समाचार 01 फ़ोटो 01

खनिज के अवैध उत्तखनन व परिवहन पर दो ट्रैक्टर को पुलिस ने किया जब्त, मामला हुआ दर्ज

अनूपपुर

थाना बिजुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कोठी गैस एजेंसी के पास, कोठी से पकरिहा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। जांच के दौरान एक नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया, जिसमें अवैध रेत लदी पाई गई। लगभग ₹5.05 लाख मूल्य का ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अवैध रेत जप्त, आरोपी पर मामला दर्ज किया है। वाहन चालक ने अपना नाम ओम कुशवाहा (पिता नरेश प्रसाद कुशवाहा, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोठी, थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर बताया। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS), धारा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा धारा 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

दूसरा मामला थाना भालूमाड़ा पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम पयारी नम्बर 02 में यादव ढाबा के पास रेड कार्यवाही कर एक स्वराज कम्पनी का ट्रेक्टर क्रमांक MP  65 AA 4888 में लोड 3 घन मीटर अवैध रेता (खनिज) आरोपी चालक सिवतैन खान पिता शहादत खान उम्र 24 वर्ष निवासी बिरसिंहपुर पाली जिला उमरिया के द्वारा अवैध खनिज रेत ट्रेक्टर मालिक नरेन्द्र सिंह निवासी निमहा थाना रामनगर के कहने पर अवैध रेता चोरी कर बिना टीपी व वैध लायसेंस के बिना ट्रेक्टर में लोड कर परिवहन करते पाये जाने पर आरोपी चालक से उक्त ट्रेक्टर मय लोड 3 घन मीटर रेत जप्त कर आरोपी चालक सिवतैन खान एवं ट्रेक्टर मालिक नरेन्द्र सिंह के विरूद्ध अपराध क्र. 275/2026 धारा 303(2),317(5) बी.एन.एस.  4/21 खान खनिज अधिनियम एवं 130(3)/177 एम.व्ही. एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया  है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

कल्याण सेवा आश्रम में सप्त दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ, कलश एवं रामचरितमानस ग्रंथ के साथ निकली शोभायात्रा, 

अनूपपुर

मां नर्मदा के उद्गम स्थल और प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ नगरी अमरकंटक में बुधवार, 16 सितंबर 2026 को कल्याण सेवा आश्रम में सप्त दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ धार्मिक वातावरण के बीच हुआ। अयोध्यावासी संत एवं विद्वान पंडित राघवेंद्र नायक जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा का श्रद्धालुओं को श्रवण कराया जा रहा है।

श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर कल्याण सेवा आश्रम के कथा परिसर से रामचरितमानस ग्रंथ एवं कलश की शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर ढोल-डफली और भजन-कीर्तन करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा मां नर्मदा के पावन पुष्कर घाट पहुंची, जहां नर्मदा तट पर रामचरितमानस ग्रंथ एवं कलश का मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन-अर्चन और आरती की गई। आचार्य एवं पुरोहितों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।

मां नर्मदा के पावन तट पर श्रीरामचरितमानस का पूजन कर कथा का शुभारंभ किया जाना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर रहा। इस दौरान वातावरण भजन, कीर्तन और जय श्रीराम के जयघोष से भक्तिमय बना रहा। महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा में शामिल हुए।

श्रीराम कथा का आयोजन उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के खैरागढ़ के अग्रवाल भक्त मंडल द्वारा कराया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए आगरा सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचे हैं। कथा व्यास पंडित राघवेंद्र नायक महाराज द्वारा श्रीरामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों की संगीतमय व्याख्या कर रहे हैं।सप्त दिवसीय श्रीराम कथा का समापन मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को विशेष पूजन-अर्चन, हवन, आरती, कन्या भोज, ब्राह्मण भोज एवं भंडारे के साथ किया जाएगा। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार  17 सितंबर को रहेंगे अमरकंटक प्रवास पर

अनूपपुर

मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार 17 सितंबर 2026 को अनूपपुर जिले के अमरकंटक प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री श्री अहिरवार 16 सितंबर को शाम 4.00 बजे भेड़ाघाट, जिला जबलपुर से अमरकंटक के लिए प्रस्थान करेंगे और रात्रि 8.00 बजे अमरकंटक पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

17 सितंबर को प्रभारी मंत्री श्री अहिरवार प्रातः 8.00 बजे मां नर्मदा मंदिर में पूजन-अर्चन एवं 21 बटुकों द्वारा वेद मंत्रोच्चार कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात प्रातः 9.00 बजे रामघाट दक्षिण तट, अमरकंटक में आयोजित सामूहिक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

प्रातः 10.00 बजे धुम्मा घाटी में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम तथा प्रातः 10:30 बजे श्री नर्मदे हर सेवा न्यास में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12.00 बजे मेला ग्राउंड में आयोजित रक्तदान शिविर में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे मेला ग्राउंड में आयोजित हितलाभ वितरण एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसी प्रकार प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार सायं 7.00 बजे रामघाट में आयोजित महाआरती एवं दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात रात्रि 8.00  बजे अमरकंटक से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

समाचार 04 फ़ोटो 04

मप्र राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अमरकंटक प्रवास पर

अनूपपुर

मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल 17 सितंबर को अनूपपुर जिले के अमरकंटक के प्रवास पर रहेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार श्री रौतेल 16 सितंबर को दोपहर 1 बजे अनूपपुर से अमरकंटक के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 2.15 बजे अमरकंटक पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। 17 सितंबर को प्रातः 7 बजे श्री रौतेल मां नर्मदा जी का पूजन-अर्चन करेंगे। इसके बाद प्रातः 8 बजे रामघाट में आयोजित सामूहिक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रातः 8.45 बजे धुम्मा घटिया, अमरकंटक में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात प्रातः 9.30 बजे श्री नर्मदा हर सेवा न्यास परिसर, अमरकंटक में पौधरोपण कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

प्रातः 10.30 बजे रक्तदान शिविर का अवलोकन करने के बाद प्रातः 11.00 बजे आयोजित हितलाभ वितरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाम 6.30 बजे सांस्कृतिक संध्या में सहभागिता के बाद शाम 7 बजे रामघाट में मां नर्मदा दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा शाम 7.15 बजे मां नर्मदा जी की महाआरती में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात रात 8.15 बजे अमरकंटक से अनूपपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और रात 9.20 बजे अनूपपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

समाचार 05 फ़ोटो 05

चोरो ने एसपी कार्यालय के सामने खिड़की तोड़कर चोरी को दिया अंजाम, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

शहडोल

जिला संयुक्त कार्यालय परिसर में स्थित और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने संचालित ‘दीदी कैफे’ में चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस परिसर में जिले के महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय मौजूद हैं, उसी परिसर के भीतर रात के समय खिड़की तोड़कर चोरी होना चिंता का विषय बन गया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति कैफे की खिड़की के रास्ते अंदर जाता और गैस सिलेंडर लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 सितंबर 2026 की रात दीदी कैफे को निशाना बनाया गया। कैफे संचालक श्रीमती ललिता नायक, पति रेम्या नायक, निवासी ग्राम पंचायत बरका, ने पुलिस अधीक्षक शहडोल को दिए शिकायत आवेदन में बताया है कि मुख्यमंत्री महत्त्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत संचालित दीदी कैफे की खिड़की तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया।

शिकायत में बताया गया है कि घटना की CCTV कैमरे में रिकॉर्डिंग मौजूद है। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति खिड़की तोड़कर कैफे के अंदर प्रवेश करता दिखाई देता है। इसके बाद वह गैस सिलेंडर लेकर उसी खिड़की के रास्ते बाहर निकलता नजर आता है। CCTV स्क्रीन पर दिखाई दे रहे समय के अनुसार फुटेज में रात करीब 10:34 से 10:35 बजे के बीच की गतिविधियां दर्ज हैं।

घटना के संबंध में कैफे संचालक ने पुलिस अधीक्षक से उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। शिकायत की प्रतिलिपि सिटी कोतवाली शहडोल के थाना प्रभारी को भी दी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने और जिला संयुक्त कार्यालय परिसर जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर यदि रात के समय चोरी हो सकती है, तो जिले के दूरदराज इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का क्या हाल होगा।

समाचार 06 फ़ोटो 06

तेज रफ्तार पीकप ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की हुई मौत, ममला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

देवलौंद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा जगमल के पास हुआ। टक्कर के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से भाग निकला लेकिन घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार भोलहरा निवासी पिंटू कोल (20) बाइक से बुढ़वा से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान जगमल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर वहां से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अस्पताल भिजवाया। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि जिस पिकअप से हादसा हुआ था, वह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर आगे जाकर पलट गई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पिकअप वाहन पलटा हुआ मिला, लेकिन उसमें चालक या अन्य कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है। वाहन की पहचान और उसके चालक की तलाश की जा रही है। देवलौंद थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर से दुर्घटना करने वाली पिकअप को जब्त कर थाने लाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए विवेचना शुरू कर दी गई है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

इंजीनियरिंग से समाजसेवा तक, हिमांशु तिवारी की अलग राह करियर की चमक से ज्यादा जनसेवा को दी तरजीह

उमरिया

एक तरफ माइनिंग इंजीनियरिंग की डिग्री और दूसरी तरफ समाज की जरूरतों को करीब से देखने वाली संवेदनशील सोच। आमतौर पर इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद युवा बेहतर रोजगार और करियर की तलाश में आगे बढ़ते हैं, लेकिन हिमांशु तिवारी ने अपनी मंजिल ही अलग तय की। उन्होंने अपनी तकनीकी शिक्षा के साथ समाज के लिए काम करने का संकल्प लिया और पिछले करीब नौ वर्षों से जनहित एवं समाजहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय हैं।

यह सफर केवल व्यक्तिगत प्रयास तक सीमित नहीं रहा। वर्ष 2017 में युवाओं को साथ लेकर शुरू हुई पहल धीरे-धीरे एक संगठित सामाजिक टीम में बदल गई। आज टीम विभिन्न क्षेत्रों में 14 विंग्स के माध्यम से सेवा, सहायता और जनजागरूकता से जुड़े कार्य कर रही है।

हिमांशु के अनुसार, समाज में लोगों की परेशानियां देखकर उन्हें हमेशा यह महसूस होता था कि यदि अपनी क्षमता के अनुसार किसी जरूरतमंद के काम आया जा सकता है तो पीछे नहीं हटना चाहिए। यही सोच धीरे-धीरे उनके जीवन का उद्देश्य बनती गई।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद समाजसेवा को प्राथमिकता देने के निर्णय पर परिवार ने शुरुआत में चिंता जताई। बेहतर करियर की उम्मीद रखने वाले परिवार को उनका फैसला सहज नहीं लगा, लेकिन हिमांशु अपने संकल्प पर कायम रहे। सामाजिक कार्यों का दायरा बढ़ने और लोगों का विश्वास मिलने के साथ परिवार का सहयोग भी मजबूत होता गया।

टीम द्वारा स्वास्थ्य सेवा मित्र, रक्त सेवा मित्र, दिव्यांग सेवा मित्र, यातायात मित्र, स्वच्छता मित्र, मूक पशु सेवा मित्र, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, निशुल्क शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य शिविर, खेल शिविर, जल गंगा संवर्धन और नशा मुक्ति जैसे क्षेत्रों में गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

समाचार 08 फ़ोटो 08

हैदराबाद के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मुशायरे में शिरकत करेंगे अनूपपुर के शायर दीपक अग्रवाल

अनूपपुर

अनूपपुर के सुप्रसिद्ध शायर दीपक अग्रवाल को हैदराबाद के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मुशायरे में शिरकत करने का आमंत्रण मिला है। वह 1 अक्टूबर 2026 को हैदराबाद के प्रसिद्ध रविन्द्र भारती थिएटर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुशायरे में अपनी शायरी पेश करेंगे।हैदराबाद की जानी-मानी शख्सियत सैयद मिस्कीन अहमद की विशेष निगरानी में अंजुमन मोहब्बान-ए-उर्दू, तेलंगाना द्वारा प्रतिवर्ष

‘पयाम-ए-अम्न’ उनवान से आयोजित होने वाला यह मुशायरा हैदराबाद के सबसे प्रमुख और प्रतिष्ठित मुशायरों में शुमार किया जाता है। इस आयोजन में देश-विदेश के ख्याति प्राप्त शायर शिरकत करेंगे।

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले दीपक अग्रवाल पिछले डेढ़ दशक से लगातार राष्ट्रीय स्तर के मुशायरों और कवि सम्मेलनों में अपनी शायरी का जलवा बिखेर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने देश के लगभग सभी शीर्ष शायरों और कवियों के साथ विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर काव्य पाठ किया है।

उनकी शायरी की खास पहचान संवेदनशील विषयों, सामाजिक सरोकारों और सहज एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति के लिए बनी है। राष्ट्रीय मंचों पर लगातार सक्रियता ने उन्हें अनूपपुर ही नहीं, बल्कि देश के उभरते हुए महत्वपूर्ण शायरों में स्थान दिलाया है। दीपक अग्रवाल की साहित्यिक उपलब्धियों में वर्ष 2024 में प्रकाशित उनका उर्दू ग़ज़ल संग्रह ‘रेत पर कश्तियां’ विशेष रूप से उल्लेखनीय है। 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget