समाचार 01 फ़ोटो 01
खड़े ट्रक से टकराई बाइक, युवक की हुई मौत, कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई तीन घायल
अनूपपुर
राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर फुनगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत रविवार-सोमवार की दरमियानी रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। पहली घटना में सड़क किनारे बिना संकेतक लाइट के खड़े डंपर से बाइक टकराने के कारण 27 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं मौके से ट्रक चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया हैं। दूसरी घटना में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से दूर जा पहुंची। कार में सवार तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि 27 वर्षीय प्रहलाद साहू पुत्र गया प्रसाद साहू, निवासी बदरा गैरेज में काम करने के बाद कोतमा की ओर से लौट रहा था। इसी दौरान वह फुनगा और पयारी गांव में दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने जा रहा था। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किनारे डंपर क्रमांक सीजी 10 बीएन 0136 खड़ा था। डंपर पर कोई संकेतक लाइट नहीं जल रही थी। अंधेरे के कारण बाइक चालक सड़क किनारे खड़े डंपर को देख नहीं पाया और पीछे से उसमें जा टकराया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने फोन के माध्यम से फुनगा चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर के नीचे फंसे युवक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसी रात राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर एक अन्य सड़क दुर्घटना में कार चालक को झपकी लगने से कार से नियंत्रित खो दिया और अनियंत्रित होकर एक पेड से जा टकराई जिससे सड़क से दूर जा पहुंची। कार में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सड़क किनारे खड़े वाहन से हो रहा है हादसा।
लगातार हुई इन दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के समय सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और संकेतक लाइटों की आवश्यकता व यातायात पुलिस अनूपपुर की लापरवाही को फिर से उजागर किया है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
रेलवे कोल यार्ड के नाम पर खेतों का सीना छलनी, हजारों डंपर अवैध उत्खनन का आरोप, 15 फीट के खोद दिए गड्ढे
*शासन को लाखों का नुकसान*
उमरिया
जनपद पंचायत पाली के ग्राम पंचायत खोलखम्हरा की छाती पर जेसीबी और पोकलेन मशीनें दिन-रात चलाकर हजारों डंपर मिट्टी निकालकर बांधवबारा रेलवे स्टेशन में बन रहे कोल यार्ड में खपाए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि बिना वैध अनुमति, बिना रॉयल्टी और बिना ट्रांजिट परमिट के यह पूरा कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, जिससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व का सीधा नुकसान हो रहा है।
आरोप है कि ठेकेदारों ने निजी खेतों के साथ-साथ शासकीय जमीन को भी नहीं बख्शा। लालच में आकर कुछ खातेदारों की जमीन से मिट्टी इस कदर निकाली गई है कि खेतों में 10 से 15 फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो अब तालाब जैसे दिखते हैं। एक बार गहरी खुदाई के बाद वह जमीन हमेशा के लिए बंजर और खेती के अयोग्य हो जाएगी। यह सिर्फ राजस्व चोरी नहीं, बल्कि अन्नदाता की जमीन और पर्यावरण पर सीधा हमला है।
मिट्टी कहाँ से आ रही है, इसका वैध स्रोत, खदान की अनुमति, रॉयल्टी पर्ची, टीपी और परिवहन दस्तावेज कहाँ हैं? रेलवे के टेंडर अनुबंध में साफ लिखा है कि ठेकेदार को हर ट्रिप मिट्टी का वैध रॉयल्टी पेड दस्तावेज डीआरएम कार्यालय में जमा करना होगा, बिना रॉयल्टी के एक भी डंपर साइट में खाली नहीं हो सकता। फिर सवाल है कि बिलासपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग और आरपीएफ की नाक के नीचे हजारों अवैध डंपर कैसे खप गए? क्या रेलवे के इंजीनियरों ने आंख मूंदकर बिल पास कर दिए? यदि ठेकेदार के पास एक भी वैध कागज नहीं है तो यह मिट्टी नहीं, बल्कि शासन का खजाना लूटकर रेलवे यार्ड में पाटा जा रहा है और रेलवे भी इस लूट में बराबर का भागीदार है।।
इस पूरे मामले में खनिज, राजस्व और रेलवे निर्माण एजेंसी की मिलीभगत या घोर लापरवाही से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों की मांग है कि कलेक्टर उमरिया व रेल महाप्रबंधक रेलवे बिलासपुर से की जांच कर कार्यवाही करें।
समाचार 03 फ़ोटो 03
खेत जुताई कर वापस लौट रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा, दबने से चालक की हुई मौत
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के तेंदुआढ गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। युवक अपने खेत की जुताई करने के बाद ट्रैक्टर इंजन लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में नाले के पास ट्रैक्टर इंजन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सोनू पटेल, पिता राम कारण, निवासी तेंदुआढ के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर सोनू अपने खेत में जुताई का काम पूरा करने के बाद ट्रैक्टर इंजन लेकर घर की ओर लौट रहा था। रास्ते में स्थित नाले के पास अचानक ट्रैक्टर इंजन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। इससे सोनू उसके नीचे दब गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
सोनू की अचानक मौत से परिजनों और ग्रामीणों में दुख का माहौल है। जिस युवक के घर लौटने का इंतजार था, वहां हादसे की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
पुलिस लाइन अनूपपुर में श्रद्धा, सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया 'पुलिस स्मृति दिवस'
अनूपपुर
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला पुलिस बल अनूपपुर द्वारा पुलिस लाइन मैदान में 'पुलिस स्मृति दिवस' का अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। यह दिवस देश की रक्षा, सुरक्षा एवं जन-सेवा के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की स्मृति, सम्मान और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करने के लिए समर्पित रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस लाइन के प्रांगण में आयोजित भव्य एवं अनुशासित पुलिस स्मृति दिवस परेड के साथ हुआ। इस परेड का कुशल एवं प्रभावी नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे द्वारा किया गया। परेड के जवानों ने पूर्ण अनुशासन, निष्ठा और सम्मान के साथ अमर शहीदों की वेदी पर नमन करते हुए उन्हें शस्त्र सलामी दी।
स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम, सेनानी (होमगार्ड) सहित जिला पुलिस प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों कर्मचारियों एवं अमर शहीदों के परिवार जनो ने शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन एवं चक्र (पुष्पांजलि) अर्पित कर अमर शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि समर्पित की।
'पुलिस स्मृति दिवस' के इस विशेष एवं संवेदनशील अवसर पर जिले के अमर शहीदों के परिवारजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पुलिस प्रशासन द्वारा शहीद परिवारों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें ससम्मान श्रद्धांजलि अर्पित कराई गई।
समाचार 05 फ़ोटो 05
डीआईजी ने दबाया ट्रिगर, राइफल ने दिया धोखा, नही चली गोली, शस्त्र पूजा की तैयारी पर उठे सवाल
शहडोल
दशहरा पर शस्त्र पूजा और फायरिंग की रस्म, लेकिन जब रेंज के DIG ने राइफल का ट्रिगर दबाया, तो गोली चलने के बजाय सिर्फ ‘क्लिक’ की आवाज आई, एक बार नहीं, बल्कि बार बार ट्रिगर दबाने के बाद भी जब फायरिंग नहीं हुई, अब इस पूरे मामले में हथियारों की तैयारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विजयादशमी के अवसर पर शहडोल पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। पुलिस विभाग के अस्त्र-शस्त्रों और सरकारी वाहनों का पूजन कर जिले में सुख, शांति, समृद्धि और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की गई। कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इसी दौरान शस्त्र पूजा की परंपरा के तहत फायरिंग की रस्म निभाने के लिए शहडोल रेंज के डीआईजी विवेक सिंह ने राइफल का ट्रिगर दबाया, लेकिन गोली नहीं चली, राइफल से केवल ‘क्लिक’ की आवाज सुनाई दी। इसके बाद दूसरी राइफल से फायरिंग की गई। फिर SP और ASP ने भी फायरिंग की रस्म पूरी की। शहडोल में डीआईजी की राइफल से गोली नहीं चलने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं।
अब सवाल यह है कि क्या फायरिंग से पहले हथियार की ठीक से जांच की गई थी, क्या राइफल में तकनीकी खराबी थी या कोई दूसरी वजह थी, जिसके कारण ट्रिगर दबाने पर गोली नहीं चली।
समाचार 06 फ़ोटो 06
शांति और सौहार्द के बीच बुराई पर अच्छाई की जीत पर मना विजयादशमी का पर्व, 20 स्थानों पर हुआ रावण दहन।
अनूपपुर
बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयादशमी का पर्व मंगलवार को अनूपपुर जिले में उत्साह, आस्था और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया गया।
