स्टेट साइबर की टीम पहुँची जांच करने, अश्लील वीडियो वाले मामले ने एसपी ने पुलिसकर्मी को किया निलंबित
*नाबालिग से जुड़ा मामला*
अनूपपुर।
नाबालिग बालिका से जुड़े अश्लील वीडियो पोस्ट करने के मामले में कार्रवाई के लिए जबलपुर से अनूपपुर पहुंची स्टेट साइबर सेल की टीम के साथ मौजूद प्रधान आरक्षक को पुलिस अधीक्षक अनूपपुर ने निलंबित कर दिया है। मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। वहीं, आरोपी के अपराध की जानकारी परिजनों को होने के बाद आत्महत्या की एक घटना सामने आने की जानकारी है।
थाना राज्य साइबर सेल जबलपुर में अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत धारा 67(बी) आईटी एक्ट एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 15 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले में कोमल सिंह पर नाबालिग बालिका से संबंधित अश्लील वीडियो पोस्ट करने का आरोप है। प्रकरण में जबलपुर पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की गई थी।
इसी मामले में स्टेट साइबर सेल जबलपुर से निरीक्षक सविता नीरज ठाकुर के नेतृत्व में टीम अनूपपुर पहुंची थी। टीम के साथ प्रधान आरक्षक क्रमांक 31 निरंजन खलखो भी मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान प्रधान आरक्षक के संबंध में शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अनूपपुर ने निष्पक्ष जांच के उद्देश्य से उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सूत्र बताते है की आरोपी के अपराध से संबंधित जानकारी उसके परिजनों तक पहुंचने के बाद आत्महत्या की घटना सामने आई है। प्रथम दृष्टया आत्मग्लानि की संभावना व्यक्त की जा रही है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जांच जारी है।
मामला नाबालिग बालिका से संबंधित होने के कारण पुलिस द्वारा प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्रवाई की जा रही है। साइबर अपराध से जुड़े इस प्रकरण में सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने और नाबालिग से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री के इस्तेमाल के आरोपों की जांच की जा रही है।
