समाचार 01 फ़ोटो 01
कार की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाएं घायल, एक के पैर में गहरा घाव, अस्पताल में चल रहा है इलाज
अनूपपुर
अमरकंटक तिराहा से जैतहरी की ओर जाने वाले मार्ग पर सोमवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। खेड़िया पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाओं को चोटें आई हैं, जबकि एक महिला के चेहरे और पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल अनूपपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक श्यामकली (32) निवासी मैनपुर, जनकपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (छत्तीसगढ़) अपनी बड़ी बहन मुन्नी बाई (55) निवासी कदौरी, जैतपुर, शहडोल के साथ गौरेला क्षेत्र के डोंगरीटोला में अपनी बेटी के ससुराल गई थीं। दोनों शनिवार को वहां पहुंची थीं और सोमवार को अनूपपुर रेलवे स्टेशन आने के लिए रवाना हुई थीं।
दोनों महिलाओं को स्टेशन छोड़ने के लिए उनके दामाद का भाई बाइक से अनूपपुर की ओर ला रहा था। दोपहर करीब 12 बजे खेड़िया पेट्रोल पंप के पास सामने से अथवा पीछे से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
हादसे में मुन्नी बाई के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। उनके दाएं पैर के घुटने में भी गहरा घाव हुआ है, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी चोटें होने की बात सामने आई है। वहीं श्यामकली के चेहरे और हाथ की कोहनी में चोट लगी है।
हादसे के बाद कार सवारों ने घायल महिलाओं को अपनी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचाने के बाद कार सवार वाहन लेकर वहां से निकल गए। घटना के संबंध में फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और कार की पहचान को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों घायल महिलाओं का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
एचआरसी कंपनी के वाहन ने मवेशियों को कुचला, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुल पर धरना देकर किया चक्काजाम
*कार्रवाई व मुआवजे की मांग*
अनूपपुर
हिंदुस्तान पावर लिमिटेड जैतहरी से निकलने वाली फ्लाई ऐश के परिवहन में लगे एचआरसी कंपनी के वाहन से सोमवार, 21 सितंबर 2026 की सुबह भालूमाड़ा स्थित केवई नदी पुल पर विचरण कर रहे मवेशियों के कुचलने की घटना सामने आई। घटना के बाद वाहन मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल मवेशी सड़क पर पड़े रहे और जीवन-मौत के बीच संघर्ष करते नजर आए।
घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी मंडल पसान के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह, अभिषेक सिंह विकी अब्दुल कलाम सौरभ सिंह अजय यादव सचिन जायसवाल अमीन अहमद भारत मंगोलिया सोनू सिंह बाहुबली सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में केवई नदी पुल के ऊपर सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
धरना दे रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग है कि मवेशियों को कुचलने वाले वाहन की पहचान कर उसके चालक एवं संबंधित कंपनी के जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही घायल एवं प्रभावित मवेशियों के उपचार तथा उनके मालिकों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि फ्लाई ऐश परिवहन में लगे वाहनों की तेज गति एवं लापरवाही पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कार्यकर्ताओं ने मांगों के निराकरण तक धरना जारी रखने की बात कही।
समाचार 03 फ़ोटो 03
25 हजार का अवैध मादक पदार्थ गाँजा जब्त, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर
बिजुरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के तस्करों के विरुद्ध एक प्रभावी और सफल कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 2 किलो 345 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 25,000 रुपये है।
मुखबिर द्वारा विश्वसनीय सूचना मिली कि ठाकुर बाबा धाम (लोहसरा) के पास बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरे पर एक व्यक्ति काले बैग में मादक पदार्थ गांजा लेकर बैठा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस स्टाफ और साक्षियों के साथ मौके पर पहुँचकर देखा गया तो एक व्यक्ति काला बैग लिए बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह बैग सहित झाड़ियों की तरफ भागने लगा, जिसे पुलिस बल द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम बबलू बेनिया (पिता निलंबर बेनिया, उम्र 44 वर्ष, मूल निवासी- बक्सी तुलसी पाली, थाना जूनागढ़, जिला कालाहांडी, ओडिशा, हाल निवासी- वार्ड नं. 07, पड़रीपानी, बिजुरी) बताया।
आरोपी के पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर उसके अंदर हरी सूखी पत्तियां, डंठल और बीजयुक्त मादक पदार्थ गांजा पाया गया, जिसे आरोपी ने गांजा होना स्वीकार किया। गांजे का कुल वजन 02 किलो 345 ग्राम पाया गया। जिसे जब्त करके एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और विवेचना में लिया गया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
खुले में मछली विक्रय करना पड़ा भारी, छह दुकानदारों पर 1,500 रुपये का जुर्माना
शहडोल
सेवा ही संकल्प अभियान-2026’ के तहत नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी के निर्देशन में खुले में मछली विक्रय करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
नगर पालिका की टीम ने भूसा तिराहा सोहागपुर के पास खुले में मछली विक्रय करने वाली दुकानों को बंद कराया। इसके साथ ही न्यू बस स्टैंड के पास बिना ढके खुले में मछली विक्रय करने वाले छह दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 1,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, मछली एवं अन्य खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की समझाइश दी गई। नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई में स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया, भूपेश कोहरे, दुर्गेश गुप्ता, संतोष लखेरा, अंकुश सेन एवं फायर टीम की सहभागिता रही।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील की है कि वे अपने घरों और दुकानों से निकलने वाला कचरा निर्धारित कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं। स्वच्छ एवं सुंदर शहडोल के निर्माण में नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की गई।
समाचार 05 फ़ोटो 05
बोलेरो से 60 किलो चांदी की बरामदगी पर, पुलिस की कार्यवाही पर उठे सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग
उमरिया
चंदिया थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध बोलेरो वाहन से कथित तौर पर करीब 60 किलो चांदी मिलने और बाद में उसका कोई स्पष्ट रिकॉर्ड सामने नहीं आने के आरोप ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर चंदिया निवासी प्रमोद तिवारी ने मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन और पुलिस अधीक्षक उमरिया को लिखित शिकायत भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग भी उठाई है।
प्रमोद तिवारी के अनुसार, तत्कालीन चंदिया थाना प्रभारी ज्योति शुक्ला अपने पति अनुभव शुक्ला के साथ क्षेत्र में भ्रमण पर थीं। इसी दौरान नायरा पेट्रोल पंप के समीप उत्तर प्रदेश नंबर की एक बोलेरो संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दी। शिकायत में दावा किया गया है कि पुलिस वाहन को देखकर बोलेरो में मौजूद लोग मौके से भाग निकले।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद अनुभव शुक्ला द्वारा बोलेरो का कांच तोड़कर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में चांदी मिलने की बात कही गई है। शिकायत के मुताबिक, कथित तौर पर बरामद चांदी को वाहन से निकाल लिया गया और बोलेरो को चंदिया थाना परिसर लाया गया।
पूरे मामले में शिकायतकर्ता ने सबसे महत्वपूर्ण सवाल कथित चांदी की बरामदगी की कानूनी प्रक्रिया को लेकर उठाया है। उनका कहना है कि यदि वास्तव में लगभग 60 किलो चांदी पुलिस के सामने बरामद हुई थी तो उसकी विधिवत जब्ती, पंचनामा, वजन एवं मालखाने में जमा कराने जैसी कार्रवाई का रिकॉर्ड होना चाहिए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों को बाद में वाहन से केवल मामूली सामग्री मिलने की जानकारी दी गई।
प्रमोद तिवारी ने यह भी सवाल उठाया है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी यदि पुलिस की कार्रवाई के दौरान सामने आई थी तो उसका सरकारी रिकॉर्ड में उल्लेख क्यों नहीं है। वहीं बोलेरो में सवार बताए जा रहे लोगों की गिरफ्तारी अथवा उनसे पूछताछ नहीं होने को लेकर भी शिकायतकर्ता ने सवाल खड़े किए हैं।
समाचार 06 फ़ोटो 06
शिक्षा का स्तर खराब पर कलेक्टर ने प्रधानाध्यापक को व 9 माह से गैरहाजिर आरक्षक को एसपी ने किया निलंबित
*दोनो नियमो की उड़ा रहे थे धज्जियां*
शहडोल
विद्यालय में छात्रों की कम उपस्थिति और शिक्षा का स्तर बेहद कमजोर मिलने पर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया, तो दूसरी तरफ करीब नौ महीने से अनधिकृत रूप से गैरहाजिर चल रहे आरक्षक पर एसपी डॉ. संजय अग्रवाल ने कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जनपद पंचायत सोहागपुर के शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय पटासी के प्रधानाध्यापक एवं माध्यमिक शिक्षक सौरभ कुमार गुप्ता के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। निलंबन आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों ने शिकायत की थी कि शिक्षक विद्यालयीन समय पर स्कूल नहीं पहुंचते और शिक्षा का स्तर भी अपेक्षित नहीं है।
शिकायत के बाद कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने स्वयं विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रों की उपस्थिति कम और शैक्षणिक गुणवत्ता अत्यंत न्यून पाई गई। आदेश में कहा गया है कि प्रधानाध्यापक द्वारा विद्यालय संचालन और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक प्रयास नहीं किए जा रहे थे। इसके बाद कलेक्टर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, गोहपारू निर्धारित किया गया है।
इधर पुलिस विभाग में आरक्षक क्रमांक 247 नीलेश पटारिया के खिलाफ कार्रवाई हुई है। एसपी डॉ. संजय अग्रवाल के आदेश के मुताबिक आरक्षक 19 दिसंबर 2025 से लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहा था, 18 सितंबर को पुलिस लाइन शहडोल में उपस्थित होने पर उसकी वर्दी और वेशभूषा भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
आदेश में यह भी उल्लेख है कि पूर्व में उसे बुनियादी प्रशिक्षण के लिए पुलिस प्रशिक्षण शाला तिगरा, जिला ग्वालियर भेजने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन वह प्रशिक्षण में भी उपस्थित नहीं हुआ। पुलिस रेगुलेशन के प्रावधानों के तहत इसे अनुशासनहीनता मानते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
समाचार 07 फ़ोटो 07
अवैध रेत उत्तखनन व परिवहन पर पुलिस ने 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली किया जब्त
शहडोल
अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने देवलोंद और जैतपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए रेत से लदी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर कई चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
देवलोंद थाना पुलिस को झिरिया क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी जिया उल हक ने तत्काल टीम को मौके पर भेजा। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। पीछा करने के बावजूद वह पकड़ में नहीं आया। इसके बाद झिरिया दादर के पास भी रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई, जिसका चालक पुलिस को देखकर फरार हो गया। दोनों वाहनों को जब्त कर थाने लाया गया और अज्ञात चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जैतपुर थाना पुलिस ने गाड़ाघाट और तितरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कीं। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। एसपी के निर्देश पर लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। बीते दिनों ब्यौहारी पपौंध में भी कार्यवाही देखने को मिली थी।
समाचार 08 फ़ोटो 08
चित्रकला प्रदर्शनी व भाषण प्रतियोगिता में छात्रों को किया सम्मानित
उमरिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग व्दारा जिले के समस्त विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों व्दारा बनाई गई। चित्रकला पेटिंग्स की प्रदर्शनी का अवलोकन जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारियों ने किया । इसी क्रम में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओ के विजेताओ को पुरस्कृत भी किया गया।
विद्यार्थियों व्दारा प्रस्तुत कलाकृतियां उनके अथक मेहनत , रचनात्मकता तथा विकसित भारत के प्रति उनके उत्साह और संकल्प को दर्शाती है। विद्यार्थियों के प्रयासो की उपस्थिति जनों ने सराहना की तथा अपेक्षा की , कि उनकी प्रतिभा और क्षमता का लाभ उन्हें आने वाले समय में भी मिलेगा। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र बडकरे, कौशल विश्वकर्मा, विश्वजीत पांडेय , श्रीमती अमृत शर्मा सहित शिक्षक व छात्राएं उपस्थित रहे।
समाचार 09
दिव्यांग छात्र ने भाषण से प्रस्तुत की विकसित भारत की परिकल्पना
अनूपपुर
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जन अभियान परिषद द्वारा शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर विकासखण्ड में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत अध्ययनरत बी.एस.डब्ल्यू. प्रथम वर्ष के दिव्यांग छात्र नरेंद्र रौतेल ने “मेरे सपनों का भारत” भाषण प्रतियोगिता में सहभागिता की।
प्रतियोगिता का आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों एवं विकसित भारत की संकल्पना विषय पर किया गया। नरेंद्र रौतेल ने प्रतियोगिता में उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए और विकसित भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं एवं दृष्टिकोण को भाषण के माध्यम से व्यक्त किया।
उनकी सहभागिता और आत्मविश्वास ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने नरेंद्र रौतेल के हौसले और प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उनकी सहभागिता ने अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़कर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।