शारदेय नवरात्र के समापन पर जहां मां दुर्गा की प्रतिमाओं को भावपूर्ण विदाई देते हुए विसर्जित किया गया, वहीं जिले के 29 निर्धारित स्थलों में से 20 स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन कर अहंकार एवं बुराई के अंत का संदेश दिया गया। शेष 9 स्थानों पर बुधवार को रावण दहन हुआ। जिलेभर में स्थापित 367 छोटी-बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन और दशहरा आयोजनों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे तथा पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। तिथि को लेकर अलग-अलग मान्यताओं के चलते कुछ श्रद्धालु बुधवार को उदया तिथि की दशमी मानकर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगे।
जिला मुख्यालय अनूपपुर में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप बनाए गए अस्थायी कुंड में कराया गया। प्रशासनिक व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा को विदाई दी। जिले के अन्य विकासखंडों में भी दशहरा एवं प्रतिमा विसर्जन का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
अनूपपुर शहर में नवरात्र के समापन और विजयादशमी के अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में रावण दहन एवं भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में रावण के पुतले का दहन किया गया। मंच पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और गुरु वशिष्ठ की भूमिका में उपस्थित कलाकारों के नेतृत्व में श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने का मंचन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए, जिनमें उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समाचार 07 फ़ोटो 07
पॉलिटेक्निक मैदान में भव्यता के साथ संपन्न हुआ विराट दशहरा उत्सव, रावण दहन कर दिया बुराई पर अच्छाई की जीत
शहडोल
नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा पॉलिटेक्निक मैदान में आयोजित विराट दशहरा उत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। विजयादशमी के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रावण दहन के साथ अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।
विजयादशमी भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें सत्य, धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श आचरण, सत्यनिष्ठा और धर्म के प्रति समर्पण का प्रतीक है। रावण दहन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, अन्याय और अन्य बुराइयों को समाप्त करने का भी संदेश देता है।
कार्यक्रम में में जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारीगण, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विराट दशहरा उत्सव ने नगर की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत किया। रावण दहन के अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने अच्छाई, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने की प्रेरणा भी मिली।
नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा आयोजित इस भव्य उत्सव ने विजयादशमी के पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक गौरव की भावना को और अधिक सशक्त किया। उत्सव का वातावरण श्रद्धा, उत्साह और उल्लास से मनाया गया।
समाचार 08
उपचार के लिए 25 हजार की सहायता
अनूपपुर
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने अनूपपुर निवासी अली हुरीन पिता मोहम्मद हुसैन के उपचार के लिए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि के आहरण एवं संवितरण की मंजूरी प्रदान की है। स्वीकृत राशि भोपाल स्थित केयरवेल मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल को अली हुरीन के एक्यूट कोलेसिस्टाइटिस (पित्ताशय में तीव्र सूजन) के उपचार हेतु प्रदान की जाएगी।
समाचार 09
पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम सम्पन्न
उमरिया
विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन उमरिया में शस्त्र पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं परंपरागत विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर शस्त्रों का पूजन कर सुख, शांति, समृद्धि एवं राष्ट्र की सुरक्षा की कामना की गई। प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र पूजन शक्ति, साहस और सुरक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। विजयादशमी का पर्व हमें राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।