समाचार 01 फ़ोटो 01

मादक पदार्थ गाँजा सहित चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही कर तीन आरोपियो से अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त कर तीन प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस द्वारा पूरन कोरी पिता रामभजन कोरी उम्र 35 वर्ष निवासी प्रजापति मोहल्ला पुरानी बस्ती अनूपपुर से मादक पदार्थ गांजा 0.308 किलो ग्राम जप्त कर अपराध क्रमांक 566/26 धारा 8/20 बी, बाबू खान पिता अब्दुल खालिद उम्र 38 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 02 पटौराटोला अनूपपुर से मादक पदार्थ गांजा 01.200 किलो ग्राम जप्त कर अपराध क्रमांक 567/26 धारा 8/20 बी व राजेश चौधरी पिता पप्पू चौधरी उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम मानपुर थाना कोतवाली अनूपपुर से मादक पदार्थ गांजा 0.920 किलोग्राम जप्त कर अपराध क्रमांक 568/26 धारा 8/20 बी एन.डी.पी. एस. एक्ट पंजीबद्ध कर तीनो आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

*करनपठार पुलिस ने भी की कार्यवाही*

वही थाना प्रभारी करनपठार उप निरीक्षक मंगला प्रसाद दुबे के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना करनपठार पुलिस द्वारा की गई बड़ी कार्यवाही। मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बगदरा निवासी मनोज सिंह गोंड एक सफेद रंग की नायलॉन की बोरी में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर बगदरा से श्यामदुआरी की तरफ बिक्री हेतु पैदल जा रहा है।

सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम तत्काल रवाना होकर बगदरा घाट मोड़ पर पहुंची। घेराबंदी कर संदेही को रोका गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम मनोज सिंह पिता ददन सिंह गोंड उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम बगदरा बताया। संदेही के पास मौजूद सफेद नायलॉन की बोरी की तलाशी लेने पर उसमें 01 किलो 700 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा (कीमती लगभग ₹17,000/-) एवं पेंट की जेब से गांजा बिक्री के ₹11,400/- नगद बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी मनोज सिंह ने उक्त गांजा मोबिन खान पिता मुस्तफा खान निवासी मेडियारास से खरीदकर लाना बताया। मौके पर गांजा व नगदी जब्त कर आरोपी मनोज सिंह को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में थाना करनपठार में अपराध क्रमांक 347/2026, धारा 8, 20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीबद्ध किया गया।

समाचार 02 फ़ोटो 02

फंदे में फसा तेंदुआ, हुई मौत, शव फेंका जंगल में फेंका, दो आरोपी गिरफ्तार

अनूपपुर

अनूपपुर वन मंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र अहिरगवां के औढेरा बीट के जंगल से लगे ग्राम एवं ग्राम पंचायत काचोदर राजस्व जिला शहडोल में कुछ दिन पूर्व खेत में लगाए गए फंदे मे फसकर तेंदुआ शावक की मौत हो जाने पर, आरोपियों द्वारा मृत तेंदुआ शावक के शव को उठाकर खेत से कुछ दूर पर स्थित जंगल में साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से फेंक दिया था, मृत तेंदुए के शव के सड़ने/गंध आने पर मुखबिर की सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्र अहिरगवां की टीम ने तेंदुआ शावक का शव बीट औढेरा कक्ष क्रमांक 1 से बरामद कर अभिरक्षा में ले कर मौके से दो शिकारियो रामरतन पिता देवीदीन उम्र लगभग 63 वर्ष एवं रामबहोर पिता भगवान दास उम्र 59 वर्ष दोनों निवासी ग्राम काचोदर जिला शहडोंल को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में रख पूछताछ की गई, डाॅग स्काट से घरो व खेतो की सर्च कराने दौरान अपराधी के घर की बाडी से शिकार में प्रयुक्त तार का फंदा बरामद किया गया। पूछताछ मे अपराधियो द्वारा कबूल किया गया कि शिकार उनके द्वारा किया गया है और शिकार करके तेंदुआ शावक को साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से जंगल में फेक दिया। वन विभाग द्वारा मृत तेंदुआ शावक का शव परीक्षण करा कर सैम्पल संग्रहित कर मृत तेंदुआ शावक का शवदाह किया गया। दोनों शिकारियों के विरूद्ध वन अपराध की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए वन अपराध न्यायिक विवेचना की जा रही हैं।

समाचार 03 फ़ोटो 03

सड़क पर तड़पती गौ माता के लिए देवदूत बने पार्षद पवन चीनी, निजी वाहन से पहुंचाया गौ सेवा आश्रम

अनूपपुर

नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन कुमार चीनी ने पेश की। सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी गौ माता को देखकर उनका दिल पसीज गया। उन्होंने बिना देर किए अपने निजी वाहन से घायल गौ माता को धनपुरी स्थित गौ सेवा आश्रम पहुंचाया, जहां उसकी देखभाल और उपचार की व्यवस्था की गई।

रात करीब 9 बजे अमलाई के इंदिरा नगर के समीप मुख्य मार्ग पर एक गौ माता घायल अवस्था में पड़ी हुई थी। सड़क पर असहाय हालत में पड़ी गौ माता को देखकर पार्षद पवन चीनी तत्काल मदद के लिए आगे आए। उन्होंने परिस्थिति की गंभीरता को समझते हुए समय गंवाने के बजाय घायल पशु को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का निर्णय लिया।

उनका यह कदम इस बात का उदाहरण है कि सच्ची जनसेवा केवल पद और प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं होती, बल्कि जरूरत के समय किसी असहाय की मदद के लिए आगे आने में दिखाई देती है। सड़क पर घायल पशुओं को देखकर अनदेखा कर देने के बजाय उनकी सहायता करना समाज के प्रत्येक नागरिक की मानवीय जिम्मेदारी है।

घायल गौ माता को सड़क से उठाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाने में पवन कुमार चीनी की तत्परता और गौ सेवा आश्रम में उसकी देखभाल की व्यवस्था, सेवा के दो महत्वपूर्ण पहलुओं को सामने लाती है। संकट के समय घायल पशु को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसके उपचार और देखभाल की व्यवस्था करना भी है।

पवन चीनी की पहल और राम दुबे के नेतृत्व में गौ सेवा संस्थान के प्रयास समाज को यह संदेश देते हैं कि सामूहिक संवेदनशीलता से बेजुबान जीवों की मदद की जा सकती है। 

समाचार 04 फ़ोटो 04

निजी भूमि पर हो रहा पुलिया निर्माण, उपयंत्री सहित सरपंच सचिव की भूमिका सवालों के घेरे में 

शहडोल

जनपद पंचायत गोहपारु अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा में जहा चार लाख रुपए की लागत से स्वीकृत पुलिया निर्माण का कार्य सरपंच सचिव किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निर्माणकार्य करा रहे हैं। सूत्रों की मांने तो उक्त पुलिया निर्माण व्यक्तिगत भूमि की आराजी खसरा क्रमांक 266 मध्य प्रदेश की भूमि की जगह 126 और 125 पर कराया जा रहा है, जो व्यक्तिगत भूमि है और तो और मध्य प्रदेश शासन के नक्शे में कहीं मार्ग है ही नहीं, केवल  व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम लामर में रघुवंश के खेत के पास पुल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसे लेकर स्थानीय जनों ने आपत्ति दर्ज कराई है। जब इस विषय में किसान मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री राम नारायण मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने बताया इस बात की शिकायत उन्होंने जनपद पंचायत गोहपारू के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को किया था, किंतु आज तक मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा उनके आवेदन पर कोई कार्यवाही नहीं की और ना ही किसी की जिम्मेदारी तय की गई, सरपंच सचिव द्वारा फर्जी मस्टर रोल लगाकर 35000 रुपए का भुगतान भी मजदूरों के नाम से आहरण कर लिया गया, जब इस विषय में कार्यवाही के नाम पर उपन्यत्री पवन वर्मा से पूछा गया तो उन्होंने बताया की सरपंच सचिव की उपस्थिति में ग्रामीणों से पंचनामा तैयार किया गया है। पर सवाल यह है कि राजस्व की भूमि की जानकारी बताना क्या उपयंत्री के अधिकार क्षेत्र की बात है, क्या उपयंत्री इस बात को बता पाएंगे कि उक्त निर्माण कार्य किस आराजी पर कराया जा रहा है, यह कार्य पटवारी का है, आपत्तिकर्ता ने इस बात का कड़ा विरोध किया है और न्याय संगत कार्यवाही नहीं होने की दशा में  न्यायालय जाने की बात कही है। आपत्तिकर्ता  ने यह बताया कि  इस मार्ग में किसी भी प्रकार की कोई भी पुल की आवश्यकता नहीं थी, आपसी साठ गांठ कर व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस पुल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे शासन के 4 लाख का दुरुपयोग होगा, उसे रोकने के लिए यदि उन्हें न्यायालय के शरण में जाना पड़ेगा तो वह ग्रामीणों के साथ जाएंगे, अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इस कार्य की जांच कर कर दोषी जनों पर कार्यवाही करेंगे या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

समाचार 05 फ़ोटो 05

मवेशी खोजने जंगल गया ग्रामीण का मिला शव, मौके पर मिले बाघ के पदचिह्न, वन विभाग जांच में जुटी

शहडोल

वन परिक्षेत्र गोहपारू के पटोरी बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक आरएफ-684 में ढिकुरी डोंगरी स्थित जंगल में ग्राम देवरी निवासी सोनशाह यादव का शव मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास बाघ के पदचिह्न एवं उसके लौटने के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सघन गश्ती की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से बाघ विचरण क्षेत्र में नहीं जाने और अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई है।

सोनशाह यादव गत दिवस अपने मवेशी को खोजने के लिए जंगल की ओर गए थे। इस दौरान पटोरी बीट के चौकीदार ने उन्हें शाम के समय जंगल में जाने से मना किया था। इसके बावजूद जब वे रात तक घर नहीं लौटे, तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने रात में संभावित क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका पता नहीं चल सका।

इसके बाद सुबह लगभग 5ः30 बजे वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान नाले के अंदर सोनशाह यादव का शव पड़ा मिला। शव के पास बाघ के पदचिह्न एवं उसके लौटने के निशान भी पाए गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद वन विभाग द्वारा मृतक के परिजन को शासन के निर्देशानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मृतक की पत्नी उर्मिला यादव को 10 हजार रुपये नकद तात्कालिक सहायता के रूप में प्रदान किए गए हैं। शेष सहायता राशि का भुगतान उनके बैंक खाते में किए जाने की प्रक्रिया प्रचलित है। वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे बाघ विचरण क्षेत्र में जाने से बचें।

समाचार 06 फ़ोटो 06

धान के खेत की बाड़ में विद्युत करंट फैलाकर चीतल का किया था शिकार, आरोपी गिरफ्तार

उमरिया 

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर परिक्षेत्र अंतर्गत महामन गांव में धान के खेत की बाड़ में विद्युत करंट प्रवाहित कर चीतल का शिकार करने के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त सूरज सिंह, पिता गजराज सिंह, निवासी महामन को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त को न्यायालय उमरिया में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

शनिवार की रात महामन गांव में धान के खेत की बाड़ में विद्युत करंट प्रवाहित किए जाने से उसकी चपेट में आकर चीतल की मृत्यु हो गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर परिक्षेत्र की टीम ने कार्रवाई शुरू की। उप संचालक, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के निर्देशन तथा सहायक संचालक मितेंद्र चिचखेड़े, धमोखर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त सूरज सिंह को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। घटना के बाद से अभियुक्त मौके से फरार था और जंगल में छिपा हुआ था।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि पिछले चार वर्षों से वन्यप्राणी उसकी धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। उसकी सोलर फेंसिंग भी खराब थी। इसी कारण आवेश में आकर उसने खेत की बाड़ में लगी लोहे की नंगी तारों में विद्युत करंट प्रवाहित कर दिया, जिसकी चपेट में आने से चीतल की मृत्यु हो गई।

मामले में वन विभाग द्वारा वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 50 एवं 51 के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय उमरिया में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

समाचार 07 फ़ोटो 07

रात भर जागा बकेली, सोया रहा प्रशासन, पुल और सड़क की मांग के लिये दूसरे दिन का आंदोलन 

उमरिया

एक तरफ शासन विकास के बड़े-बड़े दावे ठोक रहा है तो दूसरी तरफ मानपुर तहसील के बकेली में जमीनी हकीकत यह है कि लोग रात-रात भर जमीन पर बैठकर अपने हक का पुल मांग रहे हैं। ग्राम पंचायत उमरिया में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना अब दूसरे दिन भी जारी है।

तस्वीरें खुद गवाही दे रही हैं - रात भर बैठे हैं, धरना जारी है। हलफल-भादर नदी पर पुल न होने से बकेली, उमरिया, करौंदिया, सुखदास, पिपरौ, बघौर, करैली, बहुढ़ी के हजारों लोगों को रोज 20 किलोमीटर का फालतू फेरा लगाना पड़ रहा है। मरीज मर रहा है, छात्र लेट हो रहा है, किसान सड़ रहा है लेकिन फाइल वन विभाग के जंगल में अटकी है।

मानव समाज सेवा समिति के नेतृत्व में 50 से ज्यादा ग्रामीण जंगल चौकी बैरियर पर टेंट लगाकर बैठे हैं। दिन में धूप, रात में ओस - लेकिन हटने को तैयार नहीं। ग्रामीणों ने साफ कहा - लिखित आश्वासन नहीं, स्वीकृति चाहिए। पुल चाहिए, सड़क चाहिए।

सबसे बड़ी बात - ग्राम पंचायत उमरिया ने बकायदा बैनर लगाकर सभी अतिथियों का स्वागत लिखा है। मतलब यह अब किसी एक गांव का धरना नहीं, पूरे क्षेत्र का जन-आंदोलन बन गया है।

सवाल ये है कि जब ग्रामीणों ने कलेक्टर, एसपी, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उप संचालक, एसडीएम मानपुर, थाना इंदवार तक को ज्ञापन दे दिया था, तो फिर प्रशासन ने सुध क्यों नहीं ली? क्या प्रशासन चाहता है कि बकेली के लोग सड़क पर ही रात गुजारें।

समाचार 08 फोटो 08

अर्नब तूफान का अमरकंटक में असर जारी, 24 घंटे की मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

अनूपपुर

अनूपपुर समेत पूरे जिले में समुद्री चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव के बीच मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। अमरकंटक में सहित पूरे जिले में 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को भी बारिश का क्रम अनवरत जारी रहने से जनजीवन प्रभावित रहा। लगातार वर्षा और ठंडी हवाओं के चलते वातावरण में ठंडक बढ़ गई है।

27 अक्टूबर को दोपहर से आसमान में काले बादलों के छाने का सिलसिला शुरू हुआ था। इसके बाद 28 अक्टूबर बुधवार की शाम करीब 4 बजे से बारिश शुरू हुई, जो लगातार जारी रही। कभी तेज तो कभी मध्यम गति से हो रही वर्षा के कारण लोगों को दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आसमान में बादलों के छाए रहने और लगातार बरसती बूंदों ने पवित्र नगरी के मौसम को ठंडा बना दिया है।

लगातार बारिश का सबसे अधिक प्रभाव रोज कमाकर अपना परिवार चलाने वाले श्रमिक वर्ग पर दिखाई दे रहा है। पुरुष एवं महिला श्रमिक वर्षा के कारण अपने काम पर नहीं जा पाए, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हुई है। दैनिक मजदूरी पर निर्भर परिवारों के सामने कामकाज और आमदनी को लेकर परेशानी खड़ी हो गई है। वहीं, लगातार वर्षा के कारण सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। अमरकंटक में बारिश का दौर जारी रहने से लोगों की परेशानियां बढ़ी हुई हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए नागरिकों और पर्यटकों को सावधानी बरतने तथा फिसलन भरे रास्तों पर सतर्क रहने की आवश्यकता है।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget