नल जल योजना के आपरेटरो की बैठक सम्पन्न, जेल भरो आंदोलन में होंगे शामिल
अनूपपुर
नल जल योजना में कार्यरत आपरेटरो की बैठक सम्पन्न हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए सीटू नेता कामरेड जुगुल किशोर राठौर ने कहा कि, आदिवासी के नाम से बनीं योजना का लाभ आदिवासियों को नहीं मिल पा रहा है, इसका मुख्य कारण यह है कि आदिवासी के नाम से वोट लेकर निर्वाचित प्रतिनिधि दर असल में कार्पोरेट घरानों की दलाली करने में लीन हैं, जिसके कारण आदिवासियों की लूट बेरोकटोक एवं बेखौफ होकर की जा रही है। यही वजह है कि जनप्रतिनिधियों के प्रति जनता का विस्वास कम हो रही है और लोकतंत्र पर विस्वास भी कमजोर होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिला एवं सम्भाग का नेतृत्व करने वाले बड़े नेता पुष्पराजगढ़ के निवासी हैं, लेकिन विगत 7-8 वर्षों से मध्यप्रदेश शासन का उपक्रम मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित परियोजना क्रियान्वयन इकाई शहडोल के ठेकेदार सीएम आर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राईवेट लिमिटेड के द्वारा मध्यप्रदेश शासन श्रम विभाग द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन से आधे से भी कम वेतन पर काम करवाया जाकर शोषण किया जा रहा है, जिस पर हमारे जनप्रतिनिधियों का कोई सकारात्मक हस्ताक्षेप नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि ठेकेदार की इस लूट की जानकारी सांसद हिमाद्री सिंह और पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्कों को नहीं है लेकिन आदिवासियों की इस तरह के शोषण ठेकेदार द्वारा किया जाना इन जनप्रतिनिधियों की भूमिका सवाल के घेरे में आना स्वाभाविक है।
कामरेड जुगुल राठौर ने कहा कि मजदूरों को ठेकेदार के शोषण से बचने का एक मात्र रास्ता संघर्ष है। उन्होंने अपील किया कि 10 अगस्त को जिला मुख्यालय अनूपपुर में जेल भरो आंदोलन में शामिल होकर अपनी हक़ की लड़ाई को मजबूत बनाएं।
