज
उमरिया
तहसीलदार बांधवगढ़ दिलीप कुमार सोनी द्वारा न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 0005/अ-16/26-27, शासन विरुद्ध कौशल्या गौटिया में मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 147(1) के प्रावधानों एवं मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता (भू-राजस्व की उगाही) नियम, 2020 के अंतर्गत बकाया डायवर्सन शुल्क की वसूली हेतु कुर्की वारंट जारी किया गया।
उक्त प्रकरण में डायवर्सन शुल्क की बकाया राशि ₹1,88,398/- तथा आदेशिका जारी करने एवं उसके प्रवर्तन पर व्यय ₹500/- सहित कुल ₹1,88,898/- (एक लाख अट्ठासी हजार आठ सौ अट्ठानवे रुपये) की वसूली की जाना है।
कुर्की वारंट जारी होने के उपरांत संबंधित पेट्रोल पंप के विरुद्ध विधिवत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे सीज किया गया। उक्त कार्रवाई के अंतर्गत ग्राम भगड़ा, पटवारी हल्का कितरतालकला, तहसील बांधवगढ़ स्थित भूमि खसरा नंबर 3/1/1, रकबा 0.471 हेक्टेयर को कुर्क किया गया है। साथ ही आगामी न्यायालयीन आदेश तक संबंधित संपत्ति के विक्रय, दान अथवा अन्य प्रकार से हस्तांतरण पर प्रतिबंध लगाया गया है।