मुख्यमंत्री करेंगे 89 निर्माण का भूमिपूजन, 379.45 करोड़ के विकास की सौगात, 82.28 करोड़ के 45 कार्यों का लोकार्पण
शहडोल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहडोल जिले में 82 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत के 45 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों में आठ विभागों के निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से जिले में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, ग्रामीण विकास तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
निर्धारित विवरण के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के एक कार्य की स्वीकृत राशि 22.86 करोड़ रुपये तथा मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के एक कार्य की स्वीकृत राशि 22.14 करोड़ रुपये है।
इसी प्रकार, लोक निर्माण विभाग के दो कार्यों के लिए 14.92 करोड़ रुपये, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 14 कार्यों के लिए 8.76 करोड़ रुपये तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 21 कार्यों के लिए 5.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जाएगी।
मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के अंतर्गत प्रस्तावित 89 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन कार्यों की कुल लागत 379 करोड़ 45 लाख रुपये है। इन निर्माण कार्यों में सड़क एवं पुल निर्माण, शासकीय विद्यालयों के भवन, छात्रावास, महाविद्यालयीन भवन, पुलिस विभाग के कार्यालय एवं आवास, विद्युत उपकेंद्र तथा खेल सुविधाओं का विकास शामिल है। इन कार्यों से जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शैक्षणिक एवं अन्य अधोसंरचनाओं को मजबूती मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कुल 36 कार्य शामिल हैं। इनमें विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले पहुंच मार्गों का निर्माण, सड़कों का मजबूतीकरण तथा नदियों पर पुल निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत 38 निर्माण कार्य शामिल हैं। इनमें सोहागपुर, जयसिंहनगर, गोहपारू और बुढ़ार विकासखंड के विभिन्न शासकीय हाई स्कूलों के भवन निर्माण के साथ छात्रावास एवं आश्रमशाला भवनों का निर्माण शामिल है।
मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के अंतर्गत कन्या शिक्षा परिसर गोहपारू तथा शासकीय पीजी कॉलेज बुढ़ार में नवीनीकरण, उन्नयन एवं नवीन निर्माण कार्य शामिल हैं।
