क्लच वायर बिछाकर जंगली सूअर का शिकार करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार,फंदा व मांस जब्त
अनूपपुर
जंगल में क्लच वायर फैलाकर जंगली सूअर का शिकार करने के आरोप में वन विभाग की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालयीन रिमांड के लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
अनूपपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम ताराडांड के कनेरी गढ़ के पास आरोपियों द्वारा जंगली सूअर के शिकार के लिए वायर फैलाया गया था जिसमें जंगली सुअर फंस गए। उसके पश्चात उक्त सूअर के मांस को पड़ोसियों को बांट दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली। मौके पर प्राप्त साक्ष्य, क्लच वायर, 25 नग फंदे और जंगली सूअर के मांस के प्रमाण के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की गई है।
वन विभाग की जांच और कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके माध्यम से संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई। आरोपी नैहर शाह उराँव, संतोष टिग्गा, गणेश एक्का, नरेश एक्का उराव टोला ताराडाड़ को वन विभाग अनूपपुर द्वारा तैयार न्यायालयीन रिमांड आवेदन में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
