रोशनदान से घर में घुसे चोर, लगभग 3 लाख का घरेलू सामान व जेवर चोरो ने किया पार
अनूपपुर
जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के मुर्रा गांव में चोरों ने कमलेश सिंह गोंड के घर से लगभग 3 लाख का घरेलू सामान और गहने चुराकर भाग निकले।
चोरी के वक्त कमलेश सिंह की पत्नी और उनकी छोटी बेटी बगल के कमरे में सो रही थीं, लेकिन उन्हें जरा भी आहट नहीं हुई। जब कमलेश हिंदुस्तान पॉवर प्लांट से ड्यूटी से घर लौटे और उनकी पत्नी ने दरवाज़ा खोला, तब जाकर चोरी की बात सामने आई। घर वालों ने जब कमरों में जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी, बर्तन की पेटी और दीवान सब खुले पड़े थे। घर के पीछे बाड़ी में दो अलमारियां खुली मिलीं, जिनका सामान बाहर फेंका हुआ था।
घटना की खबर तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि यह किसी गिरोह का काम लग रहा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि चोर घर से लगी सीढ़ी के सहारे रोशनदान तक पहुंचे और वहां से कुंडी खोलकर अंदर घुसे। चोर दोनों अलमारियों को उठाकर बाहर बाड़ी में ले गए और वहां आराम से अलमारी खोलकर गहने, सामान और बर्तन चुरा लिए। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
