समाचार 01 फ़ोटो 01
बिना फाटक के क्रासिंग पर ट्रेन व पीकप की टक्कर, चालक का सिर कटा हुई मौत, 6 लोग घायल अस्पताल में भर्ती
अनूपपुर
जिले के चचाई थानान्तर्गत संजय नगर डबल स्टोरी के समीप साप्ताहिक बाजार के बगल से गुजरने वाली अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र चचाई की रेल लाइन में देर रात लोको ट्रेन और पिकअप के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार छह अन्य लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसा संजयनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ, जहां फाटक नहीं होने से रेल पटरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
साप्ताहिक बाजार के पास स्थित अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र की रेलवे क्रॉसिंग पर देर रात कोयला लेने बंगवार-संगमा साइडिंग की ओर जा रही लोको ट्रेन और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। पिकअप में सात लोग सवार थे, जो संजयनगर में डीजे का सामान छोड़कर गांव चकेठी लौट रहे थे। हादसे में पिकअप चालक रवि पिता लाल बर्मन निवासी चकेठी की मौके पर ही मौत हो गई। उसका सिर धड़ से अलग हो गया। पीकप में फंसे शव को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं अर्जुन कोल, विकास सिंह, शिवम बैगा, कन्हैया बर्मन,करन कोल , और राजेश सिंह सभी निवासी चकेठी सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल पर अंधेरा था और लोको ट्रेन की ओर से हॉर्न भी नहीं बजाया गया, हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। हादसे ने रेलवे लाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटनास्थल के दोनों ओर कोयला कर्मचारियों के आवास हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं और रोजाना पटरी पार करते हैं। आरोप है कि सुरक्षा के लिए फाटक लगाने की स्वीकृति के बावजूद कई स्थानों पर फाटक नहीं लगाए गए हैं। अब सवाल है जब रेल पटरी के आसपास आबादी है, लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, तो सुरक्षा के इंतजाम अधूरे क्यों हैं, क्या जिम्मेदार एजेंसियां किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही हैं।
समाचार 02 फ़ोटो 02
कार व मैजिक वाहन की टक्कर, पेड़ से टकराई मोटरसाइकिल, सात लोग हुए घायल, अस्पताल में चल रहा है इलाज
अनूपपुर
जैतहरी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। पहला हादसा शाम करीब 6 बजे जैतहरी चोलना मुख्य मार्ग पर जरियारी गांव के तिराहे के पास हुआ। यहां कार और मैजिक वाहन की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर है। दूसरा हादसा तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार क्रमांक MP 20 XH 1385 में तीन लोग सवार थे। कार पेंड्रा, छत्तीसगढ़ की ओर से जमुना जा रही थी। इसे आयुष मरावी चला रहा था। आगे की सीट पर उसकी मां गिरिजा परस्ते और पीछे बहन मोनिका मरावी बैठी थी।
इसी दौरान सामने से आ रहे मैजिक वाहन से कार की टक्कर हो गई। मैजिक में चोलना निवासी कृष्णा केवट (18), अजय केवट (25) और नीलेश केवट (30) सवार थे। वे चोलना से खूंटाटोला की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मैजिक सवार तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों के पैरों में फ्रैक्चर है। उन्हें अंदरूनी चोटें भी आई हैं। कार सवार लोगों को भी चोटें आईं, जिनमें दो को सामान्य चोटें बताई गई हैं। टक्कर के दौरान कार का एयरबैग खुल गया, जिससे कार में सवार लोग सुरक्षित बच गए।
*पेड़ से टकराई मोटरसाइकिल, दो युवक घायल*
दूसरा हादसा रात करीब 8 बजे टकहुली गांव के पास हुआ। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसमें लहरपुर निवासी उमेश सिंह (25), पिता राकेश सिंह और टकहुली निवासी लालजी (20), पिता दशरथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया। पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
मायके जाने की जिद पर पति ने पत्नी को डंडे से पीटकर मार डाला, रात भर सोया रहा शव के पास, आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
कोतमा थाना अंतर्गत पति ने मायके जाने की जिद करने पर पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। सिर फोड़ दिया। आंख, चेहरा और नाक में गंभीर चोटें आई हैं। हत्या के बाद शव के पास रात भर सोता रहा। मृतका की पहचान 23 वर्षीय चंदा देवी कोल के रूप में हुई है। वह कोतमा थाना क्षेत्र के टिकाई टोला की रहने वाली थी। पति सुदामा अगरिया (26) ने हत्या के बाद खून के धब्बों को गोबर से पोतकर मिटाने की कोशिश भी की।
चंदा और सुदामा के बीच करीब पांच साल पहले प्रेम संबंध था। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। कुछ दिन बाद शादी कर ली। इसके बाद दोनों साथ में मजदूरी करने के लिए जाते थे। चंदा अक्सर बिना बताए मायके चली जाती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था। गांव के लोग कई बार समझाकर मामला शांत करा चुके थे, लेकिन विवाद जारी रहता था।
रात करीब 8 से 9 बजे सुदामा नशे की हालत में घर आया। मायके जाने की बात पर उसने चंदा को समझाने की कोशिश की, लेकिन बहस बढ़ गई। पुलिस के मुताबिक, चंदा ने गाली-गलौज की, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, चंदा की मौत के बाद सुदामा को तत्काल इसका अहसास नहीं हुआ। वह शव को घसीटकर कमरे में ले गया। नशे की हालत में उसके पास ही सो गया। गुरुवार सुबह उठने पर उसने चंदा के सिर और कमरे में खून देखा तब पत्नी की मौत का पता चला। पत्नी की मौत का पता चलने पर सुदामा ने कमरे में गोबर से पुताई कर खून के निशान छिपाने की कोशिश की, लेकिन दाग पूरी तरह नहीं छिपा सके।
सूचना मिलने पर कोतमा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोतमा भेजा। पुलिस ने सुदामा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
करंट बिछाकर वन्य जीव के शिकार की कोशिश नाकाम, तीन शिकारी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
शहडोल
जंगल में करंट बिछाकर वन्यजीवों का शिकार करने की तैयारी थी, लेकिन वन विभाग की सतर्कता ने शिकारियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। गश्ती दल को जंगल में अवैध रूप से बिछाए गए जीआई तार और बांस की खूंटियां मिलीं। इसके बाद वन विभाग ने सघन निगरानी, डॉग स्क्वाड और मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र का है। वन विभाग द्वारा रात नियमित गश्त के दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी ए.के. निगम के नेतृत्व में गश्ती दल को जंगल में अवैध रूप से लगाए गए जीआई तार और बांस की खूंटियां मिलीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इनका इस्तेमाल करंट प्रवाहित कर वन्यजीवों का शिकार करने के लिए किया जाना था, गश्ती दल को देखकर संदिग्ध मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम ने पूरी रात क्षेत्र में सघन निगरानी की और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी, अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वाड बुलाया गया। खोजी कुत्ते ने घटनास्थल से संदिग्धों के ठिकाने तक रास्ता तलाशने में मदद की, लेकिन उस समय आरोपी वहां नहीं मिले। इसके बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और लगातार पतासाजी के बाद रात में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें सुरेश कोल (37 वर्ष), माखन बैगा (58 वर्ष) और रामसुफल बैगा (52 वर्ष) शामिल हैं। वन विभाग ने तीनों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
जिला अस्पताल में महिला को खून उपलब्ध कराने पर लिए 3500 रुपए, शिकायत होने पर लौटाई रुपए
शहडोल
जिला चिकित्सालय में मरीज को ब्लड उपलब्ध कराने के बदले करीब 3500 रुपये लेने का मामला सामने आया है। सर्जिकल वार्ड में भर्ती एक महिला को दो बार खून की जरूरत पड़ने पर कथित तौर पर रकम ली गई। मामला अस्पताल प्रबंधन के संज्ञान में आने के बाद संबंधित महिला को पैसे वापस करा दिए गए हैं। वहीं, पूरे प्रकरण में अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। यह मामला मीडिया कर्मियों तक पहुंचा था,जिसके बाद मीडिया कर्मियों ने मामले की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी थी।
सर्जिकल वार्ड में भर्ती महिला मरीज को उपचार के दौरान ब्लड की आवश्यकता थी। आरोप है कि अस्पताल में कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मचारी ने दूसरे व्यक्ति के माध्यम से दो बार ब्लड उपलब्ध कराने के एवज में लगभग 3500 रुपये लिए। इसकी जानकारी जब जिला अस्पताल प्रबंधन तक पहुंची तो मामले को गंभीरता से लेते हुए रकम वापस कराई गई। इसके बाद लेनदेन से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई।
प्रबंधन यह पता लगाने में जुटा है कि महिला से रकम किस माध्यम से ली गई और ब्लड उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया में कौन-कौन शामिल था। इसके लिए ब्लड बैंक के सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाए जा रहे हैं। फिलहाल आउटसोर्स कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। अस्पताल प्रबंधन ने जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक में आयोजित ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। शुभारंभ समारोह में पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को एवं शांति कुटी आश्रम के महामंडलेश्वर रामभूषण दास महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष पार्वती उईके, जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष संतोष कुमार पांडेय , जिला अध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस आशुतोष सिंह मार्को , अमरकंटक के प्रतिष्ठित व्यवसायी ओमप्रकाश अग्रवाल एवं रंजीत सिंह नंदू, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष जितेन्द्र खांडे सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष बिरू तंबोली ने की। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा क्षेत्र में खेल के प्रति रुचि और उत्साह को प्रोत्साहित करना है।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन, एकता, आपसी भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस आयोजन से अमरकंटक सहित आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
समाचार 07
[23/10, 6:06 pm] null: आम जन को योजनाओ का लाभ देना तथा उनकी समस्याओं का समाधान करना जन विष्वास अभियान का है उददेष्य- कलेक्टर
मानपुर मेें आयोजित मुख्यमंत्री जन विष्वास षिविर मंे सुनी गई लोगो की समस्याएं
कलेक्टर सहित प्रषासनिक एवं विभागीय अधिकारियों ने मानपुर नगर परिषद के विभिन्न वार्डो का किया भ्रमण
उमरिया
मुख्यमंत्री जन विष्वास अभियान के तहत मानपुर के मंगल भवन में जन विष्वास षिविर का आयोजन किया गया। षिविर में लगभग 43 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर राखी सहाय ने एक एक व्यक्ति की समस्याओं को सुना तथा उनके निराकरण की पहल की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी भी उपस्थित रहे।
शिविर में कलेक्टर ने कहा कि आम जन को योजनाओं का लाभ देना तथा उनकी समस्याओं का समाधान करना जन विष्वास अभियान का मुख्य उददेष्य है। उन्होने शिविर में राजस्व, विद्युत, ग्रामीण विकास, पेंशन, किसान सम्मान निधि , गरीबी रेखा मे नाम जोडने सहित विभिन्न विभागीय समस्याओ से संबंधित आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित अधिकारियों को समुचित कार्यवाही करनें के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शिविर मे प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में समाधान किया जाएगा ताकि लोगो को शासकीय सेवाओ और योजनाओं का लाभ प्राप्त करनें में सहूलियत रहे। शिविर स्थल में विभिन्न विभागो के स्टॉल लगाए गए । आवेदकों के आवेदनों का पंजीयन किया गया। तदुपरांत कलेक्टर ने लोगो की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण के निर्देष विभागीय अधिकारियों को दिए।
शिविर आयोजन से पहले, कलेक्टर ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक गोवर्दे का निरीक्षण किया । उन्होंने प्रतिदिवस मरीजों के रजिस्ट्रेशन की जानकारी ली तथा केंद्र मे पानी की व्यवस्था सुनिष्चित करनेें के निर्देश दिए। उन्होने उचित मूल्य दुकान में लोगो से खाद्यान्न के नियमित वितरण की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्माणाधीन आंगनबाडी भवन को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देष दिए। इस अवसर पर ग्रामीणों ने कलेक्टर से गोवर्दे में अनियमित विद्युत सप्लाई के संबंध में शिकायत की । कलेक्टर ने विद्युत मंडल के अधिकारी को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
समाचार 08
जिला प्रभारी मंत्री का जिला प्रवास
उमरिया
प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान 24 अक्टूबर को प्रातः8.30 बजे इंदौर बिलासपुर एक्सप्रेस ट्रेन व्दारा उमरिया पहुँचेगे तथा प्रातः 8.40 बजे सर्किट हाउस में आम जनों से भेंट करेंगे। श्री चौहान स्थानीय कार्यक्रमो मे शामिल होने के उपरांत सायं 4.30 बजे ट्रेन व्दारा इंदौर रवाना हो जायेंगे।