समाचार 01 फ़ोटो 01

दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने गया किशोर की डूबने से हुई मौत, ग्रामीणों ने शव को निकाला

शहडोल 

जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के बड़ी खारी गांव में 17 वर्षीय किशोर की सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब किशोर अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। अचानक गहरे पानी में चले जाने से वह डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विप्र साकेत (17) निवासी बड़ी खारी के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने पहुंचा था। नहाते समय वह नदी के गहरे हिस्से में चला गया और पानी में डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से किशोर के शव को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत का सामने आया है। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज की हुई मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

 अनूपपुर

जिले के जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान एक मरीज की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। परिजनों का आरोप है कि मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही, इसके बावजूद उसे समय रहते उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर नहीं किया गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई।

मृतक के परिजनों के अनुसार मरीज को पेशाब नली में रुकावट, पेट फूलने तथा अत्यधिक दर्द की शिकायत थी। परिजन उसे उपचार के लिए जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। उनका कहना है कि मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता थी, लेकिन अस्पताल में उचित व्यवस्था नहीं होने के बावजूद मरीज को रेफर नहीं किया गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि कैथेटर लगवाने के लिए वे रात भर इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन कहीं भी समय पर सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। उनका कहना है कि यदि मरीज को समय रहते जिला अस्पताल या किसी बड़े चिकित्सा केंद्र भेज दिया जाता तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी।

मृतक के परिवार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में पदस्थ डॉ. मुकेश शर्मा पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि चिकित्सक द्वारा मरीज की स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया गया और आवश्यक निर्णय लेने में देरी की गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।  

समाचार 03 फ़ोटो 03

आम जनता की सहूलियत के लिए, जर्जर सड़को की बरसात के पहले नगरपरिषद करवाये रिपेयरिंग- पार्षद पवन चीनी

अनूपपुर

मानसून की दस्तक के साथ नगर परिषद बरगवां-अमलाई क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि बरसात के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा सभी 15 वार्डों में विकास कार्यों को समान प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

पार्षद पवन चीनी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र की अधिकांश सड़कें लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं। हर वर्ष बारिश शुरू होते ही गड्डों में पानी भर जाता है और सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं। इससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है, जिससे लोगों में लगातार चिंता बनी हुई है।उन्होंने बताया कि नगर परिषद की बैठकों में कई बार सड़क मरम्मत और अन्य बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठाया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित स्तर पर कार्य शुरू नहीं हो सके हैं। 

कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं या पर्याप्त संख्या में नहीं हैं। बरसात के दौरान अंधेरा, जलभराव और टूटी सड़कें मिलकर दुर्घटना की संभावना  बढ़ जाती हैं। ऐसे में प्रकाश व्यवस्था को भी तत्काल दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।

पवन चीनी ने नगर परिषद प्रशासन से आग्रह किया कि सभी वार्डों का समान रूप से विकास सुनिश्चित किया जाए और किसी भी क्षेत्र की उपेक्षा न हो। पार्षद पवन चीनी ने नगर परिषद से शीघ्र कार्रवाई कर जर्जर सड़कों के सुधार एवं विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

गौ-तस्करी के खिलाफ कांग्रेस कौमी एकता ने खोला मोर्चा, आईजी को सौंपा ज्ञापन, एनएसए लगाने की मांग 

​शहडोल

गौ-तस्करी के अवैध कारोबार के खिलाफ अब कांग्रेस कौमी एकता ने मोर्चा खोल दिया है। संभाग के अनूपपुर और शहडोल जिलों से बड़े पैमाने पर हो रही मवेशियों की तस्करी को रोकने के लिए संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक से मांग की गई कि इस काले कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ एनएसए (रासुका) जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए।

​ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने पुलिस महानिरीक्षक को संभाग में सक्रिय गौ-तस्करों के पूरे नेटवर्क और उनके काम करने के तरीके (मोडस ऑपरेंडी) से अवगत कराया। बताया गया है कि उत्तर प्रदेश से आए फिरोज उर्फ सोनू, अयूब और कादिर अली नाम के व्यक्ति वर्तमान में अनूपपुर जिले के ग्राम लपटा (थाना जैतहरी) में डेरा डाले हुए हैं।

​यह बाहरी तस्कर स्थानीय साथी शीतल राठौर, संजय चौधरी और एवन चौधरी के साथ मिलकर पिकअप वाहनों के जरिए मवेशियों को अनूपपुर के फुनगा, रामपुर, खाड़ा, गिरवा, जैतपुर और चुहरी के रास्ते शहडोल जिले के ग्राम कुदारी (थाना सीधी) तक पहुंचाते हैं।

​शहडोल के कुदारी गांव में इन सभी मवेशियों को एक जगह इकट्ठा किया जाता है। इसके बाद सीधी जिले के छावरी निवासी मुबारक नाम के शख्स की मदद से इन बेजुबान पशुओं को बड़े ट्रकों और कंटेनरों में क्रूरतापूर्वक लोड किया जाता है, जहाँ से इन्हें सीधे उत्तर प्रदेश के उन्नाव स्थित बूचड़खानों में सप्लाई कर दिया जाता है।

आईजी से मांग की है कि इस पूरे अंतर्राज्यीय रैकेट का जल्द से जल्द पर्दाफाश किया जाए और इसमें शामिल सभी आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहडोल संभाग को इस अवैध और अमानवीय कारोबार से पूरी तरह मुक्ति मिल सके।

समाचार 05 फ़ोटो 05

भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी के उपयंत्री पर लगे गंभीर आरोप, विधायक ने कलेक्टर को पत्र लिख स्थानांतरण की मांग

*शिकायतकर्ता ने मंत्री को भी सौपा पत्र*

अनूपपुर 

जिले के अंतर्गत जनपद पंचायत जैतहरी में पदस्थ उपयंत्री विपिन श्रीवास पर भ्रष्टाचार और मनमाने व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में अनूपपुर के विधायक बिसाहूलाल सिंह ने स्वयं कलेक्टर को पत्र लिखकर उपयंत्री के स्थानांतरण की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जैतहरी के विभिन्न सरपंचों ने संयुक्त रूप से शिकायत की है कि उपयंत्री द्वारा तकनीकी प्राक्कलन तैयार करने और मूल्यांकन करने में जमकर कमीशनखोरी की जाती है, जिससे पंचायतों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम बरबसपुर निवासी महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल को एक शिकायती पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने ग्राम पंचायत छुलहा में खिरना नाला पर चेक डैम निर्माण के दौरान उपयंत्री विपिन श्रीवास द्वारा निर्माण कार्य की अनुमति और मूल्यांकन के एवज में उनसे 1 लाख 50 हजार रुपये की घूस मांगी और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वे कार्य को बंद करा देंगे।

उपयंत्री ने स्पष्ट कहा था कि वे 15 लाख रुपये की कुल लागत का 10 प्रतिशत कमीशन अनिवार्य रूप से लेते हैं। शिकायत में बताया गया है कि उपयंत्री अपनी इस मांग पर अड़े रहे और जब पीड़ित ने रिश्वत देने में असमर्थता जताई या देरी की, तो उपयंत्री ने प्रतिशोध स्वरूप मजदूरों के मस्टर रोल को शून्य कर दिया, जिससे श्रमिकों की मजदूरी भी मारी गई।

महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने दावा किया है कि इस चेक डैम निर्माण के लिए सामग्री की आपूर्ति और मजदूरी पर वे अब तक कुल 7 लाख 30 हजार 665 रुपये खर्च कर चुके हैं। इसमें 6 लाख 48 हजार 165 रुपये सामग्री पर और 82,500 रुपये मजदूरों की मजदूरी के रूप में शामिल हैं। उनका कार्य 5 जून 2026 से बंद पड़ा है, जिससे बरसात के मौसम के कारण भारी नुकसान की आशंका बनी हुई है।

ग्राम पंचायत क्योंटार में उपयंत्री ने 2 लाख रुपये का कमीशन सेट करके कार्य को तुरंत शुरू करवाया था। इसके अतिरिक्त, ग्राम कुसुमहाई में आर.सी.सी. पुलिया निर्माण का मामला भी सामने आया है, जिसकी लागत 14.63 लाख रुपये बताई गई है, लेकिन आरोप है कि यह पुलिया अनुपयोगी साबित हो रही है।

पीड़ित ने साक्ष्यों के तौर पर मटेरियल भुगतान का विस्तृत विवरण और मस्टर रोल की प्रतियां भी जिला प्रशासन को सौंपी हैं। उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों में सीमेंट, गिट्टी, रेत, जेसीबी का किराया और मिस्त्री-लेबर पेमेंट का ब्यौरा दर्ज है, जो निर्माण कार्य पर हुए खर्च की पुष्टि करता है। उन्होंने इन दस्तावेजों के माध्यम से अपनी आर्थिक क्षति की भरपाई सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

समाचार 06 फ़ोटो 06 

रोड सेल यार्ड में प्रदूषण नियंत्रण पर उठे सवाल, धूल से परेशान लोगों ने लगाए पर्यावरण मानकों की अनदेखी के आरोप

अनूपपुर। 

जिले के एसईसीएल हसदेव क्षेत्र के राजनगर रोड सेल स्टॉक यार्ड में पर्यावरण मानकों के पालन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों का आरोप है कि यार्ड से उड़ने वाली कोयले की धूल के कारण आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि ग्रीन माइनिंग और प्रदूषण नियंत्रण के दावे जमीनी स्तर पर पूरी तरह दिखाई नहीं दे रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि यार्ड की सीमा पर प्रभावी विंड ब्रेकर दीवारें और पर्याप्त थ्री-टियर ग्रीन बेल्ट विकसित नहीं की गई है। उनका कहना है कि तेज हवा और कोयले की लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान उठने वाली धूल सीधे रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच रही है। कई घरों की छतों, आंगनों तथा आसपास के क्षेत्र में कोयले की धूल जमा होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

लोगों का यह भी कहना है कि कोल इंडिया की पर्यावरण संबंधी गाइडलाइन के अनुसार कोयले के ढेरों पर नियमित पानी का छिड़काव, फॉग कैनन, पक्के आंतरिक मार्ग तथा धूल नियंत्रण के अन्य उपाय प्रभावी ढंग से लागू होने चाहिए। आरोप है कि कई स्थानों पर इन व्यवस्थाओं का अपेक्षित स्तर पर पालन नहीं हो रहा, जिससे धूल का गुबार लगातार फैल रहा है।

परिवहन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई कोयला परिवहन वाहनों में तिरपाल ठीक से नहीं लगाया जाता और व्हील वॉश जैसी व्यवस्था भी प्रभावी नहीं दिखती। इसके कारण मुख्य मार्गों पर कोयले की धूल फैल रही है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पर्यावरण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। 

इनका कहना है।

पूरे क्षेत्र में नियमित पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। पर्यावरण की गाइडलाइन के अनुसार सभी आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। यदि राजनगर रोड सेल स्टॉक यार्ड में कहीं भी पर्यावरण मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है तो आप हमें बताइए। हम संबंधित ठेकेदार को और सख्ती से निर्देश देंगे तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे

*जिंदल रजक, पर्यावरण अधिकारी, राजनगर हसदेव क्षेत्र*

समाचार 07 फोटो 07

नेशनल डॉक्टर डे पर युवा टीम ने डॉक्टर को शाॅल-श्रीफल देकर किया सम्मानित 

उमरिया

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर जिले की सक्रिय युवाओं की टोली युवा टीम उमरिया के द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय उमरिया के डॉक्टर्स को श्रीफल व शाल देकर धन्यवाद और सम्मानित किया गया।

  सम्मान कार्यक्रम के दौरान युवा टीम संयोजक हिमांशु तिवारी ने चिकित्सक के महत्व को बताते हुए कहा कि प्रत्येक मनुष्य के जीवन में चिकित्सक की अहम भूमिका है लेकिन देश में चिकित्सक के ऊपर निरंतर भार बढ़ता जा रहा है। उन परिस्थितियों में चिकित्सक अपने दायित्वों का सही निर्वहन करें इसके लिए हमें उनका मान सम्मान और प्रोत्साहन करना चाहिए।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. के०सी सोनी ने कहा कि हिमांशु तिवारी और उनकी युवा टीम समय-समय पर चिकित्सा स्वास्थ्य क्षेत्र में नि:शुल्क सेवाएं प्रदान करती रहती है और आज जिस तरह से आगे बढ़कर पूरी टीम ने चिकित्सकों का सम्मान किया है। हम सभी चिकित्सक अपने दायित्वों का और गंभीरता से पालन करेंगे। डॉक्टर दिवस केवल सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति चिकित्सकों की जिम्मेदारी को याद करने का दिन है. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के सभी चिकित्सक पूरी निष्ठा से मरीजों की सेवा कर रहे हैं, जिसके कारण अस्पताल में विभिन्न विभागों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं. उन्होंने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं। 

समाचार 08 फ़ोटो 08 

बारिश से मौसम हुआ सुहावना, गर्मी से लोगो को मिली बड़ी राहत

उमरिया

बारिश ने पूरे शहर एवं जिले के ग्रामीण इलाकों को तर-बतर कर दिया। लंबे समय से उमस और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश ने बड़ी राहत पहुंचाई। बारिश के चलते मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें पानी से भर गईं। खेतों में भी पानी पहुंचने से किसानों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। मानसूनी बारिश से खरीफ फसलों की बुआई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।

बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और  ठंडी हवाओं के बीच मौसम का आनंद लिया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जिले के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget