समाचार 01 फ़ोटो 01
पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज
अनूपपुर
मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल के आह्वान पर सोमवार से अनूपपुर जिले के सभी पटवारी अपनी पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन के अंतिम चरण में प्रवेश करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के पहले दिन पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर अनूपपुर को ज्ञापन सौंपा तथा अपने बस्ते एवं राजस्व अभिलेख संबंधित तहसील कार्यालयों में जमा कर दिए।
पटवारी संघ जिला इकाई अनूपपुर के अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने बताया कि प्रदेशभर के पटवारी लंबे समय से अपनी पांच सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसके विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ के निर्देशानुसार अनूपपुर जिले की सभी तहसीलों के पटवारियों ने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी है।
संघ ने कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा का नियमित आयोजन, पटवारियों को जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करने, विभिन्न योजनाओं के लंबित मानदेय एवं भुगतानों का शीघ्र भुगतान,पटवारी संघ के पदाधिकारियों के स्थानांतरण नियमों के विरुद्ध किए गए तबादलों को निरस्त करने की मांग उठाई है।
संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के चलते नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों के लिए आवश्यक राजस्व प्रतिवेदन सहित पटवारियों से संबंधित विभिन्न राजस्व कार्य प्रभावित होने की संभावना है, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
मंदिर से शिवलिंग उखाड़कर ले गए अज्ञात चोर
अनूपपुर
जिले के फुनगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत कदमटोला के प्रसिद्ध एवं प्राचीन मडदेउरा धाम से शिवलिंग चोरी होने की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। धार्मिक आस्था के केंद्र माने जाने वाले इस मंदिर से अज्ञात चोर देर रात शिवलिंग उखाड़कर ले गए, जिससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
सुबह जब श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर से शिवलिंग गायब मिला। प्रथम सावन के पावन अवसर पर हुई इस घटना से लोगों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्र हो गए तथा घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
समाचार 03 फ़ोटो 03
वन विभाग की टीम ने चीतल के मांस व अन्य अवशेषों के साथ 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
शाहडोल
जिले के खन्नौधी वन विभाग की टीम ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चीतल का मांस पकाने और घर में सींग रखने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय के आदेश के बाद दोनों आरोपियों को जिला जेल शाहडोल भेज दिया गया है।
सुबह 5 बजे वन परिक्षेत्र खन्नौधी के अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सल्दा निवासी बंसीलाल बैगा (उम्र 42 वर्ष, पिता दीनू बैगा) के मकान में चीतल का मांस पकाकर खाया जा रहा है। खबर मिलते ही खन्नौधी के वन अमले ने बंसीलाल के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आंगन में बनी झोपड़ी से एक बर्तन में पका हुआ चावल के साथ मांस, खाल का टुकड़ा और मकान के अंदर से एक नग चीतल का सींग बरामद हुआ। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने सभी अवशेषों को जब्त कर सील कर दिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी बंसीलाल ने बताया कि उसने ग्राम सल्दा के ही संतोष सिंह (उम्र 31 वर्ष, पिता महेश सिंह) के साथ मिलकर चीतल का मांस खाया था। इसके बाद वन टीम ने संतोष सिंह को भी मामले में सह-आरोपी बनाया।
वन विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 (पठित 2(16)), 39, 44, 48, 51 एवं 57 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20486/08 पंजीकृत किया। मेडिकल परीक्षण के उपरांत आरोपियों को न्यायालय जिला शाहडोल के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
निःशुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर–2026 के सफल संचालन पर कलेक्टर ने हिमांशु तिवारी को किया सम्मानित
उमरिया।
जिला प्रशासन उमरिया एवं युवा टीम उमरिया (मध्यप्रदेश) के संयुक्त तत्वावधान में बिरसिंहपुर पाली स्थित माँ बिरासिनी क्रिकेट स्टेडियम पाली में आयोजित निःशुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर–2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के उत्कृष्ट संचालन, अनुकरणीय समन्वय एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिविर के कोऑर्डिनेटर हिमांशु तिवारी को जिला कलेक्टर राखी सहाय द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
लगभग एक माह तक संचालित इस प्रशिक्षण शिविर में जिले के बच्चों एवं युवाओं को क्रिकेट, फुटबॉल, खो-खो, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों का निःशुल्क प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया गया। नियमित योग, व्यायाम एवं फिटनेस सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों में शारीरिक क्षमता, मानसिक एकाग्रता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का विकास किया गया।
शिविर को केवल खेल प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक जागरूकता का भी प्रभावी मंच बनाया गया। हस्तकला गतिविधियों के माध्यम से वन्यजीव एवं वन संरक्षण का संदेश दिया गया, वहीं चित्रकला प्रतियोगिताओं के जरिए स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्त भारत, बाल विवाह रोकथाम, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर बच्चों एवं युवाओं को जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण जनजागरूकता कार्यक्रम, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, रक्तदान शिविर तथा अन्य सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का भी सफल आयोजन किया गया। इन आयोजनों ने प्रतिभागियों में खेल भावना के साथ-साथ सेवा, संवेदनशीलता, सामाजिक दायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समाचार 05 फ़ोटो 05
श्रावण के प्रथम सोमवार उमड़ा आस्था का सैलाब, कांवड़ में नर्मदा जल लेकर ज्वालेश्वर धाम पहुंचे हजारों श्रद्धालु
अनूपपुर
देवाधिदेव भगवान शिव को समर्पित पावन श्रावण मास के प्रथम सोमवार को मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक शिवभक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आई। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही मां नर्मदा उद्गम मंदिर, प्राचीन शिवालयों और धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
देश के विभिन्न राज्यों सहित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा उद्गम कुंड में पूजा-अर्चना कर विधि-विधान से पवित्र जल भरा और कांवड़ में जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए ज्वालेश्वर धाम की ओर प्रस्थान किया। श्रद्धालुओं की टोलियां पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए शिवभक्ति में लीन दिखाई दीं।
विंध्य और सतपुड़ा पर्वतमालाओं के मध्य स्थित अमरकंटक को मां नर्मदा की पावन जन्मस्थली होने का गौरव प्राप्त है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां नर्मदा का जल स्वयं सिद्ध और पुण्यदायी माना जाता है। श्रावण मास में यहां से जल लेकर भगवान शिव का अभिषेक करने का विशेष महत्व है। इसी आस्था के चलते प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचकर अपनी धार्मिक यात्रा का शुभारंभ करते हैं।
अमरकंटक से कुछ दूरी पर स्थित प्राचीन ज्वालेश्वर महादेव मंदिर श्रावण मास में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहता है। श्रद्धालु उद्गम कुंड से नर्मदा जल भरकर कई किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करते हुए ज्वालेश्वर धाम पहुंचते हैं।
प्रथम श्रावण सोमवार को मां नर्मदा मंदिर, श्री ज्वालेश्वर महादेव, श्री यंत्र मंदिर, प्राचीन शिवालयों एवं अन्य देवालयों में विशेष पूजन, रुद्राभिषेक और शिव आराधना का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और नर्मदा जल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। दिनभर मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ बनी रही।
समाचार 06 फ़ोटो 06
मादक पदार्थ गाँजा सहित बाइक व मोबाइल जब्त, आरोपी पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर
थाना कोतमा पुलिस द्वारा रात्रिकालीन रोड पेट्रोलिंग के दौरान मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 किलो 168 ग्राम गांजा, 01 नग मोबाइल फोन एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल जप्त की गई है।
मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर केशवाही से कोतमा तरफ आ रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु तत्काल थाना प्रभारी महोदय द्वारा रोड पेट्रोलिंग टीम को केसवाही रोड तरफ रवाना किया गया । इसी दौरान देवगांव तिराहे के पास एक मोटरसाइकिल वाहन का चालक पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देखकर गाड़ी को मोड़कर भागने लगा जिसका पीछा कर घेराबंदी कर मुड़धावा तिराहा केशवाही रोड के पास उसको रोका गया।
वाहन के चालक ने अपना नाम दिनेश महरा पिता स्व लोकनाथ महरा उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम सेमरिया टोला जामगांव का बताया।पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकल की डिक्की में गांजा रखा होना स्वीकार किया। तलाशी लेने पर 01 किलो 168 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹15,000), 01नग मोबाइल फोन 01 पल्सर मोटरसाइकिल कुल अनुमानित जपती -1,45,000 रुपए जब्त किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ नत्थू लाल साहू निवासी ग्राम झीरिया चौकी थाना बुढार जिला शहडोल से खरीद कर लाना बताया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतमा में धारा 8/20(b) एनडीपीएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
दो जुआ फड़ से 08 जुआड़ी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर
जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतमा पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ रेड की कार्रवाई की है।
सूचना पर कोतमा पुलिस टीम ने वार्ड नो.10 में सिया मनी दुबे के घर के पास व वार्ड नंबर 10 विकास नगर कोतमा में तहसील के पास दो अलग-अलग जगह चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। मौके से पुलिस ने ताश के पत्तों पर दांव लगाते हुए 08 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों में देवशरण यादव, बद्रीनारायण प्रजापति, मोहम्मद हुसैन, अनिल कुमार बैरागी संतोष कुमार पनिका, रामकुमार यादव, दिनेश कुमार पानी, मोहम्मद सलीम सभी निवासी कोतमा के है। पुलिस ने आरोपियों के पास और फड़ से कुल ₹3000 रुपए नकद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कोतमा में धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
समाचार 08 फोटो 08
संस्कार लॉ कॉलेज में 'दीक्षारंभ' सह नवागत छात्र अभिनंदन समारोह संपन्न
अनूपपुर
संस्कार लॉ कॉलेज, अनूपपुर में नवागत विद्यार्थियों के स्वागत हेतु 'दीक्षारंभ समारोह' एवं 'अभिनंदन कार्यक्रम' का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अद्वितीय उत्साह के साथ सहभागिता दर्ज की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं प्राध्यापको द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात् संस्थान के प्राचार्य डॉ. आनंद कुमार द्विवेदी ने नए विद्यार्थियों का आधिकारिक अभिनंदन किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को विधिक शिक्षा के क्षेत्र में निष्ठा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए उज्ज्वल भविष्य निर्माण की प्रेरणा दी।
समारोह के दौरान नवागत एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों के मध्य सौहार्दपूर्ण वातावरण निर्मित करने हेतु विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने गीत, संगीत एवं विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समारोह के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। तत्पश्चात् धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
समाचार 09 फोटो 09
लहूलुहान वृद्धा का मिला शव, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
अनूपपुर
जिले के जैतहरी थाना के पुलिस चौकी वेंकटनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत भेलमा में सोमवार की सुबह वेंकटनगर पुलिस को मिली सूचना पर पुलिस के द्वारा 65 वर्षीय वृद्धा का खून से लथपथ शव बरामद कर एफएसएल टीम से परीक्षण कराते हुए घटना के संबंध में जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार जमीनी विवाद के कारण हत्या की घटना कारित किए जाने की संभावना है।
पुलिस सहायता केंद्र वेंकटनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत भेलमा के भेलमा गांव के सेजहाई में सोमवार की सुबह 65 वर्षीया वृद्धा रामबाई पति स्व, सुद्धू सिंह गोंड की घर के पास मृत स्थिति में पड़े होने की सूचना पर थाना प्रभारी जैतहरी गोकुलानंद पांडेय, एवं चौकीप्रभारी वेंकटनगर प्रवीण साहू पुलिस दल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर मृतिका के शव का प्रारंभिक परीक्षण दौरान घटना गंभीर होने पर एफएसएल की टीम को बुलाते हुए परीक्षण कराकर प्रारंभिक कार्यवाही कर मृतिका के शव के पीएम कराए जाने हेतु अस्पताल भेजा।
चौकीप्रभारी वेंकटनगर प्रवीण साहू ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षण दौरान घटना का कारण वृद्धा का जमीनी विवाद का होना प्रारंभिक तौर पर पता चल रहा है जिस पर गंभीरता से जांच कार्यवाही करते हुए आरोपियों की खोजबीन की जा रही है।