श्री बागेश्वर कसौधन वैश्य समाज मनाएगा रजत जयंती पूजन महोत्सव, छात्रों व वरिष्ठजनों को किया जाएगा सम्मानित
शहडोल।
श्री बागेश्वर कसौधन वैश्य समाज संभाग शहडोल, जिला-शहडोल, म.प्र. द्वारा इस वर्ष सावन माह में समाज के आराध्य देव बाबा बागेश्वर की पूजा, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन समाज के लिए बेहद खास है, क्योंकि इस वर्ष समाज अपनी स्थापना का 25वां वर्ष यानी 'रजत जयंती पूजन महोत्सव' मनाने जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन रविवार, 2 अगस्त 2026 को पांडव नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में सुनिश्चित किया गया है।
महोत्सव को भव्य और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए समाज के अध्यक्ष मनोज गुप्ता, सचिव बृजेंद्र गुप्ता और कोषाध्यक्ष सचिन गुप्ता सहित पूरी आयोजन समिति तैयारियों में जुटी हुई है। समिति ने सभी स्वजातीय बंधुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील की है। साथ ही, समाज के लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे उस दिन अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखकर पूजा और शोभा यात्रा में सहभागिता निभाएं।
धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम, रजत जयंती महोत्सव के तहत रविवार को सुबह से लेकर शाम तक कई चरणों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है, जो इस प्रकार है, प्रातः 8:30 बजे से धार्मिक अनुष्ठान और बाबा बागेश्वर का पूजन शुरू होगा। प्रातः 9:30 बजे से 10:30 बजे तक उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे तक भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद विसर्जन कार्यक्रम होगा।
दोपहर 1:30 बजे से 3:00 बजे तक महाप्रसाद (भोजन) का वितरण किया जाएगा। दोपहर 3:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक समाज के बच्चों और सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शाम 4:00 बजे से 5:00 बजे तक प्रतिभावान छात्रों और समाज के वरिष्ठ बुजुर्गों को सम्मानित किया जाएगा। शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक हाई टी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस गरिमामयी आयोजन को लेकर कसौधन वैश्य समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
