10 साल बाद फिर बना मध्य प्रदेश नेशनल चैंपियन, जिले के खिलाड़ियों ने दिलाया पदक, लोगो ने दी शुभकामनाएं
अनूपपुर
खेल जगत में मध्य प्रदेश ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और दमदार प्रदर्शन का लोहा मनवाया है। कूडो मार्शल आर्ट की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश ने 10 साल बाद फिर से नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक सफलता में अनूपपुर जिले के खिलाड़ियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 12 से 19 नवंबर तक 17वीं कूडो राष्ट्रीय प्रतियोगिता, 7वीं कूडो फेडरेशन कप एवं 18वें अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में बॉलीवुड फिल्म स्टार अक्षय कुमार एवं भूमि पेडनेकर उपस्थित रहे। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अनूपपुर जिले के कुल 15 खिलाड़ियों ने भागीदारी निभाई। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले को दो स्वर्ण एवं तीन कांस्य पदक दिलाए।
स्वर्ण पदक विजेता अपूर्वा शर्मा, श्रेया गुप्ता, कांस्य पदक विजेता भारती मार्को, अनुराज गुप्ता, मान्य रायदास इसके अलावा प्रतियोगिता में शिवानी केसरवानी, शिवम सिंह राठौर, सारांश मिश्रा, वंदना राठौर, अभिगिल एलिजा जोसेफ, साधना आर्मो, अरमान सिंह राठौर, आयुष सिंह एवं अंकित सिंह राठौड़ ने भी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अनूपपुर जिले की इस टीम का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन सेंसाई श्रेया गुप्ता एवं सेंसाई शिवानी केसरवानी द्वारा किया गया। दोनों प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
