समाचार 01 फोटो 01

अवैध पशु परिवहन पर पशु तस्करों पर कार्यवाही, 3 पीकप से 21 नग मवेशी सहित 40.50 लाख का मशरूका जब्त

*पुलिस की बड़ी कार्यवाही, आरोपी हुए फरार*

अनूपपुर

03 पिकअप वाहनों से 21 नग मवेशी बरामद,कुल  ₹40.50 लाख का माल-मशरूका जप्त मामला दर्ज किया है। थाना कोतमा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि तीन पिकअप वाहन जिनमें  मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर एवं क्रूरतापूर्वक बांधकर कटने हेतु छत्तीसगढ़ से केवई रपटा मार्ग कोतमा होते हुए ले जाया जा रहा है।

सूचना से एक विशेष टीम का गठन किया गया ।थाना कोतमा पुलिस टीम द्वारा केवाई रपटा पुलिया के पास नाकाबंदी की  गई। नाकाबंदी के दौरान कुछ समय बाद तीन पिकअप वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। दूर से ही वाहन चालकों द्वारा पुलिस की नाकाबंदी देखकर पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर चालकों ने वाहन को थोड़ी दूर पर खड़े करकर तीनों वाहन चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।मौके पर पुलिस टीम द्वारा तीनों पिकअप वाहनों की जांच पड़ताल की गई ।

एक पिकअप में 07 मवेशी, दूसरी पिकअप में 07मवेशी, तथा तीसरी पिकअप में 07 मवेशी पाए गए। कुल 21 मवेशी जिनमें 13 नग भैंस (पड़ा) एवं 8 नग भैंसी सभी मवेशियों को रस्सियों से बांधकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरा गया था तथा उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था  भी नहीं थी।

पुलिस द्वारा कुल 21 नग मवेशी कीमत 10.50 लाख एवं एक पिकअप क्रमांक MP65ZG2280, दूसरी पिकअप बिना नम्बर एवं तीसरी पिकअप MP65Z4094 कुल 3 वाहन कीमत 30 लाख जप्त किए गए। जप्त माल-मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹40,50,000/- है।

प्रकरण में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा मध्य प्रदेश कृषि पशु परिरक्षण अधिनियमकी की  धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर फरार वाहन चालकों एवं पशु तस्करों  की तलाश की जा रही है तथा मामले की विवेचना जारी है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

मृत गाय व बछड़े को नपा के कचरे वाली गाड़ी में भरकर खुले स्थान में फेंका, मानवता हुई शर्मसार

शहडोल

नगर पालिका के कचरा वाहन में नालियों की गंदगी के साथ मृत गाय और बछड़े को उठाया गया और फिर कचरे की तरह खुले में पलट दिया गया। पूरा मामला कैमरे मे कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल होंरहे है। तस्वीरें और वीडियो सवाल पूछ रहे हैं कि क्या बेजुबान मवेशियों की मौत के बाद उनकी कोई कीमत नहीं, सवाल सिर्फ यह नहीं कि मृत मवेशियों को कचरे के साथ क्यों फेंका गया, सवाल यह भी है कि आखिर जिम्मेदारों की संवेदनशीलता कहां चली गई।

नगर पालिका शहडोल के मैजिक कचरा वाहन से नालियों की गंदगी के साथ एक मृत गाय और बछड़े को कचरे की तरह कचरे के ढेर में फेक दिया गया। यह पूरा घटनाक्रम जमुई स्थित बघेल ढाबे के पीछे हेलीपैड क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में कचरा वाहन से गंदगी के साथ मृत मवेशियों को भी खुले स्थान पर फेंकते हुए देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद नगरपालिका की कचरा प्रबंधन व्यवस्था और मृत पशुओं के निपटारे की प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।

सबसे गंभीर बात यह है कि शहर के खुले में डंप किए जा रहे कचरे के आसपास बड़ी संख्या में मवेशी पहुंचते हैं और कचरे में मौजूद बायो-वेस्ट के साथ जहरीली पन्नियां और प्लास्टिक तक खा लेते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि शहर की सफाई व्यवस्था आखिर बेजुबान मवेशियों के लिए कितनी सुरक्षित है। कचरे में प्लास्टिक और जहरीले पदार्थों के सेवन से मवेशियों के बीमार पड़ने और असमय मौत का खतरा लगातार बना रहता है। इसके बावजूद यदि मृत मवेशियों को भी सामान्य कचरे के साथ खुले में फेंका जा रहा है, तो यह व्यवस्था की संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

सब्जी मंडी के कलकत्ता बाजार में लगी आग, 12 दुकानो में रखा सामान जला, लाखो का नुकसान

उमरिया 

असामाजिक तत्वों ने देर रात लगाई आग शहर के सब्जी मंडी में लगी कलकत्ता बाजार में देर रात भीषण आग लगने से एक दर्जन से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। खोजेंजानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे अचानक बाजार क्षेत्र में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास स्थित करीब एक दर्जन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिए जाने से बाजार की 100 से अधिक अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

आग लगने से प्रभावित दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक रूप से घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकलन संबंधित विभाग और प्रभावित दुकानदारों की जानकारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

समाचार 04 फ़ोटो 04

त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस एलर्ट, दर्जनों  निगरानीशुदा बदमाशों की कराई परेड

अनूपपुर

कोतमा में आगामी दिनों में गणेश चतुर्थी, नवरात्रि सहित अन्य त्योहारों को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतमा पुलिस ने निगरानीशुदा, गुंडा बदमाश, लिस्टेड, जिलाबदर एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में थाना क्षेत्र के ऐसे बदमाशों को थाने में हाजिर कराकर उनकी परेड कराई गई।

थाना के अलग-अलग पुलिस टीमों ने बदमाशों की तलाश कर उन्हें थाने लाया। थाना परिसर में परेड के दौरान पुलिस ने बदमाशों के वर्तमान ठिकाने, उनके जीवन-यापन एवं गतिविधियों से संबंधित जानकारी ली। थाना प्रभारी ने उन्हें आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की शांति भंग करने वाली गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।

बदमाशों को अपराध एवं नशे से दूर रहकर सामान्य जीवन व्यतीत करने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने अथवा माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि कुछ हिस्ट्रीशीटर एवं निगरानीशुदा बदमाश अभी पुलिस की पकड़ में नहीं आए हैं। उनकी तलाश जारी है। ऐसे बदमाशों को भी पकड़कर थाने लाया जाएगा और उनकी परेड कराते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

समाचार 05 फ़ोटो 05

नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ का आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अनूपपुर

थाना चचाई जिला अनूपपुर नाबालिक बच्ची के साथ छेड़ छाड़ करने वाले आरोपी को 12 घण्टे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।फरियादिया निवासी बरगंवा थाना चचाई जिला अनूपपुर की थाना आकर एक किता टाईप सुदा स्वयं के व्दारा हस्ताक्षरित आवेदन पत्र इस आशय का पेश करी कि आरोपी बृजभान के व्दारा मेरी नाबालिक लड़की के साथ बुरी नियत से सूने घर के अंदर घुसकर छेड़ा छाड़ करने के संबंध में पेश की फरियादिया के आवेदन पत्र मजमून से आरोपी बृजभान के विरूद्ध अपराध धारा 331(3), 74,75 (2) बीएनएस एवं 7/8 पाक्सो एक्ट का कायम कर विवेचना में लिया गया।

दौरान विवेचना मामले में धारा 3 (1) (W) (i), 3(2) (va) एसी/एसटी एक्ट का इजाफा करते हुए आरोपी बृजभान उर्फ चन्द्रभान पिता रामधनी निषाद उम्र 32 साल निवासी बख्योपुर थाना बदलापुर जिला जौनपुर (उ०प्र०) हाल सोडाफैक्ट्री बरगंवा को गिरफ्तार कर थाना लाया गया एवं थाना से माननीय न्यायलय पेश करते हुए जिला जेल में बंद कराया गया।

समाचार 06 फ़ोटो 06

गणेश उत्सव में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विद्यार्थियों ने गढ़े गोबर व शुद्ध मिट्टी के श्री गणेश

उमरिया

आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए “मिट्टी के श्री गणेश” ग्रीन गणेश अभियान के अंतर्गत सरस्वती विद्यालय, प्रकाशनगर, बिरसिंहपुर पाली में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर  राखी सहाय एवं जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में युवा टीम उमरिया एवं लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट  वॉलंटियर्स ने विद्यार्थियों को पर्यावरण हितैषी गणेश प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण दिया।

कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए गोबर एवं शुद्ध मिट्टी से अपने हाथों से श्री गणेश की प्रतिमाएं तैयार कीं। इसके बाद प्राकृतिक रंगों से प्रतिमाओं को आकर्षक रूप दिया गया। प्रतिमा निर्माण के साथ विद्यार्थियों को जल स्रोतों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य राकेश तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों को ग्रीन गणेश निर्माण के माध्यम से पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हमारी जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। विद्यार्थियों के माध्यम से यह संदेश परिवार और समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

कार्यशाला में पर्यावरण मित्र एवं वॉलंटियर हिमांशु तिवारी ने विद्यार्थियों को मिट्टी के श्री गणेश  ग्रीन गणेश अभियान के उद्देश्य एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

अवैध उत्तखनन पर पुलिस पहुँची मौके पर रेत से भरे 5 मेटाडोर को चालक छोड़कर हुए फरार, पुलिस ने किया जब्त

शहडोल 

जैतपुर में रेत के अवैध कारोबार पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि रेत से लदे पांच मिनी ट्रक मौके पर ही छोड़ चालक भाग गए। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया है। जब्त वाहनों और रेत समेत कुल मशरूका की कीमत 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद अवैध रेत के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

कार्रवाई जैतपुर थाना क्षेत्र के बदौड़ी मेन रोड पर की गई। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि खैरहानी गांव के पास कुनुक नदी से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है और मिनी ट्रकों के जरिए उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने बदौड़ी मेन रोड पर नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान रेत लेकर पांच मिनी ट्रक वहां पहुंचे। पुलिस की घेराबंदी देखकर चालकों ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भागने की कोशिश की। सभी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और रास्तों का फायदा उठाकर चालक हाथ नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने पांचों मिनी ट्रकों को जब्त कर लिया।

पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब वाहनों के दस्तावेजों के आधार पर उनके मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में वाहन मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय स्तर पर यह भी जानकारी सामने आई है कि खैरहानी क्षेत्र में कुछ लोग कुनुक नदी से रेत निकालकर उसे एकत्र करते हैं। इसके बाद शहडोल के जरवाही और घरौला क्षेत्र के वाहनों के जरिए रेत को जैतपुर से शहडोल तक पहुंचाकर बेचने की बात कही जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। 

समाचार 08 फ़ोटो 08

ऑल इंडिया स्ट्राइक के आह्वान पर बैंकिंग कामकाज रहा बंद कर्मचारियों ने सांकेतिक हड़ताल कर जताया विरोध

अनूपपुर

देशभर के बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के संयुक्त संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 11 सितंबर 2026 को आयोजित ऑल इंडिया बैंक स्ट्राइक के तहत अमरकंटक स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में कर्मचारियों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। कर्मचारियों ने शाखा कार्यालय में तालाबंदी कर बैंक का कामकाज बंद रखा तथा बैंक द्वार पर जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने केंद्र सरकार एवं वित्त मंत्रालय से उनकी लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। इस दौरान शाखा के बाहर बैंक कर्मचारी यूनियनों की मांगों से संबंधित पोस्टर भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, केंद्र सरकार की एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण पीएलआई (PLI) योजना को वापस लेकर उसके क्रियान्वयन को स्थगित रखने, यूनियनों के साथ द्विपक्षीय चर्चा के माध्यम से योजना में संशोधन करने तथा लंबित मुद्दों का निराकरण करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

बैंक कर्मचारियों ने कहा कि सरकार की ओर से कर्मचारी यूनियनों के साथ पूर्व में विभिन्न मांगों को लेकर लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उस पर अपेक्षित रूप से अमल नहीं किया गया। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार मांगों की ओर ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद समाधान नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरन सांकेतिक हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget