समाचार 01 फ़ोटो 01
मादक पदार्थ गांजा के साथ 2 महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 91 लाख के साइबर धोखाधड़ी में एक आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
कोतवाली पुलिस को विश्वनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला हल्के पीले रंग की छीटदार साड़ी पहने हुए एक नीले काले रंग के पिट्टू बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर विक्रय करने हेतु रेल्वे स्टेशन अनूपपुर के आउटर से अमरकंटक तिराहा तरफ जाने वाली हैं। जिस पर कोतवाली पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए पहली आरोपिया महिला उम्र 37 वर्ष निवासी अम्बाझरी जिला बौद्ध प्रान्त उड़ीसा व दूसरी आरोपिया महिला उम्र 23 वर्ष निवासी अम्बाझरी जिला बौद्ध प्रान्त उड़ीसा के नीले काले रंग के पिट्टू बैग व हरे रंग की पन्नी के अंदर रखे खाकी कलर के टेप से लिपटे पैकिटो में मादक पदार्थ गांजा कुल वजन 6.460 किलोग्राम कीमत करीब 60400 रूपये को आरोपियो से जप्त किया गया है। तथा थाना कोतवाली अनूपपुर में आरोपीगणो के विरूद्ध अपराध क्रमांक 551/26 धारा 8/20बी एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
*91 लाख के साइबर धोखाधड़ी में एक आरोपी गिरफ्तार*
अनूपपुर जिले के थाना जैतहरी की 91 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी में एक और फरार आरोपी भोला सिंह पिता चन्द्रपाल सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी बगाई भट्टा, टीपी नगर, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि फरियादी के खाते में रिफंड कराया गया है।
राकेश कुमार अग्रवाल निवासी जैतहरी द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में निवेश कर अच्छा रिटर्न दिलाने का लालच देकर कुल 91 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। थाना जैतहरी द्वारा प्रकरण में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई तथा फरियादी की 34 लाख रुपये की राशि होल्ड कराई गई। न्यायालय अनूपपुर के सुपुर्दगी आदेश के पालन में अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि फरियादी के बैंक खाते में रिफंड कराई जा चुकी है। शेष राशि वापस कराने की कार्यवाही जारी है।
प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों यश तोमर एवं शानू उर्फ शुभम दुआ को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में जिला जेल भोपाल में निरुद्ध हैं। आरोपी को न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
समाचार 02
सर्प काटने से अस्पताल में इलाजरत बालिका की हुई मौत
अनूपपुर
विगत 27 दिनों 12 वर्षीय बालिका जिसे घर सोते समय जहरीले करैत प्रजाति के सर्प के डसने से गंभीर स्थिति में उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया जो निरंतर जीवन एवं मौत के बीच निरंतर संघर्ष करते हुए मौत हो गई।
अनूपपुर नगर के वार्ड क्रमांक 11 उजीर बगीचा में 12 वर्षीय बालिका भारती कोल पिता चरकू कोल निवासी ग्राम खन्नाद थाना खैरहा जिला शहडोल जो अपने रिस्तेदार के यहां आकर 14 सितम्बर की रात में जमीन में सोई थी, तभी सर्प ने उंगुली में तीन स्थानों में डस लिया रहा था, साथ ही पलंग में सो रहे 20 वर्षीय जीजा को भी डस लिया था, जिसे जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया गया कहां 27 दिनों से बालिका जीवन एवं मौत के बीच निरंतर संघर्ष करते हुए मृत्यु हो गई,वशिशु रोग चिकित्सकों द्वारा इस बालिका का निरंतर उपचार किया जा रहा था।
समाचार 03 फ़ोटो 03
राष्ट्रीय फ्लोर बॉल प्रतियोगिता में कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन के खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण पदक
अनूपपुर
राष्ट्रीय फ्लोर बॉल प्रतियोगिता में कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय, अमरकंटक के 11 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और अमरकंटक क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का परिचय दिया और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
हरियाणा के सोनीपत में आयोजित राष्ट्रीय फ्लोर बॉल प्रतियोगिता में 10 राज्यों की टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें मध्यप्रदेश की टीम ने अपने दमदार प्रदर्शन से सफलता अर्जित की।
मध्यप्रदेश की टीम ने महाराष्ट्र को 3-1 से चंडीगढ़ की टीम को 3-0 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर को 2-0 से हराया, जबकि फाइनल में तमिलनाडु की टीम को 1-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि में कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, अमरकंटक के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्यालय के 11 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। श्री कल्याण सेवा आश्रम, अमरकंटक के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय, अमरकंटक के प्राचार्य कमलेश मिश्रा ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
पत्नियां लड़ेंगी पति के हक की लड़ाई, मोजर बेयर पावर प्लांट में कम वेतन, सुविधाओं की कमी, अनुकंपा नियुक्ति का मुद्दा गरमाया
अनूपपुर
मोजर बेयर पावर प्लांट, जैतहरी में कार्यरत मजदूरों को कम वेतन एवं पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने तथा अनुकंपा नियुक्ति लागू कराने की मांग को लेकर मजदूरों के परिजनों ने अपने हक की लड़ाई तेज करने का संकल्प लिया है। अब मजदूरों की पत्नियां भी अपने पति और परिवार के अधिकारों के लिए आंदोलन में आगे आएंगी।
मजदूरों का कहना है कि उन्हें जो वेतन एवं सुविधाएं मिल रही हैं, उनसे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। वहीं, काम के दौरान दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को कर्मचारी क्षतिपूर्ति कानून के तहत उचित क्षतिपूर्ति की राशि दिलाने का मुद्दा भी उठाया गया। यूनियन ने सवाल किया कि पात्र श्रमिकों के परिजनों को कानून के तहत देय क्षतिपूर्ति दिलाने की दिशा में मोजर बेयर पावर प्लांट प्रबंधन की भूमिका क्या है? इस मामले में जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग की भूमिका को लेकर भी यूनियन ने सवाल उठाए हैं। कम्पनी प्रबंधन श्रमिकों से गुलाम की तरह व्यवहार कर रही है एवं प्रभावित खातेदारों के साथ भेदभाव कर रही है। स्थानीय लोगों एवं प्रभावित परिवारों को कम वेतन एवं सुविधाएं दी जा रही है।
यूनियन की मांग है कि पात्र मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को तथा जिनकी जमीन का भू-अर्जन की गई है एवं उन परिवार के लोगों को कम्पनी से रिटायर कर दिया गया है अनुकंपा नियुक्ति का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि दुर्घटना या अन्य कारणों से परिवार के कमाने वाले सदस्य को खोने के बाद या रिटायर होने के बाद आश्रितों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। मजदूरों के परिजनों का कहना है कि परिवार की आजीविका, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना लगातार कठिन होता जा रहा है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
करंट लगने से गांव में हाथी की हुई मौत, वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची, जाँच की शुरू
शहडोल
जंगल से भटककर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचे एक मखना हाथी की कथित तौर पर बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना बाणसागर इलाके के चंदौली गांव की बताई जा रही है। जहां हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
ब्यौहारी वन परिक्षेत्र में करीब 25 हाथियों का दल मौजूद है। हाथियों का यह दल अक्सर रात के समय भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर आसपास के आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों के भीतर रखे अनाज की गंध भी हाथियों को आकर्षित करती है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान दल से बिछड़कर एक हाथी चंदौली गांव के राजस्व क्षेत्र में पहुंच गया, जहां वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया।
घटनास्थल के आसपास घर तक बिजली पहुंचाने के लिए खुली तार का इस्तेमाल किया जा रहा था। आशंका है कि इसी तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से हाथी की मौत हुई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
डीएफओ ने की हाथी की मौत की पुष्टि करते हुए जानकारी देते हुए बताया कि राजस्व क्षेत्र में करंट लगने से एक मखना हाथी की मौत हुई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि यदि बिजली की खुली तार के कारण हाथी की मौत हुई है, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
मेडिकल कॉलेज में गुटखा थूकने से हुआ विवाद, गार्ड को चाकू दिखाकर धमकाया, दो युवक गिरफ्तार
शहडोल
मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड के पास गुटखा थूकने को लेकर शुरू हुआ विवाद चाकू दिखाकर धमकाने तक पहुंच गया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को कथित तौर पर चाकू दिखाकर डराया गया। गार्ड और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने दोनों युवकों को पकड़कर गार्ड रूम में बंद कर दिया और डायल 112 को सूचना दी। आरोप है कि रात में पहुंची पुलिस बिना कार्रवाई किए लौट गई। सुबह मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की सूचना पर सोहागपुर पुलिस दोबारा पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लिया।
मेडिकल कॉलेज के आईसीयू के पास सुरक्षाकर्मी शारदा प्रसाद रात में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक अपनी दो महिला मित्रों के साथ वहां बैठे दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि युवकों की महिला मित्रों के परिजन अस्पताल में भर्ती थे। गार्ड ने युवकों से वहां बैठने के संबंध में पूछताछ की। इसी दौरान युवकों ने गुटखा थूक दिया। गार्ड ने जब इस पर आपत्ति जताई तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर सुरक्षाकर्मी को धमकाया।
स्थिति बिगड़ने पर शारदा प्रसाद ने अपने अन्य साथी सुरक्षाकर्मियों को बुला लिया। इसके बाद दोनों युवकों को पकड़कर गार्ड रूम में बंद कर दिया गया। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई।
मामले की जानकारी अस्पताल अधीक्षक डॉ नागेंद्र सिंह और डॉ. विक्रांत कबीरपंथी और अन्य अधिकारियों को मिली। इसके बाद अधिकारियों ने सोहागपुर थाना प्रभारी से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर थाना स्टाफ मेडिकल कॉलेज पहुंचा और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार, दोनों युवक सोहागपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
समाचार 07 फ़ोटो 07
छोटी महानदी में नहाने गया युवक की डूबकर हुई मौत, रेस्क्यू टीम को 24 घंटे बाद मिला शव
उमरिया
छोटी महानदी के गहरे पानी में डूबे 26 वर्षीय राहुल उर्फ रवि बर्मन का शव सुबह करहिया डैम में मिला। करीब 24 घंटे तक बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों पर जैसे ही उसकी मौत की खबर पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, चंदिया थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 निवासी राहुल, पिता राजेश बर्मन अपने दोस्त राज कुशवाहा सहित चार अन्य साथियों के साथ छोटी महानदी पहुंचा था। बताया जाता है कि राहुल नहाने के लिए नदी में उतरा, तभी वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
सूचना मिलने पर एसडीईआरएफ की टीम ने नाव की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन रविवार देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह करहिया डैम में राहुल का शव दिखाई दिया। शव पत्थरों के बीच फंसा होने के कारण उसे निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार सुबह करीब 11 बजे शव को बाहर निकाला गया।
जिस बेटे के लौटने की आस में परिवार पूरी रात इंतजार करता रहा, उसकी मौत की खबर ने परिजनों को तोड़कर रख दिया। घटना से चंदिया क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 6 घायल अस्पताल में भर्ती, 3 की हालत गंभीर
उमरिया
जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत परसोरा गांव के कमरई नाला में अवैध रेत से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से छह मजदूर घायल हो गए। हादसे में तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में रामोतिया पति बाबूलाल बैगा, उर्मिला पति रघुनाथ बैगा, आशा पिता भगवानदास, रंजीत कोल पिता डोमारी कोल, मोनू कोल और ट्रैक्टर चालक संजीत कोल घायल हुए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक रेत लदी होने की बात सामने आई है।
इस हादसे ने पाली क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों से रेत का परिवहन किया जा रहा है। ओवरलोड वाहनों के संचालन से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। इसके अलावा, अवैध उत्खनन से शासन को राजस्व का नुकसान होने की आशंका है।
घटना के बाद पुलिस और खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मांग की जा रही है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
पाली पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अब जांच के बाद ही हादसे के कारणों और जिम्मेदारों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।