कपिलधारा में अतिक्रमण के विरुद्ध नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, 20 दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए
अनूपपुर
प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल तथा पर्यटन केंद्र पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रसिद्ध प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल कपिलधारा में अतिक्रमण के विरुद्ध नगर परिषद अमरकंटक द्वारा दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 20 दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य पर्यटन स्थल की प्राकृतिक सुंदरता, गरिमा एवं सार्वजनिक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखना रहा।
अनूपपुर कलेक्टर के निर्देशानुसार मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते के नेतृत्व में नगर परिषद की अतिक्रमण हटाओ टीम ने पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग के सहयोग से कपिलधारा क्षेत्र में अभियान संचालित किया। दो दिनों तक चली इस कार्रवाई में नगर परिषद का अमला पूरी सक्रियता के साथ मौके पर मौजूद रहा और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। अभियान में अमरकंटक पुलिस थाना का पुलिस बल भी तैनात रहा। नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त मौजूदगी में दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए।
ऐसे में सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाकर पर्यटन क्षेत्र को व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा यह अभियान चलाया गया। दो दिवसीय कार्रवाई में लगभग 20 दुकानदारों के अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने की पहल की गई। नगर परिषद प्रशासन की इस कार्रवाई को कपिलधारा की प्राकृतिक छटा, धार्मिक महत्ता और पर्यटन की गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
