होटल के बाहर दो पक्षों में जमकर हुआ विवाद, लाठी व रॉड से हुआ हमला, बुलानी पड़ी 3 जिलो की पुलिस, मामला दर्ज
*दोनो पक्षो ने की शिकायत, पार्किंग के दौरान हुआ विवाद*
शहडोल
जिला मुख्यालय के सोहागपुर थाना क्षेत्र में जयस्तंभ के आगे स्थित एक होटल के बाहर रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. केदार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे तथा कानून-व्यवस्था का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एहतियात के तौर पर उमरिया और अनूपपुर से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया, जबकि शहडोल जिले के कई थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।
न्यू बस स्टैंड निवासी आकाश पाठक अपने साथियों के साथ जयस्तंभ के पास स्थित एक होटल में खाना पैक कराने पहुंचे थे। इसी दौरान पार्किंग करते समय वाहन टच होने की बात को लेकर दूसरे पक्ष से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिसमें आकाश पाठक सहित कई लोग घायल हो गए।
आकाश पाठक की शिकायत पर पुलिस ने नदीम, नियाजी, तनवीर खान, नावेद, गोलू खान, यासीन खान, मोहसिन खान, विक्की खान, रजनी, लाला, लल्लू सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से ग्राम चंदनिया निवासी नियाजुल्ला खान ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मनीषा पाठक, आकाश पाठक, उज्ज्वल सिंह, वतन प्रताप सिंह, शेखर पांडेय, निशांत सिंह और शेखर सिंह ने उनके तथा उनके परिजनों और साथियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर चोट पहुंचाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके बाद मनीषा पाठक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5) और 324(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
