समाचार 01 फ़ोटो 01
अज्ञात ट्रेलर ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक की हुई मौत, एक घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
बुढ़ार थाना क्षेत्र में बीती रात एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार सुजीत कुमार यादव (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शहडोल-बुढ़ार मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 में क्रशर के पास हुआ। स्कूटी सवार दोनों व्यक्ति अपने घर बुढ़ार जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बुढ़ार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जबकि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अज्ञात ट्रेलर वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। मृतक के परिजन और स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
हादसे में युवक की मौत से नाराज परिजनों और लोगों ने सड़क पर चक्काजाम करने की तैयारी कर ली थी। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी खेम सिंह और उपनिरीक्षक रजनीश तिवारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाइश दी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समय रहते लोगों को शांत करा लिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात ट्रेलर और उसके चालक का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
पुलिस ने पशु तस्करो के विरूद्ध की कार्यवाही, 21 मवेशी सहित ट्रक जब्त, मामला दर्ज
अनूपपुर
थाना भालूमाड़ा पुलिस को सूचना मिली की एक ट्रक में मवेशी लोड कर हरद से बदरा तरफ जा रहा है, सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा हनुमान मंदिर कुशियारा फाटक में घेराबंदी किया गया तो एक ट्रक चालक मौके पर मिला, गाडी चेक किया जो अशोक लीलेण्ड का ट्रक क्र CG 31 B 8590 में 19 नग भैसा एवं 02 नग भैसी कुल 21 नग मवेशी को ट्रक मे ठूस ठूस कर क्रूरता पूर्वक लोढ कर ले जाना पाया गया, जिन्हे जप्त कर मवेशियो को कांजी हाउस कोतमा मे रखा गया है। आरोपी चालक शहनबाज अहमद पिता इकबाल अहमद उम्र 34 साल निवासी अकबरपुर उर्फ गंगागंज थाना नबाजगंज उ.प्र. को घटना स्थल पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी चालक द्वारा बताया गया कि वाहन मालिक अजय कुमार सैनी का होना बताया एवं फिरोज उर्फ सोनू कुर्रेशी निवासी लपटा थाना जैतहरी से मवेशी देना बताया एवं अब्दुल रहमान उर्फ बल्लू मवेशी बाजार कोतमा व अजय कुमार सैनी मवेशी बाजार कोतमा के साथ चालक द्वारा काम करना बताया। चारो आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 310 /2026 धारा 11(घ) पशु क्रूरता अधि. म.प्र. कृषक पशु परि. अधि. 4, 6, 6(क), 9, 10, 11 एवं 66/192 ए एम.व्ही एक्ट का कायम किया ।
सफेद रंग का अशोक लीलेण्ड का ट्रक कीमती 15 लाख रुपये, 21 नग मवेशी कीमती 10 लाख 50 हजार कुल कीमत 25,50000/- रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
स्नान, दान, तर्पण और पिंडदान से गूंजा नर्मदा तट, पितरों का किया स्मरण, मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
अनूपपुर
प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल तथा पर्यटन केंद्र पवित्र नगरी अमरकंटक में अश्विन कृष्ण पक्ष की श्राद्ध अमावस्या पर शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली में हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य सलिला मां नर्मदा के रामघाट, पुष्कर बांध एवं अरंडी संगम स्थित तटों पर आस्था की डुबकी लगाकर पवित्र स्नान किया। इसके पश्चात अपने पितरों की आत्मिक शांति, सद्गति एवं मोक्ष की कामना से जल तर्पण, तीर्थ श्राद्ध और पितृ श्राद्ध करते हुए विधि-विधान से पिंडदान अर्पित किया।
श्राद्ध अमावस्या के अवसर पर प्रातःकाल से ही नर्मदा तटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला आरंभ हो गया था। रामघाट एवं अरंडी संगम में श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत पूर्वजों का स्मरण कर जल, तिल एवं अन्य पूजन सामग्री के माध्यम से तर्पण किया। पुरोहितों के मार्गदर्शन में धार्मिक विधियां संपन्न कराते हुए श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। नर्मदा तटों पर सुबह से लेकर संध्याकाल तक स्नान, दान, तर्पण, श्राद्ध एवं पिंडदान का क्रम निरंतर चलता रहा।
इस बार शनि अमावस्या के संयोग के चलते शनि देव के पूजन-अर्चन के लिए भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। श्रद्धालुओं ने पीपल वृक्ष के समीप विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की। इसके साथ ही भगवान शनि देव की प्रतिमा पर तेल अर्पित कर पुष्प चढ़ाए और आरती उतारी। भक्तों ने शनि देव से कृपा, दया, सुख-समृद्धि तथा परिवार के कल्याण का आशीर्वाद मांगा।
समाचार 04 फ़ोटो 04
नगर परिषद में "सेवा सेतु अभियान" का हुआ आयोजन, मौके पर ही समस्याओं का किया गया समाधान
अनूपपुर
नगर परिषद डूमरकछार कार्यालय भवन में "सेवा सेतु अभियान - सरकार आपके द्वारा" के अंतर्गत जन कल्याणकारी शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे और त्वरित रूप से जनता तक पहुंचाना था, शिविर में शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए निकायवासी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान कुल 77 आवेदन प्राप्त हुए,जिन पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा त्वरित नियमानुसार कार्यवाही करते हुए पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया गया।
शिविर का शुभारंभ पर निकाय अध्यक्ष व जिला योजना समिति के सदस्य डॉ. सुनील कुमार चौरसिया,मुख्य नगर पालिका अधिकारी शरद गौतम, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आम जनता की समस्याओं को सुना गया और उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया गया।
इस शिविर में राजस्व विभाग,महिला एवं बाल विकास ल,सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति,स्वास्थ्य,पशुपालन,श्रम,जनजातीय कार्य, शिक्षा विभाग सहित अन्य सभी प्रमुख विभागों के द्वारा विशेष स्टॉल लगाए गए। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से उपस्थित नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं,पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी, मौके पर प्राप्त आवेदनों को पोर्टल पर पंजीकृत कर तत्काल संबंधित विभाग के नोडल अधिकारियों को सौंपकर कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया है।
हितग्राहियों को शिविर तक पहुँचाने और उनके आवेदनों के ऑनलाइन पंजीयन,भौतिक संकलन व सत्यापन का कार्य पूरी निष्ठा से किया,जिससे यह शिविर सफल और लोक-कल्याणकारी साबित हुआ।शिविर को सफल बनाने में मैदानी टीमों का सराहनीय योगदान रहा।
समाचार 05 फ़ोटो 05
पीआरटी महाविद्यालय में मोबाइल डी-एडिक्शन कार्यशाला, विद्यार्थियों को डिजिटल जीवनशैली अपनाने किया प्रेरित
अनूपपुर
विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ डिजिटल आदतों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला अनूपपुर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पीआरटी महाविद्यालय अनूपपुर में मोबाइल डी-एडिक्शन विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देशानुसार एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति डॉ. आर.पी. सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित हुई।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता इस्कॉन अनूपपुर की गौरांगी भारद्वाज ने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को मोबाइल का सीमित उपयोग करने, समय का सदुपयोग करने तथा पढ़ाई और वास्तविक जीवन की गतिविधियों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। विशाखा ने भी विद्यार्थियों को प्रेरक उद्बोधन दिया।
पीआरटी महाविद्यालय के संचालक एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. देवेंद्र तिवारी ने विद्यार्थियों को आभासी दुनिया में उलझने के बजाय शिक्षा, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने संदेश दिया, “रील लाइफ से निकलकर रियल लाइफ में आएं और अपने उज्ज्वल भविष्य का आधार मजबूत बनाएं। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी, महाविद्यालय परिवार के सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समाचार 06 फ़ोटो 06
प्रसिद्ध बाघिन 'डॉटी' की हुई मौत, माँ से बिछड़ गए दो शावक, शव का किया पोस्टमार्टम, जांच के लिए नमूने की इकट्ठे
उमरिया
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगल में प्रसिद्ध बाघिन 'डॉटी' की मौत हो गई है। मानपुर बफर रेंज के मझखेता बीट में गश्त के दौरान डॉटी का शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। सबसे भावुक करने वाली बात यह है कि डॉटी के लगभग 15 से 16 माह के दो शावक अब अपनी मां से बिछड़ गए हैं। दोनों शावकों को क्षेत्र में अलग-अलग विचरण करते हुए देखा गया है। वन विभाग ने उनकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। बाघिन का किया गया अंतिम संस्कार।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व हाथियों की मदद से गश्त के दौरान मानपुर बफर रेंज के मझखेता बीट में दोपहर बाद एक मादा बाघ का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन किया। घटनास्थल को घेरकर सुरक्षित किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। शाम को डॉग स्क्वाड की मदद से मृत बाघिन और आसपास के इलाके की सघन जांच कराई गई। इस दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि या वस्तु सामने नहीं आई। इसके बाद वन विभाग ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की।
सक्षम वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी और विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी के दल ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बाघिन के शव का पोस्टमार्टम किया। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। आगे की जांच के लिए आवश्यक नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें विभिन्न प्रयोगशालाओं में भेजा जा रहा है। वन विभाग के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान प्रथम दृष्टया मौत का कारण प्राकृतिक पाया गया है। हालांकि मौत के कारणों की विस्तृत जांच के लिए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी। डॉटी की मौत के बाद उसके दोनों शावकों की सुरक्षा वन विभाग के लिए महत्वपूर्ण हो गई है। करीब 15 से 16 माह की उम्र में दोनों शावक मां से अलग होकर जंगल में विचरण कर रहे हैं।
समाचार 07 फ़ोटो 07
भवन सम्बंधी समस्याओं से परेशान कन्या छात्रावास के 32 छात्राएं, 3 बजे रात कलेक्टर से मिलने निकली पैदल, मचा हड़कंप
*प्रसाशन ने समझाकर कराया सुरक्षित वापस*
शहडोल
जिले के आवासीय छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं का अपनी समस्याएं लेकर पैदल कलेक्टर से मिलने निकलना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। पिछले दो महीने में इस तरह की पांचवीं घटना सामने आई है। ताजा मामला गोहपारू कन्या छात्रावास का है, जहां खाने और भवन संबंधी समस्याओं से परेशान 32 छात्राएं शनिवार तड़के करीब तीन बजे छात्रावास से निकलकर पैदल शहडोल के लिए रवाना हो गईं। छात्राओं का कहना था कि वे कलेक्टर से मिलकर अपनी समस्याएं बताएंगी और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगी।
छात्राओं के अचानक छात्रावास छोड़कर निकलने की सूचना मिलते ही अधीक्षक ने पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए उनके साथ रहा। मामले की जानकारी मिलने पर डिप्टी कमिश्नर, जनजातीय कार्य विभाग और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तब तक छात्राएं शहडोल से करीब आठ किलोमीटर पहले निपानिया गांव तक पहुंच चुकी थीं। वे 16 किलोमीटर से अधिक पैदल चल चुकी थीं।
मौके पर पहुंचे एसी ट्राइबल आनंद राय सिन्हा ने छात्राओं से बातचीत की और उन्हें समझाया। अधिकारियों ने बताया कि वे उचित समय पर कलेक्टर के सामने अपनी शिकायतें रख सकती हैं। समझाइश के बाद छात्राएं वापस लौटने के लिए राजी हो गईं। इसके बाद उन्हें बस से सुरक्षित छात्रावास पहुंचाया गया। अधिकारियों ने छात्रावास में ही छात्राओं की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
इससे पहले जैतपुर क्षेत्र से 200 छात्र-छात्राओं के पैदल चलकर शहडोल 72 किलोमीटर दूर कलेक्टर से मिलने के लिए निकल पड़े थे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर वापस भेजा, जबकि छात्राएं शहडोल पहुंचीं और अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं।
समाचार 09
सेवा संकल्प अभियान, 317 यूनिट रक्त का हुआ संग्रह
अनूपपुर
सेवा संकल्प अभियान सेवा मेरा योगदान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा कलेक्टर रत्नाकर झा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के दिशा निर्देशन में जिले के विभिन्न 11 स्थानो पर रक्तदान शिविर आयोजित कर 317 यूनिट रक्त का संग्रह किया है। जरूरतमंदों को रक्त की सहज उपलब्धता के लिए जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक स्टोरेज के संग्रह केंद्र में रक्त का संधारण किया गया है।
रक्तदाताओं में जनप्रतिनिधि,शासकीय सेवक, समाजसेवी, विद्यार्थी तथा युवाओं तथा महिलाओ ने उत्साह के साथ रक्तदान कर पीड़ित मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा मेरा योगदान अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर में जिले वासियों द्वारा दिए गए उल्लेखनीय सहयोग के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अलका तिवारी ने सभी रक्तदाताओं का आभार प्रकट करते हुए जरूरतमंदो की सेवा के लिए सदैव सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की है।