एसईसीएल के इंदिरा नगर कॉलोनी में दूसरी बार जर्जर मकान का हिस्सा गिरा, सीआईएसएफ जवान की पत्नी गंभीर घायल

एसईसीएल के इंदिरा नगर कॉलोनी में दूसरी बार जर्जर मकान का हिस्सा गिरा, सीआईएसएफ जवान की पत्नी गंभीर घायल

*50-60 परिवारों की सुरक्षा पर सवाल, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा*


अनूपपुर

रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल के देव क्षेत्र की इंदिरा नगर कॉलोनी में दोपहर एक गंभीर हादसा हो गया। सर्वे ऑफ हो चुकी जर्जर कॉलोनी के क्वार्टर क्रमांक 108 में बर्तन धो रही महिला के ऊपर अचानक आंगन के ऊपर बना छज्जे/छत का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला के पति कमलेश राम मरकाम सीआईएसएफ के जवान हैं। बताया जा रहा है कि जिस क्वार्टर में यह हादसा हुआ, वह एसईसीएल द्वारा ही जवान कमलेश राम मरकाम को आवंटित किया गया है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल महिला को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए मनेंद्रगढ़ सेंट्रल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया।

करीब 15 दिन पहले इसी मकान के पीछे स्थित एक अन्य मकान पर भी इसी तरह छत/निर्माण का हिस्सा गिर चुका था। यानी कॉलोनी के जर्जर भवनों से उत्पन्न खतरे का संकेत पहले ही मिल चुका था। अब दोबारा इसी तरह की घटना सामने आने के बाद एसईसीएल प्रबंधन की ओर से जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे उपायों पर सवाल उठ रहे हैं।

इंदिरा नगर कॉलोनी का यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां सीआईएसएफ के लगभग 50 से 60 परिवारों के निवासरत होने की बात सामने आ रही है। इंदिरा नगर कॉलोनी को सर्वे ऑफ किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद यहां आज भी करीब 50 परिवारों के रहने की बात सामने आ रही है। कॉलोनी के कई भवनों की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है।

कई भवनों की छतों और दीवारों के ऊपर तक पेड़-पौधे उग आए हैं। जगह-जगह भवनों के जर्जर होने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इन भवनों का समय-समय पर तकनीकी और सुरक्षा निरीक्षण किया जा रहा है। 

किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय इंदिरा नगर कॉलोनी के सभी जर्जर भवनों की तत्काल जांच कराकर वहां रह रहे परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget