समाचार 01 फोटोब01

पशु तस्करी पर पुलिस की कार्यवाही, तीन पीकप सहित 20 मवेशी जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपी फरार

*21.20 लाख का मशरूका जब्त*

 अनूपपुर

थाना जैतहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि तीन पिकअप वाहन जिसमें एक का वाहन क्रमांक MP 19 ZT 5653 एवं 2 बिना नंबर की जिनमें मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर एवं क्रूरतापूर्वक बांधकर कटने हेतु मरवाही, छत्तीसगढ़ की ओर से सिवनी-मुण्डा मार्ग होते हुए ले जाया जा रहा है।

पुलिस द्वारा 03 टीमों का गठन कर ग्राम मुण्डा-सिवनी मार्ग पर नाकाबंदी की गई। साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस को भी सूचना दी गई। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों का पीछा कर उन्हें खदेड़ा गया तथा अनूपपुर पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया।

नाकाबंदी के दौरान तीनों पिकअप वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर चालकों ने वाहन नहीं रोके और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीमों द्वारा पीछा करने पर तीनों चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

एक पिकअप में 07 मवेशी, दूसरी में 06 मवेशी, जिनमें एक भैंस मृत अवस्था में थी, तथा तीसरी पिकअप में 07 मवेशी पाए गए। सभी मवेशियों को रस्सियों से बांधकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरा गया था तथा उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था नहीं थी।

दूसरी पिकअप में सवार आसीफ कुरैशी पिता हसनैन कुरैशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी जेकेडी झगड़ाखान, मनेन्द्रगढ़, छत्तीसगढ़ को पुलिस टीम द्वारा पीछा कर पकड़ा गया। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। कुल 20 मवेशी एवं 03 पिकअप वाहन जप्त किए गए। जप्त माल-मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 21 लाख 20 हजार रुपया है। 

समाचार 02 फ़ोटो 02

सांप के काटने से युवक की उपचार दौरान मौत, सर्पप्रहरी ने बीमार कोबरा नांग का कराया उपचार

अनूपपुर

जहरीले सर्प के काटने से 18 वर्ष बालक की जिला चिकित्सालय में उपचार दौरान मृत्यु हो गई, वहीं जिला मुख्यालय से 7 किलोमीटर दूर स्थित सोनमौहरी गांव में ग्रामीण के घर के पास बीमार हालत में मिले कोबरा नांग प्रजाति के सर्प का सर्पपहरियो ने पशु चिकित्सालय में उपचार करा कर जान बचाई।

बिजुरी थाना अंतर्गत भाटाडांड गांव के वार्ड क्रमांक 4 क्योटानटोला निवासी मानसिंह पाव की 18 वर्षीय पुत्र रवि पाव जो अपने दादा को लेकर पड़ोस के गुल्लीडांड गांव में अपनी बुआ पुनिया पांव के यहां जाकर शाम एवं रात को खाना पीना खाने बाद कच्चे घर के अंदर जमीन में सोया रहा, रात 3 बजे के लगभग अचानक वह उठकर अपनी बुआ पुनिया को बताया कि मेरे गर्दन में कान के पास सर्प ने काट लिया है, जिसके बाद वह उल्टी करने के साथ बेहोश स्थिति में आ जाने पर परिजनों द्वारा मोटरसाइकिल से उसके गांव भाटाडांड ला कर कुछ लोगों से झाड़-फूंक कराने पर बालक ही हालत और खराब होने से बिजुरी अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक द्वारा उपचार किया गया, बालक की स्थिति की गंभीरता को देखते चिकित्सक द्वारा जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किए जाने पर अनूपपुर पहुंचने दौरान चिकित्सकों द्वारा उपचार करते हुए बालक की स्थिति गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया, किंतु परिजनों द्वारा अन्य परिजनों के इंतजार करने की बात कह कर जिला चिकित्सालय में ही उपचार कर रहे थे, इसी दौरान शाम को बालक की उपचार दौरान मृत्यु हो गई ड्यूटी डॉक्टर द्वारा जिला अस्पताल पुलिस को घटना की सूचना दिए जाने पर पुलिस के द्वारा परिजनों की उपस्थिति में मृत बालक के शव का पंचनामा कर पी,एम,करा कर बालक के शव का अंतिम संस्कार किए जाने हेतु देते हुए घटना की जानकारी बिजुरी थाना को अग्रिम कार्रवाई हेतु दी।

*बीमार सांप का कराया उपचार*

अनूपपुर से 7 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम सोनमौहरी के वार्ड क्रमांक 16 फुटहाटोला में एक अत्यंत जहरीला कोबरा नाग जाति के सर्प बीमार एवं अर्ध बेहोश स्थिति में दिखने पर उनके द्वारा फोन से सोनमौहरी बीट के सुरक्षा श्रमिक एवं सर्पप्रहरी राम सिंह गोंड को दिए जाने पर जिस राम सिंह तत्काल स्थल पर पहुंचकर सर्प को देखकर उसे अपने पास रखते हुए जिला मुख्यालय अनूपपुर की सर्पपहरी शशिधर अग्रवाल को अवगत कराया, सोनमौहरी में पदस्थ पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी रूप सिंह धुर्वे ने सर्प की स्थिति देखकर अपने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ,योगेंद्र दीक्षित से परामर्श लेकर उपचार किया गया। सर्पप्रहरियों के प्रयास से एक सर्प की जान बच सकी।

समाचार 03 फ़ोटो 03

हितग्राहियों को नही मिल रहा लाभ, सहायक रोजगार सचिव स्वयं व करीबियों को पहुँचा रहा है लाभ, जाँच की मांग

अनूपपुर

जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत बसही के सहायक रोजगार सचिव रामप्रकाश महरा पर शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को देने के बजाय स्वयं के हित लाभ लेने व अपने करीबियों पंचायत के कार्य देकर लाभ दिलाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में कलेक्टर अनूपपुर को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत में संचालित होने वाली विभिन्न शासकीय योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों का चयन किया जाता है, लेकिन सहायक रोजगार सचिव द्वारा जरूरतमंद एवं पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ नहीं दिलाया जा रहा है। आरोप है कि रामप्रकाश महरा ने अपने नाम से कपिलधारा योजना के तहत तीन बार कूप निर्माण का लाभ प्राप्त किया है। इसके अलावा पंचायत में होने वाले कार्य को अपने करीबियों को देकर उनको लाभ पहुचाने का कार्य किया जाता है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि पंचायत क्षेत्र में सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए आने वाली निर्माण सामग्री जैसे रेत, गिट्टी और सीमेंट को अपने घर के सामने डंप करवाया जाता है। इसके अलावा अपने घर के समीप पानी की टंकी का निर्माण कराकर उसे ताला लगाकर बंद रखने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत पत्र में कहा गया है कि इस प्रकार पंचायत योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र हितग्राहियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर से सहायक रोजगार सचिव के कार्यों की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने तथा पात्र ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की गई है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

स्कूल में बच्चों को परोसा कीड़े वाले चावल, पानी वाली दाल, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत, जाँच की मांग

अनूपपुर

जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत बसही के ग्राम भर्राटोला स्थित शासकीय प्राथमिक पाठशाला में बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कलेक्टर अनूपपुर को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शासकीय प्राथमिक पाठशाला भर्राटोला (बसही), डाइस कोड 23471100502 में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा बच्चों के लिए तैयार किया जाने वाला मध्यान्ह भोजन शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुरूप नहीं बनाया जा रहा है। आरोप है कि बच्चों को पानी जैसी पतली दाल दी जाती है, जबकि सब्जी में मुख्य रूप से केवल आलू और सोयाबीन की बड़ी का उपयोग किया जाता है।

ग्रामीण शिकायतकर्ताओं ने भोजन की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप के अनुसार चावल में कीड़े पाए जाते हैं, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मध्यान्ह भोजन के लिए मिलने वाली खाद्यान्न सामग्री स्व-सहायता समूह के सुपुर्द करने के बजाय कथित तौर पर अन्य व्यक्ति के पास रखी जा रही है। इसके कारण विद्यालय में पर्याप्त खाद्य सामग्री उपलब्ध नहीं हो पाती और बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिल रहा है।

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए बच्चों को शासन के निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है। हालांकि, मामले में संबंधित पक्ष का बयान समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

पंचायत भवन में पटवारी की शराब पार्टी, विरोध करने पर ग्रामीणों से की अभद्रता, कार्यवाही की मांग

शहडोल

जैतपुर तहसील की ग्राम पंचायत बोकरमार का पंचायत भवन इन दिनों प्रशासनिक संवेदनहीनता का अखाड़ा बना हुआ है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने हड़कंप मचा दिया है, जिसमें हल्का नंबर 54 के पटवारी ज्ञान सिंह मार्गो पंचायत भवन के भीतर शराब और कबाब की दावत उड़ाते नजर आ रहे हैं।

जब किसान अपनी फार्मर आईडी बनवाने की आस में पंचायत भवन पहुंचे थे, सरपंच के कक्ष का नजारा देखकर ग्रामीण दंग रह गए। मेज पर शराब की बोतलें थीं और पास ही मांस रखा हुआ था, जब ग्रामीणों ने सरकारी दफ्तर की मर्यादा याद दिलाते हुए विरोध दर्ज कराया, तो पटवारी नशे में ग्रामीणों पर ही बिफर पड़े, आरोप है कि पटवारी ने सेवा देने के बजाय अपनी कथित ‘राजघराना’ पृष्ठभूमि का रौब झाड़ा और बेखौफ लहजे में यहां तक कह डाला कि बड़े से बड़ा अधिकारी भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

एक दशक से जमे पटवारी की इस कार्यशैली से ग्रामीण परेशान चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन को मयखाना बनाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। मामले के पुख्ता वीडियो साक्ष्य एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक को सौंपे गए, मगर प्रशासनिक चुप है, न्याय की आस खोते ग्रामीणों ने वीडियो को इंटरनेट पर साझा कर दिया ,जो अब सोशल मीडियाई तेजी से वायरल हो रही है। पंचायत भवन किसी अफसर का निजी ड्राइंग रूम नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीणों के बुनियादी अधिकारों का केंद्र है। 

समाचार 06 फ़ोटो 06

मकान गिरा, मलबे में दबे पति, पत्नी व बच्ची, तीनों की बची जान, गृहस्थी का सामान ख़राब

शहडोल

धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 में काली मंदिर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बारिश के बीच एक खपरैल मकान अचानक भरभराकर गिर गया, हादसे के समय मकान के अंदर सो रहा परिवार मलबे की चपेट में आ गया और पति-पत्नी समेत उनकी मासूम बच्ची दब गई।

धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नं 5 में काली मंदिर के पास रहने वाले संतोष बर्मन, उनकी पत्नी साधना बर्मन और बच्ची गुनगुन घर के अंदर सो रहे थे, अचानक मकान का हिस्सा भरभराकर उनके ऊपर आ गिरा, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे परिवार के तीनों सदस्यों को बाहर निकाला, मकान गिरने से परिवार के सदस्यों को अंदरूनी चोटें आई हैं।

गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को समय रहते मलबे से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद परिवार दहशत में है।वहीं, मकान गिरने से परिवार की पूरी गृहस्थी तहस-नहस हो गई। घर में रखा सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया, बारिश के कारण पहले से कमजोर हो चुके कच्चे और खपरैल मकानों पर अब खतरा बढ़ गया है।घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

समाचार 07

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव व मटकी फोड़ प्रतियोगिता की तैयारियां पूर्ण

अनूपपुर

अमलाई में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और मटकी फोड़ प्रतियोगिता को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। बस स्टैंड अमलाई स्थित मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। 'श्री कृष्णा समिति' के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्थानीय युवाओं और समिति के सदस्यों ने मिलकर कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए दिन-रात एक कर दिया है। हर साल की तरह इस बार भी पूरे परिसर को आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया जा रहा है।

कार्यक्रम के तहत सबसे मुख्य और आकर्षक केंद्र 'मटकी फोड़ प्रतियोगिता' होगी, जो शाम ठीक 7:00 बजे शुरू की जाएगी। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अमलाई और आसपास के क्षेत्रों से युवाओं की कई मंडलियां (गोविंदा टोलियां) पहुंच रही हैं। हवा में ऊंचाई पर बांधी जाने वाली मटकी को तोड़ने के लिए युवाओं के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। विजेता टोली के लिए समिति की ओर से विशेष पुरस्कार की घोषणा भी की गई है। इस पारंपरिक खेल को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के जुटने की उम्मीद है।

मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर चलेगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि ठीक 12:00 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। 

समाचार 08 फ़ोटो 08

अंधी हत्या का खुलासा, नाबालिग किशोर सहित 2 आरोपी गिरफ्तार, लोहे के एंगल सहित मोटरसाइकिल जब्त

उमारिया

शिवचरण रैदास पिता जियालाल रैदास निवासी जमुनिहा ने थाना नौरोजाबाद पुलिस को सूचना दी कि एक अज्ञात पुरुष उम्र करीब 35 वर्ष का शव सिद्ध बाबा के पहले पेड़ के नीचे पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही थाना नौरोजाबाद से पुलिस टीम तुरन्त ही घटना स्थल पहुंचकर कार्यवाही प्रारम्भ की । अज्ञात मृतक पुरुष की पहचान कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई जिस पर अज्ञात शव का पहचान 30 अगस्त 2026 को सूरजबली बैगा पिता छोटेलाल बैगा उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम सेहराटोला थाना कोतवाली जिला उमरिया के रूप में हुई। मृतक के शव का पी.एम. कराया गया डाक्टर से मृतक के शार्ट पी.एम. रिपोर्ट प्राप्त की डाक्टर द्वारा मृतक के सिर एवं चेहरे में आयी चोट के कारण मृत्यु होना लेख किया गया है जिस पर थाना नौरोजाबाद में अपराध क्रमांक 358/2026 धारा 103(1), 238,3 (5) बी.एन.एस. कायम कर विवेचना मे लिया गया । 

जांच के दौरान पता चला की मृतक गणेश प्रजापति की किराना एवं आटा चक्की की दुकान में आता जाता था एवं काम भी करता था, करीब 15 दिन पहले गणेश की दुकान में पैसे चोरी की बात को लेकर गणेश प्रजापति के भाई से विवाद हुआ था तथा गणेश का भाई मृतक को धमकी भी दिया था । इसी आधार पर किशोर एवं अन्य संदेही शंकर सिंह से पूछताछ की गयी जिनके द्वारा अपराध घटित करना स्वीकार किया गया एवं पूछताछ के दौरान बताया गया की 26 अगस्त 2026 को आरोपी किशोर अपनी सफेद रंग की पल्सर मोटर सायकल से सूरजबली बैगा के घर गया और उमरिया जाना है ऐसा कहकर आरोपी किशोर अपने साथी शंकर सिंह के साथ सूरजबली बैगा को लेकर उमरिया गया । दोनो आरोपी मिलकर सूरजबली को खूब शराब पिलाये और वापस घर जाते समय लोहे के एंगल से सूरजबली बैगा को मारपीट कर हत्या कर दिये तथा शव को सड़क से करीब 15 फीट की दूरी पर छिपाकर अपने घर चले गये । आरोपियों की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल, लोहे का एंगल विधिवत जप्त कर आरोपीगणो को मामले में हिरासत में लिया जाकर न्यायालय प्रस्तुत किया गया।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget