समाचार 01 फोटो 01

कार्यालय में लटकता रहता है ताला, सचिव की गैरमौजूदगी से पंचायत में कामकाज ठप, कार्यवाही की मांग

अनूपपुर

ग्राम पंचायत लतार में पंचायत सचिव की कार्यप्रणाली और कार्यालयीन समय में कार्यालय बंद रहने की प्रवृत्ति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शासन द्वारा निर्धारित समय पर पंचायत भवन खुलने के बजाय कार्यालयीन समय में भी यहां ताला लटका रहता है, जिससे दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।  

ग्रामीणों का सीधा सवाल है कि जब पंचायत सचिव की नियुक्ति आमजन के कार्यों को सुगम बनाने और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए की गई है, तो कार्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति क्यों सुनिश्चित नहीं की जा रही है? पंचायत कार्यालय में जिम्मेदार कर्मचारी की अनुपस्थिति और कार्यालय बंद रहने के कारण समग्र आईडी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास और अन्य जरूरी दस्तावेजों से जुड़े कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले पात्र हितग्राहियों को भी अनावश्यक रूप से मानसिक और आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। 

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।अब आक्रोशित ग्रामीणों ने संबंधित जनपद पंचायत एवं जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम पंचायत लतार का कार्यालय निर्धारित समय पर खोलना सुनिश्चित किया जाए तथा पंचायत सचिव की नियमित उपस्थिति तय कर लापरवाही पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए बार-बार भटकना न पड़े। ‌

इनका कहना है।                  ‌ 

आपके द्वारा जानकारी प्राप्त हुई है अगर इस तरह है तो उचित कार्यवाही की जाएगी।

*रवि गोयल सीईओ जनपद पंचायत अनूपपुर*

समाचार 02 फोटो 02

अज्ञात महिला का मिला शव, मौत का कारण अज्ञात, पुलिस जांच में जुटी 

अनूपपुर

बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर-3 के नवाडीह मोहल्ले में दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजुरी–मनेन्द्रगढ़ रेल मार्ग के पास एक पेड़ के नजदीक करीब 55 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी भेज दिया गया।

थाना प्रभारी विकास सिंह के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला क्षेत्र में घूमती रहती थी। पुलिस के मुताबिक, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ भी हो सकती थी। उसके पास मिले कचरे के आधार पर उसके भिक्षुक होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस महिला की पहचान करने के लिए स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर रही है। परिजनों की पहचान होने तक शव को सुरक्षित रखा जाएगा

समाचार 03 फोटो 03

एसपी ने रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

अनूपपुर। 

जिले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और पुलिसकर्मियों में अनुशासन एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में अनूपपुर पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी द्वारा आरक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे को उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिले का प्रभार संभालने के दौरान आरक्षित केंद्र की दैनिक कार्यवाहियों को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से संपादित कराया गया। आरक्षित केंद्र के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान शाखाओं के अभिलेखों का संधारण एवं पुलिस लाइन की स्वच्छता उत्कृष्ट पाई गई।

इसके साथ ही प्रशिक्षक के रूप में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण तथा सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों का अत्यंत कुशलतापूर्वक आयोजन कराया गया। उनके इन प्रयासों से बेहतर कार्यकुशलता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय मिला।

समाचार 04 फोटो 04

पंडित आलोक नारायण द्विवेदी को मध्यप्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण ने भेजा आमंत्रण

अनूपपुर

धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में आगामी 29 नवंबर को देवस्थानों एवं तीर्थस्थलों के प्रबंधन तथा पुजारी प्रशिक्षण को लेकर एक दिवसीय महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण, भोपाल द्वारा आयोजित इस संगोष्ठी में अनूपपुर जिले की भी सहभागिता रहेगी। अनूपपुर के पुरानी बस्ती, वार्ड क्रमांक 13 निवासी पंडीत गोविंद नारायण द्विवेदी के सुपुत्र पंडित आलोक नारायण द्विवेदी को प्राधिकरण की ओर से औपचारिक आमंत्रण भेजकर संगोष्ठी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। 

मध्यप्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण, भोपाल द्वारा 6 नवंबर को जारी आमंत्रण पत्र में पंडित आलोक नारायण द्विवेदी को संबोधित करते हुए संगोष्ठी में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है। पंडीत आलोक नारायण द्विवेदी अनूपपुर नगर की पुरानी बस्ती, वार्ड क्रमांक 13 के निवासी हैं तथा धार्मिक क्षेत्र में पुजारी के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। प्राधिकरण की ओर से उन्हें आमंत्रित किया जाना जिले के धार्मिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों की सहभागिता के लिहाज से महत्वपूर्ण है। संगोष्ठी का प्रमुख विषय देवस्थानों एवं तीर्थों का प्रबंधन तथा पुजारी प्रशिक्षण रखा गया है। इसमें धार्मिक स्थलों के सुव्यवस्थित संचालन, पूजा-अर्चना की व्यवस्थाओं, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और तीर्थस्थलों से जुड़े पुजारियों की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। धार्मिक स्थलों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, धार्मिक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने और पुजारियों को प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण देने की आवश्यकता पर भी चर्चा होगी। 

समाचार 05 फोटो 05

बेटियों ने खेल के मैदान में रचा सफलता का इतिहास, कन्या शिक्षा परिसर पाली ने जिले में लहराया परचम

उमरिया 

प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर बेटियां हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। इसका शानदार उदाहरण कन्या शिक्षा परिसर, पाली की छात्राओं ने प्रस्तुत किया है। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया और अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता में कन्या शिक्षा परिसर पाली की छात्राओं ने लंबी कूद एवं 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की, वहीं हैंडबॉल प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी टीम भावना और खेल कौशल का परिचय दिया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

छात्राओं की इस उपलब्धि के सम्मान में कन्या शिक्षा परिसर पाली में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पाली एसडीओपी  ललित गठरे, एडवोकेट नीरज मुसाफिर राय, प्राचार्य महेंद्र मिश्रा एवं युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने विजेता एवं प्रतिभागी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर एसडीओपी ललित गठरे ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेल एवं राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में करना चाहिए। खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा प्रदान करते हैं।

समाचार 06 फोटो 06

रेलवे ट्रैक में मोबाइल से कर रहा था बात, ट्रेन की चपेट में आया युवक की हुई मौत

उमरिया

जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगवां रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया। उमरिया-शहडोल रेलखंड की अप लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान सौरभ त्यागी के रूप में हुई है। वह मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा गांव का निवासी था और निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य कर रही के पी पी कंपनी में काम करता था।

प्रत्यक्षदर्शी राजेंद्र त्यागी के मुताबिक, सौरभ मोबाइल फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान उमरिया-शहडोल रेलखंड की अप लाइन पर आ रही ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। ट्रेन की टक्कर से युवक ट्रैक के पास रखे कंक्रीट स्लीपर के नीचे जा गिरा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि मृतक सौरभ त्यागी मुरैना जिले का रहने वाला था। हादसे में उसकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

समाचार 07 फोटो 07 

अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर पकड़े

शहडोल

कलेक्टर के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा तहसील ब्यौहारी अंतर्गत रीवा रोड, बुढ़वा तिराहा के पास दो ट्रैक्टरों की जांच की गई।

जांच के दौरान दोनों ट्रैक्टरों में खनिज गिट्टी का परिवहन बिना अभिवहन पास (ई-टीपी) के किया जाना पाया गया। साथ ही दोनों ट्रैक्टरों में नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टरों को शासकीय अभिरक्षा में थाना देवलोंद में खड़ा कराया गया है। उक्त कार्रवाई प्रभारी खनि निरीक्षक द्वारा पुलिस विभाग के सहयोग से की गई।

इसी प्रकार तहसील गोहपारू के ग्राम मोहवाटोला में ट्रैक्टर क्रमांक MP18 AB 2190 को खनिज रेत का अनधिकृत रूप से परिवहन करते हुए पकड़ा गया। उक्त ट्रैक्टर को भी सुरक्षार्थ थाना गोहपारू में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग द्वारा तीनों वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

समाचार 08 फोटो 08

दो सौ वर्षों की परंपरा, खैरहा गढ़ी में 24 घंटे अखंड अभिषेक व मानस पाठ का धार्मिक अनुष्ठान

शहडोल

जिले की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत खैरहा गढ़ी में सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। यहां भगवान शंकर-पार्वती एवं नरसिंह देव की पूजा-अर्चना, 24 घंटे अखंड अभिषेक एवं अखंड मानस पाठ के साथ दो दिवसीय धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात हवन एवं आहुतियां अर्पित की गईं। आयोजन के समापन पर विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ, जिसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की।

खैरहा गढ़ी परिवार की यह धार्मिक परंपरा दो सौ वर्षों से भी अधिक पुराने इतिहास और चौरासी गांवों की आस्था से जुड़ी हुई है। मान्यता है कि घड़ी परिवार के पूर्वजों ने संकट और विपत्ति के समय क्षेत्र की रक्षा, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत की थी। पीढ़ियां बदलती रहीं, लेकिन पूर्वजों द्वारा प्रारंभ की गई यह परंपरा आज भी उसी श्रद्धा और विश्वास के साथ निरंतर निभाई जा रही है।

खैरहा गढ़ी की यह परंपरा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के चौरासी गांवों को आस्था और सामाजिक एकता के सूत्र में जोड़ने का माध्यम भी है। परिवार के पूर्वजों से चली आ रही पूजा-पद्धति, धार्मिक मान्यताएं और संस्कार आज भी नई पीढ़ी तक पहुंचाए जा रहे हैं। आयोजन में क्षेत्र के लोगों की सहभागिता इस ऐतिहासिक परंपरा के प्रति उनकी गहरी आस्था और जुड़ाव को दर्शाती है। खैरहा गढ़ी की यह धार्मिक विरासत क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों के प्रति सम्मान की जीवंत मिसाल बनी हुई है।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget