समाचार 01 फ़ोटो 01
एसईसीएल की भूमिगत खदान के पास जमीन धंसा, घर के आंगन 30 से 40 फीट का गड्ढा, घर का एक हिस्सा प्रभावित
*दहशत में रहवासी, सुरक्षा की चिंता*
अनूपपुर
एसईसीएल की जमुना कॉलरी क्षेत्र में जमीन धंसने की गंभीर घटना सामने आई। कॉलरी के वार्ड क्रमांक 05 निवासी रानी प्रजापति का मकान अचानक हुए भू-धंसाव की चपेट में आ गया। जमीन धंसने के घर का एक हिस्सा नीचे बैठ गया है। आंगन में लगभग 30 से 40 फीट का गड्ढा हो गया है। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है।
प्रत्यक्ष मौके पर देखा गया कि मकान के आसपास की जमीन अचानक धंस गई है भू-धंसाव के कारण जमीन का एक बड़ा हिस्सा नीचे की ओर चला गया, जिससे मकान की स्थिति बेहद चिंताजनक नजर आ रही है घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जमीन का स्तर सामान्य सतह से कई फीट नीचे बैठ गया है
घटना की जानकारी सोनू लोधी द्वारा दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और घटना की तस्वीर तथा वीडियो रिकॉर्ड किए गए हैं मौके की स्थिति से स्पष्ट है कि भू-धंसाव सामान्य स्तर का नहीं बल्कि गंभीर है।
जमुना कॉलरी क्षेत्र में भूमिगत खदानों के आसपास बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं ऐसे में रिहायशी क्षेत्र में अचानक जमीन के इस तरह धंसने की घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्र को तत्काल सुरक्षित किया जाना चाहिए आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के साथ विशेषज्ञों की मदद से पूरे क्षेत्र का परीक्षण कराया जाना जरूरी है। इस भू-धंसाव एसईसीएल के भूमिगत खनन क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
लूट, शोषण, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई, विशाल जुलूस के साथ प्रदर्शन, सभा कर सौंपा ज्ञापन
*मांगें पूरी नहीं हुईं तो 11 दिसंबर से अनिश्चितकालीन धरना*
अनूपपुर
लूट, शोषण, अत्याचार, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के खिलाफ अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू एवं मध्यप्रदेश किसान सभा के संयुक्त आह्वान पर जैतहरी में विशाल जुलूस, प्रदर्शन एवं जनसभा का आयोजन किया गया। बस स्टैंड जैतहरी से निकला जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचा, जहां प्रदर्शन के बाद सभा आयोजित कर विभिन्न जनसमस्याओं एवं श्रमिकों की मांगों से संबंधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू के नेता जुगुल किशोर राठौर ने कहा कि मजदूरों के बीच भेदभाव और शोषण अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुका है। इसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मजदूर, किसान, महिलाएं और आम जनता अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष को और तेज करेंगे।
सभा को मुख्य वक्ता के रूप में भोपाल से पहुंचीं अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य उपाध्यक्ष नीना शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज देश की आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, शोषण और भ्रष्टाचार से त्रस्त है।
केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश पर लगातार कर्ज बढ़ रहा है। विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए धन की कमी बताई जाती है, लेकिन महंगे विमानों और सरकारी आयोजनों पर खर्च करने में कोई कमी नहीं दिखाई देती।
1 से 3 दिसंबर तक सीटू के आह्वान पर दिल्ली में मजदूरों का तीन दिवसीय आंदोलन आयोजित होगा। वहीं अखिल भारतीय किसान सभा का राष्ट्रीय सम्मेलन 15 से 18 नवंबर तक तेलंगाना में आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसान आंदोलन की आगामी रणनीति तय होगी। मांगों का समय-सीमा के भीतर निराकरण नहीं किया गया तो आगामी 11 दिसंबर से सोन नदी में बने बैराज के पहुंच मार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
समाचार 03 फ़ोटो 03
मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के 9 नमूने जांच के लिए भेजे
अनूपपुर
कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन श्रीमती अलका तिवारी के मार्गदर्शन में कोतमा शहर के विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा कोतमा स्थित जैन नमकीन से नमकीन के दो नमूने, खोवा बर्फी एवं मलाई लड्डू, आजाद चौक स्थित मिठास प्रतिष्ठान से काजू बर्फी, पेड़ा एवं कलाकंद तथा हीरा स्वीट्स, आजाद चौक से हॉर्लिक्स बर्फी एवं चमचम के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं विनियम, 2011 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का विक्रय सुनिश्चित करने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
समाचार 04 फ़ोटो 04
सेमरा में 38 हाथियों के झुंड का आतंक, फसलों को पहुंचा रहे नुकसान, दहशत में ग्रामीण व किसान
शहडोल
तहसील गोहपारु क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा में पिछले दो दिनों से 38 जंगली हाथियों के झुंड की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शाम होते ही हाथियों का झुंड गांव के आसपास विचरण करने लगता है और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। लगातार हो रहे नुकसान से किसानों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों की लगातार मौजूदगी के बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस एवं प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग के कर्मचारी केवल हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं, जबकि हाथियों को सुरक्षित तरीके से बांधवगढ़ जंगल की ओर ले जाने अथवा समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं दिख रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों के गांव में प्रवेश की आशंका के चलते शाम होते ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इससे रात के समय अंधेरा छा जाता है और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बिजली बंद होने से किसानों के कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। भय के कारण किसान दिन में भी खेतों में जाने से कतरा रहे हैं।
किसान मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री रामनारायण मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में दो दिनों से हाथियों का लगातार मूवमेंट बना हुआ है। ग्रामीण भयभीत हैं और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि हाथियों के झुंड को सुरक्षित रूप से बांधवगढ़ जंगल की ओर भेजने की व्यवस्था की जाए तथा किसानों की फसलों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। अब ग्रामीणों की निगाहें वन विभाग और प्रशासन पर टिकी हैं।
समाचार 05 फ़ोटो 05
लखनोटी में तालाब के पास तीन शावकों के साथ दिखी बाघिन, ग्रामीणों में दहशत, मौके पर पहुँची वन विभाग की टीम
उमरिया
मानपुर से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर ग्राम लखनोटी में शुक्रवार सुबह बाघिन और उसके तीन शावकों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव से लगे रिहायशी इलाके में बाघिन अपने शावकों के साथ विचरण करती दिखाई दी। आबादी के इतने करीब वन्यजीवों की मौजूदगी से ग्रामीण अपने परिवार और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण निस्तार के लिए गांव के समीप स्थित मछली तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर अचानक बाघिन और उसके तीन शावकों पर पड़ी। बाघिन का कुनबा देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बाघिन और शावकों की गतिविधियां स्थानीय निवासी दशरथ बैगा, बालकदास और रामबल सिंह के घरों के आसपास देखी गई हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, फिलहाल बाघिन द्वारा किसी मवेशी का शिकार किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन रिहायशी क्षेत्र में उसकी मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का वन अमला मौके पर पहुंच गया। वनकर्मियों ने बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उनके मूवमेंट की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पार्क प्रबंधन भी पूरे घटनाक्रम पर निगरानी बनाए हुए है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की व्यवस्था की जाए। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि इंसान और वन्यजीवों के बीच किसी तरह के संघर्ष की स्थिति उत्पन्न न हो।
समाचार 06 फ़ोटो 06
यात्री से शराब पिलाकर लूट लिया नगदी व मोबाइल, तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शहडोल
शहडोल रेलवे स्टेशन पर आगे जाने का साधन नहीं मिलने के दौरान मिले दो लोगों ने उसे मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद शराब दुकान से शराब खरीदवाई और रेलवे कॉलोनी के एक सुनसान खंडहर मकान में ले जाकर शराब पिलाई। यात्री के नशे में बेसुध होने पर उसक मोबाइल व नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। कोतवाली पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी संपत्ति बरामद कर ली है।
बिलासपुर जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र के निवासी विकास कोल पिता दिनेश कोल नागपुर-शहडोल ट्रेन से शहडोल पहुंचे थे। उन्हें अपने घर जाना था, लेकिन रात में आगे जाने का साधन नहीं मिलने के कारण वे रेलवे स्टेशन पर रुक गए। इसी दौरान स्टेशन के बाहर मिले दो लोगों ने उन्हें शराब दुकान ले जाकर शराब खरीदवाई। इसके बाद रेलवे कॉलोनी स्थित एक निर्जन खंडहर मकान में ले जाकर शराब पिलाई। और घटना को अंजाम दिया।
कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विकास लोधी उर्फ पोल (28), निवासी रेलवे कॉलोनी शहडोल, राज जायसवाल (19), निवासी ग्राम कुंदरी थाना सोहागपुर और सागर बर्मन (25), निवासी किरण टॉकीज के पास शहडोल को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
समाचार 07
नाबालिग युवती को किया दस्तयाब
अनूपपुर
थाना रामनगर पुलिस द्वारा गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिग बालिकाओं की तलाश हेतु लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना रामनगर के अपराध क्रमांक 238/26, धारा 137(2) बीएनएस के प्रकरण में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 वर्ष 10 माह की नाबालिग युवती को दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की गई है।थाना प्रभारी रामनगर उप निरीक्षक सुमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा नाबालिग युवती की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए गए। पुलिस टीम की सक्रियता एवं सतत प्रयासों के फलस्वरूप नाबालिग युवती को दस्तयाब किया गया।
समाचार 08
गुम हुए 10 मोबाइल उनके मालिकों को किए सुपुर्द
अनूपपुर
दीपावली के पावन पर्व पर आमजन के चेहरों पर मुस्कान लाने की पहल करते हुए थाना रामनगर पुलिस द्वारा गुम हुए 10 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए गए।
थाना प्रभारी रामनगर द्वारा मोबाइल गुम होने संबंधी प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस के तकनीकी माध्यमों से गुम मोबाइल फोन की तलाश कराई गई। पुलिस के सतत प्रयासों से कुल 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिन्हें दीपावली के शुभ अवसर पर उनके संबंधित मोबाइल धारकों को विधिवत सुपुर्द किया गया। लंबे समय से अपने गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर मोबाइल धारकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
समाचार 09
जिला निर्वाचन अधिकारी वेयरहाउस का किया निरीक्षण
शहडोल
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पार्थ जायसवाल ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्थित ई.व्ही.एम.-व्ही.व्ही.पी.ए.टी. वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी निमिषा पांडे, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि विष्णुप्रताप सिंह एवं अरफाना बेगम, निर्वाचन सुपरवाइजर श्री संजय खरे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
समाचार 10
सक्षम कार्यक्रम अंतर्गत कार्यशाला संपन्न
उमरिया
माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर पाली में सक्षम जीवन कौशल विकास कार्यक्रम अंतर्गत जे एस डब्यू सीमेंट संस्था के सहयोग से पाठ्यक्रम पुस्तकों के वितरण एवं शिक्षक अनुभव साझा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को सक्षम कार्यक्रम की पाठ्यक्रम पुस्तकों का वितरण करना, जीवन कौशल सत्रों के प्रभावी संचालन को प्रोत्साहित करना तथा विद्यालयों में कार्यक्रम के क्रियान्वयन के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं नवाचारों को साझा करना है।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त जन जातीय कार्य विभाग डा पूजा व्दिवेदी ने कहा कि यह कार्यशाला शिक्षको के लिए उपयोगी होगी जिसके माध्यम से शिक्षक विद्यार्थियों में स्वच्छता, समय पर गृहकार्य करने एवं नियमित विद्यालय आने जैसी आदतों के विकास सहित अन्य व्यवस्थाओ से अवगत हो सकेगे। उन्होंने कहा कि सक्षम कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना एक सराहनीय पहल है।