समाचार 01 फ़ोटो 01

अमरकंटक में साल बोरर का प्रकोप, प्रभावित 9535 साल के पेड़ों की कटाई को मिली मंजूर

अनूपपुर 

अमरकंटक के वन क्षेत्रों में साल बोरर कीट का प्रकोप गंभीर रूप ले रखा है। वन विभाग द्वारा किए गए सर्वेक्षण में 9535 अत्यधिक प्रभावित एवं मृतप्राय साल वृक्ष चिह्नित किए गए हैं।

वैज्ञानिक परीक्षण और विशेषज्ञों की अनुशंसा के बाद इन वृक्षों की कटाई को भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल से निर्धारित शर्तों के अधीन स्वीकृति मिल गई है। वन विभाग अमरकंटक द्वारा साल बोरर कीट के प्रकोप से खराब हुई 9535 साल के वर्षों की कटाई शुरू कर दी है।

मां नर्मदा की उद्गम स्थल अमरकंटक की पहचान यहां के घने साल (सरई) के जंगलों , जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य से है। अमरकंटक का पूरा क्षेत्र इन पेड़ों से अच्छादित है। 9535 साल वृक्षों के हटाने की स्वीकृति मिलने के बाद अमरकंटक के वन पर्यावरण पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका है।

वन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2025 में अमरकंटक क्षेत्र में साल बोरर कीट के प्रकोप के लक्षण सामने आए थे। इसके बाद नवंबर 2025 में उष्णकटिबंधीय वन अनुसंधान संस्थान और राज्य वन अनुसंधान संस्थान, जबलपुर के वैज्ञानिकों ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। वैज्ञानिकों के परामर्श के आधार पर कीट नियंत्रण के उपाय निर्धारित किए गए।

साल बोरर कीट के नियंत्रण के लिए वैज्ञानिकों के परामर्श पर ट्रैप-ट्री आपरेशन भी चलाया गया। अनूपपुर वनमंडल के अमरकंटक परिक्षेत्र में इस प्रक्रिया के माध्यम से 40,200 वयस्क साल बोरर कीटों को पकड़कर नष्ट भी किया जा चुका है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

युवती से दुर्गा पंडाल में की गई मारपीट, धर्म परिवर्तन का लगा आरोप, आरोपी गिरफ्तार

अनूपपुर

जैतहरी थाना अंतगर्त वेंकटनगर चौकी क्षेत्र में दुर्गा पंडाल में पूजा करने गई युवती ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर मारपीट, गाली-गलौज करने और धर्म परिवर्तन के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुपत किया जहां से जेल भेज दिया गया।

वेंकटनगर निवासी लडक़ी ने शिकायत में बताया कि 15 अक्टूबर की रात वह अपनी बहन के साथ दुर्गा पंडाल में पूजा करने गई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 27 वर्षीय मजहर खान पुत्र शरीफ खान वहां पहुंचा और कथित तौर पर उसका हाथ पकडक़र खींचने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और धर्म परिवर्तन करने की धमकी दी। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने धमकाते हुए कहा कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो उसे वेंकटनगर में नहीं रहने देगा। युवती के अनुसार, आरोपी ने पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी भी दी। घटना के बाद वह रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी।

थाना प्रभारी जैतहरी गोकुलानंद पांडेय ने बताया कि शनिवार को युवती परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिस पर आरोपी के विरूध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 74, 296(बी) और 351(2) तथा मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

समाचार 03 फोटो 03

चार दशक से बापू चौक पर विराज रहीं मां दुर्गा, आस्था और भव्य झांकियों का ऐतिहासिक संगम बना अमलाई

*करीमुल्ला खान ने रखी थी नींव, इंदौर की चार चल झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र*

अनूपपुर 

आस्था, परंपरा और भक्ति के चार दशकों की गौरवशाली यात्रा का साक्षी बना बापू चौक बरगवां रोड, अमलाई इस नवरात्र में एक बार फिर मां दुर्गा की आराधना से भक्तिमय हो उठा है। नगर परिषद बरगवां-अमलाई क्षेत्र में युवा जागृति मंच द्वारा वर्ष 1986 में शुरू की गई दुर्गा स्थापना की परंपरा ने 40 वर्ष पूरे कर लिए हैं। शहडोल और अनूपपुर जिले की सीमा पर रेलवे स्टेशन के समीप आयोजित यह उत्सव आज क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। चतुर्थी से उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़, भव्य चल झांकियां और आकर्षक विद्युत सज्जा यहां के उत्सव को विशेष पहचान दे रही हैं।

बापू चौक पर दुर्गा स्थापना की शुरुआत लगभग चार दशक पहले करीमुल्ला खान के नेतृत्व में हुई थी। वे युवा जागृति मंच के प्रथम अध्यक्ष थे। वर्ष 1986 में रखी गई इस धार्मिक आयोजन की नींव आज एक विशाल जनआस्था के केंद्र के रूप में विकसित हो चुकी है। समय के साथ समिति का विस्तार हुआ, युवाओं की भागीदारी बढ़ी और हर वर्ष कुछ नया करने की परंपरा मजबूत होती गई। आज यह आयोजन धार्मिक श्रद्धा के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक बन गया है।

शुरुआती दौर में पश्चिम बंगाल के कलाकारों द्वारा कपड़े से विशाल मंदिरों की आकर्षक संरचनाएं तैयार की गई थीं। उस समय ऐसे भव्य मंदिर स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल और आकर्षण का विषय हुआ करते थे। बाद के वर्षों में माता वैष्णो देवी की गुफा, शिरडी के साईं बाबा की झांकी और विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित सजावट ने आयोजन को नई पहचान दी।

चार दशकों के इतिहास पर नजर डालें तो यहां की झांकियों में समय के साथ लगातार बदलाव देखने को मिला है। कभी विशाल मंदिरों की प्रतिकृतियां आकर्षण का केंद्र बनीं, तो कभी धार्मिक स्थलों की गुफाओं और मंदिरों के दर्शन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। रामायण, कृष्ण लीला, भगवान शिव, माता वैष्णो देवी और साईं बाबा जैसे प्रसंगों पर आधारित सजावट ने आयोजन को विविधता प्रदान की।

समाचार 04 फ़ोटो 04

ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया, चालक की हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

शहडोल

जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में रेत परिवहन से जुड़े एक ट्रैक्टर हादसे में चालक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों और साथियों ने कथित तौर पर एक भाजपा नेता के रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाया है।

हादसा जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कौआसराई स्थित सोनू ढाबा के पास का बताया जा रहा है। जहां वार्ड नंबर-9 निवासी आकाश बैगा ट्रैक्टर लेकर रेत लेने जा रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रैक्टर चालक आकाश बैगा की मौत हो गई। मृतक के पिता, रिश्तेदारों और ट्रैक्टर से रेत की लोडिंग अनलोडिंग करने वाले साथियों ने आरोप लगाया है कि एक कथित भाजपा नेता के दामाद द्वारा रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन कराया जा रहा था।

आरोपों के मुताबिक, आकाश बैगा रेत लोड कराने और पहुंचाने के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि, अवैध उत्खनन और परिवहन में संबंधित लोगों की भूमिका, हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। शहडोल में अवैध रेत परिवहन को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पहले कार्रवाई करने पहुंचे सरकारी कर्मचारियों की मौत, फिर नायब तहसीलदार की गाड़ी को टक्कर मारने का कथित मामला और अब ट्रैक्टर हादसे में चालक की मौत ने एक बार फिर रेत के कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि एक ट्रैक्टर चालक की पेड़ से टकराने से मौत हो गई है, जिस पर मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

समाचार 05 फोटो 05

राजस्व विभाग ने अवैध उत्खनन व परिवहन पर ट्रैक्टर जब्त, एक ट्रैक्टर मौका देखकर हुआ फरार

उमरिया 

उमरिया में राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। यहां अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ एक्शन करते हुए। विभाग ने कोतवाली क्षेत्र के बड़ेरी के पास बने नाले से रेत निकाल रहे दो ट्रैक्टर जब्त किए। सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग ने ये कार्रवाई की है।

विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई के बारे में जो जानकारी सामने आई है। उसके मुताबिक बिना वैध ट्रांजिट परमिट के यहां रेत खनन किया जा रहा था। जब ये कार्रवाई की गई उस दौरान ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला।

राजस्व विभाग की टीम को रविवार की सुबह नाले के पास से बिना परमिशन के रेत उत्खनन किए जाने की सूचना मिली थी। ये सूचना फील्ड पर मौजूद एसडीएम को दी है। सूचना मिलने के बाद तुरंत ही टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।

जैसे ही राजस्व की टीम मौके पर पहुंची मौके से रेत निकालकर ट्रैक्टर में भरी जा रही थी। जैसे ही अधिकारी पहुंचे ट्रैक्टर चालकों ने मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान ट्रैक्टर आपस में फंस गए थे। टीम ने इन ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। इस बीच एक ट्रैक्टर चालक नदी नाले के रास्ते से भाग निकला।

जब्त किए गए ट्रैक्टर को मिट्टी से बाहर निकालने के लिए अधिकारियों को जेसीबी मंगवानी पड़ी। सबसे पहले टीम ने यहां पंचनामा तैयार कर कार्रवाई की। अब ट्रैक्टर को थाने ले जाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इन गाड़ियों का मालिक कौन है फिलहाल इस बारे में जानकारी निकाली जा रही है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

हाथियों के कारण दो बार रोकना पड़ा यातायात, वन विभाग की टीम रख रही है नजर, लोगो को किया सतर्क

शहडोल 

जिले में हाथियों की आवाजाही के कारण शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर दो बार यातायात रोकना पड़ा। देवलोंद वन परिक्षेत्र के झिरिया-शहरगढ़ इलाके में लंबे समय से रह रहे करीब दो दर्जन हाथियों का झुंड शनिवार शाम नादो की ओर गया और रविवार तड़के वापस लौट आया। इस दौरान हाथियों को मुख्य मार्ग पार करना था, इसलिए वन विभाग की टीमों ने सुरक्षा के मद्देनजर करीब 10 घंटे के भीतर दो बार वाहनों की आवाजाही बंद कराई। हाथियों के सुरक्षित सड़क पार करने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया। उधर, ब्यौहारी के गोदावल वन परिक्षेत्र में बांधवगढ़ की ओर से आए 30 से अधिक हाथियों के नए झुंड ने भी वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इस झुंड ने खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ दो झोपड़ियां भी तोड़ दी हैं।

रविवार तड़के हाथियों का झुंड नादो से वापस झिरिया की ओर लौट आया। इस दौरान उन्हें एक बार फिर मुख्य मार्ग पार करना पड़ा। वन विभाग की टीम ने दोबारा सतर्कता बरतते हुए यातायात बंद कराया। झुंड में छोटे हाथी भी शामिल हैं, इसलिए उनकी आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है। करीब 10 घंटे के भीतर दो बार यातायात रोकने के बाद हाथियों के निकल जाने पर वाहनों की आवाजाही सामान्य कर दी गई।

रीवा से शहडोल आ रहे एक वाहन चालक ने बताया कि देवलोंद पार कर ब्यौहारी की ओर बढ़ते समय उसे जंगल के पास एक हाथी अपने बच्चे के साथ शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पार करता दिखाई दिया। उस समय मौके पर वन विभाग की टीम भी मौजूद थी, जो हाथियों की आवाजाही पर नजर रख रही थी।

समाचार 07 फ़ोटो 07

अवैध पेट्रोल परिवहन करने पर पुलिस ने किया जब्त, तीन पर मामला दर्ज

उमरिया

थाना इंदवार पुलिस द्वारा देर रात ग्राम चंसुरा, झलवार मोड़ पर कार्यवाही करते 03 आरोपियों को ज्वलनशील पदार्थ पेट्रोल का बिना किसी वैध अनुमति के बिक्री हेतु परिवहन करते हुये पकड़ा गया जिनके कब्जे से 370 लीटर पेट्रोल एवं घटना में प्रयुक्त कार कुल ₹8.42 लाख की संपत्ति जप्त कर प्रकरण दर्ज किया गया।

रात्रि थाना इंदवार में डायल 112 पर सूचनाकर्ता द्वारा मारपीट एवं झगड़ा होने की सूचना दी गई । सूचना प्राप्त होने पर तुंरत ही डायल 112 सूचनाकर्ता के बताये अनुसार घटनास्थल ग्राम चंसुरा, झलवार मोड़, हनुमान मंदिर के पास पहुंची । घटनास्थल पर गोल्डन ब्राउन रंग की हुंडई ग्रैंड i 10 कार क्रमांक MP 21 CA 5860 खड़ी मिली जिसके पास 03 व्यक्ति मिले जिनसे झगड़े का कारण पूछा गया साथ वाहन की तलाशी ली गई जिस पर वाहन में ड्रम रखे पाये गये, ड्रम में ज्वलनशील पदार्थ पेट्रोल पाया गया पेट्रोल के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस द्वारा 370 लीटर पेट्रोल एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जप्त किया जाकर आरोपियों दीपक राय उम्र 30 वर्ष निवासी खेरा, आशीष जायसवाल उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम चंसुरा, राकेश यादव उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम बम्होरी, के विरूद्ध अपराध क्रमांक 390/2026, धारा 287, 3(5) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के अंतर्गत दर्ज किया जाकर विवेचना में लिया गया ।

समाचार 08 फोटो 08

सांसद ने कोतमा और अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र का किया भ्रमण, कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

अनूपपुर

शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने 17 अक्टूबर 2026 को अनूपपुर जिले के कोतमा एवं अनूपपुर विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की और भाजपा कार्यकर्ताओं के निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना। भ्रमण के दौरान सांसद ने विकास कार्यों का जायजा लेने के साथ जनहित से जुड़े विषयों पर भी पहल की।

कोतमा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खमरौध में सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन अटल ग्राम सेवा सदन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत छह ग्रामीण सड़कों का पूजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इन विकास कार्यों को ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र के पसान नगर पालिका अंतर्गत भालूमाड़ा में सांसद हिमाद्री सिंह ने निर्माणाधीन मंगल भवन का अवलोकन किया। इस दौरान भवन निर्माण को लेकर एसईसीएल के जमुना-कोतमा क्षेत्र की ओर से किए जा रहे हस्तक्षेप का विषय सामने आया। सांसद ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जनहित के कार्य को पूरा कराने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने तत्काल एसईसीएल बिलासपुर के सीएमडी से दूरभाष पर चर्चा कर मंगल भवन के निर्माण में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही। सांसद ने जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया।भाजपा नेताओं के निवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं व परिजनों से की मुलाकात।



Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget