तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, युवक की घटनास्थल में हुई मौत
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। साखी बंधा के आगे सीधी रोड पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान संदीप कोल उम्र 21 वर्ष, पिता पदुम कोल, निवासी खड्डा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, संदीप रविवार देर शाम ब्यौहारी से अपने घर की ओर जा रहा था। वह बाइक पर अकेला सवार था। जैसे ही वह साखी बंधा के आगे सीधी रोड पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ब्यौहारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। मोटरसाइकिल तेज रफ्तार होने के कारण घटना घठित हुई है।
