समाचार 01 फोटो 01

राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में राखड़ से भरे कैप्सूल ट्रक में लकड़ी से लदा ट्रक पीछे टकराया, दो लोगों की हुई मौत

*ट्रक का केबिन हुआ चकनाचूर, उड़ीसा से आ रहा था ट्रक*

अनूपपुर

जिले के कोतमा में नेशनल हाईवे-43 पर बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े राखड़ से भरे कैप्सूल में लकड़ी से लदा ट्रक पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।

ओडिशा से लकड़ी लोड कर ट्रक अनूपपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोतमा के बुरहानपुर रोड पर सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लकड़ी लोड ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी शाहिद और सुलतान के रूप में बताई जा रही है। ट्रक ओडिशा से लकड़ी लेकर शहडोल की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोतमा क्षेत्र में यह हादसा हुआ।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक की टक्कर सड़क किनारे खड़े राखड़ के कैप्सूल से हुई। भिड़ंत के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक शाहिद और खलासी सुलतान केबिन में फंस गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलने पर कोतमा पुलिस मौके पर पहुंची। केबिन में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव निकाले जा सके।इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे ने नेशनल हाईवे-43 पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। 

समाचार 02 फोटो 02

राष्ट्रीय राजमार्ग 43 शुक्ला ढाबा के पास खड़े ट्रक में घुसी बाइक, युवक की मौत

​अनूपपुर 

कोतमा राष्ट्रीय राजमार्ग -43 पर शुक्ला ढाबा के समीप गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मनेंद्रगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक पंचर बनवाने के लिए सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

​शुक्ला ढाबा के पास स्थित पंचर की दुकान पर ट्रक क्रमांक MP 15 HA 1445 का पंचर बनवाया जा रहा था। इसी दौरान मनेंद्रगढ़ की दिशा से आ रही बाइक क्रमांक MP 65 ZC 1787 अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक शुभम यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

​घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 और 1033 पर कॉल कर पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद 1033 की सहायता से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया गया।

​मृतक युवक की पहचान शुभम यादव, माता सीमा यादव, निवासी कुशियारा फाटक जमुना के रूप में बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार युवकu अनूपपुर थर्मल पावर प्लांट में गार्ड की नौकरी के लिए गया था और वहां से लौटते या जाते समय यह हादसा हो गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच व आगे की कार्रवाई की जा रही है।

समाचार 03 फोटो 03

पीआरटी महाविद्यालय में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया संविधान दिवस

अनूपपुर

पीआरटी महाविद्यालय में संविधान दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अमित सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के स्टाफ को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा देश के लोकतांत्रिक स्वरूप को मजबूत बनाने में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित सदस्यों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है। 

प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करे तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करे। 

समाचार 04 फोटो 04

मेडिकल स्टोर में बिना बिल दवाओं का विक्रय, फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति व मिली अनियमितताएं

अनूपपुर 

एनकॉर्ड बैठक में कलेक्टर रत्नाकर झा द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले के मेडिकल स्टोर्स का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में औषधि निरीक्षक प्रमोद कुमार कुलेश द्वारा कोतमा स्थित कोयलांचल हॉस्पिटल परिसर के अम्मा मेडिकल स्टोर सहित गौतम मेडिकल एवं बादशाह मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अम्मा मेडिकल स्टोर में अनियमितताएं पाई गईं। पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले, दवाइयों के विक्रय बिल प्रस्तुत नहीं किए गए तथा स्टॉक में उपलब्ध कई दवाइयों के क्रय बिल भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अतिरिक्त फिजिशियन सैंपल की दवाइयां बिक्री हेतु रखी गई दवाइयों के साथ संग्रहित पाई गईं तथा NRx श्रेणी की Bestodol-100 दवा का रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किया गया।

औषधि निरीक्षक द्वारा संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक को निरीक्षण में उल्लेखित दवाइयों के आवश्यक अभिलेख तीन दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाओं का विक्रय नहीं करने तथा प्रत्येक क्रय-विक्रय का विधिवत बिल एवं रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए गए। 

समाचार 05 फोटो 05

लोकतंत्र में विश्वास और कर्तव्यों का संकल्प, कन्या शिक्षा परिसर में गूंजा संवैधानिक जागरूकता का संदेश

उमरिया

भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विश्वास और नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प दिलाने के उद्देश्य से संविधान दिवस के अवसर पर कन्या शिक्षा परिसर उमरिया में युवा टीम उमरिया के तत्वावधान में विचार गोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों एवं संवैधानिक मूल्यों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी कमांडेंट आपदा प्रबंधन अधिकारी जिला उमरिया राहुल साहू, विद्यालय शिक्षक ओंमकार गुप्ता एवं युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष  हिमांशु तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष  हिमांशु तिवारी ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। संविधान ने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार और अवसर प्रदान किए हैं। विशेष रूप से बेटियों एवं महिलाओं को शिक्षा, समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर संविधान की महान भावना को प्रदर्शित करता है। छात्राओं में संवैधानिक जागरूकता, लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

समाचार 06 फोटो 06

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय छात्रावास से दीवार कूदकर छात्र भागा, मचा हड़कंप, सुरक्षा पर उठे सवाल

शहडोल 

ब्यौहारी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय मऊ की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां हॉस्टल में रहकर 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र रात में स्कूल की बाउंड्री फांदकर बाहर निकल गया। सुबह गणना के दौरान छात्र के गायब मिलने पर विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। छात्र जयसिंहनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। विद्यालय परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बावजूद छात्र के इस तरह बाहर निकल जाने से प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

रात में छात्रावास में विद्यार्थियों की गणना के दौरान छात्र मौजूद था। इसके बाद वह कब और कैसे परिसर से बाहर निकला, इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। सुबह जब विद्यार्थियों की दोबारा गणना की गई तो छात्र गायब मिला। पहले हॉस्टल और फिर पूरे विद्यालय परिसर में उसकी तलाश की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद प्रबंधन ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और मामला पुलिस तक पहुंचा।

ब्यौहारी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर छात्र रात में बाउंड्री पर चढ़कर दूसरी तरफ छलांग लगाते हुए बाहर जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है। 

समाचार 07 

अमृत 2.0 जलप्रदाय परियोजना में लापरवाही, ठेकेदार व उपयंत्री को नोटिस जारी

शहडोल

नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा अमृत 2.0 योजनांतर्गत संचालित जलप्रदाय परियोजना के निर्माण कार्यों में हो रही देरी, गुणवत्ता संबंधी कमियों एवं तकनीकी पर्यवेक्षण में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने सख्त रुख अपनाया है। परियोजना की धीमी प्रगति एवं निर्माण कार्यों में पाई गई अनियमितताओं के चलते संबंधित ठेकेदार मेसर्स गणपति कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, पटना (बिहार) को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, निर्माण कार्यों की निगरानी एवं तकनीकी पर्यवेक्षण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित उपयंत्री शरद द्विवेदी को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

ठेकेदार को जारी अंतिम नोटिस के अनुसार परियोजना की निर्धारित 18 माह की कार्यावधि समाप्त होने के बाद भी मात्र 27 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है, जो अत्यंत असंतोषजनक है।  निर्माण सामग्री एवं कंक्रीट की गुणवत्ता तथा पीई पाइपलाइन बिछाने के कार्य में भी निर्धारित तकनीकी मानकों एवं स्वीकृत प्रावधानों का समुचित पालन नहीं किया जाना पाया गया है।

समाचार 08

शराब पीकर रोड जाम करने पर कार्यवाही, ट्रक जब्त

अनूपपुर 

अनूपपुर कोतवली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि जिला चिकित्सालय के पास जैतहरी रोड पर एक ट्रक का चालक जाम लगाया है। जिस पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में, सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द पनिका, सतानंद कोल, प्रधान आरक्षक रीतेश सिहं, आरक्षक अर्जुन भदौरिया के द्वारा मौके पर पहुचकर ट्रक क्रमांक CG 31 B 6872 के चालक राजनारायण सिंह गोड पिता रामसिंह गोंड उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम दियापीपर थाना गोहपारू जिला शहडोल को चेक करने पर नशे की हालत में पाया गया, जिला चिकित्सालय अनूपपुर से मेडिकल परीक्षण एल्कोवायजर मशीन से चेक किया गया, जिस पर एल्कोहल कंटेट 224.2 एमजी/100 एमएल पाये जाने तथा चालक के द्वारा कोई दस्तावेज पेश ना करने पर वाहन ट्रक क्रमांक CG 31 B 6872 को जप्त कर खड़ा कराया गया, ट्रक चालक के विरूद्ध इस्तगासा क्रमांक 05/26 धारा 185 एमवी एक्ट, 130(3)/177 एमवी एक्ट पंजीबद्ध किया गया है। इस्तगासा माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जावेगा जहां से निराकरण किया जाना है।

समाचार 09

संयुक्त कार्यवाही से शासकीय भूमि हुआ अतिक्रमणमुक्त

अनूपपुर

ग्राम मानपुर में केन्द्रीय विद्यालय से लगी बहुमूल्य शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। खसरा नंबर 56/1 एवं 56/2 के अंश भाग की कुल 1.05180 हेक्टेयर भूमि पर हरिनारायण खेड़िया पिता पुरुषोत्तम दास खेड़िया, निवासी अनूपपुर द्वारा किए गए अतिक्रमण को राजस्व, पुलिस एवं स्थानीय अमले की संयुक्त कार्रवाई में हटाया गया है।

उक्त भूमि के संबंध में हल्का पटवारी द्वारा न्यायालय नायब तहसीलदार वृत्त फुंगा में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय द्वारा 22 जून 2026 को पारित आदेश के परिपालन में तहसील अनूपपुर के राजस्व, पुलिस एवं स्थानीय अमले द्वारा कार्रवाई संपन्न की गई। कार्रवाई के माध्यम से केन्द्रीय विद्यालय से लगी बहुमूल्य शासकीय भूमि का संरक्षण सुनिश्चित किया गया।

समाचार 10

अवैध रेत परिवहन करने पर मेटाडोर जब्त

शहडोल

जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 नवंबर 2026 को खनिज विभाग की टीम ने तहसील सोहागपुर अंतर्गत ग्राम बड़खेरा में कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक डग्गी वाहन क्रमांक MP 18 GA 4459 को जप्तकर मामला दर्ज किया गया है। जप्त वाहन को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना सोहागपुर में खड़ा कराया गया है।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget