घर मे छत के बीच 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का गाड़ दिया खंबा, अधिकारियों ने सुरक्षा नियमों उड़ाई धज्जियां
शहडोल
पपौंध क्षेत्र में बिजली का पोल सड़क किनारे या खेत में नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के घर की छत के बीचों-बीच गाड़ दिया गया है। ऊपर से इसी पोल के सहारे गुजर रही है 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन, यानी जिस छत पर परिवार का रहना-जाना है, उसी के ऊपर मौत का करंट दौड़ रहा है। छत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन ले जाने के इस ‘खतरनाक जुगाड़’ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जिले के अंतिम छोर पर स्थित पपौंध क्षेत्र की ग्राम पंचायत सकन्दी साकेत मोहल्ला में बिजली विभाग का एक अजब-गजब कारनामा सामने आया है। यहाँ जिम्मेदारों ने इंजीनियरिंग और सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए एक ग्रामीण के घर की पक्की छत के बीचों-बीच बिजली का खंभा गाड़ दिया।
छत को चीरकर खड़े किए गए इस पोल से 11 हजार वोल्ट (11 KV) की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। घरों के बेहद करीब और सिर के ठीक ऊपर से गुजरती यह मौत की लाइन पूरे मोहल्ले के लिए 24 घंटे का खतरा बन चुकी है। छत पर पैर रखते ही करंट का डर सताने लगता है। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में भी कई लोग इस हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस चुके हैं। हर वक्त किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है और लोग अपने ही आशियाने में खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के चक्कर काटे गए और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि किसी बड़ी जनहानि या अनहोनी से पहले इस खंभे व हाईटेंशन लाइन को तुरंत सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट किया जाए।
