सूचना 00 फ़ोटो 00
दैनिक रेवांचल टाइम्स जबलपुर के कोतमा रिपोर्टर अभिषेक द्विवेदी का विज्ञापन व निविदा की राशि 26 हजार बाकी होने के कारण समाचार पत्र से बाहर कर दिया गया है। जबकि इनके द्वारा ज्यादातर राशि की वसूली की जा चुकी है। दैनिक रेवांचल टाइम्स के नाम पर इनसे विज्ञापन, निविदा की राशि का कोई लेनदेन न करे। अगर अखबार से सम्बंधित कोई भी राशि लेते हैं तो इसकी सूचना रेवांचल टाइम्स कार्यालय अनूपपुर या जबलपुर को दे, इनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
समाचार 01 फ़ोटो 01
झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति पर टांगी से हमला कर उतारा मौत के घाट, पति पत्नी पर हत्या का संदेह, मामला दर्ज
शहडोल
जिले के सीधी थाना क्षेत्र के चंदौरा गांव में अंधविश्वास और झाड़-फूंक के विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। घर के सामने कथित टोटका करने पहुंचे झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति पर टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस को हत्या मामले में पति-पत्नी पर संदेह है। हालांकि, मामले की जांच पुलिस कर रही है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक डॉ संजय कुमार अग्रवाल मौके के लिए रवाना हुए है।
पुलिस के अनुसार, बुद्धसेन सिंह और भीमसेन सिंह सगे भाई हैं। बताया गया कि बुद्धसेन के बच्चे अक्सर बीमार रहते थे। इस बात को लेकर बड़े भाई बुद्धसेन को संदेह था कि उसका छोटा भाई भीमसेन और उसकी पत्नी चंद्रकिरण जादू-टोना करते हैं, जिसके कारण बच्चे बीमार पड़ते हैं। इसी शंका के चलते बुद्धसेन ने झाड़-फूंक करने वाले राजबहोर सिंह को घर बुलाया।
बताया गया कि राजबहोर सिंह और बुद्धसेन, भीमसेन के घर के सामने कथित टोटका करने के उद्देश्य से नारियल गाड़ रहे थे। इसी दौरान आहट सुनकर भीमसेन और उसकी पत्नी चंद्रकिरण बाहर आ गए। दोनों को देखकर बुद्धसेन और राजबहोर वहां से भागने लगे। भागते समय राजबहोर का जूता खेत में फंस गया, जिससे वह गिर पड़ा।
आरोप है कि इसी दौरान टांगी से राजबहोर पर हमला कर दिया। वार उसकी कमर के रीढ़ वाले हिस्से में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर चोट के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। हत्या जादू टोना के शक में हुई है। अभी फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। संदेहियों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
समाचार 02 फ़ोटो 02
शासकीय स्कूल परिसर हुआ जलमग्न, पानी मे चलकर बच्चे जा रहे हैं विद्यालय, हो सकता है हादसा
अनूपपुर
जिले में लगातार हो रही बारिश से दैखल ग्राम पंचायत के बंधवाटोला स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न होने से बारिश का पानी स्कूल परिसर में जमा हो गया है।
विद्यालय परिसर में समुचित नाली व्यवस्था न होने से ऐसी स्थिति निर्मित हुई हैं। जिससे बच्चों को गंदे और गहरे पानी के बीच से होकर कक्षाओं तक जाना पड़ रहा है, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने कहा की यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि हर साल बारिश के मौसम में स्कूल परिसर तालाब का रूप ले लेता है। अभिभावकों ने चिंता जताई है कि पानी जमा होने से बच्चों के फिसलने, संक्रामक बीमारियों, मच्छरों के पनपने और जहरीले जीवों के निकलने का गंभीर जोखिम बना हुआ है। कभी भी बच्चो के साथ कोई अनहोनी हो सकती है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश केवट ने बताया कि यह समस्या पिछले चार वर्षों से बनी हुई है। इस संबंध में शिक्षा विभाग, जनपद और जिला पंचायत को पत्राचार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आसपास के खेतों का पानी स्कूल की तरफ मोड़ दिया गया है, जिससे तेज बारिश में पानी सीधे कमरों में प्रवेश कर जाता है।
स्थानीय लोगो का कहना है कि वर्षों से नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसर में सुरक्षित माहौल और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
समाचार 03 फोटो 03
मनोनीत पार्षदों का सम्मान समारोह आयोजित फूल-मालाओं और बैंड-बाजे के बीच अमलाई में दिखा उत्साह
अनूपपुर
नगर परिषद बरगवां-अमलाई में एल्डरमैन की घोषणा के बाद अमलाई नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नवमनोनीत पार्षद संदीप पुरी, अजय सिंह ,सुभाष कुमार मिश्रा एवं अनिल बैग के स्वागत के लिए वार्ड क्रमांक 6 दुर्गा मंदिर चौराहे में भव्य सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नवमनोनीत पार्षदों के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। बैंड-बाजे की धुन और कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच पूरा क्षेत्र जश्न के माहौल में नजर आया। समर्थकों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और चारो मनोनीत पार्षदों को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद के संदीप पुरी, अजय सिंह, सुभाष कुमार मिश्रा व अनिल बैगा का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी दोनों मनोनीत पार्षदों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। फूल-मालाओं, बैंड-बाजे और मिठाई वितरण के साथ मनोनयन की खुशी मनाई गई।
नव मनोनीत पार्षद नगर परिषद बरगवां-अमलाई क्षेत्र के विकास और आम नागरिकों की समस्याओं को परिषद स्तर पर प्रमुखता से उठाएंगे। मनोनीत पार्षदों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर 15 वार्डो में सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में सभी जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करेंगे।
मनोनीत पार्षदों के सम्मान समारोह में स्थानीय पत्रकारों का सम्मान मनोनीत पार्षद संदीप पुरी द्वारा किया गया । स्थानीय पत्रकार विजय तिवारी ,नीरज गुप्ता ,जीवन यादव ,राहुल मिश्रा और सौरभ सिंह का सम्मान किया गया । कार्यक्रम का सफल संचालन अजय दाहिया एवं डॉ राज पांडे ने किया। अंत में सभी भाजपा कार्यकर्ताओं स्थानीय नागरिकों एवं पत्रकारों का आभार मनोनीत पार्षद संदीप पुरी द्वारा किया गया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
वायु दूत अंकुर अभियान, संस्कार लॉ कॉलेज में हुआ पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण व हरित भविष्य का लिया संकल्प
अनूपपुर
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से संस्कार लॉ कॉलेज, अनूपपुर में 'वायु दूत अंकुर अभियान' के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वृक्षारोपण जैसे अभियान शैक्षणिक संस्थानों में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक रूप से आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे का संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। विद्यार्थियों ने भी पौधों की सुरक्षा एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से अनेक पौधे लगाए गए तथा सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का सामूहिक संदेश दिया। अंत में सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्रकृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
समाचार 05 फ़ोटो 05
नगरपालिका बाजार क्षेत्र के 294 परिवारों ने भू-अधिकार के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया
अनूपपुर
नगरपालिका परिषद कोतमा के बाजार एरिया स्थित नजूल भूमि पर वर्षों से निवास और व्यवसाय कर रहे 294 परिवारों ने स्थायी भू-अधिकार एवं ऋण पुस्तिका (भूमि स्वामित्व अधिकार) की मांग को लेकर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर में याचिका दायर की है।
याचिका में बताया गया है कि बाजार क्षेत्र के निवासी रीवा रियासत के महाराजा गुलाब सिंह के शासनकाल तथा मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 1959 लागू होने से पहले से इस भूमि पर काबिज हैं। उनका कहना है कि वर्ष 1946-47 में इस क्षेत्र की व्यवस्थित प्लॉटिंग कर बाजार बसाया गया था और तब से लोग अपने मकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान बनाकर लगातार रह रहे हैं।
याचिका के अनुसार वर्तमान में बाजार क्षेत्र में 294 आवासीय एवं व्यावसायिक भवन स्थित हैं। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि नजूल के रूप में दर्ज है, जबकि नागरिक लंबे समय से यहां रहकर नगरपालिका को कर एवं अन्य शुल्क भी अदा करते रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें आज तक भूमि का स्वामित्व अधिकार नहीं मिल सका है।
याचिकाकर्ताओं ने मांग की है कि उन्हें केवल लीज पर भूमि देने के बजाय स्थायी भू-अधिकार एवं ऋण पुस्तिका प्रदान कर मालिकाना हक दिया जाए, ताकि भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस मामले में बाजार क्षेत्र के कई नागरिक याचिकाकर्ता हैं। उच्च न्यायालय ने मामले की प्रारंभिक सुनवाई करते हुए राज्य शासन से जवाब तलब किया है। अब स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि न्यायालय के हस्तक्षेप से वर्षों पुरानी भू-अधिकार की मांग का समाधान निकल सकेगा।
समाचार 06 फ़ोटो 06
कन्या शिक्षा परिसर में रंगोली एवं शपथ कार्यक्रम के माध्यम से दिया गया नशामुक्ति का संदेश
उमरिया
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक उमरिया विजय भगवानी के निर्देशन में पाली अनुभाग में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पाली एसडीओपी शिवचरण बोहित की उपस्थिति में कन्या शिक्षा परिसर, पाली में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य सरिता गुप्ता, युवा टीम उमरिया के संयोजक हिमांशु तिवारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा नशामुक्ति विषय पर आधारित आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोली बनाकर किया गया। रंगोलियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त समाज के महत्व को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। छात्राओं की रचनात्मक प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया और नशे के विरुद्ध समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर पाली एसडीओपी श्री शिवचरण बोहित ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, सामाजिक जीवन और भविष्य को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि नशे से दूर रहेगा तो वह अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगा। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।बयुवा टीम उमरिया के संयोजक हिमांशु तिवारी ने कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन करते हुए अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
समाचार 07
8 मेडिकल स्टोर संचालको को जारी हुआ नोटिस
शहडोल
जिले के 8 मेडिकल स्टोर संचालको को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिन मेडिकल स्टोर संचालको को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है उनमें दिशा मेडिकल स्टोर, रेलवे तिराहा ब्यौहारी के संचालक अभिनय सिंह बघेल, लाइफ लाइन मेडिकल स्टोर, जिला चिकित्सालय काम्प्लेक्स जय स्तंभ चैक शहडोल के संचालक अभिमन्यु सिंह, न्यू गुप्ता मेडिकल स्टोर, शहडोल के संचालक करण गुप्ता, ओम मेडिकल स्टोर, ओपियम तिराहा अमलई, के संचालक जुगनू केवट, राज मेडिकल स्टोर, रीवा रोड जयसिंहनगर के संचालक रजनीश गुप्ता, श्रीजी मेडिकल स्टोर, शहडोल के संचालक कश्मीरा विनोद अग्रवाल, तिवारी फार्मा शहडोल के संचालक संजीव कुमार तिवारी, वैभव मेडिकल स्टोर, रीवा रोड जयसिंहनगर के संचालक वैभव शुक्ला के नाम शामिल है। जारी कारण बताओ सूचना पत्र में कहा गया है कि संबंधित मेडिकल स्टोर से संचालक सूचना पत्र प्राप्ति के 3 दिवस की अवधि में आवश्यक रूप से अपना जवाब प्रस्तुत करे।
समाचार 08
अमानक बीज मिलने पर बीज विक्रेता का लाइसेंस निलंबित
शहडोल
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, जिला शहडोल ने बताया है कि बीज परीक्षण प्रयोगशाला की रिपोर्ट में हिंदुस्तान सीड्स सप्लाई कंपनी, शहडोल का बीज नमूना अमानक पाया गया। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित बीज विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण एवं नमूना परीक्षण की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी तथा अमानक बीज विक्रय करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाचार 09
पुलिस ने 792 ट्रामाडोल टैबलेट जब्त
शहडोल
जिले के थाना ब्यौहारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्यौहारी निवासी सुजीत उर्फ गोलू सोनी, पिता गोरेलाल सोनी के कब्जे से ट्रामाडोल की 792 टैबलेट्स बरामद कर जब्त की हैं। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना ब्यौहारी में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सक्रियता से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप का माहौल है। ब्यौहारी पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और सक्रिय कार्यप्रणाली का उदाहरण है।