एएसआई की घर पर संदिग्ध अवस्था मे मिला शव, हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
कोतवाली थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक कैलाश मिश्रा उम्र 60 पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह डायल-112 में ड्यूटी कर रहे थे। सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचने और फोन रिसीव नहीं करने पर पुलिसकर्मी उनके आवास पहुंचे, जहां वह बिस्तर पर मृत अवस्था में मिले।
कैलाश मिश्रा पुलिस लाइन न्यू कॉलोनी के बी ब्लॉक स्थित कमरा नंबर 13 में अकेले रहते थे। बुधवार देर शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने सरकारी आवास चले गए थे। गुरुवार तड़के उनके सीने में तेज दर्द हुआ था। इसके बाद उन्होंने डायल-112 को बुलाया और जिला अस्पताल पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार और दवा लेने के बाद वह वापस घर लौट आए थे।
सुबह डायल-112 में उनकी ड्यूटी शुरू होने का समय होने पर पायलट ने मोबाइल फोन से संपर्क किया, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद कैलाश मिश्रा ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद पायलट ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी पुलिस टीम के साथ पुलिस लाइन स्थित उनके आवास पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो कैलाश मिश्रा बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने अधिकारियों को घटना की सूचना देने के साथ उनके परिजनों को भी जानकारी दी।
