समाचार 01 फ़ोटो 01

उच्च न्यायालय का फर्जी आदेश देकर आरोपी को दिलाई जमानत, एफआईआर दर्ज

*15 दिन में जांच कर न्यायालय में पेश करने का आदेश*

अनूपपुर 

जिले में पिता की जमानत कराने के लिए पुत्र के द्वारा उच्च न्यायालय का एक कूट रचित आदेश प्रस्तुत करते हुए पुत्र के द्वारा जालसाजी किए जाने के मामले में अपर सत्र न्यायालय के निर्देश पर रामनगर पुलिस ने कूट रचना का आरोपी ओमप्रकाश नामदेव एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 336(2), 337, 338, 339 एवं 340(2) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। 15 दिन में मामले की जांच कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना भी अनिवार्य किया गया है।

रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश के न्यायालय के द्वारा रामनगर पुलिस को अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। मामले के बारे में बताया गया कि न्यायालय में लंबित एस.सी.ए.टी.आर. प्रकरण क्रमांक 50/24 (शासन बनाम शिवविशाल नामदेव) की सुनवाई के दौरान 16 दिसंबर 2024 को अभियुक्त शिव विशाल नामदेव के पुत्र ओमप्रकाश नामदेव के द्वारा एक आदेश उच्च न्यायालय का बताकर प्रस्तुत किया गया था। जब इस आदेश की सत्यता के संबंध में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय से जानकारी मांगी गई, तब सहायक रजिस्ट्रार, जबलपुर द्वारा स्पष्ट किया गया कि संबंधित आदेश उच्च न्यायालय द्वारा पारित ही नहीं किया गया था। इसके बाद न्यायालय ने पूरे मामले की अलग से जांच कराई।

जांच के दौरान शासकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला फुनगा के प्रभारी प्राचार्य सुखदेव सिंह तथा मलगा विद्यालय की प्रधानाध्यापक शकुन्तला सिंह मार्को के बयान दर्ज किए गए। जांच में सुखदेव सिंह ने फर्जी आदेश की मूल प्रति न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह दस्तावेज दो व्यक्तियों द्वारा स्कूल में लाकर दिया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी ओमप्रकाश नामदेव ने आदेश मिलने से दो-तीन दिन पहले ही उन्हें कहा था कि हाईकोर्ट से पुनः जांच का आदेश आने वाला है, जिसे प्राप्त कर लेना।

न्यायालय ने जांच के आधार पर माना कि ओमप्रकाश नामदेव एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से उच्च न्यायालय का कूटरचित आदेश तैयार कर उसका उपयोग किया गया। आदेश में शासकीय शिक्षकों के अवकाश एवं सेवा संबंधी अधिकारों को प्रभावित करने वाले निर्देश भी शामिल थे।

समाचार 02 फ़ोटो 02

45 लाख के मंगल भवन घटिया सामग्री से कराया जा रहा है निर्माण,  गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल, जांच में उठी मांग

*दुर्घटना की आशंका*

अनूपपुर

नगर पालिका परिषद कोतमा के वार्ड नंबर 12, गोविंदा कालरी में करीब 45 लाख रुपये की लागत से बन रहे मंगल भवन का निर्माण कार्य गुणवत्ता को लेकर विवादों में घिर गया है। स्थानीय निवासियों ने निर्माण में घटिया सामग्री व मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

*भारी लागत पर सवाल* 

करीब 45 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से बन रहे इस भवन के लिए स्थानी लोगों का कहना है कि सरकारी धन का सही उपयोग नहीं हो रहा है। उनका आरोप है कि इस बड़ी राशि के अनुरूप निर्माण की गुणवत्तायुक्त नहीं है।

*घटिया निर्माण सामग्री के आरोप*

स्थानीय लोगों का दावा है कि निर्माण स्थल पर इस्तेमाल हो रही ईंट, सीमेंट और रेत की गुणवत्ता मानक से कम है। उनका कहना है कि सरकारी गाइडलाइन और तकनीकी मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है।

*नींव और मजबूती पर चिंता*

स्थानी निवासियों ने आशंका जताई है कि भवन की नींव और दीवारें कमजोर बनाई जा रही हैं, जिससे आने वाले समय में भवन की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को लेकर आशंका जताई है ।

*प्रशासन से जांच की मांग*

मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों ने नगर पालिका प्रशासन और जिला कलेक्टर से तत्काल निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही, गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार व निर्माण कराने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

*इनका कहना है* 

आपके द्वारा हमको जानकारी प्राप्त हुई है, इंजीनियर को भेज कर दिखवा लेते हैं

*अजय सराफ नगर पालिका अध्यक्ष कोतमा*

समाचार 03 फ़ोटो 03

नल जल योजना के आपरेटरो की बैठक सम्पन्न, जेल भरो आंदोलन में होंगे शामिल

अनूपपुर

नल जल योजना में कार्यरत आपरेटरो की बैठक सम्पन्न हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए सीटू नेता कामरेड जुगुल किशोर राठौर ने कहा कि, आदिवासी के नाम से बनीं योजना का लाभ आदिवासियों को नहीं मिल पा रहा है, इसका मुख्य कारण यह है कि आदिवासी के नाम से वोट लेकर निर्वाचित प्रतिनिधि दर असल में कार्पोरेट घरानों की दलाली करने में लीन हैं, जिसके कारण आदिवासियों की लूट बेरोकटोक एवं बेखौफ होकर की जा रही है। यही वजह है कि  जनप्रतिनिधियों के प्रति जनता का विस्वास कम हो रही है और लोकतंत्र पर विस्वास भी कमजोर होती जा रही है। 

उन्होंने कहा कि जिला एवं सम्भाग का नेतृत्व करने वाले बड़े नेता पुष्पराजगढ़ के निवासी हैं, लेकिन विगत 7-8 वर्षों से मध्यप्रदेश शासन का उपक्रम मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित परियोजना क्रियान्वयन इकाई शहडोल के ठेकेदार सीएम आर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राईवेट लिमिटेड के द्वारा मध्यप्रदेश शासन श्रम विभाग द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन से आधे से भी कम वेतन पर काम करवाया जाकर शोषण किया जा रहा है, जिस पर हमारे जनप्रतिनिधियों का कोई सकारात्मक हस्ताक्षेप नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि ठेकेदार की इस लूट की जानकारी सांसद हिमाद्री सिंह और पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्कों को नहीं है लेकिन आदिवासियों की इस तरह के शोषण ठेकेदार द्वारा किया जाना इन जनप्रतिनिधियों की भूमिका सवाल के घेरे में आना स्वाभाविक है।

कामरेड जुगुल राठौर ने कहा कि मजदूरों को ठेकेदार के शोषण से बचने का एक मात्र रास्ता संघर्ष है। उन्होंने अपील किया कि 10 अगस्त को जिला मुख्यालय अनूपपुर में जेल भरो आंदोलन में शामिल होकर अपनी हक़ की लड़ाई को मजबूत बनाएं।

समाचार 04 फ़ोटो 04

डीजल चोरी शक में चालको को घर पर बंधक बनाकर डंडों से की पिटाई, शिकायत न करने की दी धमकी

*कोरे कागज में जबरन करा लिए हस्ताक्षर*

शहडोल

जिले के बुढार थाना क्षेत्र में डीजल चोरी के शक में वाहन चालकों को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालकों और उनके साथियों ने चालकों को एक कमरे में बंद कर डंडों, मुक्कों और थप्पड़ों से पीटा, जबरन वीडियो बनवाया और कोरे कागजों पर हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान भी लगवा लिए।

उमरिया जिले के ग्राम राघोपुर निवासी वाहन चालक इरशाद मोहम्मद ने अपने साथी चालकों मुस्तकीम मोहम्मद, सुनील रैदास, रजनीश काछी, शाहिद उर्फ पड़ा समेत अन्य के साथ पुलिस को बताया कि उन्हें बुढार स्थित हिन्द ट्रांसपोर्ट कंपनी, जो मारुति नंदन पेट्रोल पंप के सामने संचालित है, बुलाया गया था।

पीड़ितों का आरोप है कि वहां मौजूद अब्दुल शफीक खान उर्फ अब्दुल्ला, अब्दुल रफीक खान उर्फ बब्लू, अमित गुप्ता, अंजी, जयंत जामवानी, निखिल सेन और उनके अन्य साथियों ने सभी चालकों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद डंडों, मुक्कों और थप्पड़ों से उनकी पिटाई की गई। आरोप है कि दबाव बनाकर उनसे डीजल चोरी का कथित कबूलनामा करवाया गया, पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया गया और कोरे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर तथा अंगूठे के निशान भी लगवाए गए।

पीड़ित चालकों का कहना है कि घटना के बाद उन्हें धमकी दी गई कि यदि पुलिस में शिकायत की या कानूनी कार्रवाई की तो उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसी डर के कारण वे कई दिनों तक शिकायत नहीं कर सके। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद चालकों ने बुढार थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

घर पर चल रहा जुआं फड़ से 9 आरोपी गिरफ्तार, बाइक, मोबाइल सहित 6.5 लाख का मशरूका जब्त

उमरिया

थाना कोतवाली एवं चौकी सिविल लाइन उमरिया पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा रेड कार्यवाही कर जुआ फड़ का खुलासा किया गया। पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सोनू नाहर अपने कैम्प उमरिया स्थित मकान के ऊपर बने कमरे में ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगवाकर जुआ संचालित कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम गठित कर विधिवत रेड कार्यवाही की गई। मौके पर कुल 09 व्यक्ति ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते पाए गए। आरोपियों के कब्जे एवं फड़ से 75,205/- रूपये नगद, 09 मोबाइल फोन, 04 दोपहिया वाहन, ताश के पत्ते एवं अन्य सामग्री जप्त की गई। इस संबंध में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 428/2026, धारा 3/4 पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट, 1867 पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी केवल नगद राशि से ही नहीं बल्कि मोबाइल फोन में उपलब्ध यूपीआई, फ़ोन पे आदि डिजिटल माध्यम के जरिए भी जुए में हार-जीत की रकम का लेन-देन कर रहे थे। आरोपियों द्वारा डिजिटल ट्रांजैक्शन के माध्यम से भी जुए का संचालन एवं भुगतान किया जाना पाया गया।

जुएं के फड़ से फिरदोस अली, नीरज गुप्ता, उम्र 32 वर्ष, निवासी झिरिया मोहल्ला, उमरिया, नितिन कुमार बजाज, आनंद सिंह लोधी, कमलेश सिंह, अनिल अमरानी, सतेन्द्र सिंह, मोबीन खान, सोनू नाहर सभी निवासी उमरिया को जुआं एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।

फड़ एवं आरोपियों से नगद राशि – 75,205 रूपये, 09 मोबाइल फोन लगभग 3,03000 रूपये, 04 दोपहिया वाहन कीमत 272000 रूपये, ताश के 08 गड्डी। कुल बरामद मशरूका 6,50,205 रूपये पुलिस ने जब्त किया गया है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

नर्मदा उद्गम से निकली शिवभक्ति की अविरल धारा, 500 कांवरियों ने लगाए ‘हर-हर महादेव’ जयघोष

अनूपपुर

प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में श्रावण मास की नवमी तिथि पर शिवभक्ति और आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के गौरकापा से लगभग 500 कांवरियों का विशाल दल बाबा रामगिरी धूनी से पारंपरिक वेशभूषा में नाचते-गाते, भजन-कीर्तन करते और ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ के जयघोष लगाते हुए अमरकंटक पहुंचा।

कांवरियों का दल अनुशासित एवं कतारबद्ध होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ पतित पावनी पुण्यसलिला मां नर्मदा के उद्गम स्थल नर्मदा मंदिर परिसर पहुंचा। श्रद्धालुओं के जयघोष और भक्ति गीतों से समूची तपोभूमि शिवमय हो उठी। मंदिर परिसर में विधि-विधानपूर्वक मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर पवित्र नर्मदा जल कांवड़ में भरा गया तथा कांवर यात्रा की विधिवत पूजा की गई।

‘नर्मदे हर, हर-हर महादेव’ के जयघोषों के बीच कांवरियों का यह भक्ति-कारवां शनिवार, 8 अगस्त 2026 को श्रावण कृष्ण पक्ष दशमी के अवसर पर भगवान जलेश्वर महादेव के पावन धाम पहुंचेगा, जहां श्रद्धालु नर्मदा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजन एवं अर्चन करेंगे।

कांवरिया दल इसके पश्चात अपने आराध्य देव भगवान भोलेनाथ को नर्मदा जल अर्पित करते हुए गौरकापा-कवर्धा क्षेत्र के प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर में भी जल अर्पित कर पुण्यलाभ अर्जित करेगा। “नर्मदे हर... हर-हर महादेव... बोल बम!” के जयघोष के साथ कांवरियों का यह भक्तिमय कारवां अमरकंटक की पवित्र धरती को शिवमय करता हुआ अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना हुआ।

समाचार 07 फ़ोटो 07 

अमरकंटक में आस्था भी ‘शुल्क’ के घेरे में, अलग-अलग स्थानों पर शुल्क वसूली पर पर्यटकों का सवाल

अनूपपुर

मां नर्मदा की उद्गम भूमि, प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थस्थल तथा प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण पवित्र नगरी अमरकंटक में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु और पर्यटक आस्था, अध्यात्म एवं प्रकृति का आनंद लेने पहुंचते हैं। लेकिन वर्तमान समय में अमरकंटक के विभिन्न दर्शनीय एवं पर्यटन स्थलों पर अलग-अलग मदों में लिए जा रहे शुल्क को लेकर पर्यटकों के बीच चर्चा और सवाल उठने लगे हैं।

पर्यटकों के अनुसार वर्तमान में अमरकंटक में करीब सात अलग-अलग स्थानों अथवा सुविधाओं के नाम पर शुल्क लिया जा रहा है। इनमें रामघाट एवं इंद्रदमन तालाब के पास पार्किंग शुल्क, दिगंबर जैन सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में पार्किंग शुल्क, सोनमुड़ा में ग्लास व्यू-प्वाइंट शुल्क, रामघाट में रामसेतु झूला पुल का शुल्क, कपिलधारा में पार्किंग शुल्क, कपिलधारा ग्लास व्यू-प्वाइंट का शुल्क तथा कपिलधारा पार्किंग से ग्लास व्यू-प्वाइंट की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरियर पर लिया जाने वाला शुल्क शामिल बताया जा रहा है।

इन विभिन्न स्थानों पर लिए जा रहे शुल्क को लेकर पर्यटकों के बीच एक अहम सवाल यह भी है कि इनमें से कौन-कौन से शुल्क शासकीय हैं, कौन से अधिकृत संस्थाओं द्वारा लिए जा रहे हैं और किस शुल्क के बदले कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी हैं? कई स्थानों पर शुल्क की अधिकृतता और उसके उपयोग को लेकर आम पर्यटकों के बीच स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं होने से पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

पर्यटकों का कहना है कि शुल्क लेने से उन्हें मूलतः कोई आपत्ति नहीं है। यदि पर्यटन स्थलों के रखरखाव, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग और सुविधाओं के विकास के लिए शुल्क आवश्यक है तो इसे व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से लिया जाना चाहिए। अमरकंटक के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर अलग-अलग शुल्क लेने के बजाय एक ही निर्धारित स्थान पर एकीकृत पर्यटन शुल्क लिया जाए। 

समाचार 08 फ़ोटो 08

जन विश्वास अभियान में लोगों की समस्याओं का होगा समाधान-कलेक्टर

शहडोल

कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने बताया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गशन में शहडोल जिले में जन समस्याओं के त्वरित समाधान, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओ के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 7 अगस्त से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियानांतर्गत क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण, जनसंवाद एवं उ‌द्यम संवाद के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण एवं केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओ का लाभ पात्र हितग्राहियो को यथासंभव प्रदान किया जाएगा। साथ ही जाति प्रमाण पत्र, अपार आईडी, आयुष्मान कार्ड आदि निर्धारित शिविर स्थल पर बनाएं जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पंचायत अमरहा, करकटी, खैरहा, धुरवार, छतवई, पंचगांव, बंडीखुर्द, बरतरा, मझगंवा, मैकी, लालपुर एवं सिंहपुर में संबंधित पंचायत भवनों में शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने जिले के नागरिको से अपील करते हुए कहा है कि अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत चलने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में बढ़ चढकर सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने लंबित प्रकरणो का निराकरण कराएं एवं केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओ का पात्रतानुसार लाभ उठाएं।

समाचार 09

कलेक्टर व सीइओ ने किया निरीक्षण

उमरिया

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर राखी सहाय एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह ने करकेली विकास खंड के विभिन्न ग्रामो का, शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम मझगवा 61 का किया निरीक्षण, खाद्यान्न वितरण के संबंध में प्राप्त की जानकारी, वही ग्राम धनवार में नल जल योजना एवं आरोग्य केंद्र का किया निरीक्षण।

समाचार 10 

बरही में आयोजित होगा उद्यम संवाद

उमरिया

जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार करने तथा उद्यमियों एवं इच्छुक युवाओं की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से निर्धारित रोस्टर अनुसार जिले के ग्राम पंचायत करकेली के बरही में उद्यम संवाद कार्यक्रम का आयोजन 7 अगस्त  को किया गया हैं। कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, उमरिया, बैंकिंग संस्थाओं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे। साथ ही उद्यम स्थापित करने, वित्तीय सहायता, बैंक ऋण, पंजीयन, मार्गदर्शन तथा व्यवसाय विस्तार से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget