सड़क-बिजली-पानी और सफाई की स्थिति बदहाल, चारो तरफ फैला कचरा, लोग परेशान, बीमारी का बढा खतरा
*नपा कर्मचारियों को 2 माह से नही मिला वेतन*
अनूपपुर
नगर पालिका अनूपपुर क्षेत्र के अंतर्गत सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों से लेकर रिहाइशी कॉलोनियों तक हर तरफ गंदगी का अंबार नजर आ रहा है। स्थानीय नगर प्रशासन द्वारा नियमित और समय पर साफ-सफाई न कराए जाने के कारण आम जनता को बदबू और बीमारियों के खतरे के बीच जीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
नगर के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ बस स्टैंड रेलवे स्टेशन चौक व कॉलोनियों में समय पर साफ सफाई नहीं होती बल्कि यात्रियों की भारी आवाजाही वाले इन क्षेत्रों में चारों तरफ प्लास्टिक, डिस्पोजल और जूठन का ढेर लगा रहता है, जिससे बाहर से आने वाले लोगों के बीच शहर की छवि धूमिल हो रही है।
सामतपुर मंदिर, शंकर मंदिर, इंदिरा तिराहा, मढ़िया माता मंदिर, रामधन के मंदिर के साथ-साथ अन्य धार्मिक व आस्था केंद्रों के आसपास भी कचरे का फैलाव रहता है। सावन माह मेंपूजा-पाठ के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को दुर्गंध के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।
जिला अस्पताल के समीप फैली गंदगी स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ा सवालिया निशान खड़ी कर रही है। जहां मरीजों को साफ-सफाई मिलनी चाहिए, वहां मक्खियों और दुर्गंध का बोलबाला है। नगर के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि एवं स्वच्छता प्रभारी व मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनदेखी कर रहे हैं जिसके चलते लोग गंदगी के शिकार हो रहे हैं। वही खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण कई वार्ड अंधेरे में डूबे रहते हैं। सड़कों के गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं और पेयजल सप्लाई की अनिमियता लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं।
नपा कर्मचारियों को पिछले 2 महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और उनके घर का चूल्हा जलना भी मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद, कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शासन और प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं। यदि जल्द ही कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया गया और सफाई व मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ, तो नागरिक और कर्मचारी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इनका कहना है।
डेलीवेज कर्मचारी एवं स्वच्छता कर्मचारियों को लगातार वेतन मिल रहा है जो रेगुलर कर्मचारी हैं उनका वेतन न मिलने का मुख्य कारण वित्तीय व्यवस्था है उसके लिए प्रयास है कि उन्हें भी सैलरी तत्काल दिया जाएगा
*शशांक सिंह आर्मो, सीएमओ, अनूपपुर*
