समाचार 01 फ़ोटो 01

डर दिखाकर अज्ञात व्यक्ति ने महिला से उतरवा लिए सोने के जेवर, आरोपी फरार, मामला हुआ दर्ज

शहडोल 

जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में ठगी का एक और मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने एक महिला को अनहोनी और पारिवारिक संकट का डर दिखाकर बातों में उलझाया और उससे सोने के टप्स व अंगूठी उतरवा ली। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ऊषा वर्मा निवासी सिंहपुर रोड, कोतवाली के गंज क्षेत्र के पास पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पीछे से आया और बातचीत शुरू कर दी। चलते-चलते उसने महिला को किसी पारिवारिक संकट और अनहोनी की आशंका बताकर डराने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि महिला ने फिलहाल केवल इतना बताया है कि आरोपी ने अपनी बातों में उलझाकर उनसे कानों के सोने के टप्स और हाथ की सोने की अंगूठी उतरवा ली।

आरोपी के कहने पर महिला ने अपने जेवर उतारकर एक सफेद कपड़े में रख दिए और उसे सौंप दिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब महिला को पूरी घटना का एहसास हुआ, तब तक ठग काफी दूर निकल चुका था। घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। 

समाचार 02 फ़ोटो 02

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के अनशन व दबाव में छात्रवृत्ति घोटाले की आरोपी प्राचार्य किया निलंबित 

*कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन पर शासन ने की कार्रवाई*

उमरिया

कन्या शिक्षा परिसर पाली में 10 लाख 88 हजार 825 रुपये के छात्रवृत्ति घोटाले के मामले मे भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने बीते दिनों ज्ञापन सौंपते हुये कलेक्टर उमरिया से वैधानिक कार्यवाही की मांग की थी, जिस पर कलेक्टर उमरिया ने आश्वासन देते हुए बताया था की दोषी प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव आयुक्त आदिवासी विकास भोपाल को भेजा गया है, और इस मामले में दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्यवाही की जायेगी। इस दौरान कन्या शिक्षा परिसर पाली की तत्कालीन प्राचार्य जो जांच में दोषी पायी गयी थी निलंबन के लिए लगातार दबाव बना रहा। जिसके परिणामस्वरूप शासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राचार्य सरिता जैन को निलंबित कर दिया है।

आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग भोपाल ने आदेश क्रमांक F-1/स्था/जनजा.का./2026/ 31 जुलाई 2026 जारी कर सरिता जैन को छात्रवृत्ति राशि में अनियमितता और शासकीय धन के दुरुपयोग के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय उमरिया रहेगा।

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश सचिव हर्ष अवधिया ने बताया कि छात्राओं के हित में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने बीते दिनों कलेक्टर उमरिया को ज्ञापन सौंपकर इस घोटाले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की थी। संगठन ने मांग की थी कि जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और दोषी प्राचार्य के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर वसूली की जाए।भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के ज्ञापन और निरंतर आंदोलन के दबाव के कारण ही शासन को निलंबन की कार्रवाई करनी पड़ी है। 

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश सचिव हर्ष अवधिया ने कहा _"यह कार्रवाई छात्र शक्ति की जीत और सत्य की जीत है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन  शुरू से ही छात्रों के अधिकारों और पारदर्शिता के लिए संघर्ष करता रहा है। हम मांग करते हैं कि मामले में    छात्राओं से वसूली गई पूरी राशि तत्काल वापस की जाए। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन आगे भी शिक्षा में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा।

समाचार 03 फ़ोटो 03

पंचायत में लटका रहता है ताला, ग्रामीण हो रहे हैं परेशान, नही हो रहे हैं काम

अनूपपुर

जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पयारी नंबर 2 का प्रशासनिक कार्य ठप पड़ा है। सूत्रों के अनुसार, पंचायत भवन पर ताला लटका हुआ है और आम ग्रामीण शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में असमर्थ हैं।

इस पूरे व्यवस्था को ग्राम रोजगार सहायक (जीआरएस) अपने तरीके से चला रहा है, जबकि पंचायत की औपचारिक कार्यप्रणाली और शिकायतों के निराकरण के लिए सक्षम अधिकारियों का होना आवश्यक है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गड़बड़ी को लेकर पंचायत अधिकारी (सचिव) कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे विकास कार्य और योजनाओं का क्रियान्वयन बाधित हो रहा है।

गौरतलब है कि कोतमा क्षेत्र में पहले भी प्रशासनिक सक्रियता देखी गई है, जहां हाल ही में नवागत कलेक्टर ने कोतमा में स्कूल का निरीक्षण किया था और अन्य जनपद पंचायतों में जनकल्याण शिविर आयोजित कर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया गया था। लेकिन पयारी नंबर 2 में व्यवस्था पूरी तरह से चरमराती नजर आ रही है। देखना यह है क्या अधिकारी इन पंचायत के कर्मचारियों पर कार्यवाही करते हैं या सिर्फ कागजों पर ही सीमित रह जाती है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

सावन के प्रथम सोमवार पर रामेश्वर महादेव मंदिर में होगा 51 परिवारों का सामूहिक रुद्राभिषेक

अनूपपुर

पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार, 3 अगस्त 2026 को दोपहर 12:00 बजे से रामेश्वर महादेव मंदिर, टैक्सी स्टैंड, वार्ड क्रमांक 3, जमुना कॉलोनी में करौली शंकर महादेव दरबार शंकर सेना जिला अनूपपुर के तत्वावधान में 51 परिवारों का भव्य सामूहिक रुद्राभिषेक एवं शिव आराधना का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन के दौरान भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक रुद्राभिषेक, पूजन एवं आराधना संपन्न होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र, समाज एवं समस्त मानवता के सुख, शांति, समृद्धि तथा "रोग मुक्त, शोक मुक्त भारत" की मंगलकामना करना है।

आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजन करने तथा इस आध्यात्मिक आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।

सावन का प्रथम सोमवार भगवान शिव की उपासना का विशेष पर्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन श्रद्धा एवं भक्ति भाव से किए गए रुद्राभिषेक से सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसी भावना के साथ क्षेत्र के श्रद्धालु एकत्र होकर भगवान भोलेनाथ का सामूहिक अभिषेक करेंगे तथा राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना करेंगे।

शंकर सेना की संभागीय अध्यक्ष हनी सुनील चौरसिया एवं अनूपपुर जिला अध्यक्ष राजेश सिंह ने सभी शिवभक्तों से इस पावन आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

चोरी हुए सात नग भैस को पुलिस ने किया जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

शहडोल

जयपाल सिह गोड पिता मनीराम सिंह गोड उम्र 45 वर्ष निवासी बहेरहा थाना जयसिंहनगर हाल पाही घर ग्राम आमडीड थाना ब्यौहारी जिला शहडोल का ने शिकायत की थी, 29 जुलाई 2026 को रात्रि करीबन 10.00 बजे खाना पीना खाकर सो गया था, 30 जुलाई 2026 के सुबह करीबन 05.00 बजे उठ कर देखा तो सार मे बंधी चार नग पडा एवं तीन नग भैस सार मे नही थी, तब मै आपसपास जंगल मे पता तलास किया, किन्तु कोई पता नही चला मेरी चार नग पडा एवं तीन नग भैस कीमत करीबन 14 हजार रुपये को कोई अज्ञात व्यक्ति रात्रि मे चोरी कर ले गया है । रिपोर्ट पर अपराध धारा 331(4),305(ए) बी.एन.एस. पंजीबध्द कर विवेचना मे लिया गया।

विवेचना दौरान अज्ञात आरोपी का पता तलास किया गया, मुखबिर की सूचना प्राप्त होने पर संदेही राकेश पटेल पिता रमेश पटेल एवं पवन कुमरा यादव पिता कोदूलाल दोनो निवासी आमडीह थाना ब्यौहारी को अभिरक्षा मे लेकर पूछताछ किया गया, जो 04 नग पडा एवं 03 नग भैस कुल 07 नग मवेशी का चोरी करना बताया, जो आखेटपुर की जंगल से आरोपी गण के कब्जे से 07 नग मवेशी बरामद कर जप्त किया गया है। आरोपी गणो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर पेश किया गया।

समाचार 06 फ़ोटो 06

झपटमारी व चोरी के 2 आरोपी गिरफ्तार, चोरी के आभूषण, बाइक व मोबाइल बरामद

उमरिया

झपटमारी एवं चोरी के प्रकरण का उमरिया पुलिस द्वारा खुलासा किया गया है। पीड़ित रावेन्द्र सिंह निवासी बिजौरा की सूचना पर थाना कोतवाली उमरिया मे अपराध क्र. 404/26 धारा 304(2), बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए साथ ही पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के लोगो से उक्त हुलिया के अज्ञात आरोपी के बारे में पता तलाश की गई संदेह के आधार पर एक महिला, एक पुरुष को पड़कर पूछताछ कार्यवाही के दौरान प्राप्त भौतिक एवं तकनीकि साक्ष्यों का विश्लेषण करने उपरान्त एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर प्रकरण मे आरोपीगण की पहचान हो सकी पहचान किए गए आरोपी को त्वरित कार्यवाही कर हिरासत मे लेकर बारीकी से पूछताछ की गई , जिनके द्वारा जुर्म स्वीकार किया गया साथ ही थाना इंदवार अन्तर्गत अन्य स्थानों पर चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के निशादेही पर घटित घटनाओं मे चोरी गया मशरूका सोने , चांदी के जेवरात व एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल कुल कीमती लगभग 1,44,000/- रुपये जप्त किया जाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

दोनो आरोपियों के नाम ललन सिंह गौंड पिता शंभू उम्र 30 निवासी बड़वाही थाना मानपुर जिला उमरिया, निशा रजक पति संजीव कुमार कतलाम उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बालोद थाना पुरू जिला बालोद छत्तीसगढ़ हाल ग्राम बड़वाही थाना मानपुर जिला उमरिया है। गिरफ्तार हुए आरोपियो से की गई पूछताछ पर थाना इंदवार अन्तर्गत हुई कुछ चोरियों का हुआ खुलासा, मामले मे वैधानिक कार्यवाही की जा रही। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

स्कूल व मंदिर के पास पान दुकान में बिक रही अवैध शराब, शिवसेना ने सौपा ज्ञापन 

अनूपपुर

ग्राम बलबहा पुरानी मोहल्ले में स्थित प्राथमिक विद्यालय और मां नर्मदा मढ़िया के ठीक सामने वर्षों से संचालित एक पान ठेले पर अवैध शराब और नशीली पदार्थ बेचे जाने का गंभीर आरोप लगा है। शिवसेना उद्धव बाळासाहेब ठाकरे के नगर अध्यक्ष केशव यादव ने थाना प्रभारी जैतहरी को लिखित शिकायत देकर ठेले को तत्काल बंद कराने की मांग की है।

शिकायत पत्र क्रमांक 2026/02 के अनुसार, हीरालाल नामक व्यक्ति द्वारा विगत कई वर्षों से पान ठेले की आड़ में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक घर से अवैध शराब और नशीली पदार्थ बेचे जा रहे हैं। इस कारण कक्षा 1 से 5 तक पढ़ने वाले नन्हे बच्चों पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है। विद्यालय परिसर की बाउंड्री के अंदर और छत पर बैठकर लोग शराब पीते हैं। शराब की बोतलें, डिस्पोजल और अंडे के छिलके स्कूल परिसर में ही फेंक दिए जाते हैं।

पत्र में यह भी कहा गया है कि ठेले के ठीक सामने मां नर्मदा मढ़ीया विराजमान है। वहां शराब पीना और मीट-मसाला खाना धार्मिक और सामाजिक रूप से गलत है। उक्त ठेले में बिजली चोरी कर कनेक्शन लिया गया है और नीचे अर्थिंग कर दी गई है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। मांग की है कि अवैध ठेले को तुरंत बंद कराकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

जिला प्रशासन परिवार ने स्थानांतरित कलेक्टर को दी विदाई नवागत कलेक्टर का किया स्वागत

अनूपपुर

कलेक्टर हर्षल पंचोली के स्थानांतरण उपरांत होटल सूर्या के सभागार में जिला प्रशासन परिवार द्वारा आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद पुनः इस अंचल में लौटना उनके लिए भावनात्मक अवसर है। उन्होंने कहा कि चार वर्ष पूर्व डिंडोरी में कार्य करने के बाद अब अनूपपुर में सेवा का अवसर मिला है। उन्हें विश्वास है कि पूर्व में अधूरे रह गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक के प्राकृतिक वैभव, पर्यावरण एवं नदी संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास और संरक्षण के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता यह दर्शाती है कि स्थानांतरित कलेक्टर हर्षल पंचोली ने अपने नेतृत्व और कार्यशैली से सभी के बीच विश्वास कायम किया है। उन्होंने कहा कि श्री पंचोली के कार्यकाल में जिले ने विभिन्न क्षेत्रों में जो उपलब्धियां अर्जित की हैं, उन्हें आगे भी बनाए रखते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी। उन्होंने हर्षल पंचोली के उज्ज्वल भविष्य तथा उनके परिवार के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।

समाचार 09

तीर्थ यात्रियों को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

शहडोल

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति ने हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना नियम-2012 के अन्तर्गत शहडोल जिले के तीर्थ यात्रियों को अयोध्या-वाराणसी (काशी) जाने हेतु 262 तीर्थ यात्रियों का चयन तीर्थ यात्रा हेतु रवाना किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा तीर्थ यात्रियों का फूल माला से स्वागत किया गया तथा तीर्थ यात्रा की शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर तीर्थ यात्रियों के परिजन रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने आए हुए थे। रेलवे स्टेशन में महिलाओं ने तीर्थ यात्रा गीत गाकर खुशियों का इजहार किया। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त विकास मुद्रिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget