समाचार 01 फ़ोटो 01

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा अमरकंटक, बोल बम कांवरियों की पावन दस्तक  

अनूपपुर

मां नर्मदा के उद्गम की पावन नगरी अमरकंटक में श्रावण मास के शुभागमन के साथ ही भक्ति, आस्था और शिवमय वातावरण का अद्भुत संगम दिखाई देने लगा है। "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से संपूर्ण अमरकंटक गूंज उठा है। दूर-दराज़ से आने वाले कांवरियों की पावन दस्तक के साथ ही नगर में सावन की आध्यात्मिक छटा बिखरने लगी है।

श्रावण मास के अवसर पर मां नर्मदा का पवित्र जल भगवान जालेश्वर महादेव, छत्तीसगढ़ के रतनपुर तथा भोरमदेव महादेव मंदिर में अर्पित करने के लिए बोल बम कांवरियों के दल अमरकंटक पहुंचने लगे हैं। प्रथम दिवस छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार-भाटापारा जिले के कोदवा ग्राम से लगभग 120 श्रद्धालुओं का कांवरिया दल अमरकंटक पहुंचा। सभी श्रद्धालु अपनी पारंपरिक वेशभूषा में रामघाट, मां नर्मदा उद्गम मंदिर एवं अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कर शिवभक्ति में लीन दिखाई दिए।

सावन के प्रथम सोमवार की पावन बेला में कांवरिए मां नर्मदा का पवित्र जल कांवर में भरकर भगवान जालेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए प्रस्थान करेंगे। श्रद्धालुओं का यह दल अमरकंटक स्थित रामभाई धर्मशाला में ठहरा हुआ है, जहां उनकी सेवा एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है। 30 जुलाई 26, गुरुवार से प्रारंभ हो रहे एक माह के पवित्र श्रावण मास में अमरकंटक में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं और कांवरियों के आगमन की संभावना है। 

समाचार 02 फ़ोटो 02

कारगिल विजय दिवस पर युवा टीम उमरिया ने 100 फीट तिरंगे के साथ निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

उमरिया

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर युवा टीम उमरिया द्वारा ग्राम पंचायत मलियागुड़ा स्थित शासकीय माध्यमिक शाला, मलियागुड़ा से 100 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, युवा टीम के सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” एवं “अमर शहीद अमर रहें” के गगनभेदी नारों से पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा ने उपस्थित जनसमूह में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना का संचार किया।यह तिरंगा यात्रा ग्राम पंचायत सरपंच लक्ष्मी लोकनाथ सिंह मरावी, शासकीय माध्यमिक शाला मलियागुड़ा की प्रधानाध्यापक सारिका नामदेव तथा युवा टीम उमरिया के संयोजक हिमांशु तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों के अद्वितीय साहस, शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता एवं देशसेवा की भावना को सशक्त करना था।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच लक्ष्मी लोकनाथ सिंह मरावी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। युवा टीम उमरिया के संयोजक हिमांशु तिवारी ने विद्यार्थियों को कारगिल विजय दिवस के इतिहास तथा वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना द्वारा प्रदर्शित अद्वितीय वीरता और पराक्रम की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस 100 फीट तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य कारगिल के अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करना, उनके बलिदान और शौर्यगाथा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना तथा युवाओं और विद्यार्थियों के मन में राष्ट्रभक्ति, तिरंगे के प्रति सम्मान और देशसेवा की भावना को जागृत करना है। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

जमीन में सो रहे अधेड़ को सांप ने काटा, इलाज के पहले हुई मौत

अनूपपुर

कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत पतला गांव में बीती रात जमीन में सो रहे अधेड की करैत प्रजाति के अत्यंत जहरीले सर्प के काटने से मौत होने की सूचना पर कोतवाली पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है।

जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर स्थित पसला गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास निवासरत 46 वर्षीय शंकर प्रसाद कोल पिता छोटू कोल रात में खाने के बाद अपने घर पर अकेले जमीन पर सो रहे थे, देर तक सोये रहने पर मां गुजरिया बाई ने नाती कमलेश प्रसाद कोल को बुलाया अन्य सभी के आने देखने पर वह कुछ बोल नहीं रहा था, कुछ इलाज की व्यवस्था कर पाते शकंर की मौत हो गई, घर में खोजबीन दौरान अत्यंत जहरीला करैत प्रजाति का दो से तीन फीट लंबा सांप बिस्तर के पास ही बेहोश स्थिति में देखा गया, मृतक शंकर प्रसाद कोल के बाए कंधे में सर्प ने काटने का निशान पाया गया। सूचना कोतवाली अनूपपुर घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जांच प्रारंभ करते हुए मृतक के शव को जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेज कर ड्यूटी डाक्टर से पीएम कराकर शव परिजनों को सौप दिया।

समाचार 04 फ़ोटो 04

गणेश ट्रांसपोर्ट की अनूठी पहल, स्कूल में ज़रूरतमंद 300 विद्यार्थियों को बांटी अध्ययन सामग्री व मिष्ठान

अनूपपुर

शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गणेश ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक आशीष मिश्रा ने पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाड़ा में एक प्रेरणादायी पहल करते हुए लगभग 300 विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल एवं मिष्ठान वितरित किया। उपयोगी अध्ययन सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर उत्साह से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आशीष मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का आधार आर्थिक स्थिति नहीं, बल्कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को यह नहीं सोचना चाहिए कि वह गरीब है या अमीर, सरकारी स्कूल में पढ़ता है या निजी विद्यालय में। इन बातों से नहीं, बल्कि परिश्रम और सीखने की इच्छा से भविष्य का निर्माण होता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी छात्र की पढ़ाई आर्थिक अभाव के कारण प्रभावित हो रही हो या उसे पढ़ाई से जुड़ी किसी भी सामग्री की आवश्यकता हो, तो वह बिना किसी संकोच के सीधे उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी बच्चे की शिक्षा केवल संसाधनों की कमी के कारण नहीं रुकने दी जाएगी और जरूरतमंद विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता की जाएगी। आशीष मिश्रा ने विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ का सम्मान करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप दीवार घड़ियां भेंट कीं। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

स्टेशन में युवक से 14 मोबाईल जप्त, हुआ गिरफ्तार

अनुपपुर

रेलवे सुरक्षा बल, टास्क फ़ोर्स टीम, अनुपपुर एवं जीआरपी अनूपपुर के साथ संयुक्त रूप से पूर्व में जीआरपी चौकी अनूपपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 110/26 के पतासाजी के क्रम मे मुखबिर के सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन अनूपपुर प्लेटफार्म नंबर एक पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में काले रंग के पिट्टू बैग के साथ पकड़ा गया। नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम-मोहम्मद सिद्दीक खान, पिता – मोहम्मद ताहिर खान, उम्र- 24 वर्ष , निवासी, ग्राम- मडसा, तहसील- जैतपुर , थाना – जैतपुर, जिला- शहडोल मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया, उसके बैग की तलाशी लेने पर उसके बैग से 14 नग मोबाइल फोन मिले। जाँच के दौरान उक्त आरोपी को पूर्व में दो मामले में संलिप्त पाया गया, जिसे जीआरपी अनुपपुर को सुपुर्द किया गया। उक्त दोनों मामलों में अलग अलग कम्पनी के 14 नग मोबाइल जप्त किये गए, जिनकी कुल कीमत- 2 लाख 75 हजार रुपए है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

अवैध रेत भरे दो ट्रैक्टर को पुलिस ने किया जब्त, मामला दर्ज

शहडोल

जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ ब्यौहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालकों ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दोनों वाहनों को दोबारा पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, बीती रात अवैध रेत खनन की सूचना मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां नदी से दो ट्रैक्टरों में अवैध रूप से रेत भरी जा रही थी। पुलिस को देखते ही खनन में लगे मजदूर मौके से फरार हो गए, जबकि दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्काल कार्रवाई कर दोनों ट्रैक्टरों को पकड़ लिया और थाना लेकर रवाना हुई।

इस दौरान रास्ते में भी चालकों ने ट्रैक्टर लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों वाहनों को फिर से अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर खनिज अधिनियम एवं रेत चोरी के प्रकरण में अपराध दर्ज किया गया।

समाचार 07 फ़ोटो 07

सामग्री खरीदी पर अनियमितता करने पर प्राचार्य को बीईओ के पद से हटाया

उमरिया 

जिले के बिरसिंहपुर पाली में शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की प्राचार्य सरिता जैन को खंड शिक्षा अधिकारी पद से हटा दिया गया है। उन पर छात्राओं के बैंक खातों में भेजी गई व्यक्तिगत सामग्री क्रय की राशि के उपयोग में अनियमितता का आरोप है। इस पद का प्रभार अब रीता पटेल को सौंपा गया है।

यह मामला शैक्षणिक सत्र 2025-26 से संबंधित है। शासन ने छात्राओं को व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री खरीदने के लिए उनके बैंक खातों में राशि भेजी थी। आरोप है कि प्राचार्य सरिता जैन ने छात्राओं से यह राशि एकत्र करवा ली, लेकिन निर्धारित सामग्री की खरीद नहीं की गई।

अभिभावकों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों ने इस संबंध में अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद विभागीय स्तर पर जांच कराई गई, जिसमें लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से सरिता जैन को खंड शिक्षा अधिकारी पद से हटाने का आदेश जारी किया।

जांच के उपरांत अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि छात्राओं से एकत्रित की गई राशि तुरंत उनके बैंक खातों में वापस हस्तांतरित की जाए, ताकि वे अपनी आवश्यकतानुसार सामग्री खरीद सकें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्राओं के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी लापरवाही या वित्तीय अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने छात्राओं के हितों की रक्षा के लिए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

60 लीटर महुआ शराब , 9.9 लीटर देशी व अग्रेंजी शराब जप्त

उमरिया

उमरिया पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 02 आरोपियों के कब्जे से 60 लीटर महुआ शराब , 9.9 लीटर देशी व अग्रेंजी शराब जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना मे लिया गया है । 

थाना कोतवाली पुलिस द्वारा मुखबिर की प्राप्त सूचना पर ग्राम चेतगंज मे मनु ढाबा के पास राजकुमार सिंह बघेल के टपरे पर रेड कार्यवाही की गई, कार्यवाही के दौरान टपरे से कुल 60 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब, 9.9 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब कुल 69.90 लीटर अवैध शराब कीमती 10,450/- रुपये बरामद की गई । आरोपी से की गई पूछताछ पर पता चला कि उक्त शराब प्रियांशु सिंह निवासी निगहरी द्वारा बिक्री हेतु आरोपी को उपलब्ध कराई गई। आरोपी से शराब के संबंध मे दस्तावेज मांगने पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नही किया गया, जिस पर आरोपी के कब्जे से सम्पूर्ण शराब जप्त की जाकर आरोपी राजकुमार सिंह बघेल एवं प्रियांशू सिंह के विरूद्ध थाना कोतवाली मे अपराध क्रं. 396/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना मे लिया गया ।

समाचार 09 फ़ोटो 09

नशेड़ी कार चालक ने मचाया जमकर उत्पात, किया गाली गलौच, घंटो सड़क पर मचा रहा अफरा तफरी

शहडोल

जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गांधी चौक पर जिला कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष प्रमोद जैन और एक कार चालक के बीच,बीच सड़क विवाद हो गया। घटना के दौरान कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

जिला कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष प्रमोद जैन ने बताया कि वह अपनी स्कूटी से गांधी चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क के बीचोंबीच एक कार खड़ी थी, जिससे अन्य वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। उनका कहना है कि उन्होंने कार चालक से केवल इतना कहा कि वह वाहन को सही तरीके से किनारे खड़ा कर दें, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके।

प्रमोद जैन के अनुसार, इस बात पर कार चालक राहुल शुक्ला भड़क गया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था और मामूली बात को लेकर उसने अभद्र व्यवहार किया। दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही, जिससे गांधी चौक पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और आपसी समझाइश के बाद विवाद समाप्त कराया। घटना में किसी प्रकार की मारपीट या गंभीर चोट की जानकारी सामने नहीं आई है।

समाचार 10

जंगल से गांव में आया चीतल का बच्चा

अनूपपुर

जिला मुख्यालय अनूपपुर से 15 किलोमीटर दूरी स्थित ग्राम पंचायत मझगवां के चटुआ गांव में जंगल से अपने परिवार से अलग होकर एक हिरण प्रजाति का बच्चा केशव पिता रामकरण पटेल निवासी के चटुआ स्थित खेत में पहुंच जाने किसान द्वारा चीतल के बच्चे को देखकर सुरक्षा की दृष्टि से अपने घर लाकर वन विभाग को सूचित किए जाने पर वनरक्षक दुर्गेश कुमार पटेल द्वारा उसे अपनी अभिरक्षा में रखकर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर अग्रिम कार्यवाही कर रहे हैं।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget