मज़दूर युवक कार्य करते हुए 11 केवी के चपेट में आया, गंभीर रूप से झुलसा, हालत गंभीर, बाहर रेफर
अनूपपुर
जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के ग्राम बरगवां निवासी 18 वर्षीय मोनू यादव के गंभीर रूप से करंट की चपेट में आने का मामला सामने आया है। मोनू यादव कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित देवगांव सोसाइटी के कर्मचारी सुरेंद्र पांडे के मकान मे हरी लकड़ी और बांस से एक घर तैयार करने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान निर्माणधीन घर के ऊपर से कथित तौर पर 11 केवी विद्युत लाइन गुजरी हुई थी जहाँ वह लकड़ी से संपर्क में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
बताया जा रहा है कि घायल युवक को पहले चोरी छुपे अनूपपुर जिला अस्पताल, फिर शहडोल और बाद में उपचार के लिए भिलाई रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूरे मामले को सार्वजनिक होने से बचाने का प्रयास किया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में यह सवाल उठ रहे हैं कि उच्चदाब विद्युत लाइन के नीचे या उसके बेहद निकट निर्माण कार्य कैसे कराया जा रहा था और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सोसाइटी कर्मचारी सुरेंद्र पांडे को लेकर भी भूमि खरीदी, राशन वितरण में कथित अनियमितताओं के विभिन्न आरोप लगाए जा रहे हैं। इनके खिलाफ तत्कालीन कलेक्टर हर्षल पंचोली द्वारा भालूमाडा थाने एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जहां वह इस मामले में लगभग डेढ़ वर्ष तक फरार रहे।
