नशे के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही, गाँजा व अवैध शराब जप्त, मामला दर्ज
अनूपपुर
थाना बिजुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा और देशी शराब जब्त किया हैं। पुलिस द्वारा क्षेत्र में जहां एक ओर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब और गांजा बरामद किया है।
मुखबिर से सूचना के आधार पर बिजुरी पुलिस ने ग्राम उमरदा में दबिश दी। आरोपी महिला चौरसिया बाई साहू (पति तुलाराम साहू) के घर के पास बने फूटे हुए (खंडहर) मकान में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान दो पीले रंग के डिब्बों में कुल 21 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2,520 रुपये है। पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब को विधिवत जब्त कर आरोपिया के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
थाना बिजुरी का स्टाफ जब कस्बा पेट्रोलिंग और भ्रमण पर था, तभी न्यू बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम श्यामलाल सिंह कंवर (पिता स्व. छोटेलाल सिंह कंवर, उम्र 70 वर्ष) निवासी ग्राम उमरदा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद झोले से 675 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला जांच में लिया गया है।
