समाचार 01 फोटो 01

तहसील कार्यालय में लोकायुक्त ने मारा छापा, 75 हजार की रिश्वत लेते सहायक खंड लेखापाल हुआ गिरफ्तार

शहडोल

जिले के ब्यौहारी तहसील परिसर में रीवा लोकायुक्त की टीम ने  लोकायुक्त पुलिस ने ब्यौहारी तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक खंड लेखापाल लल्लू प्रजापति को 75,000 रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी एक सरकारी मकान से जुड़े मामले को निपटाने और उस पर से अवैध कब्जा हटाने के एवज में पीड़ित से मोटी रकम का सौदा कर रहा था।

​बाणसागर के रहने वाले शिकायतकर्ता रमेश प्रसाद रजक पिता मंगल प्रसाद रजक ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में इस बात की शिकायत दर्ज कराई थी कि तहसील के सहायक खंड लेखापाल लल्लू प्रजापति उनके सरकारी मकान के मामले को रफा-दफा करने के लिए रिश्वत की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि शिकायतकर्ता रमेश प्रसाद रजक कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि नगर परिषद खांड की उपाध्यक्ष सुधा रजक के पति हैं। जनप्रतिनिधि के परिवार से जुड़े होने के बावजूद आरोपी कर्मचारी उन पर लगातार पैसों के लिए दबाव बना रहा था।

लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लल्लू प्रजापति ने पीड़ित रमेश रजक से सरकारी मकान का मामला पूरी तरह सुलझाने के नाम पर बड़ा सौदा किया था। इस सौदे के तहत आरोपी ने शिकायतकर्ता से पूर्व में ही 35,000 रूपये की राशि एडवांस के रूप में ऐंठ ली थी। इसके बाद भी वह बाकी की रकम के लिए लगातार दबाव बना रहा था, जिससे परेशान होकर पीड़ित ने कानून की मदद लेने का फैसला किया।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त रीवा की टीम ने ब्योहारी तहसील कार्यालय में घेराबंदी की। तय रणनीति के मुताबिक, जैसे ही रमेश प्रसाद रजक ने आरोपी लल्लू प्रजापति को 75,000 रूपये की नकद राशि थमाई, वैसे ही सादे कपड़ों में मुस्तैद लोकायुक्त की टीम ने धावा बोल दिया। आरोपी को रिश्वत के पैसों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया गया और उसके हाथ धुलवाए जाने पर वे गुलाबी हो गए।लोकायुक्त पुलिस आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कागजी और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

समाचार 02 फोटो 02

ओसीएम खदान के डैम में युवक की तैरते हुए मिली लाश, हाथ पैर रस्सी से बंधे थे, हत्या, की आशंका

अनूपपुर

जिले के थाना भालूमाड़ा अंतर्गत ग्राम छोहरी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव निवासी मोटू उर्फ सनी (18 वर्ष), पिता रंजू सहीस का शव छोहरी ओसीएम खदान के डैम में संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने डैम के पानी में एक शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलते ही ग्राम सरपंच ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि शव लगभग तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था, जो पानी के ऊपर आ गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव को बाहर निकलवाया तो उसके हाथ और पैर नायलॉन की रस्सी से बंधे हुए पाए गए। इतना ही नहीं, मृतक की पीठ पर एक बोरी बंधी हुई थी, जिसमें रेत भरी हुई थी।

शव की स्थिति और मिले परिस्थिति जन्य साक्ष्यों को देखते हुए घटना को बेहद गंभीर माना जा रहा है। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान भी दिखाई दिए हैं, जिससे यह मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसे डैम तक कैसे पहुंचाया गया, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

समाचार 03 फोटो 03

घर के बाहर खाट में सो रहे व्यक्ति पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर हुए फरार, मामला दर्ज  

शहडोल 

जिले के सीधी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने ग्रामीणों को दहला दिया है। खुले आसमान के नीचे अपनी तीन वर्षीय नातिन के साथ खाट पर सो रहे एक व्यक्ति पर अज्ञात बदमाशों ने आधी रात जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने सोते समय उसके चेहरे और सिर पर करीब पांच किलो से अधिक वजनी पत्थर पटक दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।

घटना ग्राम कुदरा टोला रिमार की है। घायल की पहचान मुन्ना रैदास पिता बाबूलाल रैदास के रूप में हुई है। बताया गया है कि मुन्ना रात अपने घर के बाहर खाट पर सो रहा था। उसके साथ उसकी तीन साल की नातिन भी मौजूद थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और सोते समय उस पर भारी पत्थर से हमला कर दिया।

हमले में मुन्ना के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। पत्थर लगते ही वह दर्द से चीख पड़ा। नातिन सुरक्षित है। उसकी आवाज सुनकर घर के भीतर सो रही पत्नी बाहर दौड़ी, जबकि नातिन भी रोने लगी। परिजनों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे शहडोल रेफर किया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेज दिया।

मुन्ना रैदास गांव में एक छोटी किराना दुकान संचालित करता है और मुर्गा बिक्री का काम भी करता है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायल के भाई की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

समाचार 04 फोटो 04

ट्रांसपोर्टरों का फूटा गुस्सा, प्लांट के गेट पर दिया धरना, एचआरसी व ओमसांई कंपनी पर लगाया शोषण व मनमानी का आरोप

*70 प्रतिशत माँगो पर बनी सहमति, अधिकारी, प्रबंधन व ट्रांसपोर्टरों के बीच देर रात तक चली वार्ता

अनूपपुर

मोजर बेयर पावर प्लांट में फ्लाई ऐश परिवहन का ठेका संभाल रही एचआरसी कंपनी एवं ओमसाई कंपनी के खिलाफ स्थानीय मोटर मालिकों और ट्रांसपोर्टरों का गुस्सा अब खुलकर सड़क पर आने लगा है। लंबे समय से कथित शोषण, मनमानी नियम, कम भाड़ा, भुगतान में देरी, डीजल संकट और ब्लैकलिस्टिंग जैसी समस्याओं से परेशान ट्रांसपोर्टरों ने अब आंदोलन का रास्ता अख्तियार कर लिया है। सोमवार को मां नर्मदा ट्रांसपोर्टर यूनियन के बैनर के तले ट्रांसपोर्टर में आंदोलन शुभारंभ कर दिया है।

स्थानीय मोटर मालिकों का आरोप है कि दोनों कंपनियां बाहरी वाहनों को संरक्षण देकर स्थानीय वाहन मालिकों को प्रताड़ित कर रही हैं। ट्रांसपोर्ट यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।

ट्रांसपोर्टरों की सबसे बड़ी मांग है कि पेमेंट मोड 15-15 दिवस के भीतर सुनिश्चित किया जाए,  डीजल प्वाइंट की समस्या तत्काल खत्म की जाए और जितना डीजल गाड़ियों में लगे उसका “डबल भाड़ा” दिया जाए। सभी गाड़ियां अंडरलोड चलाई जाएं और अंडरलोड का भाड़ा 330 रुपये प्रति टन तय किया जाए। फ्लाई ऐश परिवहन दर में कम से कम 30 प्रतिशत वृद्धि की जाए। ओमसाई कंपनी को हरद क्षेत्र के मिनी OCM-1 में साइट उपलब्ध कराई जाए ताकि स्थानीय स्तर पर काम का संतुलन बना रहे। डंपिंग स्थल पर पानी का छिड़काव नहीं होने से फ्लाई ऐश उड़कर आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैला रही है। खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत हो। 

यूनियन ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मनमाने तरीके से “ओवर स्पीड” का चार्ज वसूला जा रहा है और छोटी-छोटी बातों पर गाड़ियों को ब्लैकलिस्ट किया जा रहा है। कंपनी बिना यूनियन की सहमति के कोई नया नियम लागू न करे। जिन गाड़ियों के पास  नेशनल परमिट तक नहीं हैं, वो धड़ल्ले से ओवरलोड राखड़ लेकर सड़कों पर दौड़ रही हैं। उन पर कार्यवाही हो। 

अधिकारी, नेताओ, प्रबंधन व ट्रांसपोर्टरों के बीच देर रात तक चली वार्ता हिंदुस्तान पॉवर प्रबंधन ने ट्रांसपोर्टरों की 70 प्रतिशत मांगे मान ली है। मां नर्मदा ट्रांसपोर्टर यूनियन के तत्वाधान में आयोजित धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, नगर पालिका परिषद पषाण के अध्यक्ष राम अवध सिंह, यूनियन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, नगर परिषद बरगवां के उपाध्यक्ष डॉ राज तिवारी, धीरेंद्र सिंह, देवी सिंह सेंगर, कैलाश मरावी, नरेश नापित, सिद्धार्थ सिंह राजा, चंदू राठौर, प्रशांत त्रिपाठी आदि ने अपने विचार व्यक्त करते हुए मोजरवेयर पावर कंपनी की मनमानी एवं बाहर से आए वेंडरों के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की। मंच का सफल संचालन वीरेंद्र सिंह चौहान ने किया।

समाचार 05 फोटो 05

दो नाबालिग की मौत की जांच व टीआई को हटाने, कांग्रेस ने किया एसपी ऑफिस का घेराव, मुर्दाबाद के लगे नारे

अनूपपुर

जिले के सभी कांग्रेसजन को एकजुट कर गुड्डू चौहान ने दिखाई ताकत, बिजुरी घटना में हुई नाबालिकों की मृत्यु की जांच एवं टीआई विकास सिंह को बिजुरी से हटाकर घटना की निष्पक्ष जांच की उठी मांग, पुलिस ने रोकने के लिए किया वाटर कैनन का इस्तेमाल, मांग नहीं मानने पर कांग्रेसी घंटों बैठे धरने पर

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान के अगुवाई में बिजुरी मे घटित हृदय विदारक घटना मे दो मासूम बच्चे एक नाबालिक किशोरी जिसके साथ दरिन्दगी कर हत्या कर दी गई तथा एक नाबालिक किशोर की जो पूरे मामले का साक्षी था जिसे भी मौत के घाट उतार दिया गया दोनों नाबालिकों के न्याय एवं लापरवाही व मामले मे लीपापोती करने वाले थाना प्रभारी विकास सिंह को बिजुरी थाने से हटाकर पूरे मामले मे उनकी भूमिका की जांच की मांग को लेकर एसपी कार्यालय का विशाल घेराव किया गया। जहां पूरे जिले भर की कांग्रेस नेता एक साथ एक जुट दिखाई दिए। सर्वप्रथम कांग्रेसजन सामतपुर तालाब के पास एकत्रित हुए और फिर हांथो में पोस्टर लेकर बिजुरी नाबालिकों को न्याय दो, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, टीआई विकास सिंह को बिजुरी से हटाओ, टीआई विकास सिंह की तानाशाही नहीं चलेगी, बिजुरी नाबालिकों को न्याय देना होगा, दोनों नाबालिकों के मृत्यु की निष्पक्ष जांच कराओ, का नारा लगाते हुए सामतपुर तालाब से एस पी कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर एसपी कार्यालय का घेराव किया। पुलिस ने एसपी कार्यालय के सामने पहले से ही बैरिकेटिंग की गई थी जिसे कांग्रेसी पार कर एसपी कार्यालय के अंदर जाने का प्रयास करने लगे और पुलिस ने तेज पानी के प्रेशर वाटर कैनन का प्रयोग कर कांग्रेसियों को रोका गया। पुलिस की सख्ती व तानाशाही पूर्ण रवैये को देखते हुए, अपनी मांगों को लेकर जिला कांग्रेस जिले भर के सभी कांग्रेस नेता व भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और सभी कांग्रेसी लगातार घंटो तक अपनी मांगों को मनवाने के लिए धरने पर ही बैठे रहें। कांग्रेसियों के घंटों तक धरने पर बैठ जाने एवं न्याय की मांग को लेकर अड़े रहने पर जिला प्रशासन द्वारा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को अंदर बुलाया गया और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की पुलिस अधीक्षक से मुलाकात हुई। जहां जल्द ही उनकी मांग अनुसार कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया गया। जिसके बाद कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता धरने को समाप्त किया गया। इस दौरान पूरे जिले भर से सभी कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहें।

समाचार 06 फोटो 06

जनगणना कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

उमरिया

जिले में जनगणना के अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य निर्धारित समय से पूर्व सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर कलेक्टर सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी राखी सहाय ने जनगणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चार्ज अधिकारियों एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राखी सहाय ने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, टीम भावना और सक्रिय सहयोग के कारण मकानसूचीकरण का कार्य तय समय से पहले पूरा किया जा सका। उन्होंने जनगणना को शासन की महत्वपूर्ण एवं आधारभूत प्रक्रिया बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उमरिया जिले की यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत और समन्वय का परिणाम है।

जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता ने बताया कि मकान सूचीकरण कार्य के लिए जिले में 12 चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। इस कार्य में 1203 प्रगणकों और 204 सुपरवाइजरों की सेवाएं ली गईं, जिनके माध्यम से 1412 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) का कार्य पूर्ण किया गया। उन्होंने चार्ज अधिकारियों, मास्टर ट्रेनरों, पटवारियों तथा शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।

समाचार 07 फोटो 07

राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा मवेशियों का बढ़ता जमावड़ा, सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल, समाधान की मांग

अनूपपुर/कोतमा

राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 सहित अनूपपुर से डोला-रामनगर मार्ग तक आवारा एवं बेसहारा मवेशियों का बढ़ता जमावड़ा सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। सड़कों और राजमार्गों पर बैठे अथवा घूमते गाय, बैल, शूकर तथा अन्य पशुओं के कारण वाहन चालकों को लगातार जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास पर्याप्त दिखाई नहीं दे रहे हैं।

क्षेत्रवासियों के अनुसार पसला, फुनगा, पयारी, बदरा, बंशी टोला, कोतमा, पैरीचुआ, बेलिया छोट, झिरिया टोला, डोला क्षेत्र,रामनगर क्षेत्र तथा आसपास के अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर मवेशियों का विचरण आम बात हो गई है। पयारी बस स्टैंड से बंशी टोला-बदरा मार्ग तक कई स्थानों पर मवेशियों के झुंड खुले घूमते देखे जा सकते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

कुछ पशुपालकों द्वारा पशुओं को खुले में छोड़ दिए जाने के कारण समस्या बढ़ रही है। इसके चलते नगर और राजमार्ग क्षेत्रों में आवारा मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कोतमा नगर के मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों तथा व्यावसायिक स्थलों के आसपास भी पशुओं के झुंड लोगों और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। प्रशासन, स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों और पशुपालकों के समन्वित प्रयास से ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है, प्रशासन पहल करें।

समाचार 08 फ़ोटो 08

आरोपी पर 5 हजार रूपये का ईनाम घोषित

उमरिया

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने थाना कोतवाली जिला उमरिया के अपराध क्रमांक 183/2026 धारा 137 (2) भादवि अपह्ता ग्राम चंदवार पर उद्घोषणा की है कि जो कोई व्यक्ति ऐसी सूचना देगा जिसके आधार पर दस्तयाबी या गिरफ्तारी संभव हो, उसे पांच हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। इनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक उमरिया का निर्णय अंतिम होगा।

समाचार

मौत पर 4 लाख आर्थिक सहायता स्वीकृत

उमरिया

जिले में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में एक संवेदनशील मामले का त्वरित निराकरण करते हुए कलेक्टर राखी सहाय ने मानवता और प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्राम चंदौल निवासी सुखमंती बाई बैगा, पति स्वर्गीय दशइया बैगा, ने जनसुनवाई में आवेदन देकर बताया कि उनके पति की 15 अक्टूबर 2024 को ग्राम चंदवार के तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद आर्थिक संकट से जूझ रही परिवार की सहायता के लिए उन्होंने शासन से आर्थिक मदद की मांग की थी। मृतक के निकटतम वैध वारिस एवं पत्नी सुखमंती बाई के पक्ष में 4 लाख की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